महासमुंद/बायोमेट्रिक अपडेट अभियान के तहत जिले में 15762 स्कूली बच्चों का आधार अपडेट

महासमुंद/बायोमेट्रिक अपडेट अभियान के तहत जिले में 15762 स्कूली बच्चों का आधार अपडेट

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में आधार कार्ड डाटा अपडेशन के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के शासकीय एवं निजी स्कूलों में शिविर आयोजित कर स्कूली बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है।

जिले में अब तक आधार ऑपरेटर के द्वारा कुल 943 शिविर के माध्यम के कुल 15762 बच्चो का आधार कार्ड बायोमेट्रिक अपडेट किया जा चुका है। साथ ही स्कूलों में आधार अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए निरंतर शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आगे भी छूटे हुए बच्चों का आधार अपडेशन का कार्य शिविर लगाकर किया जाएगा।

महासमुंद/त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने कार्यक्रम जारी

महासमुंद/त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने कार्यक्रम जारी

महासमुंद/ छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में विकासखंडवार पंचायतों के प्रस्तावित ि़त्रस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने की समय-सारणी जारी कर दी गई है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति 23 मार्च 2026 तक कर ली जाएगी। कार्यक्रम के अनुसार 07 अप्रैल 2026 तक निर्वाचक नामावली की चेकलिस्ट तैयार कर ली जाएगी तथा 08 अप्रैल 2026 तक उसकी जांच कर त्रुटियों का सुधार कराया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा मुद्रण कराकर इसे रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को 9 अप्रैल तक उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में 13 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा तथा उसी दिन से दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल 2026 अपरान्ह 3.00 बजे तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 23 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा तथा प्रारूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों का निराकरण 27 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा।

निराकरण आदेश के विरुद्ध अपील निराकरण आदेश पारित होने के 5 दिवस के भीतर की जा सकेगी। इसके बाद परिवर्धन, संशोधन तथा विलोपन से संबंधित प्रकरणों की प्रविष्टि सॉफ्टवेयर में 29 अप्रैल 2026 तक की जाएगी। चेकलिस्ट का निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा परीक्षण कर पीडीएफ मुद्रण हेतु जिला कार्यालय को 2 मई 2026 तक सौंपा जाएगा। इसके पश्चात अनुपूरक सूची का मुद्रण कर उसे मूल सूची के साथ 4 मई 2026 तक संलग्न किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 5 मई 2026 को किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सचिन भूतड़ा ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदारों को इस संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

महासमुंद/घरेलू, बी.पी.एल. तथा कृषि श्रेणी के अशासकीय बिजली उपभोक्ताओं के लिए समाधान योजना 2026 लागू बकाया बिजली बिल की मूल राशि एवं अधिभार में मिलेगी विशेष छूट

महासमुंद/घरेलू, बी.पी.एल. तथा कृषि श्रेणी के अशासकीय बिजली उपभोक्ताओं के लिए समाधान योजना 2026 लागू बकाया बिजली बिल की मूल राशि एवं अधिभार में मिलेगी विशेष छूट

महासमुंद/ प्रदेश सहित जिले के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने एक नई आकर्षक योजना समाधान योजना का शुभारंभ किया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप प्रदेश की निम्न एवं मध्यम आय वर्ग तथा कृषि उपभोक्ताओं को विशेष राहत देते हुए पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 लेकर आई है। योजना के तहत कंपनी के निम्नदाब घरेलू, बी.पी.एल. तथा कृषि श्रेणी के अशासकीय उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल की मूल राशि एवं अधिभार में विशेष छूट प्रदान की जाएगी।

योजना के तहत 31 मार्च 2023 से पहले के निष्क्रिय बी.पी.एल., घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को बकाया राशि में बड़ी राहत दी जाएगी। बी.पी.एल. उपभोक्ताओं को मूल राशि में 75 प्रतिशत तथा अधिभार में 100 प्रतिशत छूट मिलेगी। वहीं घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं को मूल राशि में 50 प्रतिशत और अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। कृषि श्रेणी के स्थायी एवं अस्थायी कनेक्शनों के लिए भी मूल राशि में 50 प्रतिशत तथा अधिभार में 100 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान रखा गया है।

