मुखबिरी के शक में युवक पर जानलेवा हमला, पत्थर मारकर किया घायल – सरायपाली थाना क्षेत्र में सनसनी
सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 08 झिलमिला में एक युवक पर मुखबिरी के शक में जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक को गाली-गलौच करते हुए पत्थर से हमला कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक वार्ड नं. 08 झिलमिला का निवासी है और पेंटिंग का कार्य करता है। घटना 30 मार्च 2026 की सुबह लगभग 10:30 बजे की है, जब पीड़ित मंजीत ढाबा के सामने खड़ा था। उसी दौरान गांव का ही पप्पू सोनी वहां पहुंचा और आरोप लगाने लगा कि वह उसके नाम से नशीले पदार्थ की सप्लाई करता है तथा मुखबिरी कर उसे बदनाम कर रहा है।
इसी बात को लेकर आरोपी ने गाली-गलौच शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे पत्थर से पीड़ित के बाएं कान के पास हमला कर दिया, जिससे उसे चोट आई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पूरी घटना देखी और सुनी।
पीड़ित द्वारा थाना सरायपाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही जांच: पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



