CG / सितंबर-अक्टूबर का राशन एक साथ: 30 सितंबर तक ले सकेंगे दो माह का चावल

पीडीएस के तहत दो माह सितंबर और अक्टूबर का चावल वितरण जारी राशन कार्डधारी 30 सितंबर तक ले सकते है दो माह का चावल
रायपुर, 8 सितंबर 2026
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत प्रदेश के सभी 14 हजार 186 उचित मूल्य दुकानों में दो माह सिंतबर और अक्टूबर 2026 के लिए खाद्यान्न आबंटन जारी कर दिया गया है। इन उचित मूल्य दुकानों में से 9,356 (66 प्रतिशत) दुकानों में खाद्यान्न का भंडारण हो गया है तथा राशनकार्डधारियों को उक्त दो माह के चावल वितरण जारी है। राशनकार्डधारी कोई भी उचित मूल्य की दुकानों से दो माह का चावल 30 सितंबर तक ले सकते है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में दो माह के खाद्यान्न भण्डारण एवं वितरण का कार्य प्रचलित है। 08 सिंतबर 2026 तक खाद्यान्न 2.62 लाख राशनकार्डधारियों द्वारा खाद्यान्न का उठाव किया गया है। 30 सिंतबर 2026 तक 02 माह का खाद्यान्न वितरण पूर्ण करने हेतु सभी जिलों को निर्देश दिए गए है। राज्य शासन द्वारा दो माह के खाद्यान्न भंडारण एवं वितरण की नियमित निगरानी/मॉनिटरिंग की जा रही है।

छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) पर जनपरामर्श आयोजित हुई उच्च स्तरीय बैठक विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन संबंध जैसे मुद्दों पर सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने दिए सुझाव

छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) पर जनपरामर्श
आयोजित हुई उच्च स्तरीय बैठक विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन संबंध जैसे मुद्दों पर सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने दिए सुझाव

 

छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को व्यावहारिक, समावेशी और जनोपयोगी बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा गठित यूसीसी समिति ने जनपरामर्श की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार, 08 सितंबर को दुर्ग में यूसीसी प्रारूप समिति द्वारा एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री मोहन पवार और सेवानिवृत्त प्राचार्या श्रीमती (डॉ.) ज्योति रानी सिंह की उपस्थिति में विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, भरण-पोषण और लिव-इन संबंध जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

पारंपरिक मान्यताओं और कानूनी सुधारों पर चर्चा
बैठक के दौरान विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संघों के पदाधिकारियों ने यूसीसी के पक्ष और विपक्ष में खुलकर अपने विचार रखे। इस दौरान पारंपरिक-सामाजिक मान्यताओं से लेकर आधुनिक वैधानिक सुधारों तक के कई अहम पहलुओं पर चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी सुझावों का अध्ययन कर संहिता का ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा।

विविध संगठनों की रही सक्रिय सहभागिता
इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के विभिन्न समाजों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिनमें प्रमुख रूप से साहू समाज, मनवा कुर्मी समाज, कंवर समाज, चंद्रनाहू कुर्मी समाज, गोंडवाना सेवा समिति, आंध्र समाज, हलवा समाज, ताम्रकार समाज, यादव समाज, कंडरा आदिवासी समाज एवं मुस्लिम समाज युवा प्रभाग के पदाधिकारी, सर्व आदिवासी समाज, गोंडवाना गोंड महासभा, बीएसपी एसटी कर्मचारी संघ, भारतीय बौद्ध महासभा और राम मंदिर ट्रस्ट बेमेतरा के प्रतिनिधि शामिल थे। इसी प्रकार नागरिक एवं व्यावसायिक मंच से वरिष्ठ नागरिक कल्याण मंच, प्रज्ञा वरिष्ठ नागरिक संघ, पेंशनर्स संघ, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स और छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के सदस्य सुझाव देने वालों में शामिल थे।

डिजिटल माध्यम से भी आमंत्रित किए गए सुझाव
बैठक में एडवोकेट प्रांजल शर्मा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से समान नागरिक संहिता के स्वरूप और प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। समिति ने आम जनता और संगठनों से सुझाव प्राप्त करने के लिए आधिकारिक वेबसाईट
http://ucc.cgstate.gov.in
एवं ई-मेल ucc-chhattisgarh@cg.gov.in भी साझा की है। को

बैठक में यूसीसी समिति के सदस्य सचिव एवं रायपुर संभाग आयुक्त श्याम धावड़े, दुर्ग संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, एडीएम वीरेंद्र सिंह और एसडीएम प्रफुल्ल गुप्ता सहित दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिले के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

