बसना : अग्रवाल नर्सिंग होम द्वारा नाक-कान-गला रोगों का मुफ्त परामर्श व उपचार, 9 नवम्बर को शिविर का आयोजन

बसना : अग्रवाल नर्सिंग होम द्वारा नाक-कान-गला रोगों का मुफ्त परामर्श व उपचार, 9 नवम्बर को शिविर का आयोजन!

बसना (जिला-महासमुंद)। क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की खबर है। बसना में 9 नवम्बर 2025, रविवार को नाक-कान-गला रोगों के विशेषज्ञ डॉ. सतीश राठी (MS-ENT) द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर अग्रवाल मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, बसना में आयोजित होगा, जहां मरीज सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक परामर्श व जांच करवा सकेंगे। अग्रिम पंजीयन अनिवार्य रखा गया है।

शिविर में ENT से संबंधित सभी प्रकार की बीमारियों का जांच-उपचार उपलब्ध रहेगा।

डॉ. राठी द्वारा कान के संक्रमण, परदे में छेद, नाक-गला कैंसर, एलर्जी, खर्राटे, टॉन्सिल, एडेनॉइड, नाक से खून आना, नाक में मस्से (पॉलीप), आवाज-श्वास नली संबंधी रोग, थायरॉइड समस्याएं तथा कई जन्मजात बीमारियों की जांच व ऑपरेशन की सुविधा दी जाएगी।

विशेष रूप से दूरबीन द्वारा जांच व ऑपरेशन, सुनने की मशीन (Hearing-aid) तथा ऑडियोमेट्री व बेड़ा टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ उपचार एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। अधिक जानकारी व पंजीयन हेतु संपर्कः 84618-11000, 77708-68473, 77730-86100

रायपुर : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में हुई राजनैतिक दलों की बैठक

रायपुर : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में हुई राजनैतिक दलों की बैठक

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में हुई राजनैतिक दलों की बैठक सभी राजनीतिक दल अपने दल से BLA नियुक्त करें, जो BLO के साथ मिलकर क्षेत्र में भ्रमण करें ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे- कलेक्टर

कलेक्ट्रेट स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम, कार्ययोजना एवं सभी स्तरों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि “मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है, इसे शुद्ध और अद्यतन रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।”

कलेक्टर डॉ सिंह ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर 2025 तक प्रत्येक घर जाकर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरित करेंगे और जानकारी संकलित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) शीघ्र नियुक्त करें ताकि वे BLO के साथ मिलकर यह सुनिश्चित कर सकें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि गणना प्रपत्र भरने की अवधि: 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर 2025 तक, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन: 09 दिसम्बर 2025, दावा-आपत्ति अवधि: 09 दिसम्बर 2025 से 08 जनवरी 2026, सत्यापन एवं सुनवाई: 09 दिसम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तथा अंतिम प्रकाशन: 07 फरवरी 2026 को है।

बैठक में बताया गया कि विशेष पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है। मृत, पलायन कर गए, डुप्लीकेट नामों को हटाने तथा पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी।

मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के दौरान जिन व्यक्तियों की अर्हता संदिग्ध पाई जाएगी, उन्हें निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) द्वारा नोटिस जारी किया जाएगा। उनका पक्ष सुनने के बाद अंतिम निर्णय ERO द्वारा लिया जाएगा।

जो पात्र नागरिक निर्धारित समयावधि में गणना प्रपत्र नहीं भर पाए हैं, वे दावा-आपत्ति अवधि में फार्म-6 एवं अतिरिक्त घोषणा-पत्र भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। ERO आगामी 01 अप्रैल 2026, 01 जुलाई 2026 एवं 01 अक्टूबर 2026 को अर्हता प्राप्त करने वाले मतदाताओं के आवेदन एडवांस में भी स्वीकार करेगा। इच्छुक व्यक्ति अपने आवेदन BLO के माध्यम से जमा कर सकते हैं।

प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों की सूची ERO कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी तथा साप्ताहिक रूप से यह सूची राजनीतिक दलों के साथ साझा की जाएगी। दावा-आपत्तियों के निराकरण के उपरांत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 7 फरवरी 2026 (शनिवार) को किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची राजनीतिक दलों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

