सरायपाली : आबकारी द्वारा कार्यवाही राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक से 18.285 किलो गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार
महासमुंद जिले में अवैध नशे के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को आबकारी विभाग की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गांजा परिवहन में उपयोग किए जा रहे ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर विनय कुमार लंगेह तथा जिला आबकारी अधिकारी सुनील कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग वृत्त सरायपाली की टीम ने ग्राम बैतारी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर जांच के दौरान उड़ीसा से आ रहे एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक क्रमांक GJ12BT6491 अशोक लेलैंड 3418 के चालक इरफान अब्दुलभाई गौरी (40 वर्ष), निवासी गोंडल थाना गोंडल, जिला राजकोट (गुजरात) के कब्जे से 18.285 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आबकारी विभाग की टीम ने गांजे को जब्त करते हुए आरोपी चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 20 (बी)(ii)(सी) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं गांजा परिवहन में उपयोग किए जा रहे ट्रक GJ12BT6441 अशोक लेलैंड 3418 को भी जब्त कर लिया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि जब्त ट्रक का अनुमानित मूल्य करीब 25 लाख रुपये है। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका का मूल्य लगभग 43 लाख रुपये आंका गया है।
इस पूरी कार्रवाई को आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त सरायपाली मिर्जा जफर बेग के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त सांकरा हृदय राम तिरपुड़े, आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त पिथौरा नीरज कुमार साहू, आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त महासमुंद ग्रामीण अनिल झारिया सहित अन्य आबकारी स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

बसना में मातृ शक्तियों का संगम: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बढ़ाया महिलाओं का मान ,नारी शक्ति का सम्मान: बसना में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का किया सम्मान ,महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में मातृ शक्तियों का हुआ अभिनंदन,विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने बच्चों का कराया अन्नप्राशन
बसना आज 8 मार्च को पूरे देश के साथ बसना में भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का पर्व हर्षोल्लास और गौरव के साथ मनाया गया। स्थानीय सर्व मांगलिक भवन में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के निर्माण में महिलाओं की अद्वितीय भूमिका को रेखांकित करना और उन्हें सम्मानित करना रहा।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ की। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय संस्कृति में नारी के पूजनीय स्थान का स्मरण करते हुए कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। आयोजन में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र की मातृ शक्तियां उपस्थित रहीं।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इस विशेष अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समस्त कार्यकर्ताओं और उपस्थित मातृ शक्तियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें पौष्टिक आहार किट का वितरण किया, ताकि समाज में सुपोषण का संदेश प्रसारित हो सके। इसी कड़ी में एक भावुक और पवित्र क्षण तब आया जब विधायक डॉ. अग्रवाल ने नन्हे बच्चों को अपने हाथों से पहली बार खीर खिलाकर उनका ‘अन्नप्राशन’ संस्कार पूर्ण करवाया और स्नेहपूर्वक उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की मंगलकामना की।
महासमुंद/ महासमुंद की सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती प्रेमशीला बघेल को आज देश की राजधानी दिल्ली के वाईएमसीए हॉल में आयोजित कार्यक्रम में इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स एंबेसेडर ऑर्गेनाइजेशन द्वारा “इंटरनेशनल विमेंस विजनरी अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें श्रीमती रमादेवी पूर्व सदस्य पैनल ऑफ चेयरपर्सन 17 वीं लोकसभा, राजीव मेनन अभिनेता एवं निर्माता, नुज़रथ जहाँ, अभिनेत्री, मनीष गवई सदस्य, जयलक्ष्मी राव अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स एम्बेसडर ऑर्गेनाइजेशन नई दिल्ली द्वारा महिला एवं बाल सशक्तिकरण, डिजिटल वित्तीय समावेशन और ग्रामीण आजीविका विकास के क्षेत्र में उनके तीन दशकों के उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।