जनगणना-2027 : मकानसूचीकरण के साथ विश्व का सबसे बड़ा जनगणना अभियान शुरू पहली बार डिजिटल डेटा कैप्चर और स्व-गणना की सुविधा के साथ आंकड़े पूरी तरह गोपनीय

जनगणना-2027 : मकानसूचीकरण के साथ विश्व का सबसे बड़ा जनगणना अभियान शुरू पहली बार डिजिटल डेटा कैप्चर और स्व-गणना की सुविधा के साथ आंकड़े पूरी तरह गोपनीय

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने सबसे पहले स्व-गणना कर राष्ट्र की अगुआई की उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने भी ऑनलाइन स्व-गणना की प्रधानमंत्री ने देश की जनता से अपने घर-परिवार का विवरण स्वयं दर्ज करने और जनगणना प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गोवा, कर्नाटक, लक्षद्वीप, मिजोरम, ओडिशा, सिक्किम और दिल्ली के नई दिल्ली नगरपालिका परिषद एवं दिल्ली छावनी बोर्ड क्षेत्र में हुई स्व-गणना की शुरुआत पहले दिन ही इन स्थानों से लगभग 55,000 परिवारों द्वारा स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाया

जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत एकत्रित सभी आंकड़े पूरी तरह गोपनीय जनगणना शासन का एक महत्वपूर्ण साधन है, जो अगले दशक के लिए भारत की विकास योजना का आधार प्रदान करती है
विश्व का सबसे बड़ा जनगणना अभियान जनगणना-2027 शुरू हो गया है। भारत सरकार ने आज से जनगणना-2027 के प्रथम चरण – मकानसूचीकरण और मकानों की गणना (HLO) – की शुरुआत कर दी है, जो देश के सबसे बड़े प्रशासनिक और सांख्यिकीय अभियान का आरंभ है। यह पूरी तरह डिजिटल डेटा कैप्चर के साथ स्व-गणना की सुविधा वाली भारत की पहली जनगणना है।

देश के प्रथम नागरिक द्वारा जनगणना शुरू करने की गौरवशाली परंपरा को कायम रखते हुए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने स्व-गणना विकल्प के माध्यम से राष्ट्रीय गणना प्रक्रिया की शुरुआत की।

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति भवन में जनगणना 2027 के लिए ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी स्व-गणना पूरी कर ली है। प्रधानमंत्री ने भारत की जनता से अपील की कि वे अपने घर-परिवार का विवरण स्वयं दर्ज करें और जनगणना प्रक्रिया में भाग लें।

इस राष्ट्रीय प्रक्रिया में जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने भी पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना की।

 

प्रारंभिक चरण में आज से स्व-गणना प्रक्रिया 8 राज्यों और संघ राज्य क्षेत्रों में शुरू की गई है, जिनमें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गोवा, कर्नाटक, लक्षद्वीप, मिजोरम, ओडिशा, सिक्किम और राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली नगरपालिका परिषद एवं दिल्ली छावनी बोर्ड क्षेत्र शामिल हैं। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार पहले दिन इन स्थानों से लगभग 55,000 परिवारों ने पहले ही दिन इस सुविधा का लाभ उठाया।

स्व-गणना एक सुरक्षित और वेब आधारित सुविधा है, जो 16 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है। पहली बार उत्तरदाताओं को प्रगणकों के आने से पहले अपनी सुविधानुसार ऑनलाइन विवरण भरने का विकल्प उपलब्ध है। प्रगणक पिछली जनगणनाओं की तरह सभी आवंटित हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में घर-घर जाएंगे, जबकि उसके पूर्व स्व-गणना एक अतिरिक्त सुविधा के रूप में काम करेगी। स्व-गणना में भाग लेने के लिए व्यक्ति अपने मोबाइल नंबर और बुनियादी क्रेडेंशियल्स का उपयोग करके se.census.gov.in पोर्टल पर लॉग इन कर सकते हैं। सफलतापूर्वक फॉर्म सबमिट करने पर एक यूनीक सेल्फ-एनुमरेशन आईडी (SE ID) जनरेट हो जाती है, जिसे बाद में प्रगणक के फील्ड विजिट के दौरान उनसे पुष्टि करने के लिए साझा किया जाएगा।

मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना के चरण के दौरान आवास की स्थिति, घरेलू सुविधाओं और उपलब्ध परिसंपत्तियों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी। इन महत्वपूर्ण संकेतकों को दर्ज करने के लिए जनवरी 2026 में प्रथम चरण के लिए कुल 33 प्रश्न अधिसूचित किए गए हैं, जो साक्ष्य-आधारित योजना निर्माण, नीति निर्धारण और लक्षित कल्याणकारी योजनाओं के लिए आधार प्रदान करते हैं।

मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का चरण 1 अप्रैल से 30 सितंबर, 2026 के बीच पूरे देश में संचालित किया जाएगा। इस छह माह की अवधि में प्रत्येक राज्य और संघ राज्य क्षेत्र, राज्य/संघ राज्य क्षेत्र सरकार द्वारा अधिसूचित 30 दिनों की अवधि में इस क्षेत्रीय कार्य को पूरा करेंगे। पहली बार, घर-घर सर्वेक्षण से पहले 15 दिनों की अतिरिक्त अवधि स्व-गणना के लिए प्रदान की गई है, जिससे लोग प्रगणक के आने से पहले अपने विवरण डिजिटल रूप से स्वयं दर्ज कर सकते हैं।

जनगणना शासन के लिए एक महत्वपूर्ण साधन है, जो अगले दशक के लिए भारत की विकास योजना का आधार प्रदान करती है। जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत एकत्रित सभी आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रखे जाते हैं। जनगणना 2027 के लिए उपयोग किए जा रहे डिजिटल उपकरण उच्च स्तरीय डेटा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मजबूत एन्क्रिप्शन और बहु-स्तरीय प्रमाणीकरण से युक्त हैं। अतः लोगों से आग्रह है कि वे स्व-गणना के माध्यम से या प्रगणक को पूर्ण सहयोग देकर इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें।

बसना भंवरपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में शराब कारोबारियों पर शिकंजा 9 स्थानों पर छापे मारी

बसना भंवरपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में शराब कारोबारियों पर शिकंजा 9 स्थानों पर छापे मारी

खेमड़ा तालाब के पास ग्राहक का इंतजार करते आरोपी से 20 लीटर महुआ शराब जब्त
समाचार:
थाना बसना में पदस्थ सउनि द्वारा दिनांक 05/04/2026 को मुखबिर सूचना पर जगदीशपुर रोड खेमड़ा तालाब के पास दबिश दी गई। सूचना थी कि एक व्यक्ति अवैध शराब बिक्री हेतु ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
थाना प्रभारी को सूचना से अवगत कराकर गवाह अब्दुल करीम एवं विजयजीत कुंडु को धारा 179 बीएनएसएस का नोटिस देकर मुखबिर सूचना पंचनामा तैयार किया गया। पुलिस टीम द्वारा मौके पर घेराबंदी कर आरोपी समारू गिरी गोस्वामी पिता सनाकत गिरी गोस्वामी उम्र 44 वर्ष निवासी बंसुला को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक सफेद रंग की 20 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरकीन में भरी करीब 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब, कीमत लगभग 4000 रुपये बरामद की गई। आरोपी को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
मौके पर जप्ती पत्रक के तहत शराब को गवाहों के समक्ष जप्त कर सीलबंद किया गया। आरोपी का कृत्य आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पाए जाने पर उसे 14:45 बजे गिरफ्तार किया गया तथा देहाती नालसी कायम कर बाद में थाना लाकर असल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

बाराडोली में महिला शराब बेचते पकड़ी, 15 लीटर महुआ शराब जब्त
समाचार:
थाना बसना पुलिस द्वारा 05/04/2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर सूचना पर ग्राम बाराडोली में सरसीवां पेड़ के नीचे रोड किनारे दबिश दी गई। सूचना थी कि एक महिला अवैध शराब बिक्री के लिए रखकर ग्राहक का इंतजार कर रही है।
थाना प्रभारी को सूचना देकर गवाह प्रमोद कुमार एवं हबीब खान को धारा 179 बीएनएसएस का नोटिस देकर पंचनामा तैयार किया गया। मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर प्रिया नाग पति स्व. कया नाग उम्र 45 वर्ष निवासी बाराडोली को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपिया के कब्जे से 1 नग 10 लीटर तथा 2 नग 5-5 लीटर प्लास्टिक जरकीनों में कुल 15 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, कीमत लगभग 3000 रुपये बरामद की गई।
आरोपिया को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस देने पर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। शराब को जप्त कर सीलबंद किया गया तथा आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 13:20 बजे गिरफ्तार किया गया।

 

खंडहर मकान के पास 30 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
समाचार:
थाना बसना पुलिस द्वारा दिनांक 05/04/2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर सूचना पर ग्राम बाराडोली स्थित खंडहर मकान के पास दबिश दी गई। सूचना थी कि एक व्यक्ति अवैध शराब बिक्री हेतु ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
गवाह प्रमोद कुमार एवं हबीब खान को नोटिस देकर पंचनामा तैयार कर मौके पर घेराबंदी की गई, जहां आरोपी अन्तर्यामी बेहरा पिता दयानिधि बेहरा उम्र 42 वर्ष निवासी बाराडोली को पकड़ा गया।
तलाशी में आरोपी के कब्जे से 20 लीटर एवं 10 लीटर की प्लास्टिक जरकीनों में कुल 30 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, कीमत लगभग 6000 रुपये बरामद हुई।
आरोपी द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर शराब जप्त कर सीलबंद की गई तथा आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत 11:20 बजे गिरफ्तार कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

 

तरेकेला में खेत से 15 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
समाचार:
चौकी भंवरपुर पुलिस द्वारा 05/04/2026 को मुखबिर सूचना पर ग्राम तरेकेला स्थित जोगी डबरी के पास खेत में दबिश दी गई। सूचना थी कि एक व्यक्ति अवैध शराब बिक्री हेतु रखे हुए है।
गवाह मोतीलाल टंडन एवं नेतराम जांगड़े को नोटिस देकर पंचनामा तैयार कर आरोपी खीरसागर निषाद पिता रामप्रसाद निषाद उम्र 35 वर्ष निवासी तरेकेला को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 20 लीटर की प्लास्टिक जरकीन में भरी करीब 15 लीटर महुआ शराब, कीमत 3000 रुपये बरामद की गई।
आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 11:35 बजे गिरफ्तार किया गया तथा शराब जप्त कर सीलबंद की गई।

 

