महासमुंद /धान खरीदी के अंतिम दौर में जिले में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी एक लाख 39 हजार 525 किसानों से 9 लाख 822 मीट्रिक टन धान की खरीदी

महासमुंद /धान खरीदी के अंतिम दौर में जिले में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी एक लाख 39 हजार 525 किसानों से 9 लाख 822 मीट्रिक टन धान की खरीदी

महासमुंद / खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत राज्य शासन के मंशानुरूप जिले में धान खरीदी के अंतिम दौर में खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पूर्णतः पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा लगातार सघन दौरा किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध परिवहन, भंडारण अथवा विक्रय को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

महासमुंद जिले में 28 जनवरी की स्थिति में 182 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से कुल 9 लाख 822 मीट्रिक टन धान की खरीदी किया जा चुका है। अब तक कुल 5 लाख 18 हजार 507 मीट्रिक टन धान का डी.ओ. जारी हो चुका है। हैं। जिसके विरूद्ध जिले में कुल 333 मिलों के माध्यम से 2 लाख 97 हजार 457 मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है। अब तक एक लाख 39 हजार 525 किसानों द्वारा धान का विक्रय कर लिया गया है, जो पंजीकृत किसानों की संख्या का 89.95 प्रतिशत है।

अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई, दो मामलों में 600 कट्टा धान एवं तीन वाहन जप्त

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में डिप्टी कलेक्टर श्री शुभम देव के नेतृत्व में की गई दो कार्रवाई में कुल 600 कट्टा धान जप्त किया गया। जिसमें उड़ीसा से ट्रक में अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे लगभग 500 कट्टा धान को पकड़ा गया। जब्त धान सहित वाहन को आगे की कार्रवाई हेतु कोमाखान थाना के सुपुर्द किया गया। वहीं एक अन्य कार्रवाई में धान से भरी दो पिकअप वाहनों को अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिनमें लगभग 100 कट्टा धान भरा हुआ था। उक्त वाहनों एवं धान को नियमानुसार कार्रवाई हेतु मंडी की टीम को सुपुर्द किया गया।

लोकभवन रायपुर में 2 ब्रेल पुस्तकों एवं 3000$ ऑडियो बुक्स का भव्य विमोचन महासमुंद जिले के चार शिक्षक राज्यपाल के करकमलों से हुए सम्मानित

लोकभवन रायपुर में 2 ब्रेल पुस्तकों एवं 3000$ ऑडियो बुक्स का भव्य विमोचन महासमुंद जिले के चार शिक्षक राज्यपाल के करकमलों से हुए सम्मानित

महासमुंद/ दिव्यांगजनों के शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में 27 जनवरी को रायपुर स्थित लोक भवन, सिविल लाइन में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल छत्तीसगढ़, माननीय श्री रमेन डेका के करकमलों द्वारा दो महत्वपूर्ण ब्रेल पुस्तकों- दिव्यांग महिलाओं की सफलता की कहानी’ एवं “छत्तीसगढ़ के वीर” का विधिवत विमोचन किया गया। इसी मंच से दृष्टिबाधित बच्चों के लिए तैयार की गई 3000 से अधिक ऑडियो बुक्स का भी लोकार्पण किया गया, जो शिक्षा के क्षेत्र में समावेशी पहल का सशक्त उदाहरण है। इन ऑडियो बुक्स में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के सभी विषयों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विशेष प्लेलिस्ट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सरगुजिया कहानियां, छत्तीसगढ़ी एवं हिंदी में सामान्य ज्ञान, हल्बी, पंजाबी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में अलग-अलग प्लेलिस्ट, महिला सशक्तिकरण, दिव्यांगजनों हेतु सरकारी योजनाओं तथा सहायता संसाधनों से संबंधित उपयोगी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है। यह समस्त सामग्री “वर्ल्ड ऑडियो बुक” यूट्यूब चैनल पर एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल रमेन डेका ने इस अभिनव और मानवीय पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘जिस प्रकार आप सभी शिक्षकों ने सामान्य पुस्तकों को ब्रेल में अनुवादित कर तथा ऑडियो बुक्स के माध्यम से दृष्टिबाधित बच्चों के लिए ज्ञान के नए द्वार खोले हैं, वह वास्तव में शिक्षा के क्षेत्र में समावेशी सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है।

