पिथौरा। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिथौरा पुलिस ने ग्राम किशनपुर के कंतरा नाला के पास दबिश देकर 50 लीटर हाथभट्ठी से निर्मित महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि तीन आरोपी फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ग्राम भ्रमण एवं अपराध पतासाजी के दौरान किशनपुर क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कंतरा नाला के पास कुछ लोग भट्ठी जलाकर अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण कर रहे हैं। सूचना पर गवाहों की मौजूदगी में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि सुखराम बरिहा (45 वर्ष), निवासी कुरकुटी, थाना राजादेवरी, जिला बलौदाबाजार को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान पांच अलग-अलग सफेद प्लास्टिक झिल्लियों में करीब 10-10 लीटर, कुल 50 लीटर (50,000 एमएल) महुआ शराब बरामद हुई।
इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे दो पुराने जर्मन बर्तन भी जब्त किए गए। जब्त शराब की कीमत करीब 10 हजार रुपये तथा बर्तनों की कीमत करीब 3 हजार रुपये, इस प्रकार कुल जब्ती करीब 13 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नारायण राणा उर्फ बाबू, मिलन बारिक और गोविन्द गोड के साथ मिलकर अवैध महुआ शराब का निर्माण कर रहा था। पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामले में थाना पिथौरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान जब्त शराब को सीलबंद किया गया तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की गई।