कलमीदादर में नीम पेड़ के पास 12 लीटर महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार
समाचार:
चौकी भंवरपुर पुलिस द्वारा 05/04/2026 को मुखबिर सूचना पर ग्राम कलमीदादर में नीम पेड़ के पास दबिश दी गई। सूचना थी कि आरोपी अवैध शराब बिक्री हेतु रखा हुआ है।
गवाह बारेलाल पटेल एवं सौभाग्य तांडी को नोटिस देकर आरोपी जितेन्द्र जगत पिता जगमोहन जगत उम्र 34 वर्ष निवासी कलमीदादर को पकड़ा गया।
तलाशी में आरोपी के कब्जे से 10 लीटर की प्लास्टिक जरकीन एवं 2 लीटर की बोतल में कुल 12 लीटर महुआ शराब, कीमत 2400 रुपये बरामद की गई।
आरोपी द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर 11:50 बजे गिरफ्तार किया गया।

 

बड़े साजापाली में बाड़ी से 3 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
चौकी भंवरपुर पुलिस द्वारा 05/04/2026 को मुखबिर सूचना पर ग्राम बड़े साजापाली में आरोपी के बाड़ी में दबिश दी गई।
आरोपी मन्नूलाल यादव पिता तिहारूराम यादव उम्र 24 वर्ष निवासी बड़े साजापाली के कब्जे से 5 लीटर की प्लास्टिक जरकीन में भरी करीब 3 लीटर महुआ शराब, कीमत 600 रुपये बरामद की गई।
आरोपी को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस देने पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। आबकारी एक्ट की धारा 34(ए) के तहत अपराध दर्ज कर 08:15 बजे गिरफ्तार किया गया। मामला जमानतीय होने पर जमानत पर रिहा किया गया।

जिला महासमुंद के बसना थाना क्षेत्र में 5 अप्रैल 2026 को पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। मुखबिर की सूचना पर की गई इन कार्रवाइयों में होटल संचालकों सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में देशी, अंग्रेजी एवं महुआ शराब जब्त की गई।

पहली कार्रवाई एनएच-53 रोड स्थित बिहारी ढाबा के सामने लक्ष्मी गौरी ढाबा में की गई। यहां पुलिस ने काउंटर में बैठे आरोपी अमित अग्रवाल (40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 13 बसना को पकड़ा। तलाशी के दौरान काउंटर के नीचे रखी सफेद बोरी से 12 नग सवा शेरा देशी प्लेन मदिरा (प्रत्येक 180 एमएल, कुल 2160 एमएल, कीमत 960 रुपये) बरामद की गई। आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दूसरी कार्रवाई जगदीशपुर रोड स्थित एक भोजनालय में की गई, जहां आरोपी जितेन्द्र चौहान (40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 08 पिरदा के कब्जे से कमरे के अंदर रखे कपड़े के थैले से 10 नग देशी प्लेन मदिरा (1800 एमएल, कीमत 800 रुपये) जब्त की गई।
तीसरी कार्रवाई बस स्टैंड बसना स्थित रंजन होटल में की गई। यहां संचालक रंजन सामल (47 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 15 राजीव नगर के किचन से एक प्लास्टिक थैले में रखी 1 नग अंग्रेजी शराब (20-20 डिलक्स व्हिस्की 180 एमएल) तथा 17 नग देशी प्लेन मदिरा कुल 18 पौवा (3240 एमएल, कीमत 2160 रुपये) बरामद की गई।

चौथी कार्रवाई जगदीशपुर रोड खेमड़ा तालाब के पास की गई, जहां आरोपी समारू गिरी गोस्वामी (44 वर्ष), निवासी बंसुला के कब्जे से 20 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरकीन में भरी हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब (कीमत लगभग 4000 रुपये) जब्त की गई। आरोपी ग्राहक का इंतजार करते हुए मौके पर मिला।
सभी मामलों में पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में जप्ती कार्रवाई कर शराब को मौके पर सीलबंद किया तथा आरोपियों को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर वैध लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन किसी के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) एवं 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। सभी मामले जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर आरोपियों को मौके पर ही जमानत मुचलके पर रिहा किया गया।
पुलिस द्वारा सभी प्रकरणों में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

बसना : भाजपा ने सुमित अग्रवाल को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बनाए गए आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक व्यापारियों और शासन के बीच सेतु बनेगा आर्थिक प्रकोष्ठ : सुमित अग्रवाल

बसना : भाजपा ने सुमित अग्रवाल को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बनाए गए आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक व्यापारियों और शासन के बीच सेतु बनेगा आर्थिक प्रकोष्ठ : सुमित अग्रवाल

सुमित अग्रवाल ने शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार,जिले के हर बूथ तक आर्थिक नीतियों को पहुँचाने का लिया संकल्प सुमित अग्रवाल को आर्थिक प्रकोष्ठ की कमान,बोले-‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को देंगे नई गति

*बसना/महासमुंद*। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी संगठनात्मक कार्यों और आर्थिक नीतियों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए युवा एवं ऊर्जावान कार्यकर्ता सुमित अग्रवाल को भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ, जिला महासमुंद का संयोजक नियुक्त किया है। सुमित अग्रवाल की इस नियुक्ति से न केवल बसना क्षेत्र बल्कि पूरे जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

अपनी नियुक्ति के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए नवनियुक्त संयोजक सुमित अग्रवाल ने इस जिम्मेदारी को ‘सेवा का नया अध्याय’ बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, वह मेरे लिए गर्व का विषय तो है ही, साथ ही यह एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मेरा प्राथमिक लक्ष्य पार्टी की रीति-नीतियों को आर्थिक मोर्चे पर सशक्त बनाना और व्यापारियों एवं आमजन के बीच भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं का सेतु बनना है।

