महासमुंद पुलिस की त्वरित कार्रवाई: चंडी मंदिर गेट पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार
महासमुंद। थाना महासमुंद क्षेत्र अंतर्गत चंडी मंदिर गेट के सामने मेन रोड बिरकोनी में चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 जनवरी 2026 को सिटी कोतवाली महासमुंद में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्र.आर.के. 177 प्रकाश सिंह ठाकुर हमराह आरक्षक 112 व 504 के साथ टाउन-देहात पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चंडी मंदिर गेट के सामने एक युवक लोहे का लंबा धारदार चाकू लहराते हुए राहगीरों को आतंकित कर रहा है।
सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर आरोपी को काबू में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुभाष ध्रुव, पिता बिहारी ध्रुव, उम्र 21 वर्ष, निवासी बिरकोनी, थाना व जिला महासमुंद बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 16.2 इंच लंबा धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसमें फल की लंबाई 12 इंच, मुठ्ठ की लंबाई 4.2 इंच तथा चौड़ाई 1.3 इंच पाई गई। आरोपी द्वारा चाकू रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। बरामद चाकू को मौके पर जप्त कर सीलबंद किया गया।
आरोपी का कृत्य धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दे दी गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली महासमुंद द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।