यह कार्य केवल शैक्षणिक नहीं, बल्कि संवेदनशील सामाजिक दायित्व का भी निर्वहन है। उन्होंने आगे कहा कि मैं अपने गृह राज्य असम में भी शिक्षकों को इस प्रकार की पहल करने के लिए प्रेरित करूंगा, ताकि वहां के दृष्टिबाधित बच्चों को भी इसी तरह सुलभ अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सके। राज्यपाल महोदय ने यह भी बताया कि तैयार की गई इन ऑडियो बुक्स को गवर्नर टीम के माध्यम से अन्य राज्यों तक प्रेषित किया जाएगा, जिससे यह पहल राष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित हो सके और देशभर के दृष्टिबाधित विद्यार्थी इसका लाभ प्राप्त कर सकें। इस पुनीत और सेवा भाव से किए गए कार्य के लिए उन्होंने सभी शिक्षकों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करते हैं। इस अभियान की प्रेरणा राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका के. शारदा, दुर्ग को वर्ष 2024 में मिले सम्मान के पश्चात मिली। दृष्टिबाधित बच्चों के अध्ययन की वास्तविक आवश्यकता को समझते हुए उन्होंने 25 अक्टूबर 2024 से इस कार्य की शुरुआत की और स्वयं 800 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार कीं। बाद में विभिन्न जिलों के शिक्षकों के जुड़ने से यह संख्या बढ़कर 3100$ तक पहुंच गई।

शिक्षिका के. शारदा एवं प्रीति शांडिल्य द्वारा पूर्व में संयुक्त रूप से ब्रेल पुस्तकें तैयार कर छत्तीसगढ़ के 20 ब्रेल विद्यालयों को 100-100 प्रतियां निःशुल्क उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इस पुनीत कार्य में योगदान देने वाले शिक्षकों को राज्यपाल महोदय द्वारा सम्मानित किया गया। इस ऑडियो बुक निर्माण अभियान में 30 शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही। जिनमे महासमुंद विकासखंड से सहा. शिक्षक बलराम नेताम, बागबाहरा विकासखंड से सहा. शिक्षक अमित कुमार उइके, दीपा महार एवं रिंकल बग्गा शामिल हैं। माननीय राज्यपाल महोदय ने इस कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय पहल बताया।

महासमुंद /तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 1 से 3 फरवरी तक छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं के साथ-साथ देश की शास्त्रीय, सूफी और आधुनिक संगीत विधाओं की होंगी मनमोहक प्रस्तुतियाँ

महासमुंद /तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 1 से 3 फरवरी तक छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं के साथ-साथ देश की शास्त्रीय, सूफी और आधुनिक संगीत विधाओं की होंगी मनमोहक प्रस्तुतियाँ

महासमुंद / प्रदेश के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर स्थल सिरपुर में 1, 2 और 3 फरवरी को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव में छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं के साथ-साथ देश की शास्त्रीय, सूफी और आधुनिक संगीत विधाओं की मनमोहक प्रस्तुतियाँ होंगी।

शुभारंभ अवसर पर प्रसिद्ध लोक-भक्ति गायक बाबा हंसराज रघुवंशी एवं उनकी बैंड टीम की विशेष प्रस्तुति

