सरायपाली पाटसेन्द्री मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, दंपत्ति घायल
महासमुंद। थाना पिथौरा क्षेत्र के ग्राम खपराखोल निवासी दंपत्ति सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 18 अगस्त 2025 की सुबह करीब 7:19 बजे पाटसेन्द्री स्थित सागर आटो पार्ट्स के पास हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल विद्याधर पटेल अपनी पत्नी प्रेमिका पटेल के साथ मोटरसायकल क्रमांक CG06 GQ 8898 से ग्राम खुटेरी से चन्द्रपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बुलेट मोटरसायकल क्रमांक CG04 PU 1014 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दंपत्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। विद्याधर पटेल को दाहिने जांघ और हाथ में चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी प्रेमिका पटेल को दाहिने हाथ, जांघ और कमर में गंभीर चोट पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सरायपाली के ओम हास्पिटल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 125(ए), 281 BNS के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू की गई है।



