महासमुंद सांकरा/ पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थानों पर CCTV खराब रहना लापरवाही या सुरक्षा में चूक? ट्रक की सील टूटी, 3.57 लाख का कपड़ा पार

महासमुंद सांकरा/ पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थानों पर CCTV खराब रहना लापरवाही या सुरक्षा में चूक?
ट्रक की सील टूटी, 3.57 लाख का कपड़ा पार /  55 गौवंश को बेरहमी से हांकते हुए ले जा रहे थे चार लोग, दो पकड़े गए और दो भाग निकले

सांकरा। महासमुंद के V2 शोरूम से कपड़ों का सामान लेकर झारसुगुड़ा जा रहे ट्रक की सील तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 3.57 लाख रुपये कीमत का ड्रेस मटेरियल चोरी कर लिया। घटना का पता ट्रक के झारसुगुड़ा स्थित गोदाम पहुंचने के बाद चला। मामले में सांकरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(C) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जगदलपुर, थाना बिनका, जिला सोनपुर (ओडिशा) निवासी धनमाली जेना (30) ट्रक क्रमांक OD02BC0147 चलाता है। वह 25 जुलाई 2026 की रात करीब 11:55 बजे महासमुंद स्थित V2 शोरूम से सामान लेकर झारसुगुड़ा, ओडिशा के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में नींद लगने पर उसने ग्राम लोहराकोट स्थित BPCL पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे ट्रक खड़ा किया और सो गया।

26 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे जब वह उठा तो तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण उसने ट्रक को बिना चेक किए झारसुगुड़ा के लिए रवाना कर दिया। झारसुगुड़ा पहुंचकर गोदाम में सामान खाली करने के दौरान ट्रक की ट्राली की सील टूटी हुई मिली। जांच करने पर V2 शोरूम के ड्रेस मटेरियल के कुल 15 पैकेट गायब मिले, जिनकी कीमत 3,57,002.62 रुपये बताई गई है। ट्रक चालक के मुताबिक किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्राली की सील तोड़कर सामान चोरी किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद कंपनी के मैनेजर द्वारा ग्राम लोहराकोट स्थित BPCL पेट्रोल पंप के पास लगे CCTV कैमरों की जांच कराने का प्रयास किया गया, लेकिन पेट्रोल पंप संचालक ने CCTV खराब होने की बात कहते हुए फुटेज उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी।

इस मामले में CCTV फुटेज नहीं मिलना जांच के लिए महत्वपूर्ण बिंदु बन गया है। BPCL के 23 अगस्त 2011 के आधिकारिक CCTV टेंडर दस्तावेज में चयनित BPCL Retail Outlets के CCTV सिस्टम के लिए 99 प्रतिशत uptime का प्रावधान दर्ज था। हालांकि यह पुराना BPCL टेंडर है और इसे वर्तमान में देश के हर पेट्रोल पंप पर लागू सरकारी अनिवार्यता के रूप में नहीं माना जा सकता। इसलिए संबंधित लोहराकोट BPCL आउटलेट पर वर्तमान में लागू CCTV व्यवस्था और BPCL के नियमों की भी जांच जरूरी होगी।

ऐसे में पुलिस के लिए यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित पेट्रोल पंप पर CCTV व्यवस्था लागू थी या नहीं, कैमरे कब से खराब थे और घटना के समय कोई रिकॉर्डिंग उपलब्ध थी या नहीं। यदि CCTV लंबे समय से खराब था, तो उसे ठीक कराने के लिए पंप प्रबंधन द्वारा क्या कदम उठाए गए, इसकी भी जांच की जा सकती है। BPCL की आधिकारिक जानकारी में कुछ श्रेणी के Retail Outlets को CCTV monitored बताया गया है।

चालक धनमाली जेना ने 30 जुलाई 2026 को सांकरा थाने में लिखित शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। शिकायत के साथ सामान के बिल की छायाप्रति भी संलग्न की गई है। पुलिस ने आवेदन के अवलोकन के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरी की जांच शुरू कर दी है। /

55 गौवंश को बेरहमी से हांकते हुए ले जा रहे थे चार लोग, दो पकड़े गए और दो भाग निकले

