महासमुन्द कवर्धा/ गांजा तस्कर से जाली नोटों का सौदागर बना आरोपी, पुलिस-आरोपी की सेटिंग से महकमे में खलबली 4 पुलिस कर्मचारीयों को सस्पेंड कर दिया गया है
महासमुंद/कवर्धा।
महासमुंद जिले में पुलिस और आरोपी की कथित सेटिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांजा तस्करी में पकड़ा गया आरोपी न सिर्फ नशीले पदार्थों की तस्करी करता था बल्कि जाली नोटों के धंधे में भी शामिल पाया गया है। इस खुलासे के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और चार आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।
दैनिक भास्कर मे छपी खबर के अनुसार आरोपी भीखम चंद्रवंशी (27), निवासी ग्राम मोहत्तर, थाना पांडातराई, जिला कबीरधाम अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बाइक (सीजी 07 बीएम 8370) पर ओडिशा से गांजा खरीदकर लौट रहा था। 5 सितंबर को पिथौरा पुलिस ने उसे 20 किलो गांजा सहित पकड़ा, लेकिन आरोप है कि उसने पुलिस से 60 हजार रुपये में सेटिंग कर ऑनलाइन भुगतान कर छूट प्राप्त कर ली।
दो दिन बाद जब आरोपी अपने गांव लौट रहा था, तो कबीरधाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। दशरंगपुर चौकी के पास तलाशी में उसके पास से 500-500 रुपये के 15 नकली नोट (कुल 7,500 रुपये) बरामद हुए। हालांकि गांजा नहीं मिला, लेकिन जांच में नकली नोटों के बड़े नेटवर्क की जानकारी हाथ लगी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह लंबे समय से जाली नोटों का कारोबार कर रहा है। अब तक लगभग 50 हजार रुपये के नकली नोट बाजार में चला चुका है। आरोपी ने 3 से 4 लाख रुपये तक के नकली नोट अलग-अलग जगहों पर खपाने की बात भी मानी। वह ओडिशा के सप्लायरों के संपर्क में आया था और वहीं से नकली नोटों का धंधा शुरू किया।
डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर (कवर्धा) ने बताया कि आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 179 और 180 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में ओडिशा नेटवर्क की पुष्टि हुई है। जल्द ही पुलिस टीम ओडिशा रवाना होगी।
इस बीच, महासमुंद एसपी आशुतोष सिंह ने गांजा तस्कर को सेटिंग कर छोड़ने के आरोप में चार आरक्षकों को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि विभागीय जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