सुमित अग्रवाल ने अपनी इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति हृदय से कृतज्ञता और आभार प्रकट किया है। उन्होंने विशेष रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय, आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शिव चंद्राकर, जिला प्रभारी जयंती पटेल एवं जिला अध्यक्ष येतराम साहू का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इन वरिष्ठ नेताओं के कुशल मार्गदर्शन में आर्थिक प्रकोष्ठ जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर पर अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा। अग्रवाल ने विश्वास दिलाया कि वे शीर्ष नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे।

सुमित अग्रवाल के साथ-साथ आर्थिक प्रकोष्ठ के अन्य नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों ने भी पार्टी नेतृत्व के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की है। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की आर्थिक और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। इसके साथ ही, जिले के व्यापारी वर्ग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और संगठन के माध्यम से उनका उचित निराकरण कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। टीम ने यह भी साझा किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को जमीनी स्तर पर साकार करने के लिए जिले भर में कार्यशालाएं और जागरूकता अभियान चलाकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाएंगे।

सुमित अग्रवाल की पहचान एक सक्रिय और मिलनसार युवा नेता के रूप में रही है। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेताओं और युवा मोर्चा के सदस्यों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। कार्यकर्ताओं का मानना है कि सुमित के नेतृत्व में आर्थिक प्रकोष्ठ न केवल मजबूत होगा, बल्कि जिले में पार्टी के जनाधार को भी व्यापक विस्तार मिलेगा।

अंत में, सुमित अग्रवाल ने पुनः दोहराया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन के प्रति समर्पित रहेंगे और महासमुंद जिले में भाजपा की जड़ों को और अधिक गहरा करने के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहेंगे।

महासमुंद में 8 बड़ी खबरें, महतारी वंदना योजना में 131 जगह केवाईसी , जिले के उचित मूल्य दुकानों में मनाया गया चावल उत्सव , पशु बाजारों के संचालन में नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें – कलेक्टर श्री लंगेह

महासमुंद: महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का 131 केन्द्रों में ई-केवाईसी जारी
 

महासमुंद 7 अप्रैल 2026/ महतारी वंदन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने जिले में 131 विभिन्न केन्द्रों में शिविर का आयोजन किया गया है। आयोजित शिविर के माध्यम से पात्र विवाहित महिलाओं का ई-केवाईसी किया जा रहा है।

शिविरों में हितग्राहियों की पहचान बायोमेट्रिक सिस्टम और आधार कार्ड के माध्यम से की जा रही है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक ही पहुंचे। बड़ी संख्या में महिलाएं इन शिविरों में पहुंचकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन करा रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा मौके पर ही महिलाओं को ई-केवाईसी की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। जिले में 3 लाख 3 हजार 808 हितग्राहियों का ई-केवाईसी किया जाना है। इसके लिए 367 सीएससी सेंटरों को आईडी जारी किया गया है। विभिन्न चॉइस सेंटरों के माध्यम से ई-केवाईसी का कार्य जारी है।

गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सार्थक पहल साबित हो रही है। शासन ने योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ई-केवाईसी को अनिवार्य कर दिया है। ऐसे में जिन हितग्राहियों का सत्यापन लंबित रहेगा, उन्हें आगामी किस्त का लाभ मिलने में कठिनाई आ सकती है।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर अपना ई-केवाईसी पूर्ण कराएं। जिससे योजना का लाभ निरंतर और बिना किसी बाधा के मिलती रहे।

समाचार
सरायपाली सीएचसी में उत्साह पूर्वक मनाया गया विश्व स्वास्थ्य दिवस
 

महासमुंद 7 अप्रैल 2026/ जिले के स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नागेश्वर राव के हम सभी के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध संदेश के अनुरूप तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल नायक के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संपन्न हुईं। खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टी.आर. धृतलहरे ने अपने संबोधन में बताया कि विश्व स्वास्थ्य दिवस का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना एवं बीमारियों की रोकथाम के प्रति सजग बनाना है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छता तथा योग-व्यायाम को अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा उपस्थित लोगों को स्वच्छता, पोषण, टीकाकरण एवं जीवनशैली से संबंधित जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन लोगों को स्वयं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने के संदेश के साथ किया गया। इस अवसर पर मितानिन कार्यक्रम से जिला मितानिन समन्वयक जागृति बरेठा, ब्लॉक समन्वयक रुदना राणा, पार्वती चौधरी, स्वस्थ पंचायत समन्वयक लोचना सोना, रामबती बारिक सहित विकासखंड सरायपाली के सभी मितानिन प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
महासमुंद 7 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में आज जिला पशु बाजार मॉनिटरिंग समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित पशु बाजारों के सुचारू, व्यवस्थित एवं नियमानुसार संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित समित के सदस्य एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों, मुख्य नगरपालिका अधिकारियों एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पशु बाजारों के संचालन में नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें तथा पशु बाजार विनियमन नियम, 2017 के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही करें। कलेक्टर ने कहा कि यदि कोई पशु बाजार निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित नहीं पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने विकासखंड स्तर पर स्थानीय प्राधिकारियों के माध्यम से पशु बाजार समितियों के गठन के निर्देश दिए गए हैं, जो प्राप्त आवेदनों की जांच कर पात्र पाए जाने पर प्रस्ताव जिला मॉनिटरिंग समिति को प्रस्तुत करती है। जिला समिति द्वारा प्रस्तावों का परीक्षण कर नियमानुसार पंजीयन एवं संचालन की अनुमति प्रदान की जाती है।
बैठक में बताया गया कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (भारत सरकार) की अधिसूचना के तहत लागू पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण (पशु बाजार विनियमन) नियम, 2017 के अंतर्गत जिले में जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति का गठन किया गया है। यह समिति पशु बाजारों के संचालन हेतु पंजीयन एवं अनुमति प्रदान करती है।
समाचार
 
