CG DMF Scam: कारोबारियों के 28 ठिकानों पर ED ने मारा छापा, 4 करोड़ जब्त

CG DMF Scam: कारोबारियों के 28 ठिकानों पर ED ने मारा छापा, 4 करोड़ जब्त

 

छत्तीसगढ़ 350 करोड़ के डीएमएफ घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। 3 सितंबर को ठेकेदार और कृषि कारोबारियों के 28 ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई में ईडी ने नकदी चार करोड़ रुपये, 10 किलो चांदी के जेवर के साथ आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजीटल उपकरण जब्त किए है।

ईडी की ओर से शनिवार को जारी अधिकारिक बयान में कहा गया है कि अब तक की जांच में साफ हुआ है कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के डीएमएफ फंड की 350 करोड़ रुपये का उपयोग बीज निगम के जरिए किया गया था। बीज निगम के अधिकारियों की मिलीभगत से विक्रेताओं, ठेकेदारों को कृषि व उपकरणों की आपूर्ति करने का काम दिया गया था।

60 प्रतिशत तक बंटा कमीशन

ईडी की जांच से साफ हुआ कि मिनी दाल मिल, बीज आदि कारोबारियों से अनुबंध मूल्य का 60 प्रतिशत तक कमीशन रिश्वत के तौर पर संपर्ककर्ताओं द्वारा ली गई थी और बाद में कुछ अधिकारियों और अन्य सहयोगियों तक यह राशि पहुंचाई गई। राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड (बीज निगम) से संबंधित कारोबारियों, ठेकेदारों और बिचौलियों के ठिकानों से नकदी,चांदी के जेवर आदि जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।

इससे पहले ईडी ने 21.47 करोड़ रुपए की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की थी। इसके अलावा रायपुर स्थित विशेष पीएमएलए न्यायालय में एक अभियोजन शिकायत भी दायर की गई है, जिसमें 16 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा इस मामले में निलंबित आइएएस रानू साहू, राज्य सेवा अधिकारी माया वारियर और मनोज कुमार द्विवेदी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। फिलहाल रानू साहू अंतरिम जमानत पर राज्य से बाहर रह रही है।

इन जगहों पर मारा था छापा

तीन सितंबर को तड़के पांच बजे ईडी की अलग-अलग टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की थी। रायपुर के शंकरनगर में कृषि कारोबारी विनय गर्ग, स्वर्णभूमि कालोनी स्थित होटल व्यवसायी मनीदीप चावला, कृषि उपकरणों का कारोबार करने वाले राजेश अग्रवाल, ला विस्टा कॉलोनी अमलीडीह में पवन पोद्दार और सतपाल छाबड़ा के घर पर देर रात तक एजेंसी ने छानबीन की थी। सतपाल छाबड़ा का ओडिशा और छत्तीसगढ़ में एग्रीकल्चर उपकरणों का कारोबार है।

इसके साथ ही दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई में अन्ना भूमि ग्रीनटेक प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर शिवकुमार मोदी,शांति नगर स्थित विवेकानंद कालोनी में रहने वाले सीए आदित्य दिनोदिया के यहां भी टीम ने दबिश दी थी। अन्ना भूमि ग्रीनटेक प्राइवेट लिमिटेड कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में काम करती है। यह कंपनी ड्रिप सिंचाई प्रणाली, कांटेदार तार, चेन लिंक, आरसीसी बाड़ के खंभे,सौर पंप और कृषि उपकरणों की आपूर्ति करती है।

वहीं राजिम-महासमुंद मार्ग स्थित उगम राज कोठारी के घर और दुकान में भी छापा पड़ा था। उमग राज कृषि यंत्रों की आपूर्ति का सरकारी ठेका लेते है। जांच टीम ने उनके घर और दुकान को सील कर रखा है।

छत्तीसगढ़ राजनांदगांव में दो करोड़ का छात्रावास बिना उपयोग के हो रहा जर्जर, शिफ्टिंग नहीं होने से खंडहर में तब्दील

छत्तीसगढ़ राजनांदगांव में दो करोड़ का छात्रावास बिना उपयोग के हो रहा जर्जर, शिफ्टिंग नहीं होने से खंडहर में तब्दील