पिथौरा। ग्राम डूमरपाली से बरतुंगा मार्ग होते हुए 55 नग गाय, बैल एवं बछड़ों के झुंड को कथित रूप से अवैध तरीके से मारते-पीटते, यातना देते और क्रूरतापूर्वक पैदल हांककर ले जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर गौसेवकों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और गौसेवकों की टीम ग्राम कौहाकुड़ा के समीप जिंदल राइस मिल के सामने पहुंची, जहां चार व्यक्ति गौवंश को हांकते हुए दिखाई दिए। टीम को देखकर दो व्यक्ति मौके से भाग गए, जबकि दो को पकड़ लिया गया। बरामद 55 नग गौवंश की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गड़बेड़ा निवासी रोहन निर्मलकर गौसेवक हैं और गौ सेवा आयोग महासमुंद जिला के विकासखण्ड पिथौरा के सदस्य भी हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 15 अगस्त 2026 को लगभग रात्रि 12 बजे उन्हें विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली कि ग्राम डूमरपाली से बरतुंगा मार्ग होते हुए चार व्यक्ति गाय, बैल एवं बछड़ों के बहुत बड़े झुंड को अवैध रूप से मारते-पीटते, यातना देते और क्रूरतापूर्वक पैदल हांकते हुए कत्लखाने ले जा रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद रोहन निर्मलकर अपने अन्य गौसेवक साथी ऋषि धुवंशी एवं श्रेयांश श्रीवास्तव के साथ थाना पिथौरा पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद थाना पिथौरा पुलिस के साथ वे ग्राम कौहाकुड़ा के समीप जिंदल राइस मिल के सामने पहुंचे। वहां देखा गया कि चार व्यक्ति करीब 55 नग गौवंश, जिनकी कीमत लगभग 1,30,000 रुपये बताई गई, को बेरहमी से मारते-पीटते, यातना देते तथा क्रूरतापूर्वक जोर-जोर से खींचकर ले जा रहे थे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ पशुओं के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।

गौसेवकों के मौके पर पहुंचने और पुलिस की मौजूदगी को देखकर दो व्यक्ति भाग गए, जबकि दो को पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम रतन ध्रुव पिता तुलसीराम ध्रुव, उम्र 46 वर्ष, निवासी ग्राम खूटेरी तथा देवनाथ यादव पिता थानसिंह यादव, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खूटेरी बताया।

वहीं पकड़े गए आरोपियों से भागने वाले दोनों व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ करने पर उनके नाम संतराम यादव पिता थानसिंह यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम खूटेरी तथा रामेश्वर यादव पिता भगवान सिंह यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम खूटेरी, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद बताए गए।

आवेदन में उल्लेख है कि गौवंश को कहां और क्यों ले जाया जा रहा है, पूछने पर आरोपियों द्वारा कथित रूप से बताया गया कि ग्राम डूमरपाली के लोगों के कहने पर उनके द्वारा उक्त कार्य किया जा रहा था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि गौवंश को कत्लखाने ले जाने के उद्देश्य से अवैध रूप से हांककर ले जाया जा रहा था।

शिकायतकर्ता रोहन निर्मलकर ने अपने आवेदन में कहा है कि यह अपराध अत्यंत घृणित एवं समाज विरोधी है। उनके अनुसार यह न केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं को आहत करने वाला है, बल्कि पशुओं के साथ अमानवीय व्यवहार भी है। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्र में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है और अपराधियों के हौसले बुलंद हो सकते हैं।

उन्होंने थाना प्रभारी पिथौरा से मामले में तत्काल कठोर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दंडित कराने तथा भविष्य में इस प्रकार की कथित पशु तस्करी की घटनाओं पर पूर्णतः अंकुश लगाने की मांग की है। आवेदन 16 अगस्त 2026 को थाना पिथौरा में प्रस्तुत किया गया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई एवं जांच जारी है।

महासमुंद/ सावरकर पर सवाल पूछना गुनाह नहीं,शिक्षक के निलंबन के विरोध में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन

सावरकर पर सवाल पूछने वाले शिक्षक के निलंबन के विरोध में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन

महासमुंद। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के देशव्यापी आह्वान पर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने केरल के कासरगोड जिले में शिक्षक गुरु प्रसाद के निलंबन के विरोध में जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री, केरल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

बताया गया कि केरल के कासरगोड जिले में स्कूली शिक्षक गुरु प्रसाद ने 6 अगस्त 2026 को आयोजित ‘फ्रीडम क्विज’ के दौरान वीर सावरकर से जुड़ा एक प्रश्न पूछा था। क्विज में सवाल था कि “अंग्रेजों से सबसे अधिक सजा पाने वाले स्वतंत्रता सेनानी कौन थे?” जिसके उत्तर में विनायक दामोदर सावरकर का नाम बताया गया। इसके बाद 9 अगस्त 2026 को शिक्षक को निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई।

