सरायपाली/गांव दर्राभाठा में विवाद, पिता-पुत्र पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप
महासमुंद। थाना सरायपाली क्षेत्र के ग्राम दर्राभाठा में मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। दर्राभाठा निवासी पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दिनांक 20 अगस्त 2025 की शाम लगभग 4 से 5 बजे के बीच गांव के कुबेर दुकान के पास उसकी अशोक बारिक और उसके पिता ईश्वर बारिक से कहासुनी हो गई।
पीड़ित के अनुसार उसका 12 वर्षीय पुत्र ने एक दिन पहले उसे बताया था कि 19 अगस्त को रास्ते में अशोक बारिक ने उसे रोककर “बांस का करील चोरी करने” का आरोप लगाते हुए मां-बहन की गंदी-गंदी गाली देकर मारपीट की थी। इसी बात को लेकर जब पीड़ित ने अशोक बारिक से सवाल किया तो वह अश्लील गाली-गलौज करने लगा और अपने पिता ईश्वर बारिक को भी मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि दोनों बाप-बेटे ने मिलकर पीड़ित को मां-बहन की गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का से मारपीट की। मारपीट के दौरान अशोक बारिक के हाथ में पहना स्टील का चूड़ा (कड़ा) लगने से पीड़ित के सिर में चोट आई।
घटना को गांव के नंदसाय बरिहा और बोधीराम चौहान ने देखा-सुना।
थाना सरायपाली पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अशोक बारिक और ईश्वर बारिक के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