प्रथम दिवस 1 फरवरी 2026 को महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर दोपहर 12 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। जिसमें फुलझरिया कर्मा पार्टी, बिलासपुर द्वारा कर्मा नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद दोपहर 12ः30 बजे से 2ः30 बजे तक छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच राजनांदगांव की लोक कला की झलक दिखेगी। दोपहर 2ः30 बजे से 3ः30 बजे तक सिरपुर महोत्सव 2026 का उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। तत्पश्चात दोपहर 3ः30 बजे से 4ः10 बजे तक इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के कलाकारों द्वारा कत्थक एवं लोक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। इसी प्रकार शाम 4ः10 बजे से 4ः20 बजे तक सुश्री सुरेखा कामले एंड ग्रुप द्वारा ध्रुपत की प्रस्तुति, शाम 4ः20 बजे से 4ः30 बजे तक प्रो. डॉ. लवली शर्मा द्वारा सितार वादन की शास्त्रीय प्रस्तुतिँ होंगी। शाम 4ः30 बजे से 4ः40 बजे तक निदेशक, संरक्षण एवं विकास बौद्ध कला एवं सांस्कृतिक समाज मध्य भारत, नागपुर द्वारा तथागत नाटक, शाम 4ः40 बजे से 4ः50 बजे तक इंदिरा कला संगीत विद्यालय खैरागढ़ द्वारा ओडिसी नृत्य, शाम 4ः50 से 5ः00 बजे तक हिमानी वासनिक राजनांदगांव द्वारा भरथरी की प्रस्तुति होगी। वहीं शाम 5 बजे से रात्रि 7 बजे तक सुनील तिवारी लोक कला मंच, रायपुर का रंग-झांझर कार्यक्रम दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा। रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक प्रसिद्ध लोक-भक्ति गायक बाबा हंसराज रघुवंशी एवं उनकी बैंड टीम, दिल्ली की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।

दूसरे दिन इंडियन आइडल फेम नितिन कुमार, नचिकेत लेले एवं वैशाली रायकवार की होगी शानदार प्रस्तुति

द्वितीय दिवस 2 फरवरी को सायं 4 बजे से 4ः40 बजे तक इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ द्वारा क्लासिकल वोकल, क्लासिकल इंस्ट्रूमेंट, तबला वादन एवं सुगम संगीत की प्रस्तुतियाँ होंगी। इसके पश्चात शाम 4ः40 बजे से 4ः50 तक सूफी स्पिरिचुअल म्यूजिक, शाम 4ः50 बजे से 5ः00 बजे तक कबीर संगीत संध्या की प्रस्तुति होगी। शाम 5ः00 बजे 5ः15 बजे तक संरक्षण एवं विकास बौद्ध कला एवं सांस्कृतिक समाज मध्य भारत, नागपुर द्वारा थेरीगाथा नाट्य प्रस्तुति एवं शाम 5ः15 बजे से 5ः30 बजे तक भरतनाट्यम नृत्य का आयोजन किया जाएगा। शाम 5ः30 बजे से 7 बजे तक पुष्पा साहू, भिलाई द्वारा नवा किस्मत लोक कला मंच की प्रस्तुति होगी। रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक इंडियन आइडल फेम 10 के नितिन कुमार, इंडियन आइडल फेम 12 के नचिकेत लेले एवं वैशाली रायकवार अपनी गायन प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

अंतिम दिन प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स, मुंबई की विशेष प्रस्तुति

