सरायपाली/महासमुंद सैलून में शुरू हुआ विवाद, घर तक पहुंची खूनी धमकी — धारदार हथियार लेकर टूटा आरोपी!
सरायपाली | महासमुंद ग्राम केदुवा थाना सरायपाली क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मामूली विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। सैलून दुकान में गाने की आवाज को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देर शाम खून-खराबे में बदलने वाला था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम केदुवा निवासी एक सैलून संचालक अपनी दुकान में काम कर रहा था। उसी दौरान उसका रिश्तेदार बरूण श्रीवास दुकान में आया और तेज आवाज में म्यूजिक बजाने लगा। ग्राहक बैठे होने के कारण जब सैलून संचालक ने आवाज कम करने को कहा, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया।
बताया गया कि दोपहर से ही आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा। शाम करीब 7 बजे आरोपी धारदार हथियार लेकर फिर से दुकान पहुंचा और सैलून संचालक सहित उसके पिता खगेश्वर श्रीवास, बड़े भाई तारक राम श्रीवास और बड़े पिता परमानंद श्रीवास को जान से मारने की धमकी दी।
डर के कारण सभी अपने घर पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए हमला कर दिया। इस दौरान सैलून संचालक के दाहिने हाथ के अंगूठे और उंगलियों में चोट आई। बीच-बचाव में परिवार के अन्य सदस्य भी सामने आए, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना की सूचना पर पुलिस को आवेदन दिया गया है। मामले में धारा 118(1), 296, 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।