जिले के उचित मूल्य दुकानों में मनाया गया चावल उत्सव
 
हितग्राहियों को मिला समय पर सुगमता से राशन
 

महासमुंद 7 अप्रैल 2026/ राज्य शासन निर्देश एवं कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चावल उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर प्रत्येक दुकान में उत्सव के रूप में खाद्यान्न वितरण किया गया, जिससे हितग्राहियों को समय पर एवं सुगमता से राशन प्राप्त हुआ।
चावल उत्सव के दौरान उचित मूल्य दुकानों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में चावल वितरण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में राशन कार्डधारी हितग्राही, निगरानी समिति के सदस्य, मितानिन, स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान हितग्राहियों ने कहा कि शासन द्वारा तीन माह का चावल वितरण से राशन की चिंता से मुक्ति मिली है।
जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अप्रैल, मई एवं जून माह के लिए चावल भंडारण अंतर्गत अप्रैल माह का शत-प्रतिशत भंडारण पूर्ण कर लिया गया है। इसी तरह मई माह के लिए 221 दुकानों तथा जून माह के लिए 39 दुकानों में अग्रिम भंडारण किया जा चुका है।
कलेक्टर श्री लंगेह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर एवं पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

समाचार
कलेक्टर श्री लंगेह ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं
 
110 आवेदन प्राप्त हुए
 
मौके पर ही पूर्णिमा सोनवानी का नाम जॉब कार्ड में जोड़ा गया
 

महासमुंद 7 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के जनसामान्य की समस्याएं सुनी। कलेक्टर श्री लंगेह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन प्रदान कर शीघ्र निराकरण करने के लिए निर्देशित किया। जनदर्शन में कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन में बिरकोनी महासमुंद निवासी पूर्णिमा सोनवानी ने मनरेगा जॉब कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया। जिसका त्वरित निराकरण जनदर्शन में ही हुआ, इसके लिए उन्होंने कलेक्टर श्री लंगेह का धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके अलावा तुमगांव निवासी प्रदीप सिंह ठाकुर ने वन अधिकार पट्टा दिलाने हेतु, बागबाहरा निवासी कुलेश्वरी शुक्ला ने महतारी वंदन का लाभ दिलाने, खल्लारी निवासी परमानंद साहू ने श्रम कार्ड बनाने हेतु, ग्राम नवागढ़ सरायपाली निवासी प्रहलाद पटेल ने अपने किडनी रोग हेतु मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना अंतर्गत इलाज हेतु आवेदन किया। इसी तरह ग्राम केशवा निवासी संतोषी साहू ने राशन कार्ड संबंधी त्रुटि हेतु, ग्राम भोरिंग निवासी परमेश्वरी साहू ने दीनदयाल भूमिहीन मजदूर योजना की राशि दिलाने हेतु, खल्लारी निवासी दुर्गेश साहू ने नल जल मित्र कार्यक्रम में प्रशिक्षण करने हेतु, ग्राम जुनवानी निवासी दीपक साहू ने डिजिटल फसल सर्वेक्षण की राशि भुगतान हेतु आवेदन किए। इसके अलावा दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना, पीएम आवास, अवैध अतिक्रमण, सीमांकन, लम्बित राशि भुगतान संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

समाचार
 
कलेक्टर ने ली जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स समिति की बैठक
 
बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन अभियान की समीक्षा
 
34 संस्थानों का किया गया निरीक्षण, 04 संस्थानों को नोटिस जारी
 

महासमुंद 07 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में श्रम विभाग के जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने बाल एवं किशोर श्रम के उन्मूलन के लिए संचालित अभियान की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर समिति सदस्य जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू, जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय कुमार लहरे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्री टिक्वेन्द्र जटवार, श्रम पदाधिकारी श्री डी.एन. पात्र, जिला अग्रणी बैंक मैनेजर श्री अभय पारे सहित सदस्य मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर ने जिले में बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन हेतु बचाव एवं पुनर्वास अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स समिति के नोडल अधिकारी श्री डी.एन. पात्र ने बताया कि अभियान के दौरान जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स द्वारा संयुक्त रूप से 26 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक विभिन्न विकासखंडों में निरीक्षण किया गया। जिसमें महासमुंद विकासखण्ड में 13, बागबाहरा में 7, बसना में 5, पिथौरा में 5 तथा सरायपाली में 4 संस्थानों का निरीक्षण किया गया। इस प्रकार जिले में कुल 34 संस्थानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान 04 संस्थानों में बाल श्रम निषेध संबंधी सूचना पटल प्रदर्शित नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी तरह कलेक्टर द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को एक माह तक विद्यालय से अनुपस्थित रहने वाले बच्चों की स्थिति की जानकारी श्रम विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा बालक एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) नियम 2017 की धारा 2बी(2) के तहत उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार ऐसे बच्चों की संख्या निरंक है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाल श्रम उन्मूलन हेतु नियमित निरीक्षण जारी रखें तथा सभी प्रतिष्ठानों में बाल श्रम निषेध सूचना पटल अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही बच्चों की शिक्षा में निरंतरता बनाए रखने के लिए सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।

सरायपाली: अपहरण के आरोपी शौचालय के रोशनदान से हुआ फरार जांच में जुटी टीम ,केस में बड़ा चूक

