महासमुंद/सांकरा थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी का भंडाफोड़, दो वाहन समेत 10 गौवंश जब्त
महासमुंद/सांकरा। थाना सांकरा पुलिस ने गौवंश तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 10 नग भैंसा-भैंसी को जब्त किया है। इस दौरान उड़ीसा के दो आरोपियों को मौके से पकड़ा गया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 9 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 दिसंबर 2025 को झगरेंडीह फॉरेस्ट बेरियर के स्टाफ द्वारा सूचना दी गई कि दो पिकअप वाहनों में बिलाईगढ़ की ओर से उड़ीसा की तरफ गौवंश प्रजाति के मवेशियों को बुचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए थाना सांकरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक नीलकंठ नायक हमराह स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक OD26 E 1144 एवं OD05 BC 8415 में कुल 09 भैंसा एवं 01 भैंसी पाए गए। पूछताछ में चालकों ने मवेशियों को उड़ीसा के बुचड़खाने ले जाना स्वीकार किया, लेकिन खरीदी-बिक्री या परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मौके पर गवाहों की उपस्थिति में मवेशियों का बरामदगी पंचनामा तैयार कर उन्हें जब्त किया गया। आरोपियों की पहचान पुकू राउत (26 वर्ष) निवासी ग्राम महातमतोरा एवं खेमराज राउत (21 वर्ष) निवासी ग्राम भैंसाताल, थाना खरियार रोड, उड़ीसा के रूप में हुई।
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।