पंडित का चोला पहन ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा तस्कर गिरफ्तार

पंडित का चोला पहन ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा तस्कर गिरफ्तार

सिंघोड़ा पुलिस की कार्रवाई, 10.190 किलो गांजा सहित 5.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

महासमुंद, 08 सितंबर 2026। ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। सिंघोड़ा पुलिस ने ग्राम रेहटीखोल के पास एनएच-53 मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा, जो ट्रॉली बैग में गांजा छिपाकर बस का इंतजार कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं महासमुंद पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 08 सितंबर को सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रेहटीखोल के पास एक व्यक्ति ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम श्रवण कुमार तिवारी (40 वर्ष), पिता गुलाब प्रसाद तिवारी, निवासी करौदी, थाना बरही, जिला कटनी (मध्यप्रदेश) बताया।

पुलिस द्वारा ट्रॉली बैग के संबंध में पूछताछ करने पर वह पहले गोलमोल जवाब देने लगा। लगातार पूछताछ में उसने ट्रॉली बैग के अंदर गांजा होना स्वीकार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा डोंगरीपाली, जिला बलांगीर (ओडिशा) क्षेत्र से लेकर कटनी (मध्यप्रदेश) में स्वयं बिक्री करने के उद्देश्य से ले जा रहा था।

विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.190 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 5,09,000 रुपये है, तथा एक मोबाइल फोन कीमत 1,000 रुपये जब्त किया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 5,10,000 रुपये बताई गई है।

आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी)(2)(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे विवेचना जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

श्रवण कुमार तिवारी, उम्र 40 वर्ष, निवासी करौदी, थाना बरही, जिला कटनी (मध्यप्रदेश)।

जब्त सामग्री

– 10.190 किलो गांजा — कीमत लगभग ₹5,09,000

– 01 मोबाइल फोन — कीमत ₹1,000

– कुल कीमत — ₹5,10,000

महासमुंद : समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा, सेवा संकल्प अभियान को लेकर दिए निर्देश

  1. महासमुंद : समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा, सेवा संकल्प अभियान को लेकर दिए निर्देश

महासमुंद, 08 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

सेवा संकल्प अभियान के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश

सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के सफल संचालन के लिए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने कहा। अभियान के अंतर्गत 12 विभिन्न कार्यक्रमों पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

युवाओं को विकसित भारत क्विज से जोड़ने पर जोर

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत आयोजित विकसित भारत क्विज में जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। क्विज में पंजीयन की अंतिम तिथि 16 सितंबर 2026 है। सीईओ ने शेष अवधि में विशेष अभियान चलाकर प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप युवाओं का पंजीयन कराने कहा।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और बच्चों के आधार पंजीयन की समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को हेल्पलाइन की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बच्चों के आधार कार्ड पंजीयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए सीईओ ने एमबीयू से वंचित बच्चों का चिन्हांकन कर 30 सितंबर तक पंजीयन की कार्रवाई पूरी कराने कहा। शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर स्कूल स्तर पर आवश्यक दस्तावेज और पंजीयन प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए।

विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने कहा गया। संकुल समन्वयकों को इसकी जिम्मेदारी सुनिश्चित करने तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्कूलों में किचन गार्डन विकसित करने और नियमित रूप से नेवता भोज आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।

डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने के निर्देश

सीईओ ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम में सर्वे की स्थिति की नियमित समीक्षा करने कहा। जहां कार्य लंबित है, वहां विशेष टीम लगाकर समय-सीमा में सर्वे पूरा कराने के निर्देश दिए गए। सर्वे के दौरान संबंधित प्लॉट और आवश्यक अभिलेखों की जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज करने तथा पटवारियों को सर्वे किए गए प्लॉट का अप्रूवल शीघ्र करने कहा गया।

प्रधानमंत्री आवास और ग्रामीण रोजगार कार्यों की समीक्षा

प्रधानमंत्री आवास योजना एवं वीबीजी-रामजी ग्रामीण रोजगार से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों की प्रगति, कार्य प्रारंभ होने की स्थिति और लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धियों की जानकारी ली। अधिकारियों को स्वीकृत कार्य समय पर प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराने तथा ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जन शिकायतों और न्यायालयीन प्रकरणों पर भी फोकस

बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने, सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा विभिन्न जन शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