अपहरण का आरोपी शौचालय के रोशनदान से फरार, तलाश में जुटी पुलिस टीम
बलौदा थाना क्षेत्र में अपहरण मामले में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां पुलिस अभिरक्षा में लिया गया संदेही आरोपी शौचालय के रोशनदान से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बलौदा में पदस्थ आरक्षक द्वारा बताया गया कि अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपहृता बालिका, निवासी ग्राम किसडी, की बरामदगी प्रधान आरक्षक 100 बाजीपाल बाघ द्वारा दिनांक 05.04.2026 को ग्राम बरडीह थाना बसना से की गई थी। बालिका को संदेही आरोपी लखन उर्फ भोला कुमार के कब्जे से बरामद कर थाना बलौदा लाया गया था।
इसके पश्चात आरक्षक की ड्यूटी संदेही आरोपी लखन उर्फ भोला कुमार को मुलाहिजा (चिकित्सीय परीक्षण) हेतु थाना बलौदा से सीएचसी सरायपाली ले जाने की लगाई गई। आरक्षक द्वारा आरोपी को सीएचसी सरायपाली ले जाकर डॉक्टर से मुलाहिजा कराया गया तथा परीक्षण उपरांत आरोपी को पुनः थाना बलौदा लाया गया।
थाना पहुंचने के बाद संदेही आरोपी ने शौच जाने की बात कही, जिस पर उसे थाना भवन स्थित महिला बंदीगृह के पास बने शौचालय में भेजा गया। आरोपी अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया, जबकि आरक्षक शौचालय के दरवाजे के बाहर खड़ा रहा।

करीब 5-6 मिनट तक आरोपी के बाहर नहीं आने पर आरक्षक द्वारा आवाज दी गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर आरक्षक द्वारा शौचालय का दरवाजा जोर से धक्का मारकर खोला गया, जिससे कुंडी टूट गई। दरवाजा खुलने पर अंदर आरोपी मौजूद नहीं मिला।
जांच में पाया गया कि संदेही आरोपी लखन कुमार शौच के बहाने शौचालय में अपने दोनों चप्पल छोड़कर रोशनदान के रास्ते कूदकर भाग गया। आरोपी थाना भवन के पीछे लगे फेसिंग तार को पार कर फरार हो गया।

घटना की जानकारी तत्काल थाना में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी गई। इसके बाद थाना स्टाफ द्वारा थाना परिसर, आसपास के क्षेत्र एवं आरोपी के सकुनत पर तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है तथा धारा सदर के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश लगातार जारी है। 🚨

महासमुंद: आरटीई के तहत निजी विद्यालय कक्षा पहली में प्रवेश हेतु निर्धारित नियमानुसार 25 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित करें समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश

महासमुंद: आरटीई के तहत निजी विद्यालय कक्षा पहली में प्रवेश हेतु निर्धारित नियमानुसार 25 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित करें समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश

महासमुंद 07 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10ः00 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले में संचालित शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), विभागीय जिलाधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ तथा वीसी के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर श्री लंगेह ने जिले के सभी विभागों के अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए कलेक्टर ने सभी विभागों को आगामी वित्तीय वर्ष के लिए विस्तृत वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करे। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि यूरिया की बिक्री अनिवार्य रूप से पॉस मशीन के माध्यम से की जाए तथा भंडारण का नियमित भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि जिले के 80 निजी दुकानों में अनियमितता पाई गई है, जिन पर कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी कार्यालयों में आधार आधारित उपस्थिति अनिवार्य करने तथा ई-फाइल प्रणाली को शत-प्रतिशत लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करने के लिए यह आवश्यक है।

कलेक्टर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत अप्रैल, मई एवं जून माह के चावल भंडारण की समीक्षा करते हुए 13 अप्रैल तक भंडारण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। नान (नागरिक आपूर्ति निगम) के अधिकारी ने जानकारी दी कि अप्रैल माह का शत-प्रतिशत भंडारण पूर्ण हो चुका है, मई माह का 221 दुकानों में तथा जून माह का 39 दुकानों में भंडारण किया जा चुका है। जिले में कुल 593 उचित मूल्य की दुकानें संचालित हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी दुकानों में चावल उत्सव अनिवार्य रूप से आयोजित किया जाए।

आकांक्षी ब्लॉक एवं जिले में संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी संकेतकों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन संकेतकों में गैप है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने 6 माह से 6 वर्ष तक के सभी बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित रूप से पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शिक्षा के अधिकार के अंतर्गत पात्र बच्चों को कक्षा पहली में प्रवेश दिलाने हेतु निर्देश दिए कि सभी निजी विद्यालय निर्धारित नियमों के अनुसार 25 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित करें। यह प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन है तथा पारदर्शिता के साथ की जाए। उन्होंने एसडीएम को इसकी नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी निजी स्कूलों द्वारा नियमों का अनिवार्य पालन किया जाए।

जल संरक्षण के लिए मोर गांव मोर पानी अभियान 2.0 के तहत विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि अधिक से अधिक सोखता गड्ढे, डबरी, तालाब एवं अन्य जल संरचनाओं का निर्माण कराया जाए। उन्होंने किसानों को खेतों में जल संरक्षण संरचनाएं बनाने के लिए प्रोत्साहित करने तथा प्रधानमंत्री आवासों में सोखता गड्ढा एवं भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही इस अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं, राजस्व पखवाड़ा, जनगणना, पीएम सूर्यघर योजना, आयुष्मान कार्ड, प्राधिकरण, जनशिकायत एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

