सिंघोडा क्षेत्र छुईपाली में LPG सिलेंडर से भरे पिकअप में लगी भीषण आग, एनएच-53 रहा 7 घंटे जाम रिपोर्ट दर्ज
महासमुंद। थाना सिंघोडा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुईपाली चौक के पास सोमवार 12 जनवरी 2026 को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। LPG गैस सिलेंडरों से भरे पिकअप वाहन में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर करीब 6 से 7 घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 PZ 9485 में लगभग 50 से 60 LPG सिलेंडर लोड कर सिंघोडा से सरायपाली की ओर ले जाए जा रहे थे। वाहन चालक शैलेंद्र सिंह चौहान द्वारा ज्वलनशील पदार्थ के परिवहन में घोर लापरवाही बरती गई, जिससे गैस टंकी में आग लग गई और विस्फोट जैसी स्थिति निर्मित हो गई।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों, राहगीरों, वाहनों तथा आसपास के घरों व दुकानों में रहने वाले लोगों के लिए भारी जन-धन हानि और मानव जीवन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया। आगजनी से राष्ट्रीय राजमार्ग के सड़क ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।
इस हादसे में वाहन चालक शैलेंद्र सिंह चौहान गंभीर रूप से झुलस गया, जिसके दोनों हाथ और चेहरा आग की चपेट में आ गया। चालक के साथ वाहन में विकेश चौरसिया मौजूद था। पूछताछ में वाहन स्वामी का नाम मनीष नाबरिया, निवासी करन नगर चंगोरा भांठा जिला रायपुर बताया गया।
FIR दर्ज
घटना के संबंध में BSCPL कंपनी के कर्मचारी जाधव प्रधान द्वारा थाना सिंघोडा में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन के आधार पर थाना सिंघोडा में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 110, 125(A), 287 एवं 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार LPG सिलेंडरों के परिवहन के निर्धारित नियमों की अनदेखी कर किया गया यह कृत्य गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है, जिससे सामूहिक जनजीवन को खतरे में डाला गया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि सिलेंडरों का परिवहन किन दस्तावेजों के आधार पर किया जा रहा था, सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया तथा इसमें और कौन-कौन जिम्मेदार हैं।