शिक्षक संघ ने ज्ञापन के माध्यम से गुरु प्रसाद का निलंबन तत्काल वापस लेने और शिक्षकों की अकादमिक स्वतंत्रता की रक्षा की मांग की। संघ ने कहा कि वीर सावरकर पर प्रश्न पूछना कोई अपराध नहीं है। शिक्षक के खिलाफ की गई कार्रवाई अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों और अकादमिक गरिमा के विपरीत है। संघ ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को वैचारिक पूर्वाग्रहों और राजनीतिक दबावों से मुक्त रखा जाना चाहिए।

संघ ने रखीं चार प्रमुख मांगें

ज्ञापन में शिक्षक गुरु प्रसाद का निलंबन तत्काल प्रभाव से रद्द करने, पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं न्यायिक जांच कराने, देशभर के शिक्षकों की अकादमिक स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी एवं गरिमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शैक्षणिक व्यवस्था को राजनीतिक हस्तक्षेप और वैचारिक पूर्वाग्रहों से मुक्त रखने की मांग की गई।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी, उप प्रांताध्यक्ष टेकराम सेन, जिला अध्यक्ष अनिल पटेल, जिला सचिव जयराम पटेल, जिला संगठन मंत्री भागवत राम जगत, डी. बसंत साव, अभिनंदन नाग, किरण कन्नौजे, लक्ष्मीकांत सिन्हा सहित संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रांतीय प्रतिनिधि एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शिक्षकों के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों का दमन करने का प्रयास किया गया, तो शिक्षक समुदाय इसके खिलाफ अपनी आवाज और बुलंद करेगा।

जयराम पटेल
जिला सचिव, छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ, जिला महासमुंद
(संबद्ध: अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ)

सरायपाली/ नवोदय से 500 मीटर दूर और झिलमिला चौक पर शराब बिक्री का आरोप, रैना ने आबकारी विभाग और पुलिस से जांच व कार्रवाई की मांग

सरायपाली। सरायपाली क्षेत्र के ग्राम छिंदपाली में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय स्थित है, जहां कक्षा छठवीं से 12वीं तक छात्र-छात्राएं हॉस्टल में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। सरायपाली क्षेत्र के लिए यह विद्यालय बड़ी सौगात माना जाता है और हजारों अभिभावक अपने बच्चों को यहां शिक्षा दिला रहे हैं। लेकिन विद्यालय से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक ढाबे में खुलेआम शराब बिक्री और शराब सेवन किए जाने के आरोपों ने अब सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव में स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुकीं समाजसेवी श्रीमती सुखविंदर कौर रैना ने इस मामले को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हजारों अभिभावक जब अपने बच्चों से मिलने जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचते हैं तो उन्हें असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। अभिभावकों के सामने विद्यालय से कुछ ही दूरी पर लोगों द्वारा खुलेआम शराब का सेवन करने और कथित तौर पर गाली-गलौज करने जैसी स्थिति दिखाई देती है।

श्रीमती रैना ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को जवाहर नवोदय विद्यालय में इसलिए भेजते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि यहां उनका बच्चा सुरक्षित वातावरण में रहकर बेहतर शिक्षा प्राप्त करेगा। लेकिन जब विद्यालय के आसपास इस तरह की गतिविधियां नजर आती हैं तो अभिभावक स्वाभाविक रूप से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने की चर्चा करने लगते हैं।

उन्होंने कहा, “मैं भी एक अभिभावक हूं और मैंने भी जवाहर नवोदय विद्यालय में अध्ययन के लिए अपने पुत्र का आवेदन किया है। ऐसे में जब हम विद्यालय के पास जाते हैं और हमें असहज स्थितियों का सामना करना पड़ता है तो उन सभी पालकों की पीड़ा को करीब से समझ सकते हैं।”

श्रीमती रैना ने आरोप लगाया कि ग्रामवासियों की ओर से शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन या तो केंद्र सरकार द्वारा संचालित इतने महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान की गरिमा और महत्व को समझ नहीं पा रहा है या फिर इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इसके पीछे कारण क्या है, इसका जवाब प्रशासन ही दे सकता है।

 

झिलमिला चौक पर भी शराब बिक्री का आरोप

श्रीमती रैना ने सरायपाली झिलमिला चौक की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां कुछ लोग ढाबे की आड़ में शराब की दुकान की तरह शराब का विक्रय कर रहे हैं। उनका कहना है कि सावन के महीने में शिव मंदिर से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर शराब बिक्री किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

उन्होंने आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। श्रीमती रैना ने कहा कि कार्रवाई होने से जनता के बीच यह विश्वास मजबूत होगा कि प्रशासन शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगाने और जनहित में प्रभावी कदम उठाने के लिए गंभीर है।

