सरायपाली: धान बोरियों के वजन में अंतर, ‘काटा मारने’ का खेल उजागर 2 निलंबित, बड़ी कार्रवाई
महासमुंद, 16 दिसम्बर 2025।
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर तहसीलदार के नेतृत्व में गठित विकासखंड स्तरीय टीम द्वारा 12 दिसम्बर 2025 को धान खरीदी केंद्र तोषगांव का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान धान खरीदी केंद्र में गंभीर अव्यवस्थाएं पाई गईं।
टीम द्वारा यह पाया गया कि धान की स्टेकिंग सुव्यवस्थित तरीके से नहीं की गई थी तथा धान से भरे बारदानों के वजन में भी अंतर पाया गया। इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की गई।
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित तोषगांव के प्राधिकृत अधिकारी श्री विजय प्रधान को उनके पद से पृथक कर दिया गया है। वहीं धान खरीदी प्रभारी एवं समिति प्रबंधक श्री नकुल साहू को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान श्री नकुल साहू को कर्मचारी सेवा नियम 2018 के तहत जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही उनका मुख्यालय जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर (छत्तीसगढ़) की शाखा तोरेसिंहा निर्धारित किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी सतत निगरानी जारी रहेगी।



