महासमुंद गुडरूपारा में सैलून संचालक पर हमला, जान से मारने की धमकी — लकड़ी के डंडे से किया वार
महासमुंद।वार्ड क्रमांक 27 गुडरूपारा बजरंग चौक महासमुंद निवासी एक सैलून संचालक पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित द्वारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित, जिसकी सतबहनीया चौक के पास “सुनील सैलून” नाम से दुकान है, दिनांक 11 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे अपने घर से दुकान जा रहा था। इसी दौरान गुडरूपारा हॉस्टल के पास कुटु यादव नामक व्यक्ति मिला और बीती रात गाली-गलौच करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित को दो-तीन थप्पड़ मार दिए। पीड़ित ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए विवाद शांत कराया और दुकान चला गया।
करीब 10 से 15 मिनट बाद आरोपी कुटु यादव पीड़ित की दुकान पर पहुंचा और अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे लकड़ी के डंडे से पीड़ित के बांए हाथ पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और तेज दर्द होने लगा।
घटना को मौके पर मौजूद सुनील सेन ने देखा और बीच-बचाव किया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। इसके बाद पीड़ित सीधे थाना पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 115(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।



