महासमुंद स्वतंत्रता दिवस के मुख्य अतिथि खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल करेंगे ध्वजारोहण

महासमुंद स्वतंत्रता दिवस के मुख्य अतिथि खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल करेंगे ध्वजारोहण

महासमुंद 14 अगस्त 2026/ जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित 80 वें स्वतंत्रता दिवस 2026 के मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वतंत्रता दिवस को सुबह 8.58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा। सुबह 9ः00 बजे वे ध्वजारोहण करेंगे तथा 9ः10 बजे परेड का निरीक्षण करेंगे। सुबह 9.15 बजे परेड द्वारा हर्ष फायर एवं मार्च पास्ट होगा। तत्पश्चात मुख्य अतिथि श्री बघेल 9ः30 बजे मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे।

इसके बाद सुबह 9.40 बजे पी.टी. प्रदर्शन एवं सुबह 9ः50 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी तथा सुबह 10ः30 बजे उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। सुबह 10ः45 बजे कार्यक्रम का समापन होगा।

महासमुंद स्वतंत्रता एवं तिरंगा दौड़ में उमड़ा देशभक्ति का जज्बा जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी, युवा और बच्चों ने लगाई दौड़ 

महासमुंद स्वतंत्रता एवं तिरंगा दौड़ में उमड़ा देशभक्ति का जज्बा जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी, युवा और बच्चों ने लगाई दौड़

महासमुंद, 14 अगस्त 2026/ स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 14 अगस्त को सुबह 8 बजे जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को मिनी स्टेडियम महासमुंद से स्वतंत्रता एवं तिरंगा दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बना।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी एवं कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने हाथों में तिरंगा लहराकर किया। तिरंगा दौड़ में स्कूली बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, खेल संघों, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस, रेडक्रॉस, पुलिस बल, वन विभाग तथा मीडिया प्रतिनिधियों सहित 900 से अधिक प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक दौड़ लगाई। तिरंगा दौड़ मिनी स्टेडियम से प्रारंभ होकर बरोंडा चैक, शास्त्री चैक, सतबहनिया चैक, गांधी चैक और नेहरू चैक होते हुए पुनः मिनी स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है। तिरंगा दौड़ का आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से देश की प्रगति और विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा दौड़ में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने युवाओं से देशहित में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह तिरंगा दौड़ पूरे जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का दिन है। तिरंगा दौड़ के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश पहुंचता है। उन्होंने कहा कि जिलेवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से यह आयोजन सफल और यादगार बना है। कलेक्टर ने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले विभागों और संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

आयोजन को सफल बनाने में वन, शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगर पालिका, खेल संघ, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड सहित विभिन्न विभागों और संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमति विजय लक्ष्मी जांगड़े, पार्षद पीयूष साहू, राहुल आवड़े,महेंद्र सिक्का, आनंद साहू, राहुल चंद्राकर,जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू, डीएमसी श्री रेखराज शर्मा, जिला खेल अधिकारी श्री मनोज कुमार धृतलहरे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