महासमुंद में 292 नौकरियों का अवसर, 20 अगस्त को रोजगार मेले में जुटेंगे नियोजक

जिला स्तरीय रोजगार मेला 20 अगस्त को, 292 विभिन्न पदों पर होगी भर्ती महासमुंद, 17 अगस्त 2026/ जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र महासमुंद द्वारा 20 अगस्त को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मचेवा महासमुंद में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित होगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की स्वतंत्र माइक्रोफाइन प्राइवेट लिमिटेड, स्वाभिमान फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, एनआईआईटी लिमिटेड, पुस्कल एग्रोटेक लिमिटेड एवं वेक्टर फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, एलआईसी महासमुंद सहित विभिन्न नियोजकों द्वारा 10वीं, 12वीं, बीएससी एग्रीकल्चर एवं स्नातक उत्तीर्ण आवेदकों के लिए कुल 292 विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा अन्य नियोजक भी उपस्थित होने पर रोजगार मेले में सम्मिलित किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक एवं योग्य आवेदकों को निर्धारित स्थल एवं समय पर अपनी शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज, रोजगार पंजीयन, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज की स्वयं की फोटो के साथ उपस्थित होना होगा। साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आवेदकों को छत्तीसगढ़ रोजगार एप/वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना आवश्यक है। रिक्तियों की संख्या, पदवार आवश्यक योग्यता, वेतनमान एवं कार्यस्थल से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक जिला रोजगार कार्यालय महासमुंद में संपर्क कर सकते हैं अथवा रोजगार विभाग की वेबसाइट erojgar.cg.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

बसना भंवरपुर/ कहां गया 19 वर्षीय अमित? घर से निकलने के बाद दो दिन से कोई खबर नहीं परिजन परेशान; पुलिस ने शुरू की तलाश

 

बसना/भंवरपुर। ग्राम साई सरायपाली से 19 वर्षीय युवक के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। युवक 14 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया। इसके बाद परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की तथा परिचितों से संपर्क किया, लेकिन अमित का कोई सुराग नहीं मिल सका। मामले में चौकी भंवरपुर पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम साई सरायपाली निवासी लाल कुमार पारेश्वर पिता स्वर्गीय पतिराम पारेश्वर, उम्र 44 वर्ष, ने 16 अगस्त को चौकी भंवरपुर में सूचना दी कि उसका पुत्र अमित पारेश्वर, उम्र 19 वर्ष, 14 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया है। परिजनों और परिचितों द्वारा आसपास तथा संभावित स्थानों पर काफी पता तलाश किया गया, लेकिन अमित के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली।

लापता युवक का हुलिया चेहरा गोल, कद करीब 5 फीट 5 इंच, बाल काले और रंग गोरा बताया गया है। घटना के समय अमित लोवर और टी-शर्ट पहने हुए था। उसने कक्षा 12वीं तक पढ़ाई की है और हिन्दी तथा छत्तीसगढ़ी भाषा बोलता है।

सूचनाकर्ता के अनुसार, अमित के इस तरह घर से चले जाने की परिस्थितियों के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। किसी व्यक्ति द्वारा उसके अपहरण या सदोष परिरोध किए जाने को लेकर भी कोई आरोप अथवा संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। हालांकि युवक का वर्तमान ठिकाना और सुरक्षा अज्ञात होने के कारण पुलिस द्वारा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मामले की तत्काल विवेचना आवश्यक होने पर धारा 140(3) बीएनएस 2023 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 103/26 दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है। सूचना कंट्रोल रूम एवं डीसीआरबी शाखा महासमुंद को भी भेजी गई है।

पुलिस द्वारा लापता युवक के संभावित ठिकानों पर पता तलाश की जा रही है। साथ ही परिजनों, परिचितों और अन्य संभावित लोगों से पूछताछ कर अमित के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि लापता युवक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।

सरायपाली/ जंगल में सुंदरी दाई मंदिर के पास चल रहा था जुए का खेल, सरायपाली बसना पुलिस ने मारी दबिश; 1.43 लाख का सामान जब्त, कई जुआरी भाग निकले 3 गिरफ्तार

सरायपाली/ जंगल में सुंदरी दाई मंदिर के पास चल रहा था जुए का खेल, सरायपाली बसना पुलिस ने मारी दबिश; 1.43 लाख का सामान जब्त, कई जुआरी भाग निकले 3 गिरफ्तार सरायपाली/महासमुंद। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम आंवलाचक्का जंगल स्थित सुंदरी दाई मंदिर के पास पुलिस ने जुआ फड़ पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 14,080 रुपये नगद, तीन मोबाइल फोन, एक प्लेटिना मोटरसाइकिल, 52 पत्ती ताश और एक तिरपाल सहित कुल 1,43,080 रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2026 को साइबर सेल महासमुंद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आंवलाचक्का जंगल में कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर सरायपाली थाना पुलिस की टीम आरक्षक 778 एवं 709 तथा गवाहों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। वहां साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक दिनेश यादव, आरक्षक 495, 935, 426 तथा थाना प्रभारी बसना निरीक्षक शरद दुबे की टीम भी पहुंची।

