बसना। क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ग्राम तोषगांव और ग्राम खैरजुडी डीपापारा से कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत 12,200 रुपये आंकी गई है।
तालाब किनारे ग्राहक का इंतजार करते धरे गए दो आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई 1 जून 2026 की रात करीब 8 बजे ग्राम तोषगांव में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तोषगांव तालाब के किनारे दो व्यक्ति अवैध शराब बेचने की नीयत से ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों में कुंजराम अजगला (47 वर्ष) के कब्जे से एक 25 लीटर के नीले डिब्बे में भरी करीब 21 लीटर महुआ शराब (कीमत ₹4,200) और दूसरे आरोपी पन्नालाल अजगला (20 वर्ष) के कब्जे से करीब 25 लीटर महुआ शराब (कीमत ₹5,000) बरामद की गई। दोनों आरोपी तोषगांव के ही निवासी हैं।
खैरजुडी डीपापारा से तीसरा आरोपी गिरफ्तार
इसी क्रम में पुलिस ने दूसरी कार्रवाई ग्राम खैरजुडी डीपापारा में की। यहाँ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दुर्योधन सिदार (35 वर्ष) पिता राजेन्द्रन सिदार को रंगेहाथ पकड़ा। आरोपी के पास मौजूद जरीकेन की तलाशी लेने पर उसमें हाथ भट्ठी से निर्मित करीबन 15 लीटर महुआ शराब पाई गई, जिसकी कीमत ₹3,000 है।
आबकारी एक्ट (LCG) के तहत मामला दर्ज
बसना पुलिस ने तीनों मामलों में तत्परता दिखाते हुए कुल 57 लीटर अवैध महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त सामग्री को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी कुंजराम, पन्नालाल और दुर्योधन सिदार के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(2)-LCG के तहत अपराध कायम कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



