पिथौरा पुलिस बड़ी कार्रवाई: ग्राम गोपालपुर में उजागर हुआ अवैध शराब का अड्डा — घर में छिपाकर रखी थी महुआ शराब!

पिथौरा पुलिस बड़ी कार्रवाई: ग्राम गोपालपुर में उजागर हुआ अवैध शराब का अड्डा — घर में छिपाकर रखी थी महुआ शराब!

पिथौरा। थाना पिथौरा पुलिस ने सायबर जागरूकता अभियान के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गोपालपुर में अवैध महुआ शराब का भंडारण पकड़ा है। सहायक उप निरीक्षक की अगुवाई में की गई इस रेड में आरोपी नीलकुमार बरिहा के घर से 03 लीटर 500 एमएल महुआ शराब बरामद की गई।

सूचना के अनुसार ASI अपने हमराह स्टाफ के साथ ग्राम गोपालपुर में ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक कर रहे थे, तभी मुखबिर से पता चला कि नीलकुमार बरिहा अपने घर में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

घर में दबिश देने पर आरोपी पहले मुकरता रहा, लेकिन बाद में स्वीकार किया कि बिक्री के लिए महुआ शराब रखी है। गवाहों और पुलिस स्टाफ की तलाशी के बाद परछी में पीले रंग की 5 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरकीन में भरी 3.5 लीटर महुआ शराब मिली, जिसकी बाजार कीमत लगभग 700 रुपये आंकी गई।

शराब को मौके पर ही शीलबंद कर जब्त किया गया। घटना स्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा व पंचनामा तैयार किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 34(1)क आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। जमानती अपराध होने पर आरोपी को मुचलका पर रिहा कर दिया गया।

पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी की गई और मामले की सूचना मजिस्ट्रेट महोदय को भेजी जा रही है। पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

महासमुंद/ग्राम कोसरंगी में हार्वेस्टर मालिक पर हमला! देर रात घर में घुसकर की मारपीट, जान से मारने की धमकी… आखिर क्या है वजह?

महासमुंद/ग्राम कोसरंगी में हार्वेस्टर मालिक पर हमला! देर रात घर में घुसकर की मारपीट, जान से मारने की धमकी… आखिर क्या है वजह?

कोसरंगी/बसना। वार्ड नंबर 12 ग्राम कोसरंगी में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक किसान के घर में घुसकर गांव के दो युवकों ने मारपीट कर दी। किसान ने इस वर्ष नया हारवेस्टर खरीदा है, जिसे राजा साहू और जितेंद्र साहू चलाते हैं। घटना के समय किसान अपने ड्राइवरों के साथ हिसाब-किताब कर रहा था।

इसी दौरान गांव के राहुल यादव और मंजीत यादव गाली-गलौज करते हुए अचानक घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। मंजीत यादव ने डंडे से हमला किया, जबकि राहुल यादव ने हाथ-मुक्कों से पीटा।

हमले में किसान को बांये भुजा, पीठ और चेहरे पर चोटें आई हैं। घटना को हारवेस्टर चालक राजा साहू और जितेंद्र साहू ने अपनी आंखों से देखा।

पीड़ित ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें प्रकरण को धाराएं 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 333-BNS, 351(3)-BNS के तहत लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

हमले के पीछे क्या है असली विवाद? क्यों किसान के घर पर बोला गया हमला? पूरी पड़ताल जारी…

CG Weather Update: नवंबर में ही पड़ रही जनवरी जैसी सर्दी, टूटा सालों का रिकॉर्ड; IMD ने जारी की शीतलहर की चेतावनी

CG Weather Update: नवंबर में ही पड़ रही जनवरी जैसी सर्दी, टूटा सालों का रिकॉर्ड; IMD ने जारी की शीतलहर की चेतावनी

छत्तीसगढ़: प्रदेश में इस बार समय से पहेल ही कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। उत्तरी हवाओं के असर से शीतलहर चल रहे हैं, जिससे तापमान तेजी से गिरा है। सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। मौसम विभाग की ओर से अगले तीन दिनों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है, जिससे तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जाएगी।

