बसना : पलसापाली बेरियर पर रुका ‘रहस्यमयी पिकअप’, पुलिस ने खोला तो निकला 22 लाख का………………….
बसना (महासमुंद)। बसना पुलिस ने पलसापाली बेरियर में वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 1 क्विंटल 10 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। मौके से दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जो ओडिशा से उत्तर प्रदेश गांजा की खेप लेकर जा रहे थे।
थाना बसना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक जयंत बारिक ने बताया कि 15 अक्टूबर 2025 को हमराह आरक्षक क्रमांक 661, 941 और 791 के साथ वे सरकारी वाहन क्रमांक CG03A1085 से पलसापाली बेरियर की ओर रवाना हुए थे। वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप UP65CT0136 में दो व्यक्ति सवार होकर आए। वाहन के पीछे डाला में रखी चार सफेद बोरियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ पर दोनों ने स्वीकार किया कि बोरियों में गांजा है।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अनिल कुमार पासवान पिता सीमरत पासवान (31) निवासी अर्रा, थाना मोहनिया, जिला कैमूर, भभुआ (बिहार) और अरुण सोलंकी पिता सुरेन्द्र सिंह सोलंकी (33) निवासी खानपुर, थाना चोला, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। दोनों ने पूछताछ में बताया कि वे यह गांजा सोनपुर (ओडिशा) से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।
मौके पर गवाह प्रमोद कुमार और खेमराज महंती की उपस्थिति में पुलिस ने तलाशी की कानूनी प्रक्रिया पूरी की। दोनों आरोपियों को धारा 50 एनडीपीएस एक्ट का नोटिस दिया गया और उनकी सहमति से वाहन की तलाशी ली गई। चारों बोरियों को मार्क कर M-1 से M-4 तक क्रमांकित किया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर M-1 का वजन 30.100 किग्रा, M-2 का 30.100 किग्रा, M-3 का 30.100 किग्रा और M-4 का 20.100 किग्रा पाया गया। कुल वजन 110.400 किलोग्राम (बोरी सहित) निकला।
बरामद गांजे की कीमत लगभग 22 लाख रुपये आंकी गई। गवाहों की मौजूदगी में गांजा सीलबंद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने मौके से पीकअप वाहन (कीमत 5 लाख), एक टच स्क्रीन मोबाइल (₹5,000), नकद ₹1,000, एक एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और दस्तावेज भी जब्त किए। इस तरह कुल जप्ती की कीमत ₹27,06,000 आंकी गई।
गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपियों को धारा 20(ख) नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांसेस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई। घटना स्थल से ही देहाती नालसी क्रमांक 0/2025 पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू की गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी एक बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं, जो ओडिशा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली के कई हिस्सों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब उनके संपर्क सूत्रों की जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में आरक्षक सुनील चंद्रवंशी (661), जयप्रकाश कंवर (791) और अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बरामद गांजे का नमूना लेकर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
एसडीओपी सरायपाली ने कहा कि पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी खेप पकड़ में आई है। सीमावर्ती इलाकों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान में बसना पुलिस की यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि गांजे की इतनी बड़ी मात्रा जिले में पहली बार पकड़ी गई है। यह कार्रवाई न केवल तस्करों के लिए बड़ा झटका है बल्कि यह साबित करता है कि पुलिस मादक पदार्थों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह तत्पर है।