मतदाताओं के सहयोग हेतु प्रत्येक मतदान केन्द्र पर एनएसएस, एनसीसी, आजीविका दीदी, किसान मित्र, सचिव, मितानिन एवं हेल्थवर्कर को वालेंटियर के रूप में नियुक्त किया जाएगा।

जिला मुख्यालय में कन्ट्रोल रूम/हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है, जिसका संपर्क नंबर 1950 है। नागरिक किसी भी प्रकार की सहायता हेतु इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त, ERO के निर्णय के विरुद्ध जिला निर्वाचन अधिकारी को अपील की जा सकती है, तथा जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ रायपुर को द्वितीय अपील प्रस्तुत की जा सकती है।कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि “मतदाता सूची का यह पुनरीक्षण केवल प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है। सभी दलों और नागरिकों से अपेक्षा है कि वे इसमें सक्रिय सहयोग दें।”

मतदाता अपने नाम एवं विवरण की जांच https://voters.eci.gov.in या https://election.cg.gov.in/searchelector/ पर कर सकते हैं।

किसी भी सहायता के लिए जिला स्तरीय हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।इस अवसर पर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सरायपाली : RTI में बड़ा धमाका: कर्मचारी के मकान का कोई रिकॉर्ड नहीं!

सरायपाली। नगर पालिका सरायपाली में कार्यरत कर्मचारी द्वारा वार्ड क्रमांक 7 में किए जा रहे मकान निर्माण को लेकर सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह RTI नमित (सोमू) श्रीवास निवासी सरायपाली द्वारा लगाई गई थी। आवेदक ने नगर पालिका पर आरोप लगाया है कि वह अपने कर्मचारी का संरक्षण कर अवैध निर्माण को बढ़ावा दे रही है।

नमित (सोमू) श्रीवास ने सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत आवेदन देकर नगर पालिका में पदस्थ गिरजा शंकर महापात्र पिता सौमित्री महापात्र द्वारा वार्ड क्रमांक 7 में किए जा रहे मकान निर्माण से संबंधित भवन निर्माण अनुज्ञा और सभी आधिकारिक दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की थी।

उनके आवेदन पर नगर पालिका सरायपाली के सहायक जनसूचना अधिकारी देवप्रकाश चौधरी ने लिखित उत्तर में बताया कि—
“गिरजा शंकर महापात्र द्वारा निर्मित मकान से संबंधित कोई भी दस्तावेज निकाय में उपलब्ध नहीं है।”

RTI के इस जवाब ने नगर पालिका की पारदर्शिता और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आवेदक नमित श्रीवास ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका अपने अधीनस्थ कर्मचारी के मामले में आँख मूँद कर अवैध निर्माण को प्रोत्साहित कर रही है, जबकि आम जनता पर मामूली निर्माण या अतिक्रमण पर तुरंत नोटिस जारी किए जाते हैं।

स्थानीय नागरिकों का भी कहना है कि यदि नगर पालिका अपने कर्मचारी के निर्माण का रिकॉर्ड तक नहीं दिखा पा रही, तो यह स्पष्ट रूप से अनियमितता और बिना अनुमति निर्माण का मामला प्रतीत होता है।

नागरिकों और आवेदक ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। RTI में रिकॉर्ड न मिलने का खुलासा अब नगर पालिका सरायपाली की कार्यशैली पर बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहा है।

महासमुंद में सरदार पटेल 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया।

महासमुंद में सरदार पटेल 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया।

महासमुंद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर के लोमिया चौक में हुआ, जहाँ यूनिटी मार्च का समापन गरिमामय वातावरण में किया गया।

कार्यक्रम में माननीया सांसद महासमुंद रूप कुमारी चौधरी, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला अध्यक्ष हेतराम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, जिला पंचायत सभापति लोकनाथ बारी, जिला पंचायत सभापति सीमा पटेल, जिला पंचायत सभापति जगमोती भोई, तथा कुमारी भास्कर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया। नेताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सशक्त रूप दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ और नागरिक शामिल हुए। अंत में सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई तथा सामाजिक सौहार्द और आपसी मेल-जोल को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।

150 वर्षों की गूंज: वंदे मातरम् महोत्सव का भव्य आगाज़, महासमुंद में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब

150 वर्षों की गूंज: वंदे मातरम् महोत्सव का भव्य आगाज़, महासमुंद में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब

महासमुंद, वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभर में वर्षभर चलने वाले राष्ट्रगौरव उत्सव की शुरुआत आज भव्यता के साथ हुई। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन के बाद सुबह 10 से 11 बजे तक पूरे देश ने एक साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम महासमुंद जिला पंचायत में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक शामिल हुए।

विधायक श्री सिन्हा ने कहा— “वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, भारत की आत्मा का स्वर है। यह नई पीढ़ी में गर्व, देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना को और सशक्त करेगा।”

छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष की ऐतिहासिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गीत कभी स्वतंत्रता सेनानियों का नारा था और आज भी मातृभूमि के प्रति प्रेम का प्रतीक है।

स्काउट एवं गाइड के जिलाध्यक्ष श्री येतराम साहू ने रचनाकार बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की साहित्यिक विरासत और राष्ट्रवादी चेतना को प्रेरणा का स्रोत बताया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्कूली बच्चों की व्यापक उपस्थिति रही। संचालन डीएमसी श्री रेखराज शर्मा ने किया।

वर्षभर चलेगा महाअभियान — चार चरणों में भव्य कार्यक्रम भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर देश और राज्य में जनभागीदारी आधारित चार चरणों में वर्षभर कार्यक्रम होंगे—प्रथम चरण: 7–14 नवम्बर 2025 ,द्वितीय चरण: 19–26 जनवरी 2026, तृतीय चरण: 7–15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा के साथ), चतुर्थ चरण: 1–7 नवम्बर 2026

प्रदेशभर के स्कूल-कॉलेज, पंचायतें, सरकारी कार्यालय और संस्थान राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ निबंध, वाद-विवाद, पोस्टर, सांस्कृतिक कार्यक्रम, एनसीसी-एनएसएस-स्काउट-गाइड के प्रदर्शन जैसे अनेक आयोजन करेंगे।

पिथौरा/तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ली युवक की जान: ग्राम खपराखोल से लौटते समय दर्दनाक हादसा, चालक पर लापरवाही का आरोप

पिथौरा/तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ली युवक की जान: ग्राम खपराखोल से लौटते समय दर्दनाक हादसा, चालक पर लापरवाही का आरोप

सिंघुपाली/पिथौरा। ग्राम सिंघुपाली निवासी युवक देवा बरिहा की शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब मृतक अपने गांव के लोगों के साथ छठ्ठी कार्यक्रम से लौटकर पिथौरा थाना चौक के पास घर जाने के लिए खड़ा था।

रिपोर्टकर्ता, जो मृतक का छोटा भाई है, ने बताया कि दिनांक 05.11.2025 को जामपाली निवासी जगत देवदास के ट्रैक्टर क्रमांक CG 04 LU 6230 में उसका बड़ा भाई देवा बरिहा एवं गांव के अन्य लोग खपराखोल से लौटकर पिथौरा पहुंचे थे।

थाना चौक में घर जाने के लिए खड़े होने के दौरान करीब दोपहर 3:30 बजे उसी ट्रैक्टर के चालक ने वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए देवा बरिहा को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में देवा बरिहा के सीने में गंभीर अंदरूनी चोट आई, जिसकी वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन ने घटना की शिकायत थाना पिथौरा में दर्ज कराई है।

मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ धारा 106(1)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ में बड़ा बदलाव: अब क्रेडिट कार्ड-डेबिट कार्ड और UPI से होगा GST भुगतान, व्यापारियों को मिली बड़ी राहत”

“छत्तीसगढ़ में बड़ा बदलाव: अब क्रेडिट कार्ड-डेबिट कार्ड और UPI से होगा GST भुगतान, व्यापारियों को मिली बड़ी राहत ”

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के निर्देश पर राज्य जीएसटी विभाग और कोष लेखा (ट्रेज़री) विभाग द्वारा व्यवसायियों के हित में जीएसटी रिटर्न के भुगतान हेतु क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई (UPI) सुविधा पूरे राज्य में लागू कर दी गई है। इस सुविधा की मांग जीएसटी लागू होने के प्रारंभिक काल से ही व्यापारी वर्ग, चेंबर ऑफ कॉमर्स एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों द्वारा निरंतर की