बसना/ होला मोहल्ला की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा

बसना/ होला मोहल्ला की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा

महासमुंद/बसना विकासखण्ड अंतर्गत गढ़फुलझर नानक सागर में आगामी 15 मार्च को होला मोहल्ला का आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह आज नानक सागर पहुंचे। यहां 15 मार्च को श्री गुरूनानक देव जी के ऐतिहासिक स्थल नानक सागर में होला मोहल्ला का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में भव्य गुरूद्वारा अस्पताल एवं यात्री निवास हेतु भूमि पूजन व अरदास भी किया जाएगा।

समिति के सदस्यों ने बताया कि यहां देश विदेश से सीख कमेटियों एवं अन्य प्रमुख दलों को आमंत्रित किया गया है। जिसमें बड़ी संख्या में कमेटियों एवं प्रमुखजन आएंगे। कलेक्टर ने की जा रही तैयारियों का अवलोकन किया एवं सुरक्षा, बेरिकेटिंग, साफ सफाई, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम बसना श्री हरिशंकर पैकरा सहित समिति के सदस्य श्री रोमी सलूजा मौजूद थे।

महासमुंद/नव्या प्रोजेक्ट के तहत 10वीं उत्तीर्ण किशोरी बालिकाओं को सिलाई एवं कम्प्यूटर कोर्स में प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर

महासमुंद/नव्या प्रोजेक्ट के तहत 10वीं उत्तीर्ण किशोरी बालिकाओं को सिलाई एवं कम्प्यूटर कोर्स में प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर

महासमुंद/ प्रधानमंत्री कौशल विकास योजनांतर्गत NAVYA (Nurturing Aspirations through Vocational Training for Young Adolescent Girls½ प्रोजेक्ट के तहत सिलाई एवं कम्प्यूटर कोर्स में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदाय किया जाना है। यह केन्द्र सरकार की एक पहल है जिसे कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रारंभ किया गया है। इसका उद्देश्य 10वीं उत्तीर्ण 16 से 18 वर्ष के किशोरी बालिकाओं को विभिन्न रोजगारों में कुशल बनाना है ताकि रोजगार को बढ़ावा मिल सके। यह विकसित भारत के लक्ष्यों के अनुरूप है और आकांक्षी जिलों पर केंद्रित है। जिसके लिए सिलाई एवं कम्प्यूटर कोर्स में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए इच्छुक युवा जिला कौशल विकास प्राधिकरण जिला पंचायत महासमुंद अथवा लाइवलीहुड कॉलेज बरोंडा बाजार महासमुंद में आवेदन सहित 01 फोटो, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा कर प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं।

इसी तरह जिले में संचालित मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से 18 से 45 वर्ष तक के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार मूलक कौशल प्रशिक्षण प्रदाय किया जाना है। जिसके तहत मुख्यमंत्री कौशल विकास योजनांतर्गत असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन सीसीटीवी इंस्टालेशन टेक्निशियन सोलर पैनल इंस्टालेशन टेक्निशियन जनरल ड्यूटी असिस्टेंट होम हेल्थ एंड जल वितरण संचालक सेल्स पर्सन डिस्ट्रिब्यूशन आईटी टेक्निकल सपोर्ट एसोसिएट कोर्स में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदाय किया जाना है। साथ ही साथ प्रशिक्षण उपरांत युवाओं को रोजगार से जोड़ने एवं स्वरोजगार स्थापित कराए जाने में सहायता की जाएगी।

प्रशिक्षण का संचालन लाइवलीहुड कॉलेज बरोंडा बाजार महासमुंद लाइवलीहुड कॉलेज एक्सटेंशन बिरकोनी एवं आईटीआई सरायपाली में किया जाएगा। जिसके लिए संबंधित कोर्स में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए इच्छुक युवा जिला कौशल विकास प्राधिकरण जिला पंचायत महासमुंद अथवा लाइवलीहुड कॉलेज बरोंडा बाजार महासमुंद, लाइवलीहुड कॉलेज एक्सटेंसन बिरकोनी/आईटीआई सरायपाली में आवेदन सहित 01 फोटो शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा कर प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं।

सरायपाली में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित

सरायपाली में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायपाली में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन आयोजित की गई।

बैठक में हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं के समयपूर्व चिन्हांकन, उनके नियमित फॉलोअप एवं काउंसलिंग, साप्ताहिक आयरन फोलिक एसिड अनुपूरण कार्यक्रम, टीकाकरण की प्रगति, शिशु मृत्यु एवं मातृ मृत्यु ऑडिट जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रत्येक शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर कुपोषित बच्चों के लिए आयोजित किए जा रहे विशेष शिविरों की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल नायक, खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टी.आर. धृतलहरे, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक शीतल सिंह, प्रभारी सीडीपीओ दीक्षा बारीक सहित महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के सभी सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

महासमुंद/जिले में 17 मार्च से शिशु संरक्षण माह अभियान की शुरुआत बच्चों को विटामिन ए एवं आयरन फॉलिक एसिड सिरप का किया जाएगा वितरण

महासमुंद/जिले में 17 मार्च से शिशु संरक्षण माह अभियान की शुरुआत बच्चों को विटामिन ए एवं आयरन फॉलिक एसिड सिरप का किया जाएगा वितरण

महासमुंद/ राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 मार्च 2026 से 21 अप्रैल 2026 तक शिशु संरक्षण माह अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को विशेष स्वास्थ्य सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ पोषण संबंधी सेवाएं भी प्रदान की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान 9 माह से 59 माह तक के बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाया जाएगा तथा 6 माह से 59 माह तक के बच्चों को आयरन एवं फोलिक एसिड सिरप वितरित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में कुपोषण, एनीमिया तथा अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम करना है, ताकि बच्चों का समुचित शारीरिक और मानसिक विकास सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से विस्तृत माइक्रोप्लान तैयार किया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से गांव-गांव में जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक बच्चों तक इस अभियान का लाभ पहुंचाया जा सके।

डॉ. राव ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने बच्चों को नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र या स्वास्थ्य केंद्र में अवश्य लेकर आएं, ताकि बच्चों को विटामिन-ए एवं आयरन की खुराक देकर उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि विटामिन-ए बच्चों की आंखों की रोशनी को सुरक्षित रखने में सहायक होता है तथा रतौंधी से बचाव करता है। इसके साथ ही यह बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है, जिससे वे संक्रमण से बेहतर तरीके से लड़ पाते हैं और उनकी शारीरिक वृद्धि एवं विकास भी बेहतर होता है। अभियान के दौरान बच्चों का वजन एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा, एनीमिया की जांच की जाएगी तथा अभिभावकों को पोषण और स्तनपान संबंधी परामर्श भी दिया जाएगा। इसके अलावा गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें उपचार के लिए आवश्यकतानुसार रेफर भी किया जाएगा, ताकि समय पर उनका समुचित इलाज सुनिश्चित किया जा सके।

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह ने यूपीएससी में चयनित संजय डहरिया को किया सम्मानित

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह ने यूपीएससी में चयनित संजय डहरिया को किया सम्मानित

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने यूपीएससी रिजल्ट 2025 में सफलता हासिल करने वाले जिले के प्रतिभाशाली युवा श्री संजय डहरिया को आज अपने कक्ष में सम्मानित किया। कलेक्टर ने संजय डहरिया को गुलदस्ता एवं मोमेंटो भेंट कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कलेक्टर ने बधाई देते हुए कहा कि यूपीएससी की चयन सूची शामिल होना बहुत बड़ी उपलब्धि है। शारीरिक परेशानी होते हुए भी आपने मानसिक दृढ़ता का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल किया जो असाधारण है। उन्होंने कहा कि आपने न केवल अपने माता-पिता, परिवार और समाज के साथ जिला महासमुंद का नाम रोशन किया है, बल्कि हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास़्त्रोत है। इस अवसर को अपने परिवार और समाज को देने का समय है आगे अपनी सर्विस के दौरान पब्लिक के लिए भी बेहतर कार्य करेंगे, यही हमारी ओर से शुभकामनाएं है। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

उल्लेखनीय है कि विकासखण्ड महासमुंद अंतर्गत ग्राम बेल्टुकरी के निवासी श्री संजय डहरिया पिता लखन डहरिया ने यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने अपने माता-पिता, परिवार और जिले का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय लहरे, सहायक क्रीड़ा अधिकारी अंजली बरमाल, श्री विजय डहरिया, श्री पुनेश्वर डहरिया, प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं कार्यकारिणी सदस्य श्री एस.आर. बंजारे, प्रदेश सहसचिव श्री दिनेश बंजारे, पूर्व कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती नूतन कुर्रे, तारिणी बर्मन, युवा जिलाध्यक्ष श्री तेजराम चौलिक, युवा प्रकोष्ठ महासमुंद के ब्लॉक अध्यक्ष श्री महेश जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

महासमुंद/आमाकोनी सबस्टेशन की क्षमता बढ़ी, 19 गांवों को मिलेगी लो-वोल्टेज और ओवरलोडिंग से राहत

महासमुंद/आमाकोनी सबस्टेशन की क्षमता बढ़ी, 19 गांवों को मिलेगी लो-वोल्टेज और ओवरलोडिंग से राहत

महासमुंद/ क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए बिजली से जुड़ी समस्याओं में अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आमाकोनी 33/11 केवी सबस्टेशन की क्षमता में वृद्धि की गई है।

विद्युत विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में सबस्टेशन के ट्रांसफार्मर का अपग्रेडेशन किया गया, जिसके तहत इसकी क्षमता 3.15 एमवीए से बढ़ाकर 5 एमवीए कर दी गई है। ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ने से क्षेत्र के 19 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इन गांवों में लंबे समय से बिजली की बढ़ती मांग के कारण लो-वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई थी।

विद्युत विभाग के अनुसार सबस्टेशन की क्षमता बढ़ने से अब क्षेत्र में होने वाली ओवरलोडिंग और लो-वोल्टेज की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। खासकर कृषि सीजन के दौरान किसानों को बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या से भी राहत मिलेगी, जिससे सिंचाई कार्य सुचारू रूप से हो सकेगा। इस कार्य के दौरान अधीक्षण अभियंता श्री वाई.के. मनहर, कार्यपालन अभियंता श्री पी.आर. वर्मा, एसटीएम कार्यपालन यंत्री श्री आर.के. चौहान तथा प्रोजेक्ट कार्यपालन यंत्री श्री महेश नायक सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे और उन्होंने इस पहल का स्वागत करते हुए विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे सुधारात्मक कार्य जारी रहेंगे।

महासमुंद/बागबाहरा सफलता की कहानी 10,000 चूजों की क्षमता वाले एयर कंडीशनर मुर्गी फार्म का संचालन कर रही है माँ लक्ष्मी महिला समूह

महासमुंद/बागबाहरा सफलता की कहानी 10,000 चूजों की क्षमता वाले एयर कंडीशनर मुर्गी फार्म का संचालन कर रही है माँ लक्ष्मी महिला समूह

महासमुंद/ जिले के बागबाहरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम एम.के. बाहरा की जय माँ लक्ष्मी महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाएं आज राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़कर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं। आजीविका मिशन 150 के द्वितीय चरण के अंतर्गत समूह द्वारा स्थापित 10,000 चूजों की क्षमता वाले एयर कंडीशनर मुर्गी फार्म का शुभारम्भ जिला स्काउट गाइड के अध्यक्ष श्री एतराम साहू एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमंत नंदनवार के द्वारा किया गया।

समूह की अध्यक्ष युगेश्वरी साहू बताती है कि समूह की सदस्य महिलाएं पहले मुख्य रूप से खेती-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके पास आय का स्थायी साधन और पर्याप्त संसाधन नहीं थे, जिसके कारण उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आने लगा। समूह की सभी सदस्याओं ने मिलकर आजीविका गतिविधियों की शुरुआत की और धीरे-धीरे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया।

युगेश्वरी बताती है कि समूह को एनआरएलएम के तहत 15 हजार रुपये की चक्रीय निधि प्राप्त हुई, जिससे उन्होंने छोटे स्तर पर मुर्गी फार्म की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) से 60 हजार रुपये प्राप्त किए तथा बैंक लिंकेज के माध्यम से 1 लाख रुपये का ऋण लिया। व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने क्रमशः 2 लाख रुपये और 5 लाख रुपये का उद्यम ऋण भी प्राप्त किया। आजीविका को और विस्तारित करने के उद्देश्य से समूह ने बैंक से 10 लाख रुपये का ऋण लेकर आधुनिक एसी मुर्गी फार्म की स्थापना की। इस कार्य में अध्यक्ष युगेश्वरी साहू के पति सुरेश साहू के मार्गदर्शन का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आज इस मुर्गी फार्म से समूह को लगभग 80 से 90 हजार रुपये तक मासिक आय प्राप्त हो रही है। इससे समूह की महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में काफी सुधार आया है। इस व्यवसाय के माध्यम से समूह की सदस्याएं आत्मनिर्भर बनी है। साथ ही अन्य सदस्यों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। बढ़ी हुई आय से वे अपने परिवार के पालन-पोषण, स्वास्थ्य, बच्चों की उच्च शिक्षा तथा जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सक्षम हो रही हैं। समूह की सदस्याओं का कहना है कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्हें आजीविका शुरू करने का साहस, प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग मिला है। वे इस व्यवसाय को और आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं तथा राज्य शासन एवं बिहान योजना के प्रति आभार व्यक्त की हैं।

सरायपाली घंटेश्वर मंदिर के पास घेराबंदी… बाइक सवार से खुला गांजे का राज, ओडिशा का युवक गिरफ्तार

सरायपाली घंटेश्वर मंदिर के पास घेराबंदी… बाइक सवार से खुला गांजे का राज, ओडिशा का युवक गिरफ्तार

सरायपाली/महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सरायपाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करते एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलो 329 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल से ओडिशा की ओर से गांजा लेकर सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घंटेश्वर मंदिर सरायपाली के पास घेराबंदी कर संदेही का इंतजार किया। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल से युवक वहां पहुंचा, जिसे रोककर पूछताछ की गई।

पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्ण चंद्र राणा (22 वर्ष) निवासी ग्राम बटागुंडा, थाना बालीगुडा (ओडिशा) तथा वर्तमान निवास तुसरा, जिला बलांगीर बताया। पुलिस द्वारा नियमानुसार धारा 50 एनडीपीएस एक्ट के तहत तलाशी की प्रक्रिया पूरी करने पर उसके पास से 5 किलो 329 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 20 (बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल (OD 12 F 1584) भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में 49 मामलों में 3057.790 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कुल कीमत 15 करोड़ 23 लाख 70 हजार रुपये है। इन मामलों में 131 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

महासमुंद में कई जगह छापेमार कार्रवाई, होटलों-ढाबों से 29 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

 

महासमुंद, 11 मार्च 2026/ संचालक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग की जांच के लिए खाद्य विभाग की टीम द्वारा आज महासमुंद नगर के होटलों और ढाबों में औचक निरीक्षण किया गया।
खाद्य अधिकारी श्री अजय यादव ने बताया कि टीम द्वारा नगर में

 

संचालित विभिन्न होटल, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग की जांच की गई। जांच के दौरान सोनी मिष्ठान भंडार से 10, नेमी भोजनालय से 5, सीमांचल होटल से 5, आरोग्य अमृततुल्य चाय सेंटर से 2, प्रांजल इडली सेंटर से 2, पिज्जा गेलेरी से 1, अमय डोसा सेंटर से 1, टेस्ट ऑफ पंजाब रेस्टोरेंट से 1, चाय एंड चिल रेस्टोरेंट से 1 तथा एस सेंडविच सेंटर से 1 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 29 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। खाद्य विभाग के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है।

जब्त किए गए सिलेंडरों के संबंध में प्रकरण कलेक्टर न्यायालय महासमुंद में प्रस्तुत किया जाएगा। जांच दल में सहायक खाद्य अधिकारी श्री हरीश सोनेश्वरी, श्री मनीष यादव तथा खाद्य निरीक्षक श्री सुशील शर्मा, श्री अविनाश दुबे और श्री दिव्यांशु देवांगन शामिल थे।

खाद्य विभाग द्वारा सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे ईंधन के रूप में केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। विभाग द्वारा होटलों और ढाबों की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

महासमुंद! शराब से सरकारी खजाना बढ़ाना चाहता है सरकार टारगेट पूरा करने सख्त निर्देश —महुवा शराब होटल-ढाबों और चखना सेंटरों पर होगी कार्रवाई कितना करोड़ है लक्ष्य पढ़े पूरी खबर

महासमुंद, 11 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को जिला कार्यालय में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में आबकारी अधिकारी श्री सुनील सूर्यवंशी द्वारा बताया गया कि विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। कलेक्टर श्री लंगेह ने निर्धारित राजस्व लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गत वर्ष फरवरी तक 211 करोड़ रुपये की तुलना में इस वर्ष 291 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है । इसे और बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कलेक्टर श्री लंगेह ने उड़ीसा एवं अन्य प्रांतों से आने वाली अवैध शराब की रोकथाम के लिए कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर भी कठोर कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने हाइवे किनारे संचालित होटल-ढाबों की नियमित जांच करने तथा अवैध चखना सेंटरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी श्री सुनील कुमार सूर्यवंशी, सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री दीपक कुमार ठाकुर तथा जिले के समस्त आबकारी उपनिरीक्षक उपस्थित थे।