सक्रिय बी.पी.एल. उपभोक्ताओं के लिए भी योजना में विशेष प्रावधान किए गए हैं। 31 मार्च 2023 की स्थिति में यदि बकाया राशि 5 वर्ष से अधिक पुरानी है तो मूल राशि में 75 प्रतिशत तथा अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं 1 से 5 वर्ष के बकाया पर मूल राशि में 50 प्रतिशत तथा अधिभार में 100 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी।

सक्रिय अशासकीय घरेलू एवं केवल कृषि उपभोक्ताओं को भी योजना के अंतर्गत राहत दी जाएगी। यदि उपभोक्ता एकमुश्त भुगतान करते हैं तो मूल राशि में 10 प्रतिशत तथा अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। तीन किश्तों में भुगतान करने पर मूल राशि में 5 प्रतिशत और अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट मिलेगी। जबकि छह किश्तों में भुगतान करने पर अधिभार में 100 प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा। कंपनी के अनुसार इस योजना की अवधि 30 जून 2026 तक प्रभावशील रहेगी। योजना के तहत शेष बकाया राशि की किश्तों का भुगतान करने पर आगामी महीनों में कोई अतिरिक्त अधिभार नहीं लिया जाएगा।

योजना का लाभ लेने के लिए पात्र सक्रिय अशासकीय घरेलू एवं अशासकीय केवल कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के लिए बकाया राशि का न्यूनतम 10 प्रतिशत भुगतान करना आवश्यक होगा। उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने के लिए मीटर वाचकों को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। एकमुश्त पूर्ण भुगतान प्राप्त होने पर प्राप्त धनराशि का 5 प्रतिशत (अधिकतम 1000 रुपये प्रति कनेक्शन) तथा किश्तों में संपूर्ण भुगतान होने पर प्राप्त धनराशि का 5 प्रतिशत (अधिकतम 500 रुपये प्रति कनेक्शन) प्रोत्साहन के रूप में दिया जाएगा।

महासमुंद/ मौहारीभाठा में जुआ फड़ पर पुलिस की रेड, 5 जुआरी गिरफ्तार, 1.51 लाख की नगदी व वाहन जब्त

महासमुंद/ मौहारीभाठा में जुआ फड़ पर पुलिस की रेड, 5 जुआरी गिरफ्तार, 1.51 लाख की नगदी व वाहन जब्त

महासमुंद। जिले में जुआ-सट्टे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत थाना महासमुंद पुलिस ने मौहारीभाठा क्षेत्र में जुआ फड़ पर छापा मारकर 5 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, ताश की गड्डी और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मौहारीभाठा में कमल चन्द्राकर के घर के पास आम रास्ते पर कुछ लोग रुपये-पैसे का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना महासमुंद पुलिस और साइबर थाना स्टाफ की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 लोगों को मौके से पकड़ लिया। आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 61,950 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश तथा 2 मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1,51,950 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 121/2026, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आरोपियों के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

गिरफ्तार आरोपी:

हेमंत निषाद (32) निवासी लाफिनखुर्द

सोहन साहू (44) निवासी ग्राम शेर

रोशन लाल साहू (44) निवासी वार्ड नं. 07 नयापारा, महासमुंद

राजेश चन्द्राकर (48) निवासी मौहारीभाठा, महासमुंद

कमल चन्द्राकर (46) निवासी मौहारीभाठा, महासमुंद

सरायपाली/NH 53 पर पुलिस की घेराबंदी: उड़ीसा से गांजा ला रही कार पकड़ी, 4 आरोपी गिरफ्तार

सरायपाली NH 53 पर  पुलिस की घेराबंदी: उड़ीसा से गांजा ला रही कार पकड़ी, 4 आरोपी गिरफ्तार

