महासमुंद/ इलाज के दौरान बुझ गई जिंदगी, सांकरा थाना क्षेत्र में संदिग्ध सड़क हादसे का खुलासा
महासमुंद। थाना सांकरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढाबाखार में सड़क दुर्घटना का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां तेज गति और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सांकरा के मर्ग क्रमांक 44/25 धारा 194 BNSS के तहत मर्ग जांच की गई। मर्ग जांच के दौरान शव पंचनामा, गवाहों, परिजनों के कथन एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह पाया गया कि दिनांक 26 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 02:30 बजे विजय सिदार पिता नेहरू सिदार एवं कुमार सिदार पिता कुशवा सिदार, दोनों निवासी ढाबाखार, ग्राम भगतदेवरी से अपने गांव ढाबाखार लौट रहे थे।
जब वे ढाबाखार पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही मोटर साइकिल क्रमांक CG 06 GZ 2815 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटर साइकिल क्रमांक CG 06 GM 1179 को पीछे से टक्कर मार दी।
दुर्घटना में दोनों युवक सड़क पर गिर गए। कुमार सिदार को सामान्य चोटें आईं, जबकि विजय सिदार के सिर एवं सीने में गंभीर चोटें आईं। घायल विजय सिदार को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच की गई। जांच में मोटर साइकिल क्रमांक CG 06 GZ 2815 के चालक द्वारा अपराध घटित किया जाना पाए जाने पर उसके विरुद्ध धारा 281, 125(a) एवं 106(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