महासमुंद घर की खुदाई में मिले निखात को विजय कुम्हार ने कलेक्टर को सौंपा

महासमुंद घर की खुदाई में मिले निखात को विजय कुम्हार ने कलेक्टर को सौंपा

महासमुंद, 13 अगस्त 2026/ ग्राम सुअरमार निवासी श्री विजय कुम्हार के घर में विगत 02 अगस्त को मकान निर्माण में जमीन की खुदाई के दौरान मिले निखात को आज कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह को नियमानुसार सौंपा गया। मकान मालिक श्री विजय कुम्हार ने अपने घर की खुदाई में मिले निखात (धातु) को जमा कराने के लिए आज जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उनके साथ ग्राम सुअरमार के पूर्व सरपंच श्री मूलचंद चंद्राकर तथा पूर्व माध्यमिक शाला कसेकेरा के प्रधान पाठक श्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा निखात को सुरक्षित रूप से जमा कराया गया। निधि का वजन लगभग 1.70 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 हजार रुपए है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के पूर्वी भाग में स्थित ऐतिहासिक सुअरमार गढ़ क्षेत्र में मकान निर्माण के दौरान एक स्वर्ण रंग जैसे धातु का अवशेष मिलने से क्षेत्र के पुरातात्त्विक एवं ऐतिहासिक महत्व को लेकर नई जिज्ञासा उत्पन्न हुई है। कोमाखान क्षेत्र के निवासी श्री विजय कुम्हार के मकान निर्माण के दौरान लगभग तीन फीट की गहराई में उत्खनन करने पर यह धातु खंड प्राप्त हुआ। प्राप्ति स्थल से काली मिट्टी तथा पुरानी खपरैल (मिट्टी की टाइलों) के अवशेष भी मिले हैं।

प्राप्त धातु वस्तु चपटी एवं अनियमित आकार की है। इसकी सतह पर दबाव तथा मोड़ के निशान दिखाई देते हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह हथौड़े से पीटकर तैयार की गई धातु पट्टिका अथवा पत्र जैसी प्रतीत होती है। स्थानीय स्तर पर इसे स्वर्ण धातु का अवशेष माना जा रहा है, हालांकि इसकी वास्तविक धातु संरचना की पुष्टि अभी वैज्ञानिक परीक्षण से नहीं हुई है।

महासमुंद जिले में राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम 18 अगस्त को

महासमुंद जिले में राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम 18 अगस्त को

महासमुंद 13 अगस्त 2026/ भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 18 अगस्त 2026 को जिलेभर में राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां एवं कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने जिले के समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय एवं सार्वजनिक संस्थानों में 18 अगस्त को राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, अधिकारी-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को ऑनलाइन e-Pledge के माध्यम से नशा विरोधी शपथ लेने तथा सहभागिता प्रमाण पत्र डाउनलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर गठित भारत माता वाहिनी की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान को व्यापक रूप दिया जा सके। कार्यक्रम के आयोजन के बाद निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट तैयार कर 18 अगस्त को अपराह्न तक जिला कार्यालय समाज कल्याण में उपलब्ध कराना होगा। प्राप्त जानकारी का संकलन कर संचालनालय समाज कल्याण, छत्तीसगढ़, रायपुर को प्रेषित किया जाएगा। संबंधित विभागों से कार्यक्रम के फोटोग्राफ्स एवं संक्षिप्त प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराने कहा गया है।

महासमुंद आदि सेवा केंद्रों में 13 से 15 अगस्त तक जनसुनवाई एवं शिविर का आयोजन

महासमुंद आदि सेवा केंद्रों में 13 से 15 अगस्त तक जनसुनवाई एवं शिविर का आयोजन

महासमुंद 13 अगस्त 2026/ जिले में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं और विभिन्न सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के लिए आदिवासी सेवा केंद्रों में 13 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय जनसुनवाई एवं सेवा शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। इसी क्रम में आज जिले के आदि सेवा केन्द्रों में आयोजित शिविर में आदिवासी कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन, कृषि, समाज कल्याण, शिक्षा विभाग सहित बैंक, सीएससी एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा सेवाएं एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

तीन दिवसीय शिविर में ग्रामीणों की शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन एवं शिकायतों का निराकरण करने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई किया जाएगा। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं जागरूकता भी प्रदान की किया जाएगा। सीएससी एवं सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सेवाओं और आवेदनों में नागरिकों की सहायता की जाएगी। बैंकिंग सेवाओं एवं बैंक खातों से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध रहेगा।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, एनसीडी स्क्रीनिंग, पोषण संबंधी जागरूकता, आवश्यकता अनुसार एनआरसी रेफरल सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा। राजस्व संबंधी सेवाओं में जाति, आय एवं निवास प्रमाण-पत्र, एग्रीस्टेक से संबंधित कार्य तथा अन्य आवेदन लिए जाएंगे। इसके अलावा उल्लास, माय भारत और नेशनल कैरियर सर्विस सहित विभिन्न ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा भी शिविर में उपलब्ध रहेगा।

