अचानक ब्रेक… और भिड़ गए दो ट्रक! महासमुंद के शीतली नाला के पास बड़ा हादसा
महासमुंद। महासमुंद जिले के शीतली नाला क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हाईवे पर चल रहे दो भारी ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन एक ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ताज नगर पुरानी बस्ती, अमरपाटन जिला सतना (म.प्र.) निवासी ट्रक चालक, जो एक डिलीवरी कंपनी रायपुर के ट्रक क्रमांक TG 07 T 3280 का संचालन कर रहा था, रायपुर से भवानीपटना (ओडिशा) पार्सल डिलीवरी के लिए रवाना था। दोपहर करीब 12:30 बजे, जैसे ही ट्रक महासमुंद के शीतली नाला के पास पहुंचा, उसी समय आगे चल रहे ट्रक क्रमांक CG 06 GN 6977 के चालक ने अचानक बिना किसी संकेत के तेज ब्रेक लगा दिया।
अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रहे ट्रक चालक को संभलने का मौका नहीं मिला। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद पीछे से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी भी चालक को शारीरिक चोट नहीं आई। घटना की सूचना संबंधित थाने में दी गई, जहां मामले में धारा 281 बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हाईवे पर इस तरह की लापरवाही एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि भारी वाहनों के चालक यातायात नियमों का पालन कितनी गंभीरता से कर रहे हैं।



