महासमुंद/सांकरा नवागांव मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत
महासमुंद/सांकरा। थाना सांकरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलडीह से केशरीपुर जाने वाले मार्ग पर ग्राम नवागांव के पास गुरुवार सुबह एक युवक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल वर्गे पिता टेनसिंग वर्गे उम्र 32 वर्ष, निवासी बगारदरहा थाना सांकरा जिला महासमुंद के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल वर्गे 15 जनवरी 2026 की सुबह करीब 10 बजे अपनी मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस क्रमांक CG 06 HE 4861 से अपने ससुराल ग्राम गिधली जाने के लिए निकला था। करीब 11 बजे जब वह ग्राम नवागांव के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक एवं तेज गति से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनिल सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर व चेहरे में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मृतक के भाई अश्वनी भोई पिता मंगल सिंह भोई उम्र 32 वर्ष निवासी बगारदरहा द्वारा थाना सांकरा में दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और देहाती मर्ग कायम कर शव पंचनामा कार्यवाही पूर्ण की गई।
थाना सांकरा में मर्ग क्रमांक 0/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। विवेचना प्रधान आरक्षक 74 संतोष यादव द्वारा की जा रही है। घटना की सूचना एसडीएम पिथौरा को भी पृथक से भेजी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन एवं चालक की तलाश में जुटी हुई है।



