सरायपाली/ 200 गांवों की महिलाओं के लिए राहत, सरायपाली अस्पताल में मिल रही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं सरायपाली में स्त्री रोग विशेषज्ञ की पदस्थापना बनी महिलाओं के लिए वरदान, अब स्थानीय स्तर पर मिल रहा बेहतर उपचार
सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) डॉ. संजय अग्रवाल की पदस्थापना के बाद क्षेत्र की महिलाओं को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलने लगी हैं। इसका सकारात्मक असर अस्पताल की ओपीडी में भी दिखाई दे रहा है, जहां उपचार के लिए पहुंचने वाली महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
जानकारी के अनुसार, सरायपाली सहित आसपास के लगभग 200 गांवों की महिलाएं अब स्त्री रोग संबंधी जांच एवं उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का रुख कर रही हैं। पहले अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं होने के कारण अधिकांश महिलाओं को निजी अस्पतालों में इलाज कराना पड़ता था, जिससे उन्हें आर्थिक बोझ उठाना पड़ता था और दूर-दराज तक जाना पड़ता था।
डॉ. संजय अग्रवाल के कार्यभार संभालने के बाद अब महिलाओं को कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। अस्पताल में नियमित जांच, विशेषज्ञ परामर्श और उपचार के साथ-साथ सोनोग्राफी तथा सीजेरियन (सी-सेक्शन) ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे गर्भवती महिलाओं सहित अन्य स्त्री रोग से पीड़ित मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल रही है।
बीएमओ डॉ. नारायण साहू ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्त्री रोग विशेषज्ञ की उपलब्धता से क्षेत्र की महिलाओं को काफी लाभ मिल रहा है। वहीं क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह सुविधा सरायपाली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। अब महिलाओं को समय पर उपचार मिल रहा है और उन्हें अनावश्यक आर्थिक खर्च तथा बड़े शहरों के अस्पतालों के चक्कर लगाने से भी राहत मिली है।