 

राजनांदगांव दिग्विजय कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए पेंड्री में दो करोड़ की लागत से छात्रावास बनाया गया है। लेकिन छात्रावास बिना उपयोग के जर्जर हो रहा है। छात्रावास में एक भी विद्यार्थी नहीं है। यहीं नहीं असामाजिक तत्व छात्रावास को नुकसान पहुंचा रहे हैं। खिड़कियों के कांच को पूरी तरह से तोड़ दिए हैं। यहीं कारण है कि छात्रावास खंडहर में तब्दील हो गया है।

कॉलेज प्रशासन भी शिफ्टिंग को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। इसके चलते छात्रावास उपयोगहीन साबित हो रहा है। बता दें कि शहर से छात्रावास की दूरी करीब पांच किमी है। आउटर क्षेत्र में छात्रावास का निर्माण होने के कारण विद्यार्थी जाने से कतरा रहे हैं। शिफ्टिंग को लेकर कॉलेज प्रशासन अब तक कोई योजना तैयार नहीं कर पाया है।

विद्यार्थियों ने बनाई दूरी

करोडों की लागत से बने छात्रावास को असामाजिक तत्व के लोग नुकसान पहुंचा रहे हैं। खिड़कियों में लगे कांच को तोड़ दिया गया है। वहीं भवन भी जर्जर होने लगा है। विद्यार्थियों की मांग पर छात्रावास का निर्माण किया गया था, लेकिन विद्यार्थियों ने दूरी बना ली है। स्थिति यह है कि छात्रावास में एक भी विद्यार्थी रहने को तैयार नहीं है। विद्यार्थियों ने बताया कि छात्रावास को आउटर में बनाया गया है, यहां से कालेज आने जाने में काफी परेशानी होगी। समय पर कालेज नहीं पहुंच पाएंगे।

सुरक्षा का अभाव, लूटपाट और मारपीट की हो चुकी है घटना

दिग्विजय कालेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास का निर्माण किया गया है। कालेज के सामने बालिका छात्रावास बनाया गया है, जहां छात्राएं रह रही है। लेकिन पेंड्री में बने बालक छात्रावास में जाने से विद्यार्थियों ने दूरी बना ली है। क्योंकि शाम छह बजे के बाद पेंड्री में सन्नाटा पसर जाता है। यहीं नहीं इस क्षेत्र में पहले भी मारपीट और लूटपाट की घटनाएं हो चुकी है। जिसके चलते विद्यार्थियों में डर है। यहीं कारण है कि विद्यार्थी जाने से बच रहे हैं। दिग्विजय कालेज के जिम्मेदार अधिकारी भी छात्रावास शिफ्टिंग के संबंध में बोलने से बच रहे हैं।

जर्जर में रहने मजबूर

महेश नगर स्थित छात्रावास भवन पूरी तरह से जर्जर हो गया है। विद्यार्थी जर्जर भवन में रहने के लिए मजबूर हैं। मरम्मत को लेकर विभागीय अधिकारी भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थी कई बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं। यहीं विभागीय अधिकारी किराये की भवन भी तलाश रहे हैं। लेकिन अब तक तलाश पूरी नहीं हो पाई है।

महेश नगर स्थित छात्रावास जर्जर है। किराये का भवन ढूंढ रहे हैं। विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। दीक्षा गुप्ता, सहायक आयुक्त आदिवास विकास विभाग।

CG News: भगवान भरोसे व्यावसायिक शिक्षा की पढ़ाई… स्कूलों में किताबें पहुंचने के बाद भी नहीं शुरू हो पाई स्टडी

CG News: भगवान भरोसे व्यावसायिक शिक्षा की पढ़ाई… स्कूलों में किताबें पहुंचने के बाद भी नहीं शुरू हो पाई स्टडी

 

