महासमुंद/राजस्व पखवाड़ा अंतर्गत राजस्व शिविरों का आयोजन शिविर में स्वामित्व पट्टा, किसान किताब और अविवादित नामांतरण जैसे प्रकरण का हो रहा समाधान
महासमुंद/ जिले में राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं आम नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार राजस्व पखवाड़ा का आयोजन इस माह सभी ग्राम पंचायतों में 15 अप्रैल तक किया जाएगा। राजस्व पखवाड़ा शिविर का आज दूसरा दिन है। तैयार रोस्टर के अनुसार शिविरों का संचालन किया जा रहा है और प्रत्येक शिविर में संबंधित पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहकर कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं। इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं तहसील स्तर पर आयोजित राजस्व शिविरों में ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों एवं राजस्व संबंधी समस्याओं जैसे अविवादित नामांतरण, सीमांकन, नक्शा बटांकन, भू-अभिलेख सुधार, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रकरणों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। राजस्व पखवाड़ा अंतर्गत ग्राम बिजराभाठा में स्वामित्व पट्टा का वितरण किया गया। इसी तरह ग्राम अरण्ड, ग्राम भलेसर, झलप, खल्लारी, अनसुला, बगारपाली, घोंच एवं ग्राम केंदुवा में शिविर का आयोजन किया गया। जहां पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व पट्टा, नामांतरण आदेश, सीमांकन पत्र, ऋण पुस्तिका, नक्शा प्रतिलिपि सहित अन्य आवश्यक राजस्व दस्तावेजों का वितरण किया गया। इससे ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। इसके अलावा ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। शिविर में पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि राजस्व पखवाड़ा का आगामी आयोजन मई माह में 4 से 18 मई तक एवं जून में 1 से 15 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे शिविरों में उपस्थित रहकर पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ कार्य करें तथा आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करें। राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत प्राप्त होने वाले प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अविवादित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, डायवर्सन, नक्शा सुधार, वृक्ष कटाई अनुमति सहित अन्य राजस्व संबंधी मामलों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। साथ ही प्रत्येक ग्राम में मुनादी कराकर लोगों को शिविरों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन शिविरों का लाभ उठा सकें। कलेक्टर ने आमजनों से अपील किया है कि ग्रामों में आयोजित होने वाले राजस्व पखवाड़ा शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराए और शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

रायपुर शहर में 15 और गांव में 30 मिनट में पहुंचेगी 108 सेवा: स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल 300 BLS, 70 ALS के साथ पहली बार 5 नियोनेटल ALS — नवजात शिशुओं के लिए ‘चलते-फिरते ICU’ की शुरुआत प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक पहल की गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एवं 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के सभी जिलों के लिए रवाना किया। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस की समस्त सेवाएं प्रदेशभर में तत्काल प्रभाव से प्रारंभ हो गई हैं, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सहायता सुनिश्चित होगी।