
महासमुंद स्कॉर्पियो के गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहा था 21 किलो गांजा, तेंदूकोना पुलिस ने यूपी के तस्कर को दबोचा
ओडिशा से प्रयागराज तक हो रही थी गांजे की तस्करी, 10.50 लाख का गांजा और स्कॉर्पियो सहित 13.51 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत तेंदूकोना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 किलोग्राम गांजा के साथ उत्तरप्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कॉर्पियो वाहन की पिछली सीट के नीचे बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में गांजा छिपाकर परिवहन कर रहा था। पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन सहित कुल 13 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में गांजे की अवैध तस्करी, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 25 नवंबर 2026 को तेंदूकोना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद रंग की स्कॉर्पियो में गांजा लेकर बिक्री के लिए परिवहन कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम तिलाईदादर चौक मेन रोड के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन क्रमांक OR-02 AL-1188 की स्कॉर्पियो वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम इशदत्त उर्फ सूरज मिश्रा (24 वर्ष), पिता श्यामबिहारी मिश्रा, निवासी बसुहार, थाना सरायअकिल, जिला कौशाम्बी (उत्तरप्रदेश) बताया।
सीट के नीचे बना रखा था गुप्त चेंबर
पुलिस ने विधिवत वाहन की तलाशी ली तो स्कॉर्पियो की पिछली सीट के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर में गांजा छिपाकर रखा मिला। वजन कराने पर कुल 21 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने गांजा ओडिशा से लाकर प्रयागराज (उत्तरप्रदेश) में बिक्री के लिए ले जाना बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21 किलो गांजा, 3 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो और 1 हजार रुपये का मोबाइल फोन जब्त किया। इस तरह कुल 13 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
तेंदूकोना पुलिस ने आरोपी इशदत्त उर्फ सूरज मिश्रा के विरुद्ध थाना तेंदूकोना में अपराध क्रमांक 155/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(C) एवं 29 NDPS एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।