शिविर को सफल बनाने के लिए मैदानी स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, आदि सेवा केंद्र वॉलंटियर्स, स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं, मितानिन एवं अन्य संबंधित कार्यकर्ता सक्रिय रूप से सहयोग कर रहंे हैं। इनके द्वारा ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को शिविर तक पहुंचाने, पात्र व्यक्तियों की पहचान करने तथा योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने में आवश्यक सहायता की जा रही है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविर में आने वाले प्रत्येक पात्र हितग्राही को यथासंभव मौके पर ही आवश्यक जानकारी, आवेदन की सुविधा एवं सेवा अथवा समाधान उपलब्ध कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण शासन की योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित हो सकें।

सरायपाली / बीमा के पैसे के लिए रची गई हादसे की कहानी? जांच में बदल गया पूरा मामला

 

सिंघोड़ा। थाना सिंघोड़ा में दर्ज सड़क दुर्घटना के एक मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में शामिल वास्तविक वाहन के स्थान पर दूसरे वाहन का नंबर बताकर झूठी सूचना दी गई और बीमा कंपनी से मिलने वाली राशि हड़पने के उद्देश्य से मामला दर्ज कराया गया। मामले में पुलिस ने शिकायतकर्ता करन मुन्ना के विरुद्ध धारा 318(4), 217 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार प्रशिक्षु उप निरीक्षक के पद पर थाना सिंघोड़ा में पदस्थ अधिकारी द्वारा मामले की विवेचना की जा रही थी। दिनांक 12 जुलाई 2026 को प्रार्थी करन मुन्ना पिता हेमचंद मुन्ना, उम्र 26 साल, साकिन ग्राम छुईपाली, थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़ थाना सिंघोड़ा में उपस्थित होकर लिखित आवेदन दिया था।

आवेदन में प्रार्थी ने बताया था कि स्विफ्ट कार क्रमांक CG06HB6024 के चालक बंशी पटेल द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर उसके पिता हेमचंद मुन्ना को ठोकर मार दी गई, जिससे एक्सीडेंट हो गया। आवेदन पर थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 76/2026, धारा 281, 125(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

प्रकरण की विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के कथन लिए गए। प्रार्थी एवं गवाहों ने अपने कथनों में स्विफ्ट कार क्रमांक CG06HB6024 से घटना दिनांक 07 जुलाई 2026 को एक्सीडेंट करना बताया था।

ऑनलाइन जानकारी में सामने आया वाहन मालिक का नाम

पुलिस द्वारा स्विफ्ट कार क्रमांक CG06HB6024 की ऑनलाइन जानकारी निकाली गई। ऑनलाइन जानकारी के अनुसार उक्त वाहन का चेचिस नंबर MBHZCDESKEF136976, इंजन नंबर Z12EP1036984 तथा वाहन स्वामी का नाम जयंत कुमार पटेल पिता हेतराम पटेल, उम्र 36 साल, साकिन ग्राम केदुआ, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़ होना पाया गया।

इसके बाद दिनांक 16 जुलाई 2026 को वाहन चालक लोकनाथ उर्फ बंशी पटेल पिता उदेकर पटेल, उम्र 45 साल, साकिन बोदापाली, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़ थाना सिंघोड़ा पहुंचा। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार लोकनाथ उर्फ बंशी पटेल ने घटना दिनांक 07 जुलाई 2026 को एक्सीडेंट करने तथा एक व्यक्ति को चोटिल होना स्वीकार किया।

इसके बाद लोकनाथ उर्फ बंशी पटेल ने स्विफ्ट कार क्रमांक CG06HB6024 को थाना सिंघोड़ा में आकर पेश किया। पुलिस ने गवाहों के समक्ष उक्त वाहन को जब्त किया।

