पिथौरा। ग्राम खुटेरी के फुन्नु बाहरा स्थित खेत से दो मोटर पंप चोरी होने का मामला सामने आया है। किसान गुलशन निषाद की रिपोर्ट पर पिथौरा पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी गुलशन निषाद ने पुलिस को बताया कि उसने अपने खेत में सिंचाई के लिए 2-2 एचपी के दो मोटर पंप लगाए थे। 1 अगस्त की शाम करीब 7 बजे तक दोनों मोटर खेत में लगे हुए थे। अगले दिन 2 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे खेत पहुंचने पर दोनों मोटर पंप गायब मिले। चोरी गए मोटर पंपों की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
आसपास पता तलाश करने पर गवाहों से मिली जानकारी के आधार से तीन लोगों पर चोरी करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि घटना से कुछ दिन पहले आसपास के खेतों से अन्य मोटर पंप और वायर चोरी होने की घटनाएं भी हुई हैं।
पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा चोरी गए मोटर पंपों की बरामदगी सहित मामले की आगे जांच की जा रही है।