सरायपाली। महासमुंद जिले के थाना सिंघोड़ा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा ला रही एक कार को पकड़कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 किलो गांजा, एक कार और मोबाइल फोन समेत कुल 5 लाख 26 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 मार्च 2026 को थाना सिंघोड़ा में पदस्थ सउनि लक्ष्मण साहू अपनी टीम के साथ क्षेत्र में अपराध पतासाजी के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान ग्राम गुठानीपाली के पास मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से एक सुजुकी डिजायर कार (CG07CD9986) में अवैध गांजा छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना पर एसडीओपी सरायपाली को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने NH-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी की।

कुछ समय बाद बताई गई कार आते दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली। वाहन के पीछे सीट में रखी प्लास्टिक बोरी से 8 पैकेट में भरा कुल 4 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर भिलाई में सेवन व बिक्री के लिए ले जा रहे थे।

पुलिस ने मामले में चालक सोनू सिंह (33), राजेश तगड़े (26), विक्रम सिंह (45) और कन्हैया साहू (25) सभी निवासी जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)(ii)(B) NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 किलो गांजा (कीमत करीब 2 लाख रुपये), सुजुकी डिजायर कार (कीमत 3 लाख रुपये) तथा मोबाइल फोन व अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

NH-53 पर तेज रफ्तार बाइक का कहर, पैदल लौट रही महिला को मारी टक्कर… गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती मामला दर्ज

NH-53 पर तेज रफ्तार बाइक का कहर, पैदल लौट रही महिला को मारी टक्कर… गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती मामला दर्ज

बसना राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही मोटरसाइकिल ने एक महिला को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर नायक अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने बताया कि वह ग्राम का निवासी है और रोजी-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। 11 मार्च 2026 की शाम उसकी मां चरोधीन बाई सोलंकी अपने पति ललाराम सोलंकी के साथ घरेलू कार्य से पैदल ग्राम भगतदेवरी गई थीं। काम समाप्त करने के बाद दोनों रात करीब 8 बजे वापस घर लौट रहे थे।

इसी दौरान जब वे एनएच-53 स्थित ग्राम भैरोपुर के मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही मोटरसाइकिल CG 06 GS 4396 के चालक ने वाहन को तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए महिला को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सड़क पर गिर गई और उसके दोनों पैरों, सीने तथा माथे में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद मोनू सोलंकी निवासी भैरोपुर ने घायल महिला की मदद की और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। घायल महिला को पहले सीएचसी बसना ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए नायक अस्पताल चांपा रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

सांकरा पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ धारा 184 एलकेएस, 125(ए) बीएनएस व 281 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरायपाली: क्लासरूम में छात्रा का बीड़ी पीते वीडियो वायरल, स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल

सरायपाली: क्लासरूम में छात्रा का बीड़ी पीते वीडियो वायरल, स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल

सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र के एक स्कूल का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक छात्रा कक्षा के अंदर बीड़ी पीते नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल की निगरानी व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि यह घटना स्कूल के ही क्लासरूम की है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि जब कक्षा में छात्रा बीड़ी पी रही थी, उस समय शिक्षक कहां थे और कक्षा में निगरानी क्यों नहीं थी।

वहीं यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर स्कूल के अंदर यह वीडियो किसने बनाया और उस समय कक्षा में कौन-कौन मौजूद था। यदि कक्षा में शिक्षक मौजूद नहीं थे तो छात्र-छात्राएं बिना निगरानी के क्यों थे, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

मामले को लेकर सरायपाली के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी कर्मचारी जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी

महासमुंद : जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता, गैस एजेंसी संचालकों की बैठक आयोजित

महासमुंद : जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता, गैस एजेंसी संचालकों की बैठक आयोजित

महासमुंद 13 मार्च 2026/ संचालनालय खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, नवा रायपुर के आदेशानुसार जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति, दैनिक आवश्यकता एवं उपलब्धता की समीक्षा के लिए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रवि साहू द्वारा खाद्य विभाग के अधिकारियों एवं जिले के सभी गैस एजेंसियों की बैठक लेकर जानकारी ली गई।

बैठक में गैस एजेंसी संचालकों ने जानकारी दी कि उनके पास घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और जिले में उपभोक्ताओं की बुकिंग के अनुसार गैस सिलेंडरों की डिलीवरी सुचारू रूप से की जा रही है। उन्होंने बताया कि सप्लाई प्लांट से भी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या नहीं है।

