(छत्तीसगढ़)। जशपुर जिले के बगीचा इलाके में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। चरईडांड स्टेट हाईवे पर एक अनियंत्रित बोलेरो श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गई, जिससे एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई और करीब 22 लोग घायल हो गए। हादसा रात लगभग 12 बजे हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो रायकेरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी। उस समय लगभग डेढ़ सौ लोग विसर्जन जुलूस में शामिल थे। वाहन के भीड़ में घुसते ही चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। गुस्साए लोगों ने चालक की मौके पर पिटाई कर दी, जबकि बोलेरो में सवार अन्य लोग मौके से भाग निकले।
घटना की जानकारी मिलते ही जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, जनप्रतिनिधि शंकर गुप्ता, एसडीओपी दिलीप कोसले और पुलिस दल मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों की मदद से कई घायलों को तत्काल अस्पताल रवाना किया गया।
घायलों को पहले बगीचा अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को कांसाबेल, कुनकुरी, सन्ना और अंबिकापुर के अस्पतालों में रेफर किया गया। देर रात एसडीओपी दिलीप कोसले, एसडीएम प्रदीप राठिया, तहसीलदार महेश्वर उईके सहित पुलिस बल मौके पर डटे रहे। वहीं, एसएसपी शशि मोहन सिंह भी एक बजे अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास रात दो बजे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। कलेक्टर ने बताया कि गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। इसके साथ ही दो नायब तहसीलदार और मेडिकल ऑफिसर को अंबिकापुर भेजा गया है ताकि वहां इलाज की उचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।



