सरायपाली क्षेत्र में उर्वरक (यूरिया) के भंडारण और वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। 30 अगस्त 2025 को कृषि विभाग की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान सरायपाली के बालाजी राइस मिल एवं ओम फर्टिलाइज़र में लगभग 270 बोरी यूरिया बिना अनुमति के भंडारित पाई गई।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि यूरिया का उचित वितरण नहीं किया गया था। यूरिया भंडारण को उर्वरक नियंत्रण अधिनियम 1985 का उल्लंघन मानते हुए दोनों संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित पक्ष 3 दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करें, अन्यथा लाइसेंस निलंबन/निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, कार्रवाई के बाद जब्त की गई सभी 270 बोरी यूरिया को शासन द्वारा निर्धारित दर पर किसानों के बीच तत्काल वितरित कर दिया गया, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस प्रकार की अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



