“महानदी ओवरब्रिज पर मौत की टक्कर… ट्रक चालक का तेजी-लापरवाही भरा सफर बना युवक का आखिरी रास्ता!”
महासमुंद थाना में पदस्थ म० प्रधान आरक्षक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोतवाली में मर्ग क्रमांक 181/25, धारा 194 BNSS के तहत मृतक खेलन निषाद (27 वर्ष) पिता स्व. यादराम निषाद, निवासी लाफिनखुर्द, की मर्ग जांच की गई।
जांच में सामने आया कि दिनांक 16/11/2025 को खेलन निषाद अपने साथी मोतीराम निषाद की मोटरसाइकिल क्र. CG 04 QA 4834 लेकर आरंग गया था। आरंग से महासमुंद लौटते समय वह महानदी ओवरब्रिज पर लगभग 18:30 बजे पहुंचा। उसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 04 PN 4829 के चालक ने अपने वाहन को तेजी और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए खेलन की बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि खेलन निषाद को सिर, माथे, सीने और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। तत्काल 108 एम्बुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
अस्पताल से प्राप्त अस्पताली मेमो को सूचक नूतन देवांगन (वार्ड बॉय) द्वारा थाना में प्रस्तुत किया गया। डॉ. आकांक्षा क्षत्रीय, जूनियर रेजिडेंट (सर्जरी), ने खेलन निषाद को मृत घोषित किया और शव को पोस्टमार्टम हेतु चीरघर भेजा गया।
जांच में तथ्य पाए जाने पर ट्रक चालक के विरुद्ध धारा 106(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।कायमी की सूचना एसडीएम महासमुंद को भी भेजी गई है।