न्यायालय के आदेश पर वाहन मालिक को सौंपा गया वाहन

मामले में दिनांक 22 जुलाई 2026 को माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट, सरायपाली के सुपुर्दनामा आदेश के परिपालन में स्विफ्ट कार क्रमांक CG06HB6024 को उसके वाहन स्वामी जयंत कुमार पटेल पिता हेतराम पटेल, उम्र 36 साल, निवासी ग्राम केंदुआ, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़ को सही-सलामत सुपुर्दनामा में दिया गया।

विवेचना में सामने आया दुर्घटना वाले वाहन का दूसरा नंबर

पुलिस के अनुसार प्रकरण की विवेचना के दौरान आगे यह पता चला कि घटना दिनांक को एक्सीडेंट स्विफ्ट कार क्रमांक CG06HB6024 से नहीं, बल्कि वाहन क्रमांक CG13AD5678 से हुआ था।

वाहन क्रमांक CG13AD5678 की ऑनलाइन जानकारी निकाले जाने पर उसका चेचिस नंबर MALC841DLJM078231, इंजन नंबर B4FBJM623060 तथा वाहन स्वामी का नाम तिलक राम पटेल पिता हेतराम पटेल, निवासी ग्राम केंदुआ, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़ के नाम से पंजीकृत होना पाया गया।

पुलिस की विवेचना के अनुसार प्रार्थी करन मुन्ना द्वारा वाहन स्वामी को बीमा का पैसा दिलाने तथा बीमा कंपनी से मिलने वाले पैसे को हड़पने के उद्देश्य से छलपूर्वक वाहन क्रमांक CG13AD5678 के स्थान पर स्विफ्ट कार क्रमांक CG06HB6024 से एक्सीडेंट होने की झूठी सूचना थाना सिंघोड़ा में दी गई और उसी आधार पर अपराध क्रमांक 76/2026, धारा 281, 125(ए) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कराया गया।

पुलिस विवेचना में प्रार्थी करन मुन्ना का उक्त कृत्य धारा 318(4), 217 बीएनएस के तहत अपराध घटित होना पाया गया। इसके बाद आरोपी करन मुन्ना के विरुद्ध उक्त धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

अनुसंधानकर्ता अधिकारी:
प्रशिक्षु उप निरीक्षक राकेश दिव्य
थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़)

महासमुंद से बड़ी खबर प्लास्टिक तिरंगे की बिक्री पर रोक के कड़े निर्देश, 15 अगस्त को सभी शासकीय कार्यालयों में अनिवार्य ध्वजारोहण हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला मुख्यालय से लेकर गांवों तक निकलेगी तिरंगा यात्रा और बाइक रैली

महासमुंद से बड़ी खबर प्लास्टिक तिरंगे की बिक्री पर रोक के कड़े निर्देश, 15 अगस्त को सभी शासकीय कार्यालयों में अनिवार्य ध्वजारोहण हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला मुख्यालय से लेकर गांवों तक निकलेगी तिरंगा यात्रा और बाइक रैली

महासमुंद। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने 15 अगस्त को जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में नियमानुसार ध्वजारोहण कराने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ ने प्लास्टिक के तिरंगे की बिक्री पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी व्यवसायियों को प्लास्टिक के तिरंगे का विक्रय नहीं करने के लिए जागरूक करने तथा इसकी बिक्री पर निगरानी रखने को कहा।

हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा करते हुए सीईओ अनुपमा आनंद ने कहा कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाए। इसके तहत जिला मुख्यालय के साथ सभी विकासखंडों और ग्रामों में तिरंगा यात्रा एवं बाइक रैली का आयोजन किया जाए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों, युवाओं और आम नागरिकों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।

उन्होंने माय भारत पोर्टल पर युवाओं के पंजीयन की संख्या बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास करने को कहा। सीईओ ने स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने और कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सरायपाली / मीत मोबाइल दुकान में अवैध शराब का जखीरा,हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के साथ कार जब्त

सरायपाली में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 बोतल अंग्रेजी शराब और होंडा अमेज कार जब्त

