महासमुन्द/प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से सुबलाया चौहान को मिला पोषण और सुरक्षित मातृत्व का लाभ  

महासमुन्द/प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से सुबलाया चौहान को मिला पोषण और सुरक्षित मातृत्व का लाभ

महासमुन्द/ प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य और पोषण मिलने पर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित हो रहा है। इसी क्रम में जिले के विकासखंड सरायपाली अंतर्गत केन्द्र छिंदपाली-बी, ग्राम रूढ़ा की निवासी श्रीमती सुबलाया चौहान को योजना का लाभ मिलने पर सुरक्षित प्रसव और स्वस्थ शिशु का जन्म संभव हुआ। सुबलाया चौहान बताती है कि गर्भवती होने के बाद स्वास्थ्य जांच के लिए जब आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंची। टीकाकरण दिवस पर हुई प्रथम जांच में पाया गया कि उनके शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा बहुत कम थी और वे एनीमिया से पीड़ित थीं।

इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती उषा भोई द्वारा गृह भेंट के दौरान उन्हें एवं उनके परिवारजनों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में जानकारी दी गई और इस योजना से मिलने वाले लाभों के बारे में बताया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा उनका आवेदन फार्म तैयार कर ऑनलाइन प्रविष्टि की। इसके पश्चात लगभग एक माह के भीतर ही योजना की पहली किस्त के रूप में 3000 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई।

सुबलाया चौहान बताती है कि प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने अपने और गर्भस्थ शिशु के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषण पेटी तैयार करने में किया तथा नियमित रूप से पौष्टिक आहार का सेवन करना शुरू किया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मार्गदर्शन में समय-समय पर एएनसी जांच कराई गई और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त की गईं। वे बताती है कि नियमित देखभाल और पोषण के कारण गर्भावस्था के अंतिम चरण में उनकी हीमोग्लोबिन मात्रा 8 ग्राम से बढ़कर 11 ग्राम हो गई। इसके बाद उन्होंने सुरक्षित प्रसव के दौरान 3.5 किलोग्राम वजन के स्वस्थ बालक को जन्म दिया। श्रीमती सुबलाया चौहान एवं उनके परिवारजनों ने इस सहयोग के लिए शासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।

महासमुंद/अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम पाली में कार्यक्रम आयोजित महिलाओं को उनके योगदान के लिए किया गया सम्मानित 

महासमुंद/अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम पाली में कार्यक्रम आयोजित महिलाओं को उनके योगदान के लिए किया गया सम्मानित

महासमुंद/ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पाली में 8 मार्च को महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की सामाजिक भागीदारी, उनके अधिकारों तथा समाज के विकास में उनकी भूमिका पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ जनपद सदस्य श्रीमती अश्विनी दीवान, झारा की सरपंच श्रीमती चंद्रकला जांगडे अली तथा ग्राम पाली के सरपंच श्री भुवनेश्वर लोधी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर महिला स्व सहायता समूह महिला समिति ग्राम पाली तथा एफटीके के जल वाहिनी समूह ग्राम पाली की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उप अभियंता श्री आलोक शुक्ला भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने और समाज के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के महत्व पर भी चर्चा की गई। उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने जल की बचत, वर्षा जल संचयन तथा पानी के समुचित उपयोग के प्रति सभी को जागरूक रहने का संदेश दिया, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री सूर्य प्रकाश त्रिवेदी, श्री नीलेश देवांगन, श्री हितेश प्रधान तथा शुभांगी बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का भी संदेश दिया गया।

महासमुन्द/जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों व विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया

महासमुन्द/जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों व विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया

महासमुन्द/ कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय लहरे द्वारा विकासखंड बागबाहरा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों एवं शैक्षणिक संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षाओं के सुचारू संचालन, परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता तथा विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया गया।

इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री लहरे ने परीक्षा केंद्र खट्टी, खम्हरिया, तुसदा एवं बागबाहरा में पहुंचकर परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण की प्रक्रिया, परीक्षा की गोपनीयता, कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी तथा परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्राध्यक्षों एवं परीक्षा कार्य में संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा कार्य पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराया जाए तथा माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों के लिए पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी भी ली और परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को शांतिपूर्ण एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात उन्होंने विकासखंड बागबाहरा के शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय बीकेबाहरा, तेंदुकोना तथा सेजेस बागबाहरा का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, कक्षाओं की स्थिति तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति का जायजा लिया। कई स्थानों पर विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित प्राचार्यों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राचार्यों को आगामी लोकल परीक्षाओं के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन करने की बात कही।

निरीक्षण के क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राथमिक शाला कलमीदार, ह्यूमन प्राइड विद्यालय भीमखोज तथा इग्नाइट प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय भानपुर का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने विद्यालयों में कक्षाओं का अवलोकन कर विद्यार्थियों से पाठ्य विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे तथा शिक्षकों द्वारा कराए जा रहे शिक्षण कार्य का मूल्यांकन किया। साथ ही विद्यार्थियों की कॉपियों, पाठ्य पुस्तकों तथा शिक्षण सामग्री का भी अवलोकन किया।

भानपुर स्थित विद्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी ने मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) योजना का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को परोसे जा रहे भोजन का स्वयं स्वाद चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की तथा भोजन की स्वच्छता, रसोईघर की व्यवस्था, खाद्यान्न भंडारण और रसोइयों द्वारा अपनाई जा रही स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने समस्त विद्यालयों के प्राचार्यों, प्रधानपाठकों एवं शिक्षकों को शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी सुश्री अंजली बरमाल तथा एबीईओ बागबाहरा रामता मन्नाडे भी उपस्थित रहे।

सरायपाली/झिलमिला में युवक से मारपीट के बाद मोटरसाइकिल में लगाई आग, आरोपी पर कई धाराओं में केस दर्ज

सरायपाली/झिलमिला में युवक से मारपीट के बाद मोटरसाइकिल में लगाई आग, आरोपी पर कई धाराओं में केस दर्ज

सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम झिलमिला में एक युवक के साथ मारपीट कर उसकी मोटरसाइकिल में आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 09 झिलमिला निवासी युवक ने बताया कि वह कक्षा 10वीं तक पढ़ा है और कुटेला स्थित राजेश अग्रवाल के श्याम किराना स्टोर्स में काम करता है। 8 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे वह राजेश अग्रवाल की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GB 9561 लेकर झिलमिला में आयोजित प्रसाद भंडारा में प्रसाद खाने जा रहा था।

बताया गया कि जब वह पटेल टेंट हाउस के पास पहुंचा, तभी मोहल्ले का राजू सराफ मिला और उसे झिलमिला चौक तक छोड़ने को कहा। युवक द्वारा भूख लगने के कारण मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने सड़क किनारे रखा पत्थर उठाकर मोटरसाइकिल पर फेंक दिया और हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

इतना ही नहीं आरोपी ने मोटरसाइकिल में माचिस लगाकर आग भी लगा दी। पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागा और घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपने पिता कृपासिंधु प्रधान और चाचा हेमंत प्रधान को दी।

घटना को आसपास मौजूद राजेश नंद और रविन्द्र पटेल ने भी देखना-सुनना बताया है।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 326(एफ), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बागबाहरा/दारगांव तालाब किनारे शराब पिलाने की सुविधा देने वाला युवक गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

बागबाहरा/दारगांव तालाब किनारे शराब पिलाने की सुविधा देने वाला युवक गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

बागबाहरा थाना पुलिस ने अवैध रूप से लोगों को शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी शराब और डिस्पोजल गिलास भी जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना बागबाहरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक अपने हमराह स्टाफ आरक्षक योगेन्द्र बंजारे के साथ 8 मार्च 2026 को शासकीय वाहन से टाउन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और जुर्म-जरायम की पतासाजी पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दारगांव तालाब के किनारे एक व्यक्ति लोगों को शराब पीने-पिलाने की सुविधा दे रहा है।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी को अवगत कराते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की उपस्थिति में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां शराब पी रहे कुछ लोग मौके से भाग गए, जबकि एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कृष्ण कुमार यादव (35 वर्ष) निवासी ग्राम दारगांव, थाना बागबाहरा, जिला महासमुंद बताया। आरोपी के पास से तीन पौवा देशी प्लेन शराब (प्रत्येक में 40-40 मिली) तथा पांच प्लास्टिक डिस्पोजल गिलास बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 36 (C) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। मामला जमानती होने के कारण आरोपी को सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

महासमुंद बिजली कटौती से ग्रामीण , किसान परेशान -कंचनपुर में सब स्टेशन होने के बाबजूद , लो-बोल्टेज एवं बिजली कटौती से परेशान – राजेश साव* 

महासमुंद बिजली कटौती से ग्रामीण , किसान परेशान -कंचनपुर में सब स्टेशन होने के बाबजूद , लो-बोल्टेज एवं बिजली कटौती से परेशान – राजेश साव*

पिथौरा/कंचनपुर विकास खंड पिथौरा के कंचनपर में लो-वोल्टेज एवं बिजली कटौती से ग्रामीण , किसान परेशान है । ज्ञात हो कि कंचनपुर में बिजली सब स्टेशन 2024 में स्थापित किया ताकि आस पास के ग्रामीणों को बिजली कटौती एवं लो-वोल्टेज से छुटकारा मिल सके । लेकिन ऐसा हुआ नही किसान अपने धान की फसल अच्छे से हो और पानी पर्याप्त मात्रा में मिल सके इसके लिए ग्रामीण जन मीटिंग रखकर प्रस्ताव रखे और सब स्टेशन के जगह चयनित कर , सब स्टेशन स्थापित कराए लेकिन ग्रामीणों का सपना चूर चूर हुवा । ग्रामीणों का कहना है , हमारे गांव में सब स्टेशन नही लगा था तब सही ढंग से बिजली मिलता था लेकिन लगने के बाद कभी कभी पानी पीने के लिए भी तरस जाते है ,

जनपद पंचायत पिथौरा पूर्व सरपंच संघ के सचिव राजेश साव ने कहा बिजली कटौती एवं लो-वोल्टेज की शिकायत मौखिक रूप से संबंधित अधिकारियों को किया गया , उनका कहना है ओवर लोड होने के कारण लो-वोल्टेज एवं बिजली कटौती की समस्या आ रही है । और इसके चलते गली एवं सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर बढ़ाने की अतिआवश्यकता है पर तत्काल नही हो सकता । ग्रामीणों ने यह भी कहा बिजली कटौती के चलते बच्चो की पढ़ाई लिखाई भी प्रभावित हो रही है अभी स्कूली बच्चों की वार्षिक परीक्षा भी चल रही है , अगर इस तरह चलता रहे तो जिम्मेदार कौन होगा ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी जा रही है , समय रहते बिजली की समस्या का समाधान नही होने पर कंचनपुर क्षेत्र के ग्रामीण आंदोलन में उतरने पर मजबूर होंगे।

छत्तीसगढ़ : पुरातत्त्वीय धरोहरों के संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने की पहल, जिला पुरातत्त्वीय संघों के गठन पर तीन दिवसीय कार्यशाला शुरू

छत्तीसगढ़ : पुरातत्त्वीय धरोहरों के संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने की पहल, जिला पुरातत्त्वीय संघों के गठन पर तीन दिवसीय कार्यशाला शुरू

महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में 07 से 09 मार्च तक आयोजन, विशेषज्ञों ने साझा किए विरासत संरक्षण के अनुभव प्रदेश की पुरातत्त्वीय धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन और जनभागीदारी को सुदृढ़ बनाने की दिशा में संस्कृति विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर संस्कृति विभाग अंतर्गत पुरातत्त्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय, रायपुर द्वारा “जिला पुरातत्त्वीय संघों के निर्माण एवं कार्यविधियाँ” विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला 07 से 09 मार्च 2026 तक महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय, सिविल लाइन्स, रायपुर में आयोजित की जा रही है।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राज्य के विभिन्न जिलों में जिला पुरातत्त्वीय संघों के गठन, उनके कार्य एवं दायित्वों को स्पष्ट करना तथा पुरातत्त्वीय धरोहरों के संरक्षण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना है। इस आयोजन के माध्यम से जिला स्तर पर पुरातत्त्वीय धरोहरों के संरक्षण के लिए एक मजबूत संस्थागत ढांचा तैयार करने और स्थानीय स्तर पर जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यशाला के दौरान पुरातत्त्व, संग्रहालय प्रबंधन तथा विरासत संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न तकनीकी सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। इन सत्रों में जिला पुरातत्त्वीय संघों के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे अपने-अपने जिलों में धरोहर संरक्षण से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें।

प्रथम तकनीकी सत्र में “संग्रहालयों के संचालन में जिला पुरातत्त्वीय संघों की भूमिका” विषय पर मुख्य व्याख्यान प्रो. आर. एन. विश्वकर्मा, सेवानिवृत्त प्राध्यापक एवं पूर्व विभागाध्यक्ष, प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्त्व, इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय द्वारा दिया गया। उन्होंने अपने व्याख्यान में संग्रहालयों के सुचारु संचालन, स्थानीय समुदाय की भागीदारी तथा पुरातत्त्वीय धरोहरों के संरक्षण में जिला स्तर के संगठनों की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इसके बाद आयोजित परिचर्चा सत्र में राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जिला पुरातत्त्वीय संघों के माध्यम से संचालित गतिविधियों की जानकारी साझा की। साथ ही उन्होंने कार्यान्वयन के दौरान आने वाली चुनौतियों और समस्याओं पर भी चर्चा की, जिन पर विशेषज्ञों ने व्यावहारिक और समाधानकारी सुझाव प्रस्तुत किए।

पुरातत्त्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय के संचालक श्री विवेक आचार्य ने बताया कि इस कार्यशाला के माध्यम से जिला स्तर पर पुरातत्त्वीय धरोहरों के संरक्षण के लिए संस्थागत व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। इससे प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम प्रभारी डॉ. पी.सी. पारख, प्रभात कुमार सिंह, डॉ. अरुंधति परिहार, श्रीमती रोशनी शर्मा, डॉ. वृषोत्तम साहू, प्रवीन तिर्की, डॉ. राजीव मिंज, विष्णु नेताम, समीर टल्लू, मुकेश जोशी, अमर भरतद्वाज, नूतन एक्का एवं अरुण निर्मलकर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

रायपुर : टी20 विश्वकप में भारत की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

रायपुर : टी20 विश्वकप में भारत की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने टी20 विश्वकप के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत द्वारा विश्व कप का खिताब जीतने पर टीम इंडिया को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि टी20 विश्वकप के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया के हमारे धुरंधरों ने एक बार फिर विश्व कप का खिताब जीतकर हर भारतवासी को गौरवान्वित किया है। इस जीत के साथ ही भारत यह खिताब 3 बार जीतने वाला पहला देश बन गया है। उन्होंने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरी टीम को हार्दिक बधाई देते हुए आशा व्यक्ति की कि भविष्य में भी हमारा तिरंगा यूँ ही विश्व मंच पर शान से लहराता रहे और भारत का गौरव निरंतर बढ़ता रहे।

महासमुंद/पिथौरा पुराने सिक्के से करोड़ों दिलाने का झांसा, 4 लाख की ठगी; पीड़ित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लगाई न्याय की गुहार

महासमुंद/पिथौरा पुराने सिक्के से करोड़ों दिलाने का झांसा, 4 लाख की ठगी; पीड़ित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लगाई न्याय की गुहार

Oplus_131072पिथौरा | संवाददाता राजेश साव

महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुंदेली के निवासी यशवंत साहू ने पुराने सिक्के से मोटी रकम दिलाने का झांसा देकर 4 लाख रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज पीड़ित ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पिथौरा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रशासन से न्याय की मांग की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीड़ित यशवंत साहू ने बताया कि उन्होंने वासुदेव महाराज नामक व्यक्ति को घर में पूजा-पाठ कराने के लिए बुलाया था। पूजा के दौरान घर में रखे पुराने सिक्कों की चर्चा होने पर वासुदेव महाराज ने दावा किया कि वह उन सिक्कों से करोड़ों रुपये का मुनाफा दिला सकता है।

आरोप है कि मोटी रकम दिलाने का लालच देकर वासुदेव महाराज ने यशवंत साहू और उनके साथियों से करीब 4 लाख रुपये ले लिए। बाद में जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत भी की और सूचना के अधिकार के तहत जानकारी भी मांगी, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

कार्रवाई नहीं होने से निराश होकर यशवंत साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पूरे मामले को सार्वजनिक किया और शासन-प्रशासन से मांग की कि ठगी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।

महासमुंद/फर्सी फैक्ट्री में चल रहा था पेट्रोल-डीजल का अवैध कारोबार, पुलिस ने हजारों लीटर ज्वलनशील पदार्थ के साथ 7 आरोपियों को पकड़ा

महासमुंद/फर्सी फैक्ट्री में चल रहा था पेट्रोल-डीजल का अवैध कारोबार, पुलिस ने हजारों लीटर ज्वलनशील पदार्थ के साथ 7 आरोपियों को पकड़ा

महासमुंद। महासमुंद पुलिस और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण और खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना महासमुंद क्षेत्र के ग्राम घोड़ारी स्थित एक फर्सी पत्थर फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर ज्वलनशील पदार्थ का अवैध भंडारण किया जा रहा था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल जब्त किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घोड़ारी स्थित बालाजी फर्सी फैक्ट्री के अंदर राहुल यादव नामक व्यक्ति द्वारा बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फैक्ट्री में दबिश देकर घेराबंदी की और जांच के दौरान फैक्ट्री परिसर में टैंकर, लोहे के ड्रम और सिनटेक्स टैंक में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ पाया गया।

जांच में कुल 10,120 लीटर पेट्रोल और 37,580 लीटर डीजल, यानी कुल 47,700 लीटर पेट्रोल-डीजल बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 45 लाख 22 हजार 130 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो टैंकर, ड्रम, पंप, पाइप सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार मंदिर हसौद स्थित गैस कंपनी से टैंकर के माध्यम से भेजे जाने वाले पेट्रोल-डीजल को बीच रास्ते में हेराफेरी कर बालाजी फर्सी फैक्ट्री में उतारकर अवैध रूप से संग्रहित किया जाता था। यहां से कम कीमत पर खरीदे गए पेट्रोल-डीजल को अन्य ट्रक चालकों को अधिक दाम में बेचा जाता था।

इस मामले में पुलिस ने राहुल यादव सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 287 बीएनएस और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3(7) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

इस पूरी कार्रवाई को थाना महासमुंद पुलिस और साइबर पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।