महासमुंद : गूगल सर्च से मिला नंबर बना जाल: 2.49 लाख की साइबर ठगी का पर्दाफाश, झारखंड से 3 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद : गूगल सर्च से मिला नंबर बना जाल: 2.49 लाख की साइबर ठगी का पर्दाफाश, झारखंड से 3 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। थाना तुमगांव क्षेत्र में हुई 2 लाख 49 हजार 988 रुपये की साइबर ठगी का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए झारखंड के जामताड़ा और देवघर से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए खुद को BOODMO कंपनी का प्रतिनिधि बताकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था।

प्रार्थी दिनेश कुमार ठाकुर निवासी बिजरापाली द्वारा 4 जनवरी 2026 को थाना तुमगांव में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उसके एसबीआई खाते से 2,49,988 रुपये की ऑनलाइन ठगी हो गई है। उसने बताया कि BOODMO कंपनी से कार के व्हील रिम ऑर्डर करने के बाद ऑर्डर की जानकारी नहीं मिलने पर उसने गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजा और कॉल किया।
फोन उठाने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर उसे Helpdesk Host एप डाउनलोड करने को कहा। एप इंस्टॉल होते ही आरोपी ने स्क्रीन मिररिंग के जरिए पीड़ित के बैंक खाते तक पहुंच बना ली और रकम पार कर दी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर साइबर थाना टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। डिजिटल फुटप्रिंट ट्रैक करते हुए टीम झारखंड के देवघर जिले के ग्राम बेहरापहरी पहुंची, जहां एक सप्ताह की कड़ी मेहनत के बाद तीनों आरोपियों—मुफितयाज अंसारी (19), इरफान अंसारी (40) और मोहम्मद मुख्तार अंसारी (60) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सेकंड हैंड मोबाइल, एयरटेल वाई-फाई और स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स के जरिए लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते थे। आरोपियों के खिलाफ देश के 14 राज्यों में 36 मामलों में करीब 12 लाख 26 हजार 948 रुपये की ऑनलाइन ठगी दर्ज है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन (विवो, ओप्पो, आईफोन), एक लैपटॉप, वाई-फाई उपकरण और 2 सिम कार्ड जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत 2 लाख 88 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस और 66(डी) आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

⚠️ पुलिस की अपील
महासमुंद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही प्राप्त करें। गूगल सर्च पर दिखने वाले नंबर फर्जी हो सकते हैं। अनजान ऐप डाउनलोड न करें और किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप जैसे AnyDesk, TeamViewer या Helpdesk Host का उपयोग न करें।
बैंक कभी भी OTP, CVV या PIN नहीं मांगते। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

कोर्ट ने 9 पुलिसकर्मियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई है कोरोना से जुड़े मामला में

कोरोना से जुड़े मामला में
कोर्ट ने 9 पुलिसकर्मियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई

मदुरै: तमिलनाडु के मदुरै से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां 2020 के एक मामले में कोर्ट ने 9 पुलिसकर्मियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। इसके अलावा सभी पर संयुक्त रूप से 1.40 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। दरअसल, जून 2020 में लॉकडाउन के दौरान पुलिस ने पिता-पुत्र को देर तक दुकान खोले रखने पर हिरासत में लिया था। इस दौरान दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे पिता-पुत्र की मौत हो गई। इस मामले में 9 पुलिसकर्मी दोषी पाए गए, जिसके बाद कोर्ट ने सभी को मृत्युदंड की सजा सुनाई है।

कोर्ट ने बताया दुर्लभतम मामला
दरअसल, मदुरै की एक कोर्ट ने सोमवार को 9 पुलिसकर्मियों को मौत की सजा सुनाई है। इन सभी पुलिसकर्मियों को तूतीकोरिन के सथानकुलम में हिरासत के दौरान क्रूर यातना देकर एक पिता-पुत्र की हत्या करने के जुर्म में दोषी पाया गया था। प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जी. मुथुकुमारन ने इसे दुर्लभतम मामला बताया। उन्होंने सजा सुनाते हुए कहा कि जनता की रक्षा का जिम्मा संभालने वालों ने ऐसा अपराध किया है, जिसने समाज की सामूहिक अंतरात्मा को झकझोर दिया है। कोर्ट ने पी जयराज और उनके बेटे जे बेनिक्स की हत्या के लिए दोषी ठहराए गए सभी 9 पुलिस अधिकारियों को मौत की सजा सुनाई। इसके अलावा सभी दोषियों पर 1.40 करोड़ रुपये का संयुक्त जुर्माना भी लगाया गया, जो पीड़ितों के परिवार को मुआवजे के रूप में दिया जाएगा।

कोरोना काल के दौरान हुई घटना
बता दें कि यह घटना जून 2020 की है, जब देशभर में कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर लॉकडाउन की घोषणा की गई थी। इसी दौरान जयराज और बेनिक्स को निर्धारित समय से अधिक समय तक मोबाइल फोन की दुकान खुली रखने के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था। हिरासत में उनके साथ भीषण मारपीट की गई, जिसके परिणामस्वरूप कुछ दिनों के बाद अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना को लेकर भारी जनाक्रोश भी देखने को मिला था। इसके बाद मद्रास हाई कोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया था। मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने की।

महासमुंद/अधिक यूरिया खपत की शिकायत पर ग्राम हथखोज के कृषक के यहां किया गया भौतिक सत्यापन

महासमुंद/अधिक यूरिया खपत की शिकायत पर ग्राम हथखोज के कृषक के यहां किया गया भौतिक सत्यापन

महासमुंद/ भारत सरकार के उर्वरक मंत्रालय एवं कृषि उत्पादन आयुक्त के निर्देशानुसार अधिक यूरिया खपत की शिकायतों के सत्यापन हेतु कृषि विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज ग्राम हथखोज, जिला गरियाबंद के कृषक श्री बालमुकुन्द निषाद के यहां भौतिक सत्यापन किया गया।