सरायपाली 40 दिवसीय गायत्री मंत्र जप अनुष्ठान की 5 कुंडीय यज्ञ के साथ पूर्णाहुति

सरायपाली 40 दिवसीय गायत्री मंत्र जप अनुष्ठान की 5 कुंडीय यज्ञ के साथ पूर्णाहुति

92 साधकों ने मिलकर किया 1 करोड़ 5 लाख 80 हजार गायत्री महामंत्र का जप

सरायपाली। गायत्री शक्ति पीठ सरायपाली में श्रद्धा, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण वातावरण में 40 दिवसीय गायत्री महामंत्र जप अनुष्ठान की भावपूर्ण पूर्णाहुति 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ सम्पन्न हुई। अनुष्ठान में सरायपाली क्षेत्र के 92 गायत्री परिवार के भाई-बहनों ने सहभागी बनकर कुल 1 करोड़ 5 लाख 80 हजार गायत्री महामंत्र जप का संकल्प पूर्ण किया।

यह 40 दिवसीय साधना केवल मंत्र जप तक सीमित नहीं रही, बल्कि आत्मसंयम, अनुशासन, साधना और आत्मशुद्धि का प्रेरणादायी आध्यात्मिक अभियान बनी। सभी साधकों ने पूरे 40 दिनों तक प्रतिदिन 30 मिनट ध्यान तथा 30 माला गायत्री महामंत्र का जप करते हुए नियमित साधना की। सरायपाली क्षेत्र के अखिल विश्व गायत्री परिवार के सदस्यों एवं साधकों द्वारा आयोजित यह 40 दिवसीय जप अनुष्ठान लगातार 20वें वर्ष आयोजित किया गया।

तप, त्याग और अनुशासन के साथ साधना

अनुष्ठान के दौरान साधकों ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार विभिन्न प्रकार के संयम का पालन किया। कुछ साधकों ने बिना नमक का भोजन ग्रहण किया, तो कुछ ने शक्कर एवं मीठे पदार्थों का त्याग किया। वहीं अनेक साधकों ने एक समय भोजन करते हुए अपनी साधना को पूर्ण किया। तप, त्याग और अनुशासन के साथ की गई इस साधना से साधकों में आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

जप पूर्णाहुति के अवसर पर साधकों ने 108 गायत्री महामंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र की आहुतियां यज्ञ में अर्पित कीं। इस 40 दिवसीय संकल्प साधना को परम वंदनीया भगवती देवी शर्मा जी तथा अखंड दीप के शताब्दी समारोह को समर्पित किया गया।

समाज एवं राष्ट्र कल्याण का लिया संकल्प

पूर्णाहुति के अवसर पर साधकों ने परम पूज्य गुरुदेव एवं मां गायत्री के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए प्रार्थना की कि साधना से प्राप्त आध्यात्मिक ऊर्जा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के कल्याण में हो। साधकों ने मां गायत्री से जीवन में शांति, सद्बुद्धि, आत्मबल, संयम एवं सकारात्मक चिंतन के विकास की कामना की।

गायत्री परिवार का मूल उद्देश्य केवल व्यक्तिगत आध्यात्मिक उन्नति नहीं, बल्कि व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण के माध्यम से श्रेष्ठ एवं संस्कारवान समाज की स्थापना करना है। इसी भावना के साथ 40 दिवसीय अनुष्ठान को पूर्ण किया गया।

इस अवसर पर साधकों ने संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में सदाचार, सेवा, संयम, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को और अधिक मजबूती से अपनाएंगे तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

गायत्री महामंत्र की साधना से जागृत आध्यात्मिक ऊर्जा प्रत्येक साधक के जीवन में निरंतर प्रकाश बनकर रहे तथा सरायपाली सहित पूरे समाज में सेवा, संस्कार और सद्भाव की नई ज्योति प्रज्वलित हो—इसी मंगल भावना के साथ अनुष्ठान की पूर्णाहुति सम्पन्न हुई।

राजनांदगांव में गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट से औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री श्री साय

राजनांदगांव में गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट से औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री श्री साय

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुख्यमंत्री की आत्मीय भेंट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 समेत विकास के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

रायपुर, 8 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर आत्मीय भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनांदगांव में गेल (इंडिया) लिमिटेड के प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 सहित प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट क्षेत्र के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ-साथ सहायक उद्योगों और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि परियोजना के आकार लेने से राजनांदगांव और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। आधुनिक तकनीक और उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण को बढ़ावा देने के साथ नई संभावनाओं वाले उद्योगों के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है।