राजधानी में नवंबर की ठंड इस बार रिकॉर्ड तोड़ रही है। रविवार को शहर का तापमान 10 साल में सबसे कम पर पहुंच गया। रात का तापमान भी सामान्य से लगभग चार डिग्री नीचे रहा। रायपुर माना में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री, 10 साल के औसत से कम रही।

रविवार को रायपुर शहर का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम 13.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 2.5 डिग्री और 3.9 डिग्री कम है। माना एयरपोर्ट केंद्र में भी अधिकतम 27.6 डिग्री और न्यूनतम 13.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, यह तापमान बीते दस वर्षों के औसत से भी नीचे है, जिससे साफ है कि इस बार ठंड ने समय से पहले दस्तक दे दी है। सिर्फ 2022 में छह नवंबर को 13 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई सर्दी: मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के बाद, तेज उत्तरी हवाएं छत्तीसगढ़ पहुंच रही हैं, जिससे दिन और रात दोनों तापमान सामान्य से काफी नीचे जाना शुरू हो गया है।

शीतलहर की चेतावनी जारी: अगले तीन दिनों में उत्तर–मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना है। इसके बाद तापमान में दो से तीन डिग्री अतिरिक्त गिरावट संभव है, यानी राजधानी में पारे का स्तर और नीचे जा सकता है।

अंबिकापुर संभाग में तापमान में गिरावट: संभाग मुख्यालय अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग सात डिग्री नीचे चले जाने से भीषण शीतलहर की स्थिति बन गई है। रविवार को लगभग डेढ़ डिग्री की गिरावट के साथ शहर का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री पहुंच गया। उत्तर भारत की सर्द हवा के प्रभाव से उत्तरी छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले आठ दिनों से न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे बना हुआ है। एक समान तापमान बने रहने से लोग ठंड से बेहाल हैं।

बीते दशक का रिकॉर्ड टूटा: दस साल के आंकड़ों का अध्ययन बताता है कि नवंबर के मध्य में रायपुर का अधिकतम तापमान आमतौर पर 32–33 डिग्री के बीच रहता था, लेकिन इस बार तापमान सीधे 28 डिग्री तक पहुंच गया, जो पिछले दशक में इस अवधि का सबसे कम अधिकतम तापमान है। इसी तरह, पिछले वर्षों में न्यूनतम तापमान 14–16 डिग्री के बीच रहता था, पर इस बार यह 13.8–13.9 डिग्री दर्ज होकर रिकॉर्ड किया गया है।

अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ बना चैंपियन, रचा स्वर्णिम इतिहास150 मेडल, 578 अंक के साथ नंबर-1लगातार 13वीं बार CM विष्णु देव साय और वन मंत्री केदार कश्यप ने दी बधाई

अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ बना चैंपियन, रचा स्वर्णिम इतिहास150 मेडल, 578 अंक के साथ नंबर-1लगातार 13वीं बार CM विष्णु देव साय और वन मंत्री केदार कश्यप ने दी बधाई

छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर पूरे देश में अपना लोहा मनवाते हुए अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। देहरादून में आयोजित 28वीं अखिल भारतीय वन खेल-कूद प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने कुल 150 मेडल और 578 अंक के साथ शानदार बढ़त बनाते हुए लगातार दूसरे वर्ष चैंपियन बना।

इसी के साथ छत्तीसगढ़ ने लगातार 13वीं बार ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतकर नया रिकॉर्ड रच दिया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

शानदार पदक प्रदर्शन: प्रतियोगिता 12 से 17 नवम्बर तक देहरादून में आयोजित हुई, जिसमें छत्तीसगढ़ ने— 74 स्वर्ण पदक, 34 रजत पदक,42 कांस्य पदक , हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। छत्तीसगढ़ की ओर से कुल 253 सदस्यीय दल ने हिस्सा लिया।

बेहतरीन व्यक्तिगत प्रदर्शन :छत्तीसगढ़ के कई खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा से सबका ध्यान खींचा— सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी – निखिल जाल्को, तैराकी में 5 स्वर्ण

सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी – संगीता राजगोपालन, बैडमिंटन व टेनिस में 4 स्वर्ण, 1 रजत

सर्वश्रेष्ठ एथलीट (महिला ओपन) – थोटा संकीर्तन, 5 स्वर्ण, बनीं “गोल्डन गर्ल”

सर्वश्रेष्ठ एथलीट (पुरुष वेटरन) – सुखनंदन लाल ध्रुव, 5 स्वर्ण

सर्वश्रेष्ठ एथलीट (महिला वेटरन) – चारुलता गजपाल, 4 स्वर्ण

समापन समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह और वन मंत्री सुबोध उनियाल ने छत्तीसगढ़ को ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की, जिसे सुश्री शालिनी रैना ने ग्रहण किया।अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा और वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं।

“एक खेल – एक वन” : पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल

प्रतियोगिता को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए प्रत्येक पदक विजेता खिलाड़ी के नाम पर एक पेड़ लगाया गया। इस पहल ने खिलाड़ियों को खेल के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया।

🏆 अन्य राज्यों की स्थिति

दूसरा स्थान – केरल (31 स्वर्ण)

तीसरा स्थान – कर्नाटक (25 स्वर्ण)

मेजबान उत्तराखंड – छठे स्थान पर

छत्तीसगढ़ का यह प्रदर्शन न केवल राज्य की खेल क्षमता, अनुशासन और उत्कृष्टता को दर्शाता है, बल्कि खेलों के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।

 

राशिफल विशेष, जहां आप पाएंगे आज के दिन का राशिफल, कैसा होगा आपका दिन, किसे मिलेगा प्यार, किसका चलेगा व्यापार, करियर में किसे मिलेगी उड़ान, किसे मिलेगा धन अपार… हर वर्ग के लिए जानिए दैनिक राशिफल

राशिफल विशेष, जहां आप पाएंगे आज के दिन का राशिफल, कैसा होगा आपका दिन, किसे मिलेगा प्यार, किसका चलेगा व्यापार, करियर में किसे मिलेगी उड़ान, किसे मिलेगा धन अपार… हर वर्ग के लिए जानिए दैनिक राशिफल

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो): मेहनत का फल मिलेगा। सामाजिक कार्य करने में रुचि रहेगी। मान-सम्मान मिलेगा। कारोबार मनोनुकूल लाभ देगा। किसी प्रभावशाली व्यक्ति से परिचय बढ़ेगा। शारीरिक कष्ट संभव है। अज्ञात भय सताएगा। चिंता तथा तनाव रहेंगे। किसी मनोरंजक यात्रा की योजना बनेगी। बुरे लोगों से दूर रहें।

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): दूर से सुखद सूचना मिल सकती है। घर में मेहमानों का आगमन होगा। व्यय होगा। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। बड़ा काम करने का मन बनेगा। परिवार का सहयोग मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी। बुद्धि का प्रयोग करें। लाभ बढ़ेगा। मित्रों के साथ अच्छा समय बीतेगा।

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह): नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति पर व्यय होगा। यात्रा मनोरंजक रहेगी। भाइयों का सहयोग प्राप्त होगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। घर-बाहर प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। नए मित्र बनेंगे। नया उपक्रम प्रारंभ करने की योजना बन सकती है। व्यवसाय लाभदायक रहेगा। शुभ समय।

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): पारिवारिक चिंता बनी रहेगी। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। आवश्यक वस्तु गुम हो सकती है। विवाद को बढ़ावा न दें। किसी व्यक्ति के उकसाने में न आएं। कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय भावना में बहकर न करें। बुद्धि का प्रयोग लाभ में वृद्धि करेगा। आय बनी रहेगी। थकान महसूस होगी।

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): परिवार तथा मित्रों के साथ कोई मनोरंजक यात्रा का आयोजन हो सकता है। रुका हुआ पैसा मिलने का योग है। मित्रों के सहयोग से कार्य पूर्ण होंगे। नया कार्य प्रारंभ करने की योजना बनेगी। नौकरी में उच्चाधिकारी की प्रशंसा प्राप्त होगी। समय अनुकूल है। आलस्य त्यागकर प्रयास करें।

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): कार्यस्थल पर परिवर्तन संभव है। योजना फलीभूत होगी। कारोबार में वृद्धि पर विचार हो सकता है। नौकरी में अधिकारीगण प्रसन्न रहेंगे। मातहतों का सहयोग मिलेगा। पारिवारिक चिंता बनी रहेगी। व्यापार में मनोनुकूल लाभ होगा। उत्साह व प्रसन्नता रहेगी। स्वास्थ्‍य उत्तम रहेगा। शुभ समय।

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): किसी धार्मिक स्थल की यात्रा की आयोजना हो सकती है। सत्संग का लाभ मिलेगा। पारिवारिक सहयोग मिलेगा। घर-बाहर सुख-शांति रहेगी। किसी प्रभावशाली व्यक्ति का मार्गदर्शन सहायता प्राप्त होगी। धन प्राप्ति में बाधाएं दूर होंगी। ऐश्वर्य के साधनों पर बड़ा व्यय हो सकता है।

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): चोट व दुर्घटना से हानि संभव है। लापरवाही न करें। किसी व्यक्ति से व्यर्थ विवाद हो सकता है। मानसिक क्लेश होगा। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। चिंता तथा तनाव रहेंगे। आय में कमी हो सकती है। व्यापार ठीक चलेगा। लोगों से अधिक अपेक्षा न करें।

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे): जल्दबाजी से काम बिगड़ेंगे तथा समस्या बढ़ सकती है। विरोध होगा। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। बाहर जाने की योजना बनेगी। किसी वरिष्ठ व्यक्ति का सहयोग कार्य में आसानी देगा। घर-बाहर सुख-शांति बने रहेंगे। नौकरी में चैन रहेगा। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा।

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): भूमि, भवन, दुकान, शोरूम व फैक्टरी इत्यादि की खरीद-फरोख्त हो सकती है। बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। विवाद को बढ़ावा न दें। कुसंगति से बचें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। धन प्राप्ति सुगम होगी। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी।

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। पार्टी व पिकनिक का कार्यक्रम बन सकता है। कोई मांगलिक कार्य में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद प्राप्त होगा। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा। परिवार में प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी से हानि संभव है। शरीर कष्ट से बचें।

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): दूसरे से अधिक अपेक्षा करेंगे। जल्दबाजी से काम में बाधा उत्पन्न होगी। दौड़धूप अधिक रहेगी। बुरी सूचना मिल सकती है, धैर्य रखें। बनते कामों में देरी होगी। चिंता तथा तनाव रहेंगे। मित्रों के साथ समय अच्छा व्यतीत होगा। नौकरी में कार्यभार रहेगा। आय में निश्चितता रहेगी।

 

बसना में शिक्षा-साधना का संगम: स.शि.म. बसना पंचम आचार्य विकास वर्ग हुआ संपन्न

बसना में शिक्षा-साधना का संगम: स.शि.म. बसना पंचम आचार्य विकास वर्ग हुआ संपन्न

बसना // सरस्वती शिशु मंदिर, बसना में पंचम आचार्य विकास वर्ग गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती, ॐ एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई।

प्रथम कालांश के प्रार्थना अभ्यास सत्र में भानुमती साव ने एकात्मता स्त्रोत का अभ्यास कराया। द्वितीय सत्र में “पंच परिवर्तन” विषय पर रमेश कर ने विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि—

➡ राष्ट्र के विकास के लिए समाज का विकास,

➡ समाज के विकास के लिए परिवार का विकास,

➡ और परिवार के विकास के लिए स्व-विकास आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि स्व-विकास का कोई निश्चित मापदंड नहीं, परंतु तन-मन की स्वस्थता, सकारात्मक विचार, स्वदेश, स्वाभिमान, स्व-भाषा, स्वदेशी जीवनशैली और स्व-विचार ही व्यक्ति को परिपूर्ण बनाते हैं। स्वदेशी से स्वालंबन और स्व-भाषा से व्यक्ति का संपूर्ण विकास संभव होता है। उन्होंने नागरिक कर्तव्य, कुटुंब प्रबोधन, समरसता और पर्यावरण संरक्षण पर भी विस्तृत जानकारी दी।

माननीय अवनीश भटनागर ने इंटरनेट के माध्यम से “हमारा लक्ष्य” विषय पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य निकृष्टतम से उच्चतम स्तर की ओर यात्रा है—

1️⃣ मे मम सुख, मम हित

2️⃣ मे मम जन सुख, मम जन हित

3️⃣ बहुजन सुख, बहुजन हित

4️⃣ सर्वजन सुख, सर्वजन हित

यही “सर्वे भवन्तु सुखिनः” का भारतीय जीवन दर्शन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राष्ट्र का अपना स्वाभिमान और संस्कृति होती है तथा हमारी शिक्षा आने वाली पीढ़ी में इसी भाव को पुष्ट करने का माध्यम होनी चाहिए। जीवन में प्राण, मन, बुद्धि, आत्मा, नैतिकता और आध्यात्मिकता का विकास ही श्रेष्ठ शिक्षा का लक्ष्य है। चतुर्थ कालांश में दिलीप बेहरा ने वैदिक गणित के भाग निखिलं और भाग परावर्त्य विधि को सरल रूप में समझाया।

अंतिम कालांश में गोवर्धन प्रधान ने शारीरिक योग साधना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को योगाभ्यास कराया। इस आवर्ती में 49 आचार्य बंधु-भगिनियों ने प्रशिक्षण का लाभ लिया।कार्यक्रम का संपूर्ण प्रचार-प्रसार भानुमती साव की लेखनी ‘उपासना’ द्वारा किया गया।

महासमुंद प्रभारी प्रबंधक एवं डाटा ऑपरेटरों का प्रशिक्षण धान खरीदी में संलग्न कर्मचारियों की अनुपस्थिति और अनियमितता पाए जाने पर होंगी कार्रवाई शासन के नियमानुसार खरीदी करें: कलेक्टर श्री विनय लंगेह

महासमुंद प्रभारी प्रबंधक एवं डाटा ऑपरेटरों का प्रशिक्षण धान खरीदी में संलग्न कर्मचारियों की अनुपस्थिति और अनियमितता पाए जाने पर होंगी कार्रवाई शासन के नियमानुसार खरीदी करें: कलेक्टर श्री विनय लंगेह

महासमुंद 16 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने आज वन विभाग के ट्रेनिंग हाल मे जिले के महासमुंद, बागबाहरा के समस्त प्रभारी समिति प्रबंधक एवं डाटा ऑपरेटरों के प्रशिक्षण में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता में है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।उन्होंने कहा कि किसानो की धान खरीदी को राज्य शासन ने अत्यावश्यक सेवा अधिनियम एस्मा के तहत शामिल किया है, अतः धान खरीदी में संलग्न कर्मचारी की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी ।उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी प्रबंधक एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर दी गई जिम्मेदारी गंभीरता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि किसानों का प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर से धान खरीदना सुनिश्चित करें। इस संबंध में उन्होंने कहा कि प्रतिदिन टोकन काटा जा सकता है जो आगामी सातवें दिन के लिए लागू होगा। उन्होंने बताया कि टोकन तुहर हाथ के माध्यम से सुबह 8:00 बजे से 9:00 बजे तक टोकन काटा जा सकता है एवं समिति में 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक टोकन काटा जा सकता है उन्होंने किसानों को धान बेचने के बाद शेष रकबा समर्पण के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए और ऐसे किसानों को अधिक से अधिक रकबा समर्पण करने कहा गया है। प्रशिक्षण में धान खरीदी के संबंध में राज्य शासन के द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का बारीकी से जानकारी दी गई एवं उनके अनुपालन के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण में बताया गया कि धान आवक से पहले ही नमी का टोकन कटे हुये किसानों के द्वारा लाये गये धान का फड़ में अंदर लाने के एवं गुणवत्ता परीक्षण कर लेवें। तत्पश्चात ही फड़ में धान अंदर करावे। किसी भी स्थिति में समितियों में 05 बजे के बाद धान की खरीदी ना हो। फड में रखे रिजेक्टेड तथा अधिक नमी वाले धान को 05 बजे के पहले उठा लिया जावे ताकि उसी दिन स्टेकिंग कर लिया जावे। किसानों को जारी टोकन के आधार पर धान खरीदी हेतु उपार्जन केन्द्र में किसान उपस्थित होने उपरान्त ही किसानों को नया एवं पुराना बारदाना उपलब्ध कराया जाये। किसी भी स्थिति में किसानों को बारदाना खरीदी के पूर्व उपलब्ध नहीं कराया जाये। खरीदी केन्द्रों में सभी पंजी संधारित रखा जाये। टोकन रजिस्टर धान आवक रजिस्टर, बारदाना वितरण रजिस्टर, धान खरीदी रजिस्टर, तौल कांटा रजिस्टर स्टेक रजिस्टर, धान जावक रजिस्टर, निरीक्षण पंजी आदि।

कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में धान के बोरों की किस्मवार तथा नये पुराने बारदाने में भर्ती के आधार पर स्टेकिंग की जाये। स्टेन्सील खरीदी केन्द्रों को उपलब्ध करावे गये नये बारदाने में समिति का नाम, पंजीयन नम्बर एवं धान की किस्म की छपाई अनिवार्य रुप से की जावे। धान के बोरो की सिलाई जूट रस्सी (सुतली) से करे। प्लास्टिक के रस्सी का उपयोग नहीं करना है। किसान से धान खरीदी करते समय किसान द्वारा खरीदी हेतु जारी कराये गये टोकन एवं उनके द्वारा प्रस्तुत ऋण पुस्तिका में दर्ज रकबे का मिलान कर लिया जाये।बचत रकबे का समर्पण किसान की सहमति लेकर किया जावे। सभी उपार्जन केन्द्र में औसत अच्छी गुणवत्त (FAQ) के धान के किस्सवार सैम्पल किसानों के अवलोकन हेतु अनिवार्य रुप से प्रदर्शित किया जावे। उपार्जन केन्द्र में नमी की जांच कर किसी भी स्थिति में 14 से 17 प्रतिशत से अधिक नमी का धान क्रय नहीं किया जावे। इलेक्ट्रानिक कांटा बाट इस वर्ष सभी उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी हेतु इलेक्ट्रानिक काटा-बाट का ही उपयोग किया जावे। विशेष परिस्थितियों में मैन्युअल काटे बाट का उपयोग अनुविभागीय अधिकारी (स.) के अनुमति से किया जावे।

सुरक्षा के उपाय आकस्मिक वर्षा से बचने के लिये पर्याप्त मात्रा में डैनेज (प्लास्टिक बोरी,भूसा) के कैप कव्हर व्यवस्था हो साथ ही स्टेक के आस-पास नाली निर्माण कर लिया जावे। धान खरीदी केन्द्र में यदि किसी व्यक्ति द्वारा गांव की औसत उपज से अधिक मात्रा धान विक्रय हेतु टोकन जारी कराया जाता है तो तत्काल इसकी जांच करे कि क्या उस व्यक्ति के पास उपलब्ध धान किसी खरीफ मौसम में उत्पादित धान है।यदि ऐसा ना होकर अन्यत्र तरीकों से एकत्रित धान हो तो किसी भी स्थिति में उक्त धान का क्रय खरीदी केन्द्र में ना किया जाये। पंजीकृत किसानो की सूची सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ऐसे किसानों की सूची जिनके द्वारा विगत वर्ष में धान विक्रय नहीं किया गया था कि सूची उपलब्ध करायी गयी है।

उक्त सूची धान खरीदी केन्द्रों में संधारित रखा जाये और ऐसे व्यक्ति के भूमि के विरुद्ध धान विक्रय हेतु किसी के द्वारा टोकन लिया जाता है तो तत्काल संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (रा.) को अवगत कराये तथा अनुविभागीय अधिकारी के द्वारा जांच निष्कर्ष अनुसार उस व्यक्ति से धान की खरीदी की जाये। कोचिया बिचोलिया पर नियंत्रण चिल्हर रुप से धान खरीदी करने वाले कोचियों/बिचौलियों के द्वारा समिति में धान लाकर अन्य किसानों के पंजीयन में खपाने का प्रयास किया जाता है। ऐसे व्यक्तियों से धान खरीदी ना कर इसकी सूचना संबंधित नोडल अधिकारी को तत्काल दी जाये। प्रशिक्षण मे अपर कलेक्टर श्री रवि साहू, अनुविभागीय अधिकारी अक्षा गुप्ता खाद्य अधिकारी अजय यादव, डी ऍम ओ आशुतोष, नान नोडल अधिकारी आशीष शर्मा मौजूद थे।

 

महासमुंद जिले में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा ग्रामीण व शहरी युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर 

महासमुंद जिले में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा ग्रामीण व शहरी युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

महासमुंद 16 नवंबर 2025/ प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सूक्ष्म उद्यमों की स्थापना के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करना है। योजना के अनुसार निर्माण क्षेत्र हेतु अधिकतम 50 लाख रुपये तथा सेवा क्षेत्र हेतु अधिकतम 20 लाख रुपये तक बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाता है। कम लागत वाले उद्योगों को प्राथमिकता दी जाती है। आवेदन ऑनलाइन के माध्यम से प्राप्त कर बैंक को प्रेषित किए जाते हैं। ऋण स्वीकृत होने पर शहरी क्षेत्रों में 25 प्रतिशत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 35 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है।

निर्माण क्षेत्र में स्थापित किए जा सकने वाले प्रमुख उद्योगों में फ्लाई एश ब्रिक्स, स्टोन कटिंग एवं पॉलिशिंग, अगरबत्ती निर्माण, साबुन—वाशिंग पाउडर निर्माण, फेब्रिकेशन वर्क, दोना—पत्तल निर्माण, फर्नीचर एवं आलमारी निर्माण, स्टील रैक, कूलर निर्माण, पेपर कन्वर्टिंग (नोटबुक—रजिस्टर), इंजेक्शन मोल्डिंग प्लास्टिक आइटम, सीमेंट पोल—टाइल्स, चैन लिंक फेंसिंग, वर्मी कम्पोस्ट, गोबर पेंट, बैग निर्माण, जूता—चप्पल निर्माण आदि इकाइयाँ शामिल हैं। सेवा क्षेत्र में पात्र प्रमुख कार्य टेंट हाउस, शाकाहारी होटल/ढाबा, विभिन्न रिपेयरिंग व सर्विसिंग कार्य, मोटर बाइंडिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, ड्राईक्लीनिंग, गैस चूल्हा—रेफ्रिजरेटर—एसी रिपेयरिंग, च्वाइस सेंटर, ब्यूटी पार्लर, टेलरिंग, पेंसेंजर वाहन संचालन, मुर्गी पालन, मछली पालन आदि शामिल है।

ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट www.kviconline.gov.in के PMEGP e-Portal में Agency – DIC का चयन कर किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र महासमुंद या मोबाइल नंबर 9806387523, 7587724731 एवं 7987379574 पर कार्यालयीन समय पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यालय द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि किसी भी गैर-शासकीय व्यक्ति को आवेदन प्रक्रिया हेतु अधिकृत नहीं किया गया है।

महासमुंद/प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

महासमुंद/प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

महासमुंद 16 नवंबर 2025/ प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना अंतर्गत जिले में राइस मिल, दाल मिल, आटा/बेसन/मैदा निर्माण, मसाला, बेकरी उत्पाद, दूध उत्पाद, पापड़, बड़ी, नमकीन मिश्रण, अचार, सॉस, जैम-जैली, शहद, गुड़, चॉकलेट एवं कन्फेक्शनरी जैसी सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयाँ स्थापित करने के इच्छुक आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने बताया है कि योजना अंतर्गत नवीन इकाई एवं विस्तार, अपग्रेडेशन दोनों प्रकार की इकाइयाँ पात्र होंगी। व्यक्तिगत सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को मान्य परियोजना लागत का 35 प्रतिशत क्रेडिट लिंक्ड पूंजीगत अनुदान, अधिकतम 10 लाख रुपये तक प्रदान किया जाएगा।आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है। परियोजना लागत का कम से कम 10 प्रतिशत लाभार्थी का अंशदान होना आवश्यक है, जबकि शेष राशि बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इकाई स्थापित करने के इच्छुक व्यक्ति PMFME योजना की अधिकृत वेबसाइट https://pmfme.mofpi.gov.in/pmfme/#/login पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी एवं सहायता के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, बीटीआई रोड, इंदिरा गांधी महिला जिम के सामने, जेके सीमेंट के बाजू वाली गली, पंचवटी विहार, महासमुंद में या मोबाइल नंबर 9806387523, 7587724731, 7987379574 पर संपर्क किया जा सकता है। जिले के डिस्ट्रिक रिसोर्स पर्सन सौरभ जैन (महासमुंद) मोबाइल नंबर 9444424220, चिराग गंडेचा (बागबाहरा), मनीष सोनी (बसना) मोबाइल नंबर 7697973720 एवं सचिन अग्रवाल (सरायपाली) मोबाइल नंबर 7509447771 से संपर्क कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

बसना “धान मंडी के पास मौत की रफ्तार! तेज रफ़्तार बाइक ने छीनी किसान की जान – भतीजा गंभीर, इलाके में सनसनी”

बसना “धान मंडी के पास मौत की रफ्तार! तेज रफ़्तार बाइक ने छीनी किसान की जान – भतीजा गंभीर, इलाके में सनसनी”

बसना/ग्राम खरोरा के एक सामान्य किसान परिवार की शाम देखते ही देखते मातम में बदल गई, जब तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे वाहन ने एक किसान की जिंदगी छीन ली। हादसे ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

ग्राम खरोरा निवासी, कक्षा 12वीं तक शिक्षित और खेती-किसानी करने वाले युवक ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि आज शाम लगभग 4:30 बजे उनके पिता जावासिंह डडसेना अपनी मोटरसाइकिल स्प्लेण्डर प्लस क्रमांक CG06G8925 से अपने भतीजे चैतन के साथ भाड़ा का पैसा लेने ग्राम पझरापाली जा रहे थे।

जब दोनों शाम 5:00 बजे के करीब ग्राम तोषगाँव धान मंडी के पास पहुँचे, तभी पीछे से आ रही प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG06K9386 के चालक ने अपने वाहन को तेज रफ्तार, लापरवाही एवं खतरनाक तरीके से चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जावासिंह डडसेना और उनके साथ बैठे चैतन दोनों सड़क पर गिर पड़े।गिरने से—जावासिंह डडसेना को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं चैतन को सिर में गंभीर चोट पहुँची

108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल सीएचसी बसना ले जाया गया, परंतु डॉक्टरों ने जावासिंह को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि चैतन का इलाज जारी है।

पीड़ित पुत्र ने थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कड़ी कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धारा 184-LKS, 106(1)-BNS, 125(a)-BNS, 281-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। हादसे से परिवार में कोहराम — रफ्तार का कहर एक और जिंदगी ले गया।