कोरबा (छत्तीसगढ़), 3 अगस्त 2025
कोरबा जिला जेल से शनिवार दोपहर चार कैदी 25 फीट ऊंची दीवार कूदकर फरार हो गए। यह चौंकाने वाली घटना तब हुई जब जेल परिसर की बिजली गुल हो गई थी। महज 15 मिनट में बंदियों ने सटीक योजना बनाकर फरारी को अंजाम दे दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कैदियों को दीवार फांदते हुए साफ देखा जा सकता है।
जेल से फरार चारों आरोपी रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपित हैं। इनमें सना सिंह (थाना बालको क्षेत्र), राजा कंवर (रजगमार चौकी क्षेत्र), दशरथ (सिविल लाइन थाना) और चंद्रशेखर कुमार (श्याम थाना क्षेत्र) शामिल हैं।
कैसे रची गई फरारी की साजिश?

जेल प्रबंधन के अनुसार, दो आरोपियों को मवेशियों की देखरेख के लिए ड्यूटी पर लगाया गया था। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे जेल की बिजली चली गई। इसी का फायदा उठाते हुए चारों ने दीवार पर लगे फेंसिंग वायर को तार से ढका और एक-एक कर दीवार पर चढ़ गए।
केवल 15 मिनट के भीतर चारों आरोपी जेल की 25 फीट ऊंची दीवार को फांदकर फरार हो गए। CCTV फुटेज में दिखा कि दो आरोपी सीधे दीवार से कूद गए, जबकि दो ने सहारे से उतरकर भागने का रास्ता अपनाया।

कैसे लगी जेल प्रशासन को भनक?
जेल प्रहरी जब शाम 4 से 5 बजे के बीच नियमित गश्त पर निकला, तो पाया कि बैरक में चारों आरोपी मौजूद नहीं हैं। मवेशी अपनी जगह बंधे थे, लेकिन आरोपी गायब थे। CCTV जांच के बाद पुष्टि हुई कि चारों बंदी दीवार फांदकर फरार हो चुके हैं। तत्काल सीनियर अधिकारियों को सूचना दी गई।
पुलिस ने छेड़ी खोजबीन
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि फरार बंदियों में एक रायगढ़ और तीन कोरबा जिले के निवासी हैं। जिले के सभी थाना और चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। परिजनों को भी सूचित किया गया है और पुलिस लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
पहले भी हो चुकी ऐसी घटनाएं
छत्तीसगढ़ में जेल से फरारी का यह पहला मामला नहीं है। हाल ही में रायपुर सेंट्रल जेल से पैरोल पर निकला एक हत्या का आरोपी 15 साल तक फरार रहा, जिसे हाल ही में पकड़ा गया है।
—
📌 खबर अपडेट होते रहेगी…
इस घटना ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उच्चाधिकारियों द्वारा जांच के आदेश दिए गए हैं। जेल प्रशासन से जवाब-तलब किया जा सकता है