सरायपाली : बाइक को बोलेरो ने मारी टक्कर, फिर दो भाइयों पर मारपीट का आरोप

सरायपाली थाना क्षेत्र में देर रात सड़क हादसे के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। एक युवक ने आरोप लगाया है कि तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद बोलेरो से उतरे दो युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, मोहम्मद अरशद, निवासी वार्ड क्रमांक 07 ताजनगर झिलमिला, 12 सितंबर 2026 की रात करीब 12 बजे अपनी दुकान से काम खत्म कर Honda Dream Yuga बाइक क्रमांक CG06 GB3014 से घर जा रहा था।

बताया गया कि करीब 12:10 बजे कुटेला ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रही बोलेरो क्रमांक CG06 HC3100 ने बाइक को टक्कर मार दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक बोलेरो चालक वाहन को तेज और लापरवाहीपूर्वक चला रहा था और शराब के नशे में था। टक्कर के बाद वह बाइक से गिर गया, जिससे उसके बाएं पैर में चोट आई और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। शिकायत के अनुसार, हादसे के बाद बोलेरो से नीरज पाणिग्राही और रौनित पाणिग्राही नीचे उतरे और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने हाथ-मुक्का से मारपीट की, जिससे युवक के बाएं पैर और दाहिने हाथ में चोट आने की बात कही गई है।

घटना की सूचना फोन के माध्यम से वासिफ को दी गई, जिसके बाद वासिफ मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव किया। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी नीरज पाणिग्राही और रौनित पाणिग्राही के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 125(a)-BNS, 281-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS के तहत अपराध कायम किया है।

बसना : बोलेरो में 13 किलो गांजा लेकर जा रहा था महाराष्ट्र, पुलिस ने पकड़ा

बसना पुलिस ने पलसापाली बेरियर के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक बोलेरो वाहन से करीब 13 किलो गांजा बरामद करने का दावा किया है। मामले में महाराष्ट्र निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को पलसापाली बेरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान महिंद्रा बोलेरो क्रमांक MH21V0435 को रोका गया। वाहन चालक की पहचान गीताराम औटे पिता बंशी औटे उम्र 39 साल निवासी नायगांव थाना पैठण जिला सम्भाजीनगर महाराष्ट्र के रूप में हुई

 

तलाशी के दौरान बोलेरो के पीछे दो पैकेटों में गांजा जैसा पदार्थ मिला। पुलिस ने जांच के बाद इसे गांजा पाया। वजन करने पर पैकेट सहित कुल 13.80 किलोग्राम पदार्थ मिला, जिसमें शुद्ध गांजे का वजन करीब 13 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने इसकी कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने गांजा बरहमपुर, ओडिशा से लाकर संभाजीनगर, महाराष्ट्र ले जाने की बात बताई। मामले में गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त बोलेरो, एक सैमसंग मोबाइल और अन्य सामग्री समेत कुल 8.55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त किए जाने का उल्लेख FIR में है। बसना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

भारत ने जीता एशिया कप, फिर क्यों नहीं ली ट्रॉफी?

भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए महिला एशिया कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में हरमनप्रीत एंड कंपनी ने श्रीलंका को 72 रनों से रौंदा। हालांकि, एक बार फिर टीम इंडिया ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से साफतौर पर इनकार कर दिया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि पुरुष टीम की तरह ही महिला टीम ने भी मोहसिन से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया। उन्होंने कहा, “एशिया कप में ट्रॉफी एक विवादित मुद्दा है। हमारी पुरुष टीम ने एशिया कप जीता था। हालांकि, अप्रैल 2025 की पहलगाम घटना के बाद हालात पूरी तरह बदल गए। इसके बाद देश के नागरिकों का हम पर दबाव था कि हमें पड़ोसी देश के साथ कोई संबंध नहीं रखना चाहिए और न ही उनके साथ क्रिकेट खेलना चाहिए। मगर हमारी सरकार की नीति है कि मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में हमें हर देश के खिलाफ खेलना ही होगा। इसी पॉलिसी को फॉलो करते हुए हम मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में हर टीम के खिलाफ खेल रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “इसी को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई हर मल्टीनेशनल टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम भेज रही है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हम सारी कंडिशंस मान लेंगे। जिस देश के साथ हमारे रिश्ते पहले से खराब हैं और अप्रैल 2025 से और भी ज्यादा बिगड़ गए हैं, इसके साथ ही जिस देश के साथ अभी भी हमारा ऑपरेशन चालू है उस देश के मुख्य लीडर में से एक, जो हमारे देश के खिलाफ काम कर रहा है, उससे हम ट्रॉफी नहीं ले सकते हैं। डेढ़ साल पहले भारतीय पुरुष टीम ने एशिया कप का खिताब जीतने के बाद ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था। इसी को जारी रखते हुए हमारी महिला टीम ने भी मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला किया।”

बीसीसीआई सचिव ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त खेल दिखाया और सभी मैच एकतरफा अंदाज में जीते। देवजीत सैकिया ने कहा कि उन्हें टीम के प्रदर्शन पर गर्व है और देश में महिला क्रिकेट काफी तेजी से उभर रहा है। फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी 

उच्च शिक्षा विभाग ने छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब राज्य के शैक्षणिक संस्थानों में रिक्त सीटों पर छात्र उन्नीस सितंबर तक प्रवेश ले सकेंगे।

पहले प्रवेश की अंतिम तिथि इकतीस अगस्त निर्धारित थी। कई छात्र-छात्राओं के आवेदन और सीटें रिक्त होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए तिथि में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।

युवती का सिर कटा शव बरामद, प्रेम विवाह बना हत्या की वजह

धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी पहाड़ी के पास मिले युवती के सिर कटे शव के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। बैंक मोड़ थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ने बताया कि हत्या की साजिश में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता समेत अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को ढांगी पहाड़ी की तलहटी में युवती का सिर कटा शव बरामद हुआ था। कुछ दूरी पर बोरे में बंद उसका सिर भी मिला था। मृतका की पहचान गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र निवासी संदीप रवानी की पुत्री के रूप में हुई। वह 9 सितंबर से लापता थी।

 

परिजनों की शिकायत पर बलियापुर थाना में कांड संख्या 155/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती ने शीतलपुर निवासी कृष रवानी से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि यह विवाह कृष के पिता संतोष रवानी को मंजूर नहीं था। इसी नाराजगी में युवती को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई और योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राजगंज निवासी जयराम रवानी, बलियापुर निवासी किशोर महतो, आलोमनी देवी और राम प्रसाद रजवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार छुरा, मृतका की चप्पल और पूजा सामग्री भी बरामद की है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

CG : हेड कांस्टेबल की मौत से मचा हड़कंप, कैंप परिसर में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस 

कांकेर। जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र स्थित कुहचे SSB कैंप में सोमवार सुबह एक जवान की मौत से हड़कंप मच गया। मृतक जवान की पहचान आनंद प्रकाश तिवारी के रूप में हुई है। वह SSB की 28वीं बटालियन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। जवान का परिवार उत्तर प्रदेश में रहता है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 5 बजे कैंप परिसर में जवान की मौत की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही SSB और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल जवान की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।

घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस मामले की जांच के दौरान जवान के मोबाइल फोन की भी जांच करेगी, ताकि हाल के दिनों में उनकी किन लोगों से बातचीत हुई थी, इसकी जानकारी मिल सके। जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस परिवार के सदस्यों से भी बातचीत कर घटना से जुड़े संभावित कारणों और जवान की मानसिक स्थिति के संबंध में जानकारी जुटा सकती है। अंतागढ़ पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम और अन्य जांच प्रक्रियाओं के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

महासमुंद/ एक ही दिन लूट की दो अलग वारदातें: बिरकोनी में पैदल लौट रहे युवक से 30 हजार का iPhone लूटा, पतेरापाली-मुड़मार जंगल में बाइक रोककर चाकू की नोक पर दो मोबाइल और 4 हजार रुपए छीने

 

महासमुंद। जिले में 13 सितंबर को लूट की दो अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। पहली घटना बिरकोनी में फ्लोटेक्स सोलर कंपनी के पास शाम करीब 6 बजे हुई, जहां पैदल सब्जी लेकर लौट रहे तरुण कुमार नेताम और उसके दोस्त भीषम निर्मलकर को काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी में सवार तीन अज्ञात युवकों ने घेर लिया। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों को धमकाया और दो युवक स्कूटी से उतरकर चाकू मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद तरुण की जेब से करीब 30 हजार रुपए कीमत का iPhone 13 Pro मोबाइल, जिसमें आइडिया कंपनी का सिम चालू हालत में था, और 500 रुपए नकद लूट लिए गए। जाते समय एक युवक ने अपना नाम राहुल बताते हुए तरुण को धमकी दी कि “तुझे जो उखाड़ना है उखाड़ लेना” और तीनों काले रंग की स्कूटी से फरार हो गए।

दूसरी वारदात उसी दिन दोपहर करीब 3:10 बजे पतेरापाली से मुड़मार के बीच जंगल वाले रास्ते में ग्राम अरण्ड निवासी भूपेंद्र दीवान और उसके दोस्त रोहित कुमार महानंद के साथ हुई। दोनों हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक क्रमांक CG06HE9316 से महासमुंद से पूजा का सामान लेकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से काले रंग की टीवीएस एनटॉर्क क्रमांक CG04RB6389 में सवार तीन अज्ञात युवक पहुंचे। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने “रोको बे” कहते हुए गाली-गलौज की और उनकी बाइक को लात मारने लगे। बाइक धीमी होने पर आरोपियों ने अपनी बाइक आगे लगाकर रास्ता रोक दिया। तीनों नीचे उतरे और उनमें से एक ने जेब से चाकू निकालकर सामान नहीं देने पर चाकू मारने की धमकी दी।

चाकू की धमकी के बाद आरोपियों ने भूपेंद्र की जेब से करीब 5 हजार रुपए कीमत का वीवो मोबाइल और उसके साथी रोहित की जेब से करीब 5 हजार रुपए कीमत का ओप्पो A15 मोबाइल निकाल लिया। इसके अलावा रोहित की पैंट की जेब में रखे 4 हजार रुपए नकद और भूपेंद्र की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक की चाबी भी लूट ली गई। शिकायत के अनुसार लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 14 हजार रुपए है। वारदात के बाद तीनों आरोपी अपनी टीवीएस एनटॉर्क से मुड़मार की ओर फरार हो गए। दोनों युवकों ने आसपास आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।

दोनों घटनाएं एक-दूसरे से पूरी तरह अलग हैं और अलग-अलग शिकायतकर्ताओं ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक घटना में बिना नंबर प्लेट की काली स्कूटी और दूसरी घटना में स्पष्ट वाहन नंबर CG04RB6389 सामने आया है, जो जांच में पुलिस के लिए अहम सुराग हो सकता है। पहली घटना में करीब 30 हजार रुपए का iPhone और 500 रुपए नकद, जबकि दूसरी घटना में दो मोबाइल, 4 हजार रुपए नकद और बाइक की चाबी लूटे जाने की शिकायत है। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान और घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

CG : छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या डराने-धमकाने की शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए और दोषी पाए जाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए।

मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। इस बीच, बीजापुर जिले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में एक शिक्षक के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

सांकरा : नाबालिग युवती के साथ मंदिर पहुंचे युवक को बंधक बनाने का आरोप

सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम झगरेनडीह स्थित मनसा माता मंदिर में दर्शन करने गए एक युवक और उसके साथ मौजूद एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर गाली-गलौच, मारपीट, धमकी देने और कई घंटे तक बंधक बनाए रखने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार,12 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे एक युवक और एक नाबालिग लड़की मोटरसाइकिल से झगरेनडीह स्थित मनसा माता मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद दोनों मंदिर परिसर में बैठे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और दोनों से कथित तौर पर गाली-गलौच करते हुए मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल की चाबी अपने कब्जे में ले ली।

शिकायतकर्ता ने बताया कि दिनांक-12/09/2026 दिन शनिवार समय सुबह लगभग 11 बजे को हम दोनों मोटर सायकल ग्राम झगरेनडीह मनशा माता मंदिर में घुमने के लिए गये थे और मंदिर दर्शन कर परिसर में बैठे थे तो वहां पर नारायण प्रधान एवं उनके साथीयों ने आये और नारायण प्रधान ने कहां कि मै मंदिर समिति का अध्यक्ष हूं बोलकर बोला और हम दोनों को गन्दी गन्दी गाली गलौच किये और हमारे मोबाईल एवं मोटर सायकल के चाबी को जरदस्ती छीनकर ले गये और हमें 51 हजार रूपये मांग कर रहे थे पैसा नही देने 36 हजार रूपये की मांग किये पैसा नही देने पर फिर 21 हजार रूपये मांग किये उसे भी नही देने पर नाबालिग युवती जो सोना पहनी थी उसे मांग किये, नही दिया गया तो मारपीट किये।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों से पहले 51 हजार रुपये, फिर 36 हजार रुपये और बाद में 21 हजार रुपये देने की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर नाबालिग लड़की के पहने हुए सोने के आभूषण की भी मांग किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता के अनुसार, दोनों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

आरोप है कि उन्हें सुबह करीब 11 बजे से शाम 5 बजे तक बंधक बनाकर रखा गया। बाद में परिजनों द्वारा डायल 112 पर सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को वहां से छुड़ाया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी लोग मंदिर के नाम से पैसा वसूली करते है. पुलिस के अनुसार मामले में BNS की धारा 308(2), 127(2), 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस जांच के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।

पिथौरा घर की बाड़ी में छिपाकर रखी 20 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

घर की बाड़ी में छिपाकर रखी 20 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

पिथौरा। अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पिथौरा पुलिस ने ग्राम ठाकुरदियाखुर्द में दबिश देकर एक व्यक्ति के कब्जे से 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 4 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को प्रधान आरक्षक रथीलाल भोई हमराह स्टाफ के साथ अवैध शराब की पतासाजी एवं रेड कार्रवाई के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ठाकुरदियाखुर्द में एक व्यक्ति अपने घर की बाड़ी में बिक्री के लिए अवैध रूप से हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब रखे हुए है।

सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाह जनकराम डडसेना एवं मंसुर खान को साथ लेकर बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर हीरालाल सिन्हा पिता गांडाराय सिन्हा, उम्र 46 वर्ष, निवासी ठाकुरदियाखुर्द, थाना पिथौरा मिला।

तलाशी के दौरान आरोपी के घर की बाड़ी से ‘राजा रानी’ लिखा चावल की बोरी बरामद हुई, जिसके अंदर चार झिल्लियों में 5-5 लीटर, कुल 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब रखी मिली। आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में वैधानिक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उसने कोई दस्तावेज नहीं होना बताया।

इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब को जब्त कर मौके पर सीलबंद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी का कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत पाए जाने पर देहाती नालसी में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई तथा जब्त माल एवं आरोपी को थाना लाकर असल नंबरी अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया।