महासमुंद पुलिस ने जिले में अपराध और नशे के खिलाफ एक ही दिन में तीन बड़ी कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया है। एक ओर सिंघोड़ा पुलिस ने मेडिकल संचालक से लूट की साजिश को विफल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में लगातार दूसरे दिन 5 करोड़ रुपये मूल्य के गांजे का नष्टीकरण किया गया। दूसरी ओर बलौदा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
महासमुंद के सिंघोड़ा पुलिस ने मेडिकल संचालक से लूट की बड़ी वारदात को समय रहते नाकाम करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मेडिकल दुकान की बिक्री की नकदी लूटने की योजना बनाकर वारदात को अंजाम देने निकले थे।
मामला 28 जून का है। मौलीखार निवासी वेदप्रसाद प्रधान रात करीब 8 बजे छुईपाली स्थित अपने भाई की मेडिकल दुकान से बिक्री की रकम लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनका पीछा किया। बोईरमाल के पास आरोपियों ने ओवरटेक कर बाइक रोकने की कोशिश की। एक आरोपी ने लोहे का सरिया दिखाकर हमला करने का प्रयास भी किया, लेकिन वेदप्रसाद सूझबूझ से वहां से निकलने में सफल रहे और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम खरनियाबहाल निवासी करूणा प्रधान (25) तथा ग्राम मौलीखार निवासी रितुराज प्रधान (19) और खीरसागर भोई (22) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे करीब एक महीने से मेडिकल संचालक की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे और बिक्री की रकम लूटने की योजना बनाई थी। घटना वाले दिन तीनों ने पहले शराब पी, फिर बाइक से पीछा कर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, लोहे का सरिया और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इधर, नशे के खिलाफ अभियान के तहत जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में बेलसोंडा स्थित बालाजी प्लांट में 33 एनडीपीएस मामलों में जब्त 9 क्विंटल 95 किलो 30 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 34 लाख 73 हजार रुपये है, नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार 29 और 30 जून को लगातार दो दिनों में कुल 19 क्विंटल 93 किलो 10 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ 46 लाख 78 हजार 500 रुपये है, नष्ट किया जा चुका है।
वहीं बलौदा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गायत्री चिकित्सालय के पास सार्वजनिक स्थान पर हंसिया लहराकर लोगों में दहशत फैला रहे 21 वर्षीय विकास भोई को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

महासमुंद पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