टीम ने सुंदरी दाई मंदिर के पास घेराबंदी कर जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भाग निकले। मौके पर पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम गजेन्द्र नायक (45) निवासी केजुआ, थाना सरायपाली, ज्वाला खुटे (27) निवासी मेढ़ापाली, थाना डभरा, जिला शक्ति तथा द्वारिका पटेल (52) निवासी सांगीतराई, थाना रायगढ़ बताया।

पुलिस ने गजेन्द्र नायक के कब्जे से 2,000 रुपये तथा फड़ से 3,580 रुपये, कुल 5,580 रुपये और विवो कंपनी का मोबाइल फोन कीमत 16,000 रुपये बरामद किया। साथ ही उसके पास से प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GE 5101, जिसकी कीमत 50,000 रुपये बताई गई है, जब्त की गई।

इसी तरह ज्वाला खुटे के कब्जे से 1,500 रुपये तथा फड़ से 3,000 रुपये, कुल 4,500 रुपये और आईफोन 16 मोबाइल कीमत 53,000 रुपये जब्त किया गया। तीसरे आरोपी द्वारिका पटेल के कब्जे से 1,000 रुपये तथा फड़ से 3,000 रुपये, कुल 4,000 रुपये और टेक्नो कंपनी का मोबाइल कीमत 10,000 रुपये बरामद किया गया।

पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने बताया कि उन्हें अर्जुन खुटे निवासी आंवलाचक्का द्वारा बुलाया गया था। आरोपियों के अनुसार अर्जुन ने जुआ खेलने के लिए फड़ पर तिरपाल, ताश और लाइट की व्यवस्था की थी। उन्होंने जुआ खेलने वाले अन्य लोगों के रूप में कारगिल खुटे, बिट्टू, पिंटू, रघुनंदन बरेठ निवासी जोरापाली रायगढ़, विश्वकर्मा सहित अन्य लोगों के नाम बताए। पुलिस के अनुसार फड़ के पास अर्जुन खुटे भी मौजूद था, जो पुलिस टीम को देखकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मौके से पकड़े गए तीनों आरोपियों को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराकर गिरफ्तार किया तथा गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को मोबाइल के माध्यम से दी गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा एकत्रित होकर संयुक्त रूप से जुआ खेलना छोटे संगठित अपराध की श्रेणी में पाया गया। वहीं मौके से फरार अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में प्रआर 17 भगत सिंह पालेश्वर की भूमिका रही। पुलिस ने मौके पर देहाती नालसी तैयार कर अपराध कायम किया और बाद में थाना सरायपाली में नंबरी अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

महासमुंद/ आधी रात प्रशासन की दबिश, 200 किलो पनीर जब्त

वैद्य फूड में राजस्व, खाद्य औषधि एवं पुलिस की संयुक्त टीम की दबिश, 200 किलो पनीर जब्त कलेक्टर के निर्देश पर रात 12 बजे कार्रवाई महासमुंद, 17 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देशानुसार एनालॉग पनीर के निर्माण एवं विक्रय पर प्रतिबंध के उल्लंघन की आशंका को देखते हुए राजस्व,खाद्य एवं औषधि प्रशासन, पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने महासमुंद के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में बीती देर रात दबिश दी। एसडीएम अक्षा गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान लगभग तीन घंटे तक संस्थान की जांच की गई।

रात्रि करीब 12 बजे तहसीलदार जुगल किशोर, नायब तहसीलदार हरीश ध्रुव एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन के शंखनाद भोई एवं अधिकारियों की संयुक्त टीम वैद्य फूड पहुंची। जांच के दौरान मध्य रात्रि में पनीर का निर्माण किए जाने की स्थिति सामने आई। मौके पर उपलब्ध पनीर की गुणवत्ता एवं निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को लेकर संदेह उत्पन्न होने पर लगभग 200 किलोग्राम पनीर को जब्त किया गया।
आज सुबह कार्रवाई के दौरान विभाग द्वारा सील किए गए कोल्ड स्टोरेज में रखी खाद्य सामग्री को नियमानुसार खोलकर उसकी जांच की गई। खाद्य सामग्री की पुष्टि एवं गुणवत्ता परीक्षण के लिए पनीर का नमूना लिया गया, जिसे जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।
जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई, तहसीलदार जुगल किशोर, नायब तहसीलदार हरीश ध्रुव सहित पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही। अधिकारियों द्वारा मौके पर उपलब्ध खाद्य सामग्री एवं निर्माण प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी संकलित की गई।