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आधुनिक विनिर्माण के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं और निवेश के लिए नई संभावनाएं बनी हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाला निवेश स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक समृद्धि का माध्यम बने। राजनांदगांव की प्रस्तावित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।

छत्तीसगढ़ी को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की दिशा में सकारात्मक पहल

छत्तीसगढ़ी को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की दिशा में सकारात्मक पहल

रायपुर, 08 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने तथा इसके संरक्षण, संवर्धन और विकास को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्यपाल श्री रमेन डेका से छत्तीसगढ़ी भाषाविदों ने लोक भवन में भेंट कर इस संबंध में विस्तार से चर्चा की।

भाषाविदों ने राज्यपाल को छत्तीसगढ़ी भाषा की प्राचीनता, समृद्ध साहित्यिक परंपरा, व्याकरण, शब्दकोश और मानकीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ी प्रदेश की राजभाषा एवं प्रमुख संपर्क भाषा है और लगभग डेढ़ करोड़ लोग इसका प्रयोग करते हैं।

समिति के गठन की पहल

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने इस विषय पर स्वयं पहल करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा के इतिहास, साहित्य, व्याकरण, शब्दकोश और अन्य संदर्भ सामग्री का व्यवस्थित संकलन करने के लिए समिति का गठन किया जाएगा। समिति द्वारा विषय के विद्वानों एवं विशेषज्ञों से आवश्यक जानकारी और सुझाव भी लिए जाएंगे। उन्होंने असमिया और बोडो भाषाओं को आठवीं अनुसूची में शामिल किए जाने का उदाहरण भी दिया।

15वीं शताब्दी से साहित्य सृजन की परंपरा

भाषाविदों ने बताया कि छत्तीसगढ़ी में 15वीं शताब्दी से साहित्य सृजन की समृद्ध परंपरा रही है। कविता, खंडकाव्य, कहानी, उपन्यास, नाटक, आलोचना और पत्रकारिता सहित विभिन्न विधाओं में पर्याप्त साहित्य उपलब्ध है। छत्तीसगढ़ी का व्याकरण वर्ष 1890 में तथा पहला शब्दकोश वर्ष 1939 में तैयार किया गया था।

वर्ष 1924 में पहला छत्तीसगढ़ी उपन्यास ‘हीरू के कहिनी’ प्रकाशित हुआ। वहीं पंडित सुंदरलाल शर्मा द्वारा जेल से हस्तलिखित छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘दुलरवा’ के प्रकाशन का भी उल्लेख किया गया।

विश्वविद्यालयों और स्कूलों में भी बढ़ रहा दायरा

भाषाविदों ने बताया कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर छत्तीसगढ़ी का अध्ययन कराया जा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत कक्षा पहली से आठवीं तक के पाठ्यक्रम में भी छत्तीसगढ़ी को शामिल करने की प्रक्रिया जारी है।

इस अवसर पर भाषाविद् डॉ. चित्ररंजन कर, डॉ. सुधीर शर्मा, छत्तीसगढ़ी साहित्यकार श्री शीलकांत पाठक एवं श्रीमती अर्चना पाठक उपस्थित थीं।

महासमुंद के खैर लकड़ी कांड मामले में 81 लाख बरामद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में रेड, आरोपी मनीष अग्रवाल के ग्राम मुड़पार, ठिकाने से 81 लाख रुपये नकद जब्त

महासमुंद/सारंगढ़-बिलाईगढ़। खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी NOC मामले में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना पिथौरा में दर्ज प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी मनीष अग्रवाल के ग्राम मुड़पार, थाना सरसींवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ स्थित मकान में दबिश देकर 81 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस ने जब्त नगदी को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार वन परिक्षेत्र अधिकारी पिथौरा के आवेदन पर 23,350 किलोग्राम खैर लकड़ी के अवैध परिवहन के लिए प्रयुक्त NTPS (N-TPS) NOC में कूटरचना कर उसे असल दस्तावेज के रूप में उपयोग करने और धोखाधड़ी करने के मामले में थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 172/2026 पंजीबद्ध किया गया है।

प्रकरण में धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2), 3(5), 111 बीएनएस, 25 आर्म्स एक्ट तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 42(1), सहपठित धारा 41(2)(ख)(घ) और धारा 52(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

न्यायालय से सर्च वारंट लेकर आरोपी के घर पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस को आरोपी मनीष अग्रवाल के ग्राम मुड़पार, थाना सरसींवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ स्थित मकान में महत्वपूर्ण सामग्री होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मकान की तलाशी के लिए माननीय न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया।

महासमुंद पुलिस ने 7 सितंबर 2026 को आरोपी के उक्त मकान में तलाशी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान मकान के केयरटेकर की उपस्थिति तथा गवाहों के समक्ष एक थैला बरामद किया गया।

थैले में मिली 500 रुपये के नोटों की 162 गड्डियां

तलाशी के दौरान बरामद थैले की जांच करने पर उसमें 500 रुपये के नोटों की 162 गड्डियां मिलीं। पुलिस के अनुसार थैले में 500-500 रुपये के कुल 16,200 नोट पाए गए। इन नोटों की कुल कीमत 81,00,000 रुपये यानी इक्यासी लाख रुपये निकली।

पुलिस ने मौके पर ही पूरी रकम को विधिवत जब्त कर लिया। इतनी बड़ी नगदी मिलने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह रकम कहां से आई और इसका खैर लकड़ी के अवैध परिवहन तथा फर्जी NOC प्रकरण से क्या संबंध है।

अपराध से अर्जित संपत्ति मानकर कुर्की की कार्रवाई

महासमुंद पुलिस के मुताबिक प्रकरण में जब्त की गई 81 लाख रुपये की नगदी को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 107 के प्रावधानों के तहत न्यायालय के समक्ष इस अवैध नगदी की विधिवत कुर्की के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आरोपी के विरुद्ध समुचित वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे अपराध से अर्जित आर्थिक लाभ से पूर्णतः वंचित करना है।

महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों, वनोपज के अवैध परिवहन, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और धोखाधड़ी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। खैर लकड़ी के इस मामले में भी पुलिस की विवेचना जारी है और प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

सरायपाली / छह महीने से चोरी का आरोप, शिक्षक ने रसोइया पर जताई शंका; सोना-नकदी समेत करीब 1.80 लाख का सामान गायब FIR दर्ज

सरायपाली / छह महीने से चोरी का आरोप, शिक्षक ने रसोइया पर जताई शंका; सोना-नकदी समेत करीब 1.80 लाख का सामान गायब FIR दर्ज

सरायपाली। सागर स्टेट वार्ड नंबर 10 निवासी शिक्षक होमराज चौधरी ने अपने घर से पिछले करीब छह महीनों के दौरान सोने के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन सहित करीब 1.80 लाख रुपये के सामान चोरी होने की शिकायत थाना सरायपाली में दर्ज कराने आवेदन दिया है। शिकायतकर्ता ने घर में रसोइया के रूप में काम करने वाली पूजा दास पति शनि दास निवासी झिलमिला पर चोरी की घटनाओं में शामिल होने की आशंका जताई है।

शिकायत के अनुसार, होमराज चौधरी के घर से पिछले लगभग छह महीनों के दौरान धीरे-धीरे कीमती सामान गायब होते रहे। उन्हें 24 अगस्त 2026 से इस संबंध में शंका हुई। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके घर में रसोइया के रूप में काम करने वाली पूजा दास आर्थिक रूप से कमजोर थी और पिछले कई महीनों से उनसे आर्थिक मदद भी लेती रही थी, लेकिन बाद में उसके द्वारा कीमती सामान खरीदने की जानकारी मिलने पर उन्हें संदेह हुआ।

आवेदन में बताया गया है कि 27 अगस्त 2026 को परिवार की अनुपस्थिति में पूजा दास ऊपर के तल पर रहने वाली शिकायतकर्ता की बहू के घर की चाबी लेकर वहां गई और कथित तौर पर ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस दौरान कैमरे का बटन भी बंद किया गया, जिसके बाद उनका संदेह और गहरा गया।

इसके बाद 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के अवसर पर बाहर जाने की तैयारी के दौरान घर की अलमारी में रखे सोने के आभूषण और नकदी की जांच की गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस दौरान सामान और नकदी गायब मिली।

शिकायत में चोरी हुए सामान में करीब 6 ग्राम की सोने की लटकन, 3 ग्राम की सोने की अंगूठी, पुश्तैनी चंपाकाड़ी माला के दो फूल करीब 2.50 ग्राम, करीब 50 हजार रुपये नकद, गोल्ड पॉलिश वाली एक चेन, Nothing CMF मोबाइल फोन सहित अन्य घरेलू सामान शामिल होने की जानकारी दी गई है। शिकायतकर्ता ने चोरी हुए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर चोरी हुए सामान की खोजबीन तथा उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