उप संचालक कृषि महासमुंद श्री एफ आर कश्यप द्वारा मौके पर पहुंचकर कृषक द्वारा खरीदे गए उर्वरकों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि कृषक के पास कुल 3.5 एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने सहकारी समिति पोखरा से 5 बोरी यूरिया एवं 5 बोरी डीएपी खरीदा था, साथ ही ओंकार कृषि केंद्र बम्हनी से 2 बोरी यूरिया भी क्रय किया गया था।

सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि कृषक द्वारा खरीदे गए समस्त यूरिया एवं डीएपी उर्वरक का उपयोग अपनी खेती में कर लिया गया है तथा उनके पास आगामी खरीफ सीजन के लिए कोई भी यूरिया शेष नहीं है। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्रीमती गणेश्वरी बंजारे एवं उर्वरक निरीक्षक श्री उमेश चन्द्राकर भी उपस्थित रहे।

उप संचालक कृषि श्री कश्यप ने जिले के कृषकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने कृषि रकबे एवं आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरकों का क्रय एवं उपयोग करें, ताकि उर्वरकों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके और किसी प्रकार की अनियमितता से बचा जा सके।

आज का राशिफल: आज किसका साथ देंगे सितारे, जानिए पूरी भविष्यवाणी

आज का राशिफल: आज किसका साथ देंगे सितारे, जानिए पूरी भविष्यवाणी

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो): विद्यार्थी वर्ग सफलता अर्जित करेगा। पठन-पाठन में मन लगेगा। दूर यात्रा की योजना बन सकती है। मनपसंद भोजन का आनंद प्राप्त होगा। वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा। बेचैनी रहेगी। धनार्जन सुगम होगा।

राशि फलादेश

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): वाणी पर नियंत्रण रखें। किसी के व्यवहार से क्लेश हो सकता है। पुराना रोग उभर सकता है। दु:खद समाचार मिल सकता है, धैर्य रखें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। प्रतिद्वंद्विता बढ़ेगी। पारिवारिक चिंता में वृद्धि होगी। आवश्यक वस्तु समय पर नहीं मिलेगी। तनाव रहेगा।

राशि फलादेश

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह): आज धन का निवेश न करें। शत्रु नतमस्तक होंगे। विवाद को बढ़ावा न दें। प्रयास सफल रहेंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। आय के स्रोतों में वृद्धि हो सकती है। व्यवसाय ठीक चलेगा। चोट व रोग से बाधा संभव है। फालतू खर्च होगा। मातहतों का सहयोग प्राप्त होगा। प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी न करें।

राशि फलादेश

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): लेन-देन में सावधानी रखें। शारीरिक कष्ट संभव है। परिवार में तनाव रह सकता है। शुभ समाचार मिलेंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। भाइयों का सहयोग प्राप्त होगा। परिवार के साथ मनोरंजन का कार्यक्रम बन सकता है। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रमाद न करें।

राशि फलादेश

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। सट्टे व लॉटरी से दूर रहें। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। कोई बड़ी समस्या से छुटकारा मिल सकता है। आय में वृद्धि होगी। प्रसन्नता में वृद्धि होगी। पारिवारिक चिंता बनी रहेगी।

राशि फलादेश

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। किसी विवाद में उलझ सकते हैं। चिंता तथा तनाव रहेंगे। जोखिम न उठाएं। घर-बाहर असहयोग मिलेगा। अपेक्षाकृत कार्यों में विलंब होगा। आय में कमी हो सकती है।

राशि फलादेश

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं। व्यापार-व्यवसाय में लाभ होगा। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। बेचैनी रहेगी। थकान महसूस होगी। वरिष्ठजन सहयोग करेंगे।

राशि फलादेश

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): नई आर्थिक नीति बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। कारोबारी अनुबंधों में वृद्धि हो सकती है। समय का लाभ लें। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। नेत्र पीड़ा हो सकती है। कानूनी बाधा आ सकती है। विवाद न करें।

राशि फलादेश

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे): बेचैनी रहेगी। चोट व रोग से बचें। काम का विरोध होगा। तनाव रहेगा। कोर्ट व कचहरी के काम अनुकूल होंगे। पूजा-पाठ में मन लगेगा। तीर्थयात्रा की योजना बनेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। सुख के साधनों पर व्यय हो सकता है। पारिवारिक सहयोग मिलेगा। प्रमाद न करें।

राशि फलादेश

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): आज धन का निवेश न करें। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। विवाद से क्लेश संभव है। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में लापरवाही न करें। अपेक्षित कार्यों में अप्रत्याशित बाधा आ सकती है। तनाव रहेगा। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें। राज्य के प्रतिनिधि सहयोग करेंगे।

राशि फलादेश

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): कष्ट, भय, चिता व बेचैनी का वातावरण बन सकता है। कोर्ट व कचहरी के काम मनोनुकूल रहेंगे। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी। मातहतों से संबंध सुधरेंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। धन प्राप्ति सुगम होगी। ऐश्वर्य के साधनों पर बड़ा खर्च हो सकता है। जल्दबाजी न करें।

राशि फलादेश

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): भूमि, भवन, दुकान व फैक्टरी आदि के खरीदने की योजना बनेगी। रोजगार में वृद्धि होगी। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। अपरिचितों पर अतिविश्वास न करें। प्रमाद न करें। शारीरिक कष्ट संभव है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। कुबुद्धि हावी रहेगी। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा।

राशि फलादेश