सरायपाली। सरायपाली पुलिस ने अवैध रूप से हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब रखने और परिवहन करने के मामले में एक 63 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की कुल 22 बोतल अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल मात्रा 16 लीटर 500 मिलीलीटर बताई गई है, बरामद की है। इसके साथ ही शराब के परिवहन में प्रयुक्त होंडा अमेज कार क्रमांक CG 06 GN 9097 को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कीमत 39,100 रुपये तथा कार की अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये है। कुल जब्ती की कीमत 4 लाख 39 हजार 100 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को प्रशिक्षु उप निरीक्षक चैन सिंग राठौर को मुखबिर से सूचना मिली कि सरायपाली स्थित मीत मोबाइल दुकान में गुरू बख्शीश सिंह आहूजा द्वारा अवैध रूप से अंग्रेजी शराब रखी गई है। सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने मीत मोबाइल दुकान पहुंचकर संदेही गुरू बख्शीश सिंह आहूजा पिता खजान सिंह आहूजा, उम्र 63 वर्ष, निवासी मेन रोड, अग्रसेन चौक के पास, सरायपाली की मौजूदगी में दुकान के अंदर रखे खाकी रंग के कार्टूनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान चार कार्टूनों में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की 22 बोतलें बरामद हुईं।

बरामद शराब में ब्लैक डॉग ट्रिपल गोल्ड की 2 बोतलें शामिल हैं। प्रत्येक बोतल 750 एमएल की थी, जिसकी कुल मात्रा 1500 एमएल और कीमत 4,960 रुपये बताई गई है। इसके अलावा ब्लैक डॉग रिजर्व की 12 बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा 9 लीटर और कीमत 21,120 रुपये है।

इसी तरह रॉयल चैलेंज की 6 बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा 4,500 एमएल और कीमत 4,800 रुपये बताई गई है। वहीं जॉनी वॉकर ब्लैक लेवल की 2 बोतलें मिलीं, जिनकी कुल मात्रा 1500 एमएल और कीमत 8,220 रुपये है।

पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा 16 लीटर 500 मिलीलीटर तथा कुल कीमत 39,100 रुपये है। तलाशी के दौरान शराब की बोतलों पर अलग-अलग बैच नंबर और निर्माण/आयात संबंधी विवरण भी अंकित पाए गए।

आरोपी को बरामद शराब के संबंध में धारा 94 BNSS के तहत नोटिस देकर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी द्वारा कोई वैध दस्तावेज नहीं होना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब को जब्त कर सीलबंद किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के मेमोरेंडम कथन में शराब को होंडा अमेज कार क्रमांक CG 06 GN 9097 से परिवहन कर चार कार्टूनों में मीत मोबाइल दुकान तक लाना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने उक्त कार को भी जब्त कर लिया। पुलिस ने कार की कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी है।

मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी को 10 अगस्त 2026 को रात 10:15 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी आरोपी को दी गई तथा परिजनों को भी गिरफ्तारी की सूचना दी गई।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान शराब एवं वाहन सहित कुल 4,39,100 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में आगे की विवेचना प्रशिक्षु उप निरीक्षक द्वारा की जा रही है।

बसना/ राज्यपाल रमेन डेका का बसना प्रवास,विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल के निवास ‘नीलांचल भवन’ में पुष्प वर्षा से हुआ भव्य स्वागत

बसना/ राज्यपाल रमेन डेका का बसना प्रवास,विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल के निवास ‘नीलांचल भवन’ में पुष्प वर्षा से हुआ भव्य स्वागत छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रमेन डेका का बसना में ऐतिहासिक प्रवास: विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल के निवास ‘नीलांचल भवन’ में सपत्नीक हुआ भव्य व आत्मीय नागरिक अभिनंदन राज्यपाल का आगमन बसना के लिए गौरव व सौभाग्य का विषय: विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल

*बसना*। छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रमेन डेका अपने गरिमामयी प्रवास के तहत बसना पहुंचे, जहां क्षेत्रीय विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल के निजी निवास ‘नीलांचल भवन’ में उनका अभूतपूर्व, ऐतिहासिक एवं उल्लासपूर्ण नागरिक अभिनंदन किया गया। इस विशेष प्रवास के दौरान महामहिम राज्यपाल अपनी धर्मपत्नी के साथ पधारे, जिनका बसना की पावन धरा पर पहुंचने पर स्थानीय जन-प्रतिनिधियों और आम नागरिकों द्वारा अत्यंत आत्मीयता से स्वागत किया गया।

महामहिम राज्यपाल रमेन डेका एवं उनकी धर्मपत्नी के ‘नीलांचल भवन’ आगमन पर वातावरण अत्यंत पावन और उत्साहजनक हो गया। परिसर के मुख्य द्वार से लेकर सभा स्थल तक विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल के परिवारजनों, समर्थकों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रवासियों ने महामहिम एवं उनकी धर्मपत्नी पर निरंतर पुष्प वर्षा कर उनका सहर्ष स्वागत किया।

मेजबान विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने महामहिम राज्यपाल को पुष्पगुच्छ एवं सम्मानसूचक अंगवस्त्र भेंट कर उनका भावभीना अभिनंदन किया। इस दौरान नीलांचल भवन का पूरा परिसर गगनभेदी नारों, ढोल-नगाड़ों की थाप और हर्षोल्लास से गुंजायमान रहा।

इस गरिमामयी अवसर पर बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने महामहिम राज्यपाल और उनकी धर्मपत्नी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि महामहिम राज्यपाल रमेन डेका जी का अपनी धर्मपत्नी के साथ बसना की इस पवित्र भूमि और हमारे निवास ‘नीलांचल भवन’ में पधारना समस्त बसना क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत गौरव, हर्ष और सौभाग्य का विषय है। उनका यह स्नेहपूर्ण प्रवास पूरे बसना विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों और कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा, उत्साह और प्रेरणा का संचार करने वाला है।

विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने महामहिम के मार्गदर्शन को अत्यंत मूल्यवान बताते हुए आगे कहा कि महामहिम का अमूल्य मार्गदर्शन सदैव जनसेवा, क्षेत्रीय विकास और शासन की जन कल्याणकारी प्राथमिकताओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने की प्रेरणा देता है। बसना की समस्त जनता की ओर से हम महामहिम और उनकी धर्मपत्नी का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करते हैं। हम यह विश्वास दिलाते हैं कि क्षेत्र की प्रगति, समृद्धि तथा अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के संकल्प के साथ हम निरंतर समर्पित रहेंगे।

इस भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत समारोह में राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति रही। जिसमें  विधायक पुरंदर मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता एन के अग्रवाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ जिला महासमुन्द संयोजक सुमित अग्रवाल, बसना नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, पिथौरा जनपद पंचायत अध्यक्ष ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे,बसना जनपद पंचायत अध्यक्ष डिलेश्वरी निराला, क्षेत्र के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जन-प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा भारी संख्या में सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने महामहिम राज्यपाल एवं उनकी धर्मपत्नी का अभिवादन कर क्षेत्र के विकास और जन-कल्याण पर चर्चा की।

बसना/ पिरदा में परिवहन संबंधी कार्यों के लिए राम परिवहन सुविधा केंद्र की सुविधा

बसना/ पिरदा में परिवहन संबंधी कार्यों के लिए राम परिवहन सुविधा केंद्र की सुविधा
पिरदा। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने से लेकर वाहन बीमा से जुड़े कार्यों के लिए अब लोगों को अलग-अलग जगह भटकने की जरूरत नहीं है। राम परिवहन सुविधा केंद्र, पिरदा में परिवहन से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिए सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

केंद्र में ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन बीमा से संबंधित सभी प्रकार के कार्य किए जाते हैं। साथ ही लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया में भी लोगों को सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
केंद्र के संचालक रुक्मणी नायक हैं। यह सुविधा केंद्र चनाट रोड, पिरदा में स्थित है। परिवहन संबंधी कार्यों के लिए संपर्क रामचरण नायक से किया जा सकता है।
संपर्क नंबर: 6266502650, 8120208236