महासमुंद कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम ने रानी दुर्गावती को दी श्रद्धांजलि, वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण
महासमुंद। आदिम जाति कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री राम विचार नेताम ने बुधवार को महासमुंद जिला मुख्यालय में आयोजित वीरांगना रानी दुर्गावती के 462वें शहादत दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मंत्री ने अटल परिसर में छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
बीटीआई रोड स्थित रानी दुर्गावती चौक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री नेताम ने कहा कि रानी दुर्गावती और शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी समाज के शौर्य, साहस और बलिदान के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों के आदर्शों को अपनाकर समाज में एकता, समरसता, शिक्षा, विकास और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।
मुख्य कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मण्डावी, औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार जनजातीय समाज, किसानों और गरीबों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज का भंडारण सुनिश्चित किया गया है तथा कालाबाजारी और नकली खाद-बीज के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने रानी दुर्गावती और वीर नारायण सिंह के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की गौरवशाली जनजातीय परंपराओं और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
वहीं विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों की विरासत को संरक्षित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार के क्षेत्र में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।