रिपोर्ट के आधार पर होगी आगामी कार्रवाई
अभिहित अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि जब्त पनीर का नमूना राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा प्रतिबंधित अथवा मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन व जिला प्रशासन के निर्देश अनुसार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी

 

 
जिले में 03 नवीन ब्लैक स्पॉट का संयुक्त टीम ने किया स्थल निरीक्षण
 

महासमुंद, 17 अगस्त 2026/ परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की संयुक्त जांच टीम द्वारा आज जिले में चिन्हित तीन नवीन ब्लैक स्पॉट का स्थल निरीक्षण किया गया। सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने तथा इन स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के लिए टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों की रूपरेखा तैयार की। निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन अधिकारी श्री प्रतीक शुक्ला, यातायात पुलिस से उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री गोपाल ध्रुवे तथा एनएचएआई के अधिकृत अधिकारीगण उपस्थित रहे।


जिले में चिन्हित नवीन ब्लैक स्पॉट में करणी कृपा प्लांट, तुमगांव, एनएच-53, बावनकेरा चौक, थाना पटेवा, एनएच-53 तथा न्यू गिल ढाबा, साल्हेतराईं, थाना बसना, एनएच-53 शामिल हैं। संयुक्त जांच टीम द्वारा तीनों स्थानों का मौके पर विस्तृत निरीक्षण कर दुर्घटना संभावित कारणों एवं आवश्यक यातायात सुरक्षा उपायों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक उपायों के लिए रूपरेखा निर्धारित की गई तथा संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ संपादित करने पर सहमति प्रदान की गई। इन उपायों से संबंधित स्थानों पर सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने और दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी।

बसना/ 10 दिन में बोर और मुफ्त सोलर मोटर लगाने का भरोसा, 3 माह बाद भी न बोर हुआ न रकम वापस; 7 किसानों से 1.75 लाख की धोखाधड़ी, पुलिस ने धारा 318(4) में अपराध दर्ज किया है

बसना/ 10 दिन में बोर और मुफ्त सोलर मोटर लगाने का भरोसा, 3 माह बाद भी न बोर हुआ न रकम वापस; 7 किसानों से 1.75 लाख की धोखाधड़ी, पुलिस ने धारा 318(4) में अपराध दर्ज किया है

बसना। ग्राम बीरसिंगपाली में आदिवासी किसानों के लिए सब्सिडी में बोर खनन कराने और साथ में सोलर मोटर मुफ्त दिलाने का झांसा देकर सात किसानों से कुल 1 लाख 75 हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। ग्राम खेमड़ा निवासी उमा शंकर तिवारी पर आरोप है कि उसने किसानों को बताया कि सरकार द्वारा आदिवासियों के लिए सब्सिडी में बोर खनन कराया जा रहा है और इसके लिए प्रत्येक किसान को 25 हजार रुपये अग्रिम राशि जमा करनी होगी। राशि लेने के बाद 10 दिन के भीतर बोर खनन तथा सोलर मोटर लगाकर देने का भरोसा दिया गया था। लेकिन तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न तो बोर खनन कराया गया और न ही किसानों की रकम वापस की गई। शिकायत पर थाना बसना में धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

मई 2026 में गांव पहुंचकर किसानों को दिया था झांसा थाना बसना में ग्राम बीरसिंगपाली निवासी धुबल सिदार पिता बिरम सिदार, उम्र 60 वर्ष, ने लिखित शिकायत प्रस्तुत की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पांचवीं तक पढ़ा-लिखा है और खेती-किसानी का काम करता है। उसके पास गांव में करीब 12 एकड़ कृषि भूमि है। शिकायत के अनुसार मई 2026 में ग्राम खेमड़ा निवासी उमा शंकर तिवारी ग्राम बीरसिंगपाली आया था। उसने धुबल सिदार सहित गांव के अन्य किसानों चित रंजन जगत पिता श्रीराम जगत, महातम जगत पिता चैत राम जगत, रोहित जगत पिता रामेश्वर जगत और सुरेश जगत पिता जनसाय जगत को बताया कि सरकार द्वारा आदिवासी किसानों के लिए सब्सिडी में बोर खनन कराया जा रहा है। उसने यह भी कहा कि बोर के साथ सोलर मोटर भी मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएगी।