सरायपाली/ महिला से Instagram पर दोस्ती से शुरू हुई कहानी, पैसा डबल करने के झांसे में 32 तोला सोना और लाखों गंवाने का आरोप में FIR दर्ज घर वालो को बताने पर जान से मारने की धमकी जलपुर और सरायपाली के

सरायपाली/ महिला से Instagram पर दोस्ती से शुरू हुई कहानी, पैसा डबल करने के झांसे में 32 तोला सोना और लाखों गंवाने का आरोप में FIR दर्ज घर वालो को बताने पर जान से मारने की धमकी जलपुर और सरायपाली के

Instagram पर दोस्ती, पैसा डबल करने का झांसा; महिला से 32 तोला सोना और 4.62 लाख रुपये लेने का आरोप
सरायपाली। सरायपाली में Instagram के जरिए हुई पहचान के बाद पैसा डबल करने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये और करीब 32 तोला सोने के आभूषण लेने का मामला सामने आया है। मामले में बस्ती सरायपाली निवासी ममता पटेल (31 वर्ष) ने ग्राम जलपुर निवासी यशवंत नायक उर्फ संजू, पिता गजेंद्र नायक के खिलाफ सरायपाली थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, ममता पटेल की Instagram चलाने के दौरान यशवंत नायक से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान यशवंत ने कथित तौर पर पैसा डबल करने का झांसा दिया। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में PhonePe के माध्यम से रकम लेने का आरोप है।

शिकायत में बताया गया है कि 21 मार्च 2026 से 15 जून 2026 के बीच अलग-अलग किश्तों में PhonePe के माध्यम से कुल 2 लाख 62 हजार 200 रुपये दिए गए। इसके अलावा 2 लाख रुपये नगद दिए जाने का भी शिकायत में उल्लेख है।

32 तोला सोने के आभूषण लेने का आरोप ममता पटेल ने शिकायत में अलग-अलग तारीखों में सोने के आभूषण दिए जाने का भी उल्लेख किया है। शिकायत के मुताबिक 24 मार्च को करीब 6.6 तोला सोना, 27 मार्च को 10 तोला का बड़ा हार एवं डेढ़ तोला चैन, 10 अप्रैल को करीब 10 तोला के कर्णफूल, चैन व माला, 17 अप्रैल को करीब 2.5 तोला मंगलसूत्र एवं सोने का पदक, 5 मई को करीब डेढ़ तोला के मंगलसूत्र, पदक एवं सोने की अंगूठी तथा 8 जून को करीब डेढ़ तोला का सुई-धागा दिया गया।

शिकायतकर्ता का दावा है कि इस तरह कुल करीब 32 तोला सोना पैसा डबल करने के नाम पर लिया गया। परिवार को बताने पर जान से मारने की धमकी का आरोप

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि सोना और रकम लेने के बाद उसे धमकी दी गई कि यदि उसने इस संबंध में अपने पति, सास और ससुर को बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। महिला के मुताबिक डर के कारण उसने कुछ समय तक परिवार को जानकारी नहीं दी, लेकिन बाद में हिम्मत जुटाकर अपने पति और ससुर को पूरे मामले की जानकारी दी।

इसके बाद मामले को लेकर सामाजिक स्तर पर बैठक भी आयोजित की गई। शिकायत में बताया गया है कि बैठक में खेमराज पटेल निवासी बस्ती सरायपाली, अमृत पटेल निवासी जोगनीपाली, अमृत पटेल निवासी बस्ती सरायपाली, गंगाराम पटेल निवासी बस्ती सरायपाली, उत्तरा कुमार पटेल निवासी पाटसेन्द्री, नेहरू पटेल निवासी भोथलडीह, जितेन्द्र पटेल निवासी अमरकोट और उमाशंकर चौधरी निवासी पैता सहित अन्य लोग मौजूद थे।

शिकायत के अनुसार, इस बैठक में यशवंत नायक द्वारा महिला से लिए गए सोने और PhonePe के माध्यम से ली गई रकम को वापस करने का आश्वासन दिया गया था। आरोप है कि इसके बावजूद आज तक रकम और सोना वापस नहीं किया गया।

ममता पटेल ने सरायपाली थाना पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर अपने 32 तोला सोने के आभूषण, 2 लाख 62 हजार 200 रुपये ऑनलाइन तथा 2 लाख रुपये नगद, कुल 4 लाख 62 हजार 200 रुपये, वापस दिलाने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

मामले में लगाए गए आरोप शिकायत पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी। पुलिस द्वारा शिकायत में बताए गए लेन-देन, सोने के आभूषण और अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।