सरायपाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 लीटर महुआ शराब व यामहा R15 बाइक जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
सरायपाली।थाना सरायपाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब एवं एक बिना नंबर की यामहा R15 मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 जनवरी 2026 को थाना सरायपाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक अपने हमराह स्टाफ के साथ जुर्म जरायम पतासाजी पर नगर भ्रमण में थे। इसी दौरान अग्रसेन चौक पर मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति नीले रंग की बिना नंबर वाली यामहा मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर बाजारपारा की ओर जा रहे हैं।
सूचना पर गवाहों मनोज यादव एवं रामेश्वर सिन्हा को साथ लेकर पुलिस टीम ने बाजारपारा फौहारा चौक में घेराबंदी की। कुछ समय बाद बताए हुलिए के अनुसार मोटरसाइकिल आते दिखाई दी, जिसे घेराबंदी कर रोका गया।
मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम खिरोद विश्रा (19 वर्ष) निवासी बगईजोर तथा पीछे बैठे युवक ने अपना नाम मनीष भोई (25 वर्ष) निवासी बालसी बताया। दोनों के पास रखे मिलिट्री रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें 5-5 लीटर के तीन पैकेट, कुल 15 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर शराब कीमती 3000 रुपये तथा परिवहन में प्रयुक्त यामहा R15 मोटरसाइकिल कीमती लगभग 1,50,000 रुपये को जप्त किया। आरोपियों द्वारा शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
इस पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें क्रमशः 10:40 एवं 10:45 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामला अजमानतीय होने के कारण परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत करते हुए आगे की विवेचना की जा रही है।सरायपाली पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।