उमा शंकर तिवारी ने किसानों से कहा कि इसके लिए प्रत्येक किसान को 25 हजार रुपये अग्रिम राशि जमा करनी होगी तथा राशि जमा करने के 10 दिन के भीतर बोरवेल और सोलर मोटर लगाकर दे दी जाएगी।

फोन-पे से दिए 25 हजार, तीन किसानों ने नकद दी रकमशिकायत के अनुसार उमा शंकर तिवारी की बातों पर विश्वास करके धुबल सिदार ने अपने जिला सहकारी बैंक खाते से फोन-पे के माध्यम से 30 मई 2026 को 25 हजार रुपये उमा शंकर तिवारी के मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसी दिन ग्राम बीरसिंगपाली निवासी सुरेश जगत ने भी फोन-पे के माध्यम से 25 हजार रुपये ट्रांसफर किए।

वहीं चित रंजन जगत, महातम जगत और रोहित जगत ने 25-25 हजार रुपये नकद उमा शंकर तिवारी को दिए। इस प्रकार इन किसानों से कुल 1 लाख 25 हजार रुपये लिए गए।शिकायत में बताया गया है कि इसके अलावा ग्राम डोंगरीपाली निवासी गोपी कश्यप पिता उसत कश्यप तथा ग्राम भूकेल निवासी अमृत लाल कश्यप से भी इसी प्रकार 25-25 हजार रुपये लिए गए। इन दोनों किसानों को भी बोर खनन कराकर देने का भरोसा दिया गया था, लेकिन उनका भी बोर नहीं लगाया गया।

10 दिन के बजाय तीन माह से अधिक समय बीता किसानों के अनुसार रकम लेने के बाद जब 10 दिन पूरे हो गए और बोर खनन नहीं हुआ तो उन्होंने उमा शंकर तिवारी से संपर्क किया। आरोप है कि वह काम में देरी होने का बहाना बनाकर किसानों को टालता रहा। लगातार संपर्क करने के बाद भी वह किसानों को बार-बार घुमाता रहा और बोर खनन नहीं कराया।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि देखते ही देखते तीन माह से अधिक समय बीत गया, लेकिन न तो बोर खनन कराया गया और न ही किसानों की रकम वापस की गई।

पूछताछ करने पहुंचे तो घर से भागने का आरोप

शिकायत में किसानों ने आरोप लगाया है कि जब सभी पीड़ित किसान मिलकर उमा शंकर तिवारी के घर पूछताछ करने पहुंचे तो वह घर से चला गया। किसानों का यह भी आरोप है कि अब वह उल्टा उन्हें धमका रहा है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद किसानों को आशंका हुई कि उनके साथ सोची-समझी तरीके से धोखाधड़ी की गई है।

7 किसानों से लिए 1.75 लाख रुपये

शिकायत के अनुसार उमा शंकर तिवारी द्वारा कुल 7 किसानों से 25-25 हजार रुपये लिए गए। इस तरह किसानों से कुल 1,75,000 रुपये (एक लाख पचहत्तर हजार रुपये) लिए जाने का आरोप है।

पीड़ित किसानों में धुबल सिदार पिता बिरम सिदार, सुरेश जगत पिता जनसाय जगत, चित रंजन जगत पिता श्रीराम जगत, महातम जगत पिता चैत राम जगत, रोहित जगत पिता रामेश्वर जगत, गोपी कश्यप पिता उसत कश्यप निवासी ग्राम डोंगरीपाली तथा अमृत लाल कश्यप निवासी ग्राम भूकेल शामिल हैं।

फोन-पे ट्रांजेक्शन के साक्ष्य भी दिए धुबल सिदार ने थाना प्रभारी बसना को दिए आवेदन में बताया कि उनके पास ऑनलाइन किए गए फोन-पे ट्रांजेक्शन के साक्ष्य भी हैं। उन्होंने आवेदन के माध्यम से उमा शंकर तिवारी के विरुद्ध 1 लाख 75 हजार रुपये की धोखाधड़ी तथा डराने-धमकाने के आरोप में अपराध दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

आवेदन 14 अगस्त 2026 को थाना बसना में प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर प्रथम दृष्टया धारा 318(4) बीएनएस का अपराध घटित होना पाए जाने पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों, पैसों के लेन-देन और कथित बोर खनन योजना से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है।

सरायपाली/ राजाडीह में चोरी कर भागने के दौरान बाइक से कुचलने का प्रयास आरोपी पकड़ाया , नवागढ़ में घर के सामने खड़ी बोलेरो चोरी, वाहन लेकर फरार हुआ अज्ञात चोर

