महासमुंद/सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ: सहकारी समितियों और जिला सहकारी बैंक में ध्वजारोहण, मनाई गई सहकारिता मंत्रालय की 5वीं वर्षगांठ
महासमुंद, 29 जून। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। सहकारिता सप्ताह के प्रथम दिवस पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के जिला कार्यालय महासमुंद सहित जिले की सहकारी संस्थाओं में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के तहत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्या. रायपुर के जिला कार्यालय महासमुंद अंतर्गत आने वाली 159 सहकारी समितियों में समिति अध्यक्षों, समिति प्रभारियों, कर्मचारियों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में ध्वजारोहण कर सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ किया गया।
इसके अलावा जिले के 16 जिला सहकारी केंद्रीय बैंक परिसरों में भी बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्राहकों की उपस्थिति में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर सहकारिता के महत्व, किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण तथा ग्रामीण विकास में सहकारी संस्थाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
सहकारिता सप्ताह के दौरान जिले में विभिन्न जनजागरूकता एवं सहकारिता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।



