महासमुंद: ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, नागपुर से संचालित नेटवर्क का खुलासा; सरगना समेत 3 गिरफ्तार
Mahajanpadnews.com | महासमुंद | 31 मई 2026
महासमुंद जिले के थाना सांकरा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए IPL क्रिकेट मैचों में दांव लगाकर सट्टा संचालित करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में स्थानीय स्तर के दो आरोपियों सहित नागपुर (महाराष्ट्र) से नेटवर्क संचालित करने वाले कथित सरगना को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि भगतदेवरी में नरेश निषाद की दुकान में IPL मैच के दौरान रुपये-पैसे का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खेला और खिलाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना सांकरा पुलिस ने रेड कार्रवाई की।
जांच के दौरान आरोपी नरेश निषाद और मनोहर मांझी के मोबाइल फोन की जांच की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नागपुर निवासी मधुसूदन ठाकरे से संपर्क कर IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाते थे तथा हार-जीत की रकम स्थानीय माध्यमों और PhonePe के जरिए प्राप्त की जाती थी।
पुलिस जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से ऑनलाइन सट्टे से जुड़े चैट, ट्रांजेक्शन स्क्रीनशॉट और PhonePe के माध्यम से हजारों से लेकर लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण मिलने की बात सामने आई है। जप्त मोबाइलों में iPhone, Vivo और Oppo जैसे फोन शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क केवल कुछ व्यक्तियों तक सीमित नहीं हो सकता। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट और डिजिटल भुगतान के डेटा की जांच में कई संदिग्ध नंबर तथा स्थानीय एजेंटों के सुराग मिले हैं। नागपुर से जुड़े इस नेटवर्क के स्थानीय स्तर पर कई अन्य खाईवालों से संबंध होने की आशंका जताई जा रही है।
सांकरा पुलिस अब मोबाइल लोकेशन और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड के आधार पर नेटवर्क की अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जांच आगे बढ़ने पर इस ऑनलाइन सट्टा रैकेट से जुड़े कुछ और बड़े चेहरों तक पहुंचने की संभावना है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी
नरेश निषाद (40 वर्ष), निवासी भगतदेवरी
मनोहर मांझी (38 वर्ष), निवासी नवागांव टुकड़ा सांकरा
मधुसूदन ठाकरे (40 वर्ष), निवासी जैताला, नागपुर महाराष्ट्र (कथित संचालक)
जप्त सामग्री
01 लैपटॉप
10 मोबाइल फोन
नगदी 1500 रुपये
Mahajanpadnews.com