तृतीय दिवस 3 फरवरी समापन दिवस पर दोपहर 2 बजे से बजे तक इशिका गिरी रायपुर द्वारा कत्थक की प्रस्तुति दी जाएगी। इसी प्रकार 2ः10 बजे से भूमिसुता मिश्रा रायपुर द्वारा ओडिसी नृत्य, 2ः20 बजे से कुमारी आसना दिल्लीवार दुर्ग द्वारा कत्थक नृत्य, दोपहर 2ः30 बजे से राजनंदिनी पटनायक पिथौरा द्वारा ओडिसी नृत्य, 2ः35 बजे से गीतिका चक्रधर रायपुर द्वारा कत्थक नृत्य, दोपहर 2ः45 बजे से आंचल पाण्डेय बिलासपुर द्वारा ओडिसी एकल, दोपहर 3ः00 बजे से नवा बिहान लोक कला मंच पिलवापाली बसना द्वारा पंथी नृत्य, दोपहर 3ः15 बजे से एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के छात्रों द्वारा बस्तरिहा नाच, दोपहर 3ः30 बजे से नानगांव बोहधन एवं साध्वी सेवा मगरपाली द्वारा डंडा नृत्य, दोपहर 3ः45 बजे से छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच कन्हारपुरी द्वारा सोला सिंगार लोक प्रस्तुतियाँ एवं शाम 4ः15 बजे से 4ः30 बजे तक श्री किशोर हम्पीहोली, स्वर संगम सांस्कृतिक मंच नागपुर द्वारा अम्रपाली नृत्य नाटक की प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 4ः30 बजे से 5ः30 बजे तक सिरपुर महोत्सव का समापन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके पश्चात सावित्री कहार लोक कला मंच रायपुर द्वारा लोक साधना की प्रस्तुति होगी। रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स, मुंबई की विशेष प्रस्तुति के साथ सिरपुर महोत्सव 2026 का भव्य समापन होगा।

सरायपाली/ फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के शक में खूनी संघर्ष, मजदूर से बेरहमी से मारपीट, पत्नी से भी बदसलूकी

सरायपाली/ फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के शक में खूनी संघर्ष, मजदूर से बेरहमी से मारपीट, पत्नी से भी बदसलूकी

सरायपाली। ग्राम नवापाली निवासी एक कृषक मजदूर के साथ फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से गलत मैसेज भेजने के शक को लेकर मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 27 जनवरी 2026 को शाम लगभग 4 बजे वह अपनी पत्नी के साथ सरायपाली बाजार आया था।

शाम करीब 6:30 बजे उसकी पुत्री निवासी खीरापुटका (उड़ीसा) ने फोन कर बताया कि बड़े पिता शंखनाथ दीप ने उस पर इंस्टाग्राम में फर्जी आईडी बनाकर उनके घर के मोबाइल नंबर पर गलत मैसेज भेजने का आरोप लगाया है।

बाजार से लौटने के बाद शाम करीब 7 बजे इसी विवाद को लेकर भतीजा भरत दीप ने पीड़ित की पत्नी के साथ गंदी-गंदी गाली-गलौज की। जब पीड़ित ने मामले को समझाने के लिए भतीजा भरत को बुलाया, तो उसके साथ बड़े भाई शंखनाथ दीप भी मौके पर पहुंच गया। दोनों ने मिलकर पीड़ित के साथ झगड़ा-विवाद करते हुए हाथ मुक्का व चप्पल से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए जमीन पर पटक दिया।

मारपीट से पीड़ित के दाहिने आंख, पीठ एवं दोनों पैरों में चोट आई है। वहीं शंखनाथ दीप द्वारा पीड़ित की पत्नी के बाल पकड़कर मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

महासमुंद/ बकाया रकम मांगने पर ज्वेलर्स संचालक से मारपीट, जान से मारने की धमकी

महासमुंद/ बकाया रकम मांगने पर ज्वेलर्स संचालक से मारपीट, जान से मारने की धमकी

महासमुंद। वार्ड नंबर 16 पुराना रावणभाठा स्थित महामाया मंदिर के पास संचालित भवानी ज्वेलर्स के संचालक के साथ बकाया रकम मांगने पर मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी वार्ड नंबर 16 पुराना रावणभाठा महासमुंद निवासी है एवं भवानी ज्वेलर्स का संचालन करता है। उसने बताया कि दिनांक 28 अगस्त 2023 को गोलू सिन्हा पिता बसंत सिन्हा निवासी नयापारा महासमुंद ने उसकी दुकान से 27,500 रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र खरीदा था। उक्त खरीदी के समय आरोपी ने 10,000 रुपये नकद दिए थे तथा बाद में दो किश्तों में 4,000 रुपये एवं 2,000 रुपये जमा किए। शेष बचे 11,500 रुपये एक माह के भीतर देने का वादा किया गया था।

काफी समय बीत जाने के बाद भी जब बकाया रकम नहीं मिली और लगातार टालमटोल किया जाता रहा। इसी क्रम में दिनांक 26 जनवरी 2026 की शाम लगभग 5 बजे जब प्रार्थी अपने घर से दुकान जा रहा था, तभी सीतला मंदिर के पास वार्ड नंबर 16 पुराना रावणभाठा में आरोपी गोलू सिन्हा मिला। प्रार्थी द्वारा बकाया 11,500 रुपये के संबंध में पूछने पर आरोपी ने रकम देने से साफ इंकार कर दिया तथा मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।

आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर प्रार्थी को चोट पहुंचाई, जिससे उसके नाक, आंख के पास एवं मुंह में चोट आई और खून निकला। घटना को जुगडू धीवर एवं आसपास मौजूद लोगों ने देखा और सुना है।

प्रार्थी द्वारा इलाज कराने के पश्चात दिनांक 27 जनवरी 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

बसना/ नाबालिग बेटी के अपहरण की आशंका, पिता ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

बसना/ नाबालिग बेटी के अपहरण की आशंका, पिता ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

बसना। एक मजदूर ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के लापता होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराते हुए अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

प्रार्थी ने बताया कि उसकी पुत्री 5 सितंबर 2025 को माता-पिता के साथ काम से बसना आई थी। इसी दौरान बस स्टैंड के पास वह दुकान से कुछ सामान लेने जाने की बात कहकर निकली, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी।

परिजनों द्वारा आसपास एवं बस स्टैंड क्षेत्र में खोजबीन करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद वे वापस गांव लौटे और रिश्तेदारों एवं परिचितों के यहां भी तलाश की, परंतु आज दिनांक तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

पीड़ित पिता ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर कहीं भगा ले जाया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर बालिका की तलाश तेज कर दी है तथा संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बच्ची को सकुशल बरामद करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

बागबाहरा/ घर की अलमारी से लाखों के सोने के जेवर चोरी, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

बागबाहरा/ घर की अलमारी से लाखों के सोने के जेवर चोरी, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

बागबाहरा। थाना बागबाहरा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 02 झलप चौक, व्यापारी तालाब निवासी लक्ष्मीनारायण साहू (43 वर्ष) के घर से अज्ञात चोर द्वारा सोने के जेवरात चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मीनारायण साहू ने अपने आवेदन में बताया कि उन्होंने दिनांक 25 दिसंबर 2025 को अपने घर की लकड़ी की गोदरेज अलमारी में एक डिब्बे के अंदर सोने का चैन (22.5 से 23 ग्राम), सोने का ओम लॉकेट (2.840 ग्राम) एवं पत्नी की सोने की बाली (लगभग 4 ग्राम) सुरक्षित रखे थे। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 1,10,320 रुपये बताई गई है।

दिनांक 23 जनवरी 2026 को जब उन्होंने गोदरेज खोलकर देखा तो उक्त डिब्बे में रखे सभी आभूषण गायब मिले, जबकि डिब्बा और अलमारी में रखा अन्य सामान सुरक्षित था। परिजनों द्वारा आसपास खोजबीन एवं पूछताछ के बाद भी आभूषणों का कोई सुराग नहीं मिला।

पीड़ित को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौके का फायदा उठाकर चुपके से घर में प्रवेश कर सोने के आभूषण चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश जारी है।

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री साय से क्रेडाई और रियल एस्टेट के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री साय से क्रेडाई और रियल एस्टेट के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में क्रेडाई और रियल एस्टेट के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की।

इस दौरान क्रेडाई प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री साय को आने वाले माह में विकसित भारत 2047 की थीम पर राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले नेशनल कन्वेशन के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने सफल आयोजन के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर क्रेडाई के अध्यक्ष श्री पंकज लाहोटी, श्री संजय रहेजा, श्री अभिषेक बछावत सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

आज का राशिफल: भाग्य देगा साथ या बढ़ेंगी मुश्किलें? जानें आज का दिन कैसा रहेगा

आज का राशिफल: भाग्य देगा साथ या बढ़ेंगी मुश्किलें? जानें आज का दिन कैसा रहेगा

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो): भूमि व भवन संबंधी योजना बनेगी। बेरोजगारी दूर होगी। लाभ होगा। मान-प्रतिष्ठा में कमी आएगी। कामकाज में बाधाएं आ सकती हैं। कर्मचारियों पर व्यर्थ संदेह न करें। आर्थिक लाभ मिलने से एक्स्ट्रा खर्च उठा पाएंगे। शत्रु सक्रिय रहेंगे। स्वास्थ्य कमजोर होगा।
राशि फलादेश

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। पारिवारिक उन्नति होगी। सुखद यात्रा के योग बनेंगे। पार्टी व पिकनिक का आनंद मिलेगा। रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। स्वविवेक से कार्य करना लाभप्रद रहेगा।
राशि फलादेश

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह): गीत-संगीत में रुचि बढ़ेगी। आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। पुराना रोग उभर सकता है। शोक समाचार मिल सकता है। भागदौड़ रहेगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। अधूरे कामों में गति आएगी। व्यावसायिक गोपनीयता भंग न करें।
राशि फलादेश

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। धनलाभ होगा। व्यापार-व्यवसाय में उन्नति के योग हैं। वाणी पर संयम आवश्यक है। जीवनसाथी से मदद मिलेगी। सामाजिक यश-सम्मान बढ़ेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। यात्रा सफल रहेगी। प्रयास सफल रहेंगे। वाणी पर नियंत्रण रखें।
राशि फलादेश

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): शुभ समाचार प्राप्त होंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। मान बढ़ेगा। स्वजनों से मेल-मिलाप होगा। नौकरी में ऐच्छिक पदोन्नति की संभावना है। पुराने मित्र व संबंधियों से मुलाकात होगी। किसी की आलोचना न करें। खानपान का ध्यान रखें। आर्थिक संपन्नता बढ़ेगी।
राशि फलादेश

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। नौकरी में अधिकार बढ़ेंगे। व्यावसायिक समस्या का हल निकलेगा। नई योजना में लाभ की संभावना है। घर में मांगलिक आयोजन हो सकते हैं। जीवनसाथी से संबंध घनिष्ठ होंगे। रोजगार मिलेगा। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी।
राशि फलादेश

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। राजकीय कार्य में परिवर्तन के योग बनेंगे। आलस्य का परित्याग करें। आपके कामों की लोग प्रशंसा करेंगे। व्यापार लाभप्रद रहेगा। नई कार्ययोजना के योग प्रबल हैं। ऐश्वर्य पर व्यय होगा। स्वास्थ्‍य कमजोर रहेगा। विवाद को बढ़ावा न दें।
राशि फलादेश

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): व्यावसायिक यात्रा मनोनुकूल रहेगी। कानूनी मामले सुधरेंगे। धन का प्रबंध करने में कठिनाई आ सकती है। आहार की अनियमितता से बचें। व्यापार, नौकरी में उन्नति होगी। लेन-देन में सावधानी रखें। बकाया वसूली के प्रयास सफल रखें।
राशि फलादेश

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे): व्यापार-व्यवसाय सामान्य रहेगा। दूरदर्शिता एवं बुद्धि चातुर्य से कठिनाइयां दूर होंगी। राज्य तथा व्यवसाय में सफलता मिलने के योग हैं। पठन-पाठन में रुचि बढ़ेगी। पुराना रोग उभर सकता है। चोट व दुर्घटना से बचें। वस्तुएं संभालकर रखें। बाकी सामान्य रहेगा।
राशि फलादेश

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): लाभ के अवसर मिलेंगे। प्रसन्नता रहेगी। कुछ मानसिक अंतर्द्वंद्व पैदा होंगे। पारिवारिक उलझनों के कारण मानसिक कष्ट रहेगा। पूजा-पाठ में मन लगेगा। कोर्ट व कचहरी के काम निबटेंगे। धैर्य एवं संयम रखकर काम करना होगा। यात्रा आज न करें।
राशि फलादेश

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): नए अनुबंध होंगे। नई योजना बनेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। कार्य में व्यय की अधिकता रहेगी। दांपत्य जीवन में भावनात्मक समस्याएँ रह सकती हैं। व्यापार में नए अनुबंध आज नहीं करें। राजमान प्राप्त होगा।
राशि फलादेश

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): परिवार के सहयोग से दिन उत्साहपूर्ण व्यतीत होगा। योजनानुसार कार्य करने से लाभ की संभावना है। आर्थिक सुदृढ़ता रहेगी। धनार्जन होगा। संतान के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। बेचैनी दूर होगी। वैवाहिक प्रस्ताव मिल सकता है। कोर्ट व कचहरी में अनुकूलता रहेगी।
राशि फलादेश

बसना/ सभापति बनने के बाद पहली बार प्रकाश सिन्हा ने फहराया तिरंगा सेवा, विकास और संविधान का संदेश देते हुए बसना अंचल में जगह-जगह किया ध्वजारोहण

बसना/ सभापति बनने के बाद पहली बार प्रकाश सिन्हा ने फहराया तिरंगा सेवा, विकास और संविधान का संदेश देते हुए बसना अंचल में जगह-जगह किया ध्वजारोहण

बसना। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बसना अंचल में देशभक्ति, गरिमा और उत्साह का भव्य नजारा देखने को मिला। शासकीय, सामाजिक एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जनपद पंचायत बसना के सभापति प्रकाश सिन्हा ने जनपद पंचायत कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय, श्री गोविंद हॉस्पिटल, ग्राम पंचायत कूड़ेकेल एवं ग्राम जमड़ी सहित अनेक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता कर ध्वजारोहण किया और उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

जनपद पंचायत बसना कार्यालय में आयोजित समारोह में अध्यक्ष श्रीमती डिलेस्वरी निराला द्वारा ध्वजारोहण किया गया, जबकि सभापति प्रकाश सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान, लोकतंत्र और जवाबदेह प्रशासन ही मजबूत भारत की नींव हैं। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत शासन और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाती है, जहां से विकास की सही दिशा तय होती है।

बसना नगर स्थित श्री गोविंद हॉस्पिटल में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में हॉस्पिटल प्रबंधन, चिकित्सकों एवं समस्त स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि मजबूत स्वास्थ्य सेवाएं ही सशक्त समाज और सुदृढ़ राष्ट्र का आधार होती हैं।

ग्राम पंचायत कूड़ेकेल में सरपंच भरत डडसेना एवं ग्रामीणों के साथ ध्वजारोहण करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा की। लंबे समय से सड़क एवं पुलिया निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों की एकजुटता और संघर्ष का परिणाम रहा कि अब निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिससे गांव में हर्ष और उत्साह का माहौल है। कूड़ेकेल स्कूल परिसर एवं नगर पंचायत बसना द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी उनकी सहभागिता रही।

महिला एवं बाल विकास विभाग में पहली बार किया ध्वजारोहण

निर्वाचन के उपरांत सभापति बनने के बाद पहली बार महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में ध्वजारोहण करते हुए प्रकाश सिन्हा ने परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की सेवाभावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों का सशक्तिकरण समाज निर्माण की सबसे मजबूत कड़ी है, और इस दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।