बसना। मोबाइल खरीदने की बात को लेकर एक युवक पर अपनी मां को ईंट का टुकड़ा मारकर घायल करने और अगले दिन पत्नी से गाली-गलौज कर हमला करने का प्रयास करने का आरोप लगा है। पुलिस को दी शिकायत में ग्राम कुडेकेल निवासी मंजू सिदार ने बताया कि 24 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे वह अपने घर के सामने गली में थी। इसी दौरान उसका बेटा डिलेश्वर सिदार मोबाइल खरीदने की बात को लेकर बहस करने लगा। आरोप है कि डिलेश्वर ने पास रखे ईंट के टुकड़े को फेंककर उसे मार दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ की कलाई और सीने के पास चोट आई।
शिकायत के अनुसार, अगले दिन 25 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे डिलेश्वर ने अपनी पत्नी सरिता सिदार से भी मोबाइल लेने की बात को लेकर विवाद किया। आरोप है कि उसने अश्लील गाली-गलौज करते हुए सरिता पर ईंट का टुकड़ा फेंककर मारने का प्रयास किया। सरिता ने घर का दरवाजा बंद कर लिया, जिससे उसे चोट नहीं लगी। मंजू सिदार के अनुसार, घटना को उनकी बहू सरिता सिदार और घर में मेहमान के रूप में आई उनकी फुफु सास ने देखा-सुना है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।