राजनांदगांव जिले में व्यावसायिक शिक्षा ब्रेक लगा हुआ है। व्यावसायिक शिक्षा की पढ़ाई भगवान भरोसे हो रही है। जिले के 21 स्कूलों का चयन अलग-अलग (व्यावसायिक शिक्षा) वोकेशनल कोर्स के लिए हुआ है। प्रशिक्षण की जिम्मेदारी तीन एजेंसियों को दी गई थी। एजेंसियों ने स्कूलों में ट्रेडवार प्रशिक्षिकों की भी नियुक्ति कर दी थी। प्रशिक्षकों ने पढ़ाई भी शुरू करा दी थी। लेकिन राज्य स्तर से प्रशिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद हड़कंप मच गया।

विभागीय आदेश के बाद जिले के जिन 10 स्कूलों में प्रशिक्षकों की नियुक्ति हुई थी, उन्हें अब शून्य कर दिया गया। अधूरी जांच के बीच फिर से भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीते दिनों अलग-अलग जिलों के चयनित आवेदकों को दस्तावेज सत्यापन के लिए डा. बलदेव प्रसाद मिश्र स्कूल में बुलाया गया था। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को भी किसी तरह की जानकारी नहीं है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में 1281 प्रशिक्षकों को चयनित किया गया था। जिसमें 844 प्रशिक्षकों ने कार्यभार भी संभाल लिया था। लेकिन गड़बड़ी की शिकायत मिलते ही विभागीय से नियुक्ति को शून्य कर दिया था।

स्कूलों में लाखों के उपकरणों की सप्लाई

प्रशिक्षकों के चयन में लगातार लेटलतीफी की जा रही है। एजेंसियां भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जिसका खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। जिले के 21 स्कूलों के लिए करीब 90 लाख का उपकरण भेजा गया है। लेकिन इन स्कूलों में अब तक प्रशिक्षकों की भर्ती नहीं हो पाई है। विद्यार्थी अपने रुचि अनुसार ट्रेडों का चयन तो कर लिए हैं, लेकिन अब तक प्रशिक्षण शुरू नहीं हो पाया है। हालांकि विभाग ने अपने स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था कर ली है। ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

इन ट्रेडों में देना है प्रशिक्षण

व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत विद्यार्थियों को टूरिज्म एंड हास्पिटेलिटी, आटोमोटिव, अपेरल मेड अप्स एंड होम फर्निशिंग, प्लम्बिंग, कंस्ट्रक्शन एंड ईफा स्ट्रक्चर डेवलपमेंट, बैंकिंग फाइनेंशियल सर्विसेस एंड इंश्योरेंस, इंफर्मेशन टेक्नोलाजी, हेल्थ केयर, रिटेल और ब्यूटी एंड वैलनेस व अन्य ट्रेडों में प्रशिक्षण देना है। बता दें कि राज्य स्तर से दो से तीन एजेंसी को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन विभागीय खींचतान में प्रशिक्षक स्कूल पहुंच पाए और न ही प्रशिक्षण दे पा रहे हैं।

बसना/ग्राम पठियापाली में ठेला बन गया शराबखाना, बसना पुलिस ने दबिश देकर आरोपी गिरफ्तार

बसना/ग्राम पठियापाली में ठेला बन गया शराबखाना, बसना पुलिस ने दबिश देकर आरोपी गिरफ्तार

 

महासमुंद/थाना बसना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पठियापाली मार्ग किनारे दबिश देकर अवैध रूप से शराब पिलाने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 06 सितंबर 2025 को प्र0आर0 को मुखबिर से सूचना मिली कि पठियापाली रोड किनारे एक व्यक्ति अपने ठेला में लोगों को बैठाकर अवैध रूप से शराब पिला रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 599, 685 एवं गवाहों के साथ मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने छापामार कार्रवाई की।

मौके पर पुलिस को देखकर शराब पी रहे लोग भाग निकले, लेकिन एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पहाड़ सिंह पिता बोधन सिंह उम्र 42 वर्ष, निवासी पठियापाली, थाना बसना जिला महासमुंद बताया। आरोपी से जब शराब पिलाने एवं सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।

गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के ठेला से 02 नग देशी प्लेन शराब की खाली शीशी एवं 02 नग डिस्पोजल गिलास जिसमें शराब की गंध आ रही थी जप्त किए गए। पुलिस ने आरोपी को अपराध धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि मामला जमानतीय होने के कारण आरोपी को सक्षम जमानतदार पेश करने पर मुचलका जमानत पर रिहा किया गया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध कायम कर आगे की कार्यवाही जारी है।

ग्राम बंसुलाडबरी रोड में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बुजुर्ग घायल, परिजनों ने FIR दर्ज कराने की मांग 

ग्राम बंसुलाडबरी रोड में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बुजुर्ग घायल, परिजनों ने FIR दर्ज कराने की मांग

 

महासमुंद कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंसुलाडबरी रोड पर रविवार, 31 अगस्त 2025 की सुबह लगभग 10 बजे एक सड़क दुर्घटना में 79 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम अमेरा निवासी चमारराय नायक अपने परिचित नरसिंग निषाद के साथ सुपर एक्सल वाहन (क्रमांक CG04MX4894) से अमेरा से लमकेनी जा रहे थे। जैसे ही वे कोमाखान चौखड़ी पार कर बंसुलाडबरी रोड पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप (क्रमांक CG06GY6345) ने लापरवाहीपूर्वक टक्कर मार दी। हादसे में चमारराय नायक का दाहिना पैर टूट गया और बाएं पैर का घुटना बुरी तरह जख्मी हो गया।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी मोहन सोनवानी, नरसिंग निषाद, बुधराम ठाकुर, प्रताप ठाकुर और लतेल यादव ने दुर्घटना को देखा और इसकी जानकारी परिजनों को दी। घायल चमारराय को तत्काल रायपुर स्थित अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के छह दिन बाद पीड़ित के नाती मोरध्वज पटेल ने थाना कोमाखान में आवेदन प्रस्तुत कर पिकअप वाहन चालक के विरुद्ध FIR दर्ज करने की मांग की है। आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया है कि आरोपी चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी चालक पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

बागबाहरा ग्राम खोपली सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

बागबाहरा ग्राम खोपली सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

 

महासमुंद। थाना बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम खोपली निवासी 20 वर्षीय युवक विश्वनाथ विश्वकर्मा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना शनिवार तड़के लगभग सुबह 4 बजे की है। मृतक नित्यकर्म हेतु घर से बाहर निकला था, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया।

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों ने डायल-112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बागबाहरा पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मृतक के भाई विष्णु विश्वकर्मा एवं गवाहों से ली गई। मृतक के भाई ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका भाई घर से शौच के लिए निकला था, तभी हादसे का शिकार हो गया।

चिकित्सक डॉ. सौम्यारंजन पटेल द्वारा अस्पताल से दी गई सूचना के आधार पर थाना बागबाहरा में मर्ग क्रमांक 75/2025 धारा 194 बीएनएसएस कायम किया गया। संपूर्ण मर्ग जांच के उपरांत पाया गया कि अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना को अंजाम दिया। इस पर थाना बागबाहरा पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

कायमी की सूचना एसडीएम बागबाहरा को भेजी गई है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

👉 मृतक का विवरण

नाम: विश्वनाथ विश्वकर्मा पिता का नाम: जगतु राम विश्वकर्मा उम्र: 20 वर्ष पता: ग्राम खोपली, थाना बागबाहरा, जिला महासमुंद

पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस सड़क दुर्घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना बागबाहरा को सूचित करें।

महासमुंद: ओम हॉस्पिटल सरायपाली में बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू, MBBS डॉक्टरों से लेकर नर्सिंग स्टाफ तक की आवश्यकता

महासमुंद: ओम हॉस्पिटल सरायपाली में बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू, MBBS डॉक्टरों से लेकर नर्सिंग स्टाफ तक की आवश्यकता

सरायपाली। क्षेत्र के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान ओम हॉस्पिटल सरायपाली ने बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए योग्य डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं सहायक कर्मचारियों की तत्काल आवश्यकता है। अस्पताल द्वारा जारी सूचना के अनुसार—
MBBS डॉक्टर : 2 पद
ड्यूटी डॉक्टर : 6 पद
नर्सिंग स्टाफ (B.Sc / GNM) : 10 पद
नर्सिंग स्टाफ (फ्रेशर्स एवं प्रशिक्षित) : 30 पद
वार्ड बॉय : 4 पद
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि सभी पदों के लिए वेतन योग्यतानुसार और बातचीत के आधार पर तय किया जाएगा।भर्ती प्रक्रिया के लिए इच्छुक अभ्यर्थी सीधे अस्पताल प्रबंधन से संपर्क कर सकते हैं।
संपर्क नंबर : 74161-61671, 83700-08558

ओम हॉस्पिटल सरायपाली, एल.टी. राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय, राष्ट्रीय राजमार्ग, सरायपाली (छत्तीसगढ़) के पास स्थित है और लंबे समय से क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
क्षेत्र के युवाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए यह रोजगार का सुनहरा अवसर माना जा रहा है।

CG News : नाबालिग के प्यार में पागल हुई महिला… किडनैप कर ले गई तेलंगाना, फिर किया शारीरिक शोषण

CG News : नाबालिग के प्यार में पागल हुई महिला… किडनैप कर ले गई तेलंगाना, फिर किया शारीरिक शोषण

 

जशपुरनगर सत्रह वर्षीय किशोर के अपहरण और शारीरिक शोषण करने के आरोप में 25 वर्षीय महिला को जशपुर पुलिस ने तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। मामला जिले के कोतबा चौकी क्षेत्र का है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि 31 अगस्त को पीड़ित किशोर के स्वजन ने कोतबा चौकी में आरोपित महिला द्वारा उसके अपहरण किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

शिकायत पर आरोपित महिला के विरूद्व बीएनएस की धारा 137 (2) के अंर्तगत अपराध पंजीबद्व कर मामले की जांच शुरू की। किशोर को बरामद करने के लिए पुलिस ने टेक्निकल टीम के साथ मुखबिर को सक्रिय किया। इस बीच पुलिस को पीड़ित किशोर के स्वजनों से सूचना मिली कि वह तेलंगाना में कहीं है। टेक्निकल टीम के सहयोग से किशोर और आरोपित महिला का लोकेशन ट्रेस करते हुए कोतबा पुलिस की टीम तेलंगाना के मलकााजगिरी जिले के मेडचल पहुंची।

स्थानीय पुलिस के सहयोग से जशपुर पुलिस की टीम ने आरोपित महिला के घर में छापामार कर किशोर को संरक्षित किया और आरोपित महिला के साथ लेकर जशपुर पहुंची। यहां पूछताछ में किशोर ने बताया कि आरोपित महिला उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ तेलंगाना ले आई थी। यहां आरोपिता ने उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाएं थे। बयान के आधार पर पुलिस ने 25 वर्षीय आरोपिता के विरूद्व बीएनएस की धारा 137 (2) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के अंर्तगत अपराध पंजीबद्व किया है।

किशोर को शादी का झांसा देकर अपहरण व शारीरिक शोषण करने के मामले में आरोपित महिला को गिरफ्तार कर,न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।’ शशि मोहन सिंह,एसएसपी,जशपुर।

CG News : कवर्धा में पुलिस ने नकली नोट के कारोबार पर किया करारा प्रहार, बरामद किए 1.35 लाख रुपये

CG News : कवर्धा में पुलिस ने नकली नोट के कारोबार पर किया करारा प्रहार, बरामद किए 1.35 लाख रुपये

 

छत्तीसगढ़ कबीरधाम पुलिस ने अपनी सजगता, मेहनत और टीमवर्क का परिचय देते हुए नकली नोट के कारोबार पर करारा प्रहार किया है। जिले में अपराधियों के लिए साफ संदेश देते हुए पुलिस ने एनएच-30 पर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर 500-500 रुपए के 15 नग जाली नोट बरामद किए। इसके साथ ही आरोपी के पास से मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिनकी कुल कीमत सहित बरामद नकद राशि लगभग 1,35,000 रुपए आंकी गई।

मुखबिर सूचना पर कार्रवाई

मुखबिर की सूचना पर पुलिस दशरंगपुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। जांच में भीखम चंद्रवंशी, पिता चतुर चंद्रवंशी, उम्र 27 वर्ष, निवासी मोहतरा थाना पांडातराई से जाली नोट बरामद हुए। उसके पास से प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस मामले में बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने उड़ीसा से जुड़े नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस पूरे गिरोह की गहन जांच कर रही है ताकि अन्य सदस्य भी गिरफ्तार किए जा सकें और नकली नोट का बड़ा नेटवर्क पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

टीमवर्क और सतर्कता का प्रदर्शन

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कश्यप, सायबर प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान, उप निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, एएसआई संजीव तिवारी, प्रधान आरक्षक लवकेश खरे, आरक्षक नरेंद्र चंद्रवंशी, लेखा चंद्रवंशी, विजय चंद्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की सतर्कता और तेज कार्रवाई ने अपराधी को पकड़ने में निर्णायक भूमिका निभाई।

जिला पुलिस कप्तान का संदेश

जिला पुलिस कप्तान धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि जिले में नकली नोट, नशा, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और संगठित अपराध जैसी गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी के पास नकली नोट या अवैध कारोबार की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी।

अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़ा संदेश

कबीरधाम पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोग जल्द ही कानून के शिकंजे में आएंगे। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को नशे एवं अपराध से बचाने के लिए पुलिस हर स्तर पर सक्रिय है। यह कार्रवाई जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था कायम करने के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।

Chandra Grahan 2025: आज लगेगा साल का आखिरी चंद्र ग्रहण, जानें समय, सूतक काल और राशि पर प्रभाव

Chandra Grahan 2025: आज लगेगा साल का आखिरी चंद्र ग्रहण, जानें समय, सूतक काल और राशि पर प्रभाव

 

वैदिक ज्योतिष अनुसार समय-समय पर चंद्र और सूर्य ग्रहण पड़ते हैं। जिसका प्रभाव मानव जीवन और देश- दुनिया पर देखने को मिलता है। इस बार चंद्रग्रहण (Chandra Grahan 2025) सात सितंबर रविवार की रात को भाद्रपद मास की पूर्णिमा के दिन लगने जा रहा है। यह चंद्रग्रहण समूचे यूरोप, एशिया, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अफ्रीका के साथ-साथ उत्तर और दक्षिण अमेरिका के पूर्वी क्षेत्रों में दिखाई देगा। साथ ही भारत में भी दृश्य रहेगा।

नहीं होंगे शुभ-मांगलिक कार्य

ज्योतिषाचार्य व वास्तुविद् पंडित सौरभ दुबे ने बताया कि चंद्र ग्रहण पूर्णिमा को तो वहीं सूर्य ग्रहण अमावस्या को ही लगता है। चंद्र ग्रहण हिंदू धर्म की अशुभ अवधि माना जाता है, जिसमें शुभ-मांगलिक कार्य करने की मनाही होती है। साथ ही इस समय सभी तरह की यात्राएं करना भी वर्जित होता है, क्योंकि इसके अशुभ प्रभाव से जातकों को नकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। इस बार चंद्रग्रहण कुंभ राशि में लगने जा रहा है। जहां पहले से ही राहु विराजमान हैं।

ऐसे में राहु और चंद्रमा की युति कुंभ राशि में रहेगी जबकि सूर्य और केतु की युति कन्या राशि में होगा और दोनों एक दूसरे से समसप्तक भाव में रहेंगे और सप्तम दृष्टि डालेंगे। जिसका प्रभाव देश और दुनिया पर दिखाई देगा। पहाड़ी क्षेत्रों में और प्राकृतिक आपदा आ सकती है। राजनीतिक एवं भौगोलिक बदलाब देखने को मिल सकते है, मौसम का प्रतिकूल प्रभाव भी देखने को मिलेगा। चंद्रग्रहण का प्रभाव सभी राशियों के जातकों पर देखने को मिलेगा।

किन राशियों के लिए शुभ, किनके लिए अशुभ

ज्योतिषाचार्य एवं वास्तुविद् पंडित सौरभ दुबे के अनुसार इस चंद्रग्रहण के दौरान ग्रहों के बहुत ही विचित्र संयोग बन रहा है। सूर्य और केतु की युति सिंह राशि में रहेगी। वहीं, राहु और चंद्रमा की युति इस दिन कुंभ राशि में होगा। ऐसे में राहु और चंद्रमा की युति होने से ग्रहण योग बनेगा। वहीं, सूर्य और केतु की युति से भी ग्रहण योग बना है। ऐसे में डबल ग्रहण योग का प्रतिकूल प्रभाव देश, दुनिया और राशियों पर दिखाई देगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ग्रहों की ऐसी स्थिति के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में इस दौरान भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाएं घटित हो सकती हैं। चंद्रग्रहण का असर कर्क, वृश्चिक, कुम्भ, मीन, मिथुन और सिंह राशि वालों पर बुरा असर दिखेगा, कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। वही धनु, तुला, कन्या, वृष, मेष मकर राशि वालो पर शुभ प्रभाव दिखेगा।

इस तरह होगा सूतक काल

पंडित सौरभ दुबे के अनुसार खग्रास चंद्र ग्रहण रविवार सात सितंबर 2025 को पूर्वाभाद्र नक्षत्र कुंभ राशि पर दृश्य होगा। भारतीय समय के अनुसार रात्रि 9:57 पर स्पर्श कल होगा। रात्रि 11:40 पर मध्यकाल होगा तथा रात्रि 1:26 पर खग्रास चंद्र ग्रहण का मोक्ष होगा। यह ग्रहण भारत के साथ-साथ अब देश रूस जापान आस्ट्रेलिया म्यांमार पाकिस्तान आदि देशों में दृश्य होगा। ग्रहणकाल का सूतक रविवार सात सितंबर को दिन में 12:57 से प्रारंभ होगा। यह सूतक तीन प्रहर (नौ घंटे) पहले प्रारंभ होगा। बालक, वृद्ध और रोगियों के लिए सूतककाल शाम 6:37 से मानना चाहिए।

गर्भवती महिलाएं बरतें सावधानी

चंद्र ग्रहण के दौरान गर्भवती महिलाओं को किसी भी तरह की नुकीली चीज जैसे सुई, धारदार कैंची या चाकू आदि का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। साथ ही चंद्र ग्रहण को नग्न आखों से न देखें। साथ ही यह भी सलाह दी जाती है कि सूतक लगने के बाद गर्भवती स्त्री को कहीं बाहर नहीं जाना चाहिए, विशेषकर किसी नकारात्मक जगह जैसे श्मशान आदि पर। अगर आप इस सभी बातों का ध्यान रखते हैं, तो इससे गर्भ में पल रहा शिशु नकारात्मक प्रभावों से बचा रहता है।

क्या करें और क्या न करें

ग्रहण काल में शास्त्रीय वचनानुसार धार्मिक कृत्य, श्राद्ध, चावल, दूध, दही, वस्त्र, सफेद वस्तु आदि का दान करना चाहिए। ग्रहण में जपा गया मंत्र सिद्धप्रद होता है। पूजा, हवन, यज्ञ, मूर्ति स्थापना, विवाह, गृह प्रवेश जैसे शुभ कार्य न करें। सूतक काल में भोजन पकाना या खाना नहीं चाहिए। बाल कटवाना, नाखून काटना, दाढ़ी बनाना या अन्य शारीरिक शुद्धिकरण के कार्य नहीं करने चाहिए। भगवान का नाम जपें, जैसे ओम नमो भगवते वासुदेवाय या महामृत्युंजय मंत्र का जाप कर सकते हैं।

आज ही कर दें गणपति विसर्जन

पंडित सौरभ दुबे के अनुसार श्री गणेश प्रतिमा का विसर्जन भी अनंत चतुर्दशी तिथि के दिन ही कर देना चाहिए। शनिवार छह सितंबर को अनंत चतुर्दशी है और सात सितंबर को पूर्णिमा तिथि और ग्रहण का सूतक प्रारम्भ हो जाएगा। ऐसी स्थिति में ग्रहण काल में मूर्ति को पंडालून में ना रखते हुए उसका विसर्जन कर देना चाहिए जिस किसी भी प्रकार का दोष उन मूर्तियों में ना लगे और हमारी आस्था पर भी किसी प्रकार का भी आक्षेप न लगे।