बैठक में खाद्य अधिकारी श्री अजय यादव द्वारा गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वे हितग्राहियों को उनकी बुकिंग और पात्रता के अनुसार निर्धारित क्रम में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं। साथ ही एजेंसियों को अपने स्टॉक का रिकॉर्ड नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा स्टॉक की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

इस संबंध में उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे गैस सिलेंडर की कमी से जुड़ी किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रम पर ध्यान न दें। साथ ही अनावश्यक रूप से लाइन में लगने या घरों में अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की आवश्यकता नहीं है। आवश्यकता होने पर ही गैस की बुकिंग कराकर सिलेंडर प्राप्त करें।
बैठक में सहायक खाद्य अधिकारी श्री मनीष यादव, खाद्य निरीक्षक श्री सुशील शर्मा सहित जिले के गैस वितरकों के संचालक एवं प्रोपाइटर उपस्थित रहे।

बसना: सारंगढ़ से उड़ेला आकर कथा में महिलाओं के मंगलसूत्र छीनने वाली महिला गिरफ्तार

बसना: सारंगढ़ से उड़ेला आकर कथा में महिलाओं के मंगलसूत्र छीनने वाली महिला गिरफ्तार,

बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उडेला में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा कार्यक्रम के दौरान झपटमारी की घटना सामने आई है। कार्यक्रम में शामिल होने आई एक महिला के गले से करीब 80 हजार रुपये कीमत का मराठी मंगलसूत्र झपटने की कोशिश करने वाली महिला को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चौकी भंवरपुर में पदस्थ आरक्षक रामानंद कंवर द्वारा मामले की नालसी थाना बसना भेजी गई है, जिस पर अपराध पंजीबद्ध किया गया है। यह घटना बुधवार 11 मार्च 2026 की रात करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है।

प्रार्थिया यमुना बाई साहू (40 वर्ष) पति भूपाल साहू निवासी ग्राम सलखंड चौकी भंवरपुर थाना बसना, जिला महासमुंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 11 मार्च को ग्राम उडेला में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा कार्यक्रम में वह अपने पति भूपाल प्रसाद साहू, बेटा चन्द्रमणी साहू और बहू राजेश्वरी साहू के साथ शाम करीब 4 बजे पहुंची थीं।

रात करीब 7 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपनी बहू राजेश्वरी साहू के साथ महिला भोजनालय में खाना लेने के लिए पत्ता लेकर लाइन में खड़ी थीं। इसी दौरान पीछे खड़ी एक महिला ने उनके गले में पहना मराठी मंगलसूत्र काला मोती सहित (लगभग 12.79 ग्राम) जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये है, उसे खींच लिया।
मंगलसूत्र खींचे जाने पर यमुना बाई जोर-जोर से चिल्लाने लगीं, जिसके बाद आरोपी महिला मंगलसूत्र लेकर भागने का प्रयास करने लगी। मौके पर मौजूद महिलाओं और महिला पुलिस की सहायता से उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना नाम सोना गरूडी (30 वर्ष) पति किशन धनदई निवासी साई पारा रेडा थाना कोतवाली सारंगढ़ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया।
वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आरोपी महिला ने ग्राम भंवरपुर निवासी चम्पा चौधरी तथा ग्राम मुढीडीह निवासी शशि पाण्डे का भी सोने का चैन झपट लिया था।

आज का राशिफल: नौकरी, व्यापार और सेहत के लिए क्या है संकेत जानिए

आज का राशिफल: नौकरी, व्यापार और सेहत के लिए क्या है संकेत जानिए

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो): व्यवसाय-व्यापार मनोनुकूल चलेगा। आय बनी रहेगी। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा, सावधानी रखें। बुरी खबर मिल सकती है। भागदौड़ अधिक रहेगी। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। मेहनत अधिक होगी। लाभ में कमी रह सकती है। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें।

राशि फलादेश

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): सामाजिक कार्य करने का मन लगेगा। मान-सम्मान मिलेगा। मेहनत का फल मिलेगा। कारोबार में वृद्धि के योग हैं। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। शत्रु तथा ईर्ष्यालु व्यक्तियों से सावधानी आवश्यक है। समय की अनुकूलता है।

राशि फलादेश

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह): पुरानी संगी-साथियों से मुलाकात होगी। उत्साहवर्धक सूचना प्राप्त होगी। फालतू खर्च होगा। स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है। आत्मसम्मान बना रहेगा। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। भाइयों का सहयोग मिलेगा। कारोबार से लाभ होगा। नौकरी में कार्यभार रहेगा। जल्दबाजी न करें।

राशि फलादेश

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। भेंट व उपहार की प्राप्ति संभव है। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड से मनोनुकूल लाभ होगा। नौकरी में प्रभाव वृद्धि होगी। कोई बड़ा काम होने से प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी न करें। उत्साह रहेगा।

राशि फलादेश

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): दुष्टजनों से सावधानी आवश्यक है। फालतू खर्च पर नियंत्रण नहीं रहेगा। हल्की मजाक करने से बचें। अपेक्षित काम में विलंब होगा। बेकार की बातों पर ध्यान न दें। अपने काम से काम रखें। लाभ के अवसर मिलेंगे। विवेक का प्रयोग करें। आय में वृद्धि होगी।

राशि फलादेश

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): यात्रा लाभदायक रहेगी। संतान पक्ष से बुरी खबर मिल सकती है। डूबी हुई रकम प्राप्त होगी। व्यापार-व्यवसाय से मनोनुकूल लाभ होगा। नौकरी में प्रशंसा मिलेगी। जल्दबाजी से काम बिगड़ सकते हैं। नए उपक्रम प्रारंभ करने संबंधी योजना बनेगी।

राशि फलादेश

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): सामाजिक कार्य करने में मन लगेगा। योजना फलीभूत होगी। कार्यस्थल पर परिवर्तन हो सकता है। कारोबार मनोनुकूल लाभ देगा। नौकरी में अधिकार बढ़ सकते हैं। शेयर मार्केट, म्युचुअल फंड से लाभ होगा। आय में वृद्धि होगी। मान-सम्मान मिलेगा। स्वास्थ्‍य का ध्यान रखें।

राशि फलादेश

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): चोट व रोग से कष्ट हो सकता है। बेचैनी रहेगी। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। पूजा-पाठ में मन लगेगा। सत्संग का लाभ मिलेगा। राजकीय बाधा दूर होकर लाभ की स्थिति बनेगी। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। परिवार तथा मित्रों का सहयोग मिलेगा। प्रसन्नता बनी रहेगी।

राशि फलादेश

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे): चोट व दुर्घटना से बड़ी हानि हो सकती है। पुराना रोग उभर सकता है। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। किसी व्यक्ति विशेष से कहासुनी हो सकती है। स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है। दौड़धूप रहेगी। नकारात्मकता हावी रहेगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें।

राशि फलादेश

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): यात्रा लाभदायक रहेगी। राजकीय सहयोग मिलेगा। सरकारी कामों में सहूलियत होगी। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। घर में सुख-शांति रहेंगे। कारोबारी अनुबंध हो सकते हैं। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। पार्टनरों से सहयोग मिलेगा। झंझटों में न पड़ें।

राशि फलादेश

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): ऐश्वर्य के साधनों पर खर्च होगा। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी। मातहतों का सहयोग प्राप्त होगा। स्थायी संपत्ति के कार्य बड़ा लाभ दे सकते हैं। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। शारीरिक कष्ट संभव है। भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। विवेक से कार्य करें।

राशि फलादेश

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): पार्टी व पिकनिक का कार्यक्रम बनेगा। आनंद के साथ समय व्यतीत होगा। मनपसंद व्यंजनों का लाभ मिलेगा। रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। व्यापार मनोनुकूल लाभ देगा। नौकरी में प्रभाव वृद्धि होगी। किसी व्यक्ति से बहस हो सकती है। आशंका-कुशंका से बाधा होगी।

राशि फलादेश