सरायपाली : एक के बाद एक फटने लगे सिलेंडर से भरा वाहन आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। FIR दर्ज
छुईपाली में LPG सिलेंडरों से भरे पिकअप में भीषण आग, एनएच-53 पर 7 घंटे ठप रहा यातायात
सिंघोडा (महासमुंद)।
राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम छुईपाली चौक के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। LPG सिलेंडरों से भरे एक पिकअप वाहन में अचानक आग लग गई, जिसके बाद सिलेंडर लगातार फटने लगे। हादसे से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब 6 से 7 घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 PZ 9485 में लगभग 50 से 60 LPG सिलेंडर
लोड थे, जिसे सिंघोडा से सरायपाली की ओर ले जाया जा रहा था। ग्राम छुईपाली स्थित हेमंत वस्त्रालय के पास पहुंचते ही वाहन के गैस टंकी में अचानक आग लग गई और कुछ ही पलों में सिलेंडर एक के बाद एक फटने लगे। आग की लपटें कई मीटर ऊंचाई तक उठने लगीं, जिससे आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई।
घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले सैकड़ों वाहन फंस गए। कई किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। आसपास के घरों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रही। सूचना मिलते ही थाना सिंघोडा पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग की चपेट में आने से वाहन चालक शैलेंद्र सिंह चौहान के दोनों हाथ और चेहरा झुलस गया, जिसे तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। चालक के साथ मौजूद विकेश चौरसिया सुरक्षित बताया गया।
लापरवाही से किया जा रहा था परिवहन
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि LPG सिलेंडरों का परिवहन निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों के विपरीत किया जा रहा था। ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित परिवहन के नियमों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ, जिससे आमजन के जीवन और संपत्ति पर गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ।
FIR दर्ज, जांच जारी
इस संबंध में BSCPL कंपनी छुईपाली टोल प्लाजा में कार्यरत जाधव प्रधान की शिकायत पर थाना सिंघोडा पुलिस ने चालक शैलेंद्र सिंह चौहान, विकेश चौरसिया, वाहन स्वामी मनीष नाबरिया एवं अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 110, 125(ए), 287 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि LPG सिलेंडरों का परिवहन किस कंपनी या एजेंसी के माध्यम से किया जा रहा था तथा क्या इसके लिए वैध अनुमति ली गई थी या नहीं।
बड़ा हादसा टला
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि यह घटना थोड़ी देर बाद होती, जब सड़क पर और अधिक भीड़ रहती, तो जनहानि और संपत्ति नुकसान कहीं अधिक हो सकता था। प्रशासन की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।



