CG News: महानदी ब्रिज पर बंधा मिला महिला का दुपट्टा, कूदने की आशंका में गोताखोर कर रहे तलाश
छत्तीसगढ़/ रायपुर जिले के आरंग ब्लॉक के ग्राम पारागांव में सोमवार सुबह सनसनीखेज घटना सामने आई। नेशनल हाईवे-53 पर बने महानदी पुल से एक शादीशुदा महिला के छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नदी में महिला की तलाश शुरू की।
पुल पर मिली महिला की स्कूटी
आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि पुल पर महिला की स्कूटी खड़ी मिली है और रेलिंग में दुपट्टा बंधा हुआ था। इससे महिला की पहचान पारागांव निवासी स्वाति त्रिवेदी (27) के रूप में हुई। हालांकि किसी ने महिला को कूदते हुए नहीं देखा है, लेकिन हालात को देखते हुए गोताखोरों को तलाश में लगाया गया है।
दो साल पहले हुई थी शादी
दो साल पहले स्वाति की शादी रायपुर निवासी अजय त्रिवेदी से हुई थी और उनका ढाई माह का बच्चा भी है। वह रक्षाबंधन मनाने मायके पारागांव आई हुई थी। घटना की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दी है। सुबह से गोताखोरों की टीम महिला की तलाश में जुटी हुई है।