सरायपाली/ राजाडीह में चोरी कर भागने के दौरान बाइक से कुचलने का प्रयास आरोपी पकड़ाया , नवागढ़ में घर के सामने खड़ी बोलेरो चोरी, वाहन लेकर फरार हुआ अज्ञात चोर

सरायपाली। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम राजाडीह स्थित जियो टावर से केबल, एमसीपी सहित करीब 5 हजार रुपए का सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी चोरी का सामान बैग में भरकर मोटरसाइकिल से भाग रहा था। इस दौरान टावर के टेक्निशियन और अन्य लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल उनके ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद खेत में गिरने से आरोपी को चोटें आईं।

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार भागवत कश्यप पिता चंद्रहास कश्यप उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 14 लोहरसी थाना शिवरीनारायण, हाल महलपारा वार्ड नंबर 15 सरायपाली, जियो टावर में पिछले करीब दो वर्षों से टेक्निशियन के पद पर कार्यरत हैं। 13 अगस्त की रात करीब 1:02 बजे उनके मोबाइल पर राजाडीह जियो टावर का डोर ओपन अलार्म आया। इसके बाद उन्होंने अपने साथी टेक्निशियन नरेंद्रकांत कश्यप और एमडीजी के ड्राइवर मुकेश चौहान को सूचना दी और तीनों राजाडीह के लिए रवाना हुए।

टावर से करीब 50 मीटर पहले पहुंचकर देखने पर एक व्यक्ति जियो टावर के बाहर लगे घेरे को उठाकर अंदर प्रवेश करता दिखाई दिया। वह टावर में लगे कॉपर केबल, बैटरी, अर्थिंग केबल और एमसीपी समेत करीब 5 हजार रुपए का सामान बैग में भरकर मोटरसाइकिल से भागने लगा। तीनों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने लाल रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG06P4329 उनके ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया।

इसी दौरान आरोपी खेत में जाकर गिर गया। गिरने से उसके चेहरे, हाथ और पैर में चोट व खरोंच आई। लोगों ने उसे पकड़कर डायल 112 को सूचना दी। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राबिन साहू पिता टिकेश्वर साहू उम्र 27 वर्ष, निवासी बैतारी वार्ड नंबर 12, थाना सरायपाली बताया।

आरोपी के पास से जियो टावर का केबल, एमसीपी और दो केबल कटर काले रंग के बैग में मिले। डायल 112 की मदद से आरोपी को थाना लाया गया। मामले में पुलिस ने चोरी की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।घर के सामने खड़ी बोलेरो चोरी, डेढ़ लाख रुपए का वाहन लेकर फरार हुआ अज्ञात चोर

सरायपाली। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम नवागढ़ में घर के सामने खड़ी महिंद्रा बोलेरो चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर सिल्वर रंग की पुरानी इस्तेमाल की हुई बोलेरो को चोरी कर फरार हो गया। वाहन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार रुकमण पटेल निवासी ग्राम नवागढ़ थाना सरायपाली खेती-किसानी का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी महिंद्रा बोलेरो क्रमांक CG13U6496 को घर के सामने खुले स्थान पर खड़ा किया था। 13 अगस्त की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच उन्होंने देखा तो वाहन घर के सामने खड़ा था।

इसके बाद सुबह करीब 5 बजे उठकर देखा तो बोलेरो वहां से गायब थी। आसपास तलाश करने और पता करने के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। रिपोर्टकर्ता के अनुसार किसी अज्ञात चोर ने उनकी सिल्वर रंग की महिंद्रा बोलेरो चोरी कर ली।

चोरी हुए वाहन का चेचिस नंबर MA1WG2GHKD5C55946 और इंजन नंबर GHD4C56035 बताया गया है। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए है। मामले में पुलिस ने धारा 303(2)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

बसना/ कश्यप ऑर्गेनिक में खाद्य विभाग की औचक जांच, पनीर-दही के नमूने लिए कश्यप खाद्य सुरक्षा संबंधी खामियां, सुधार नोटिस जारी

महासमुंद खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा मेसर्स कश्यप ऑर्गेनिक का औचक निरीक्षण अनियमितता मिलने पर सुधार नोटिस जारी

महासमुंद, 14 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की सतत जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, महासमुंद एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बसना की उपस्थिति में खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा 14 अगस्त 2026 को मेसर्स कश्यप ऑर्गेनिक, सिंघनपुर, बसना का औचक निरीक्षण एवं जांच किया गया।

निरीक्षण के दौरान परिसर में खाद्य सुरक्षा से संबंधित अनियमितताएं पाए जाने पर फर्म को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए पनीर एवं दही के प्रवर्तन नमूने संकलित किए गए हैं। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जाएगा तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में इस प्रकार की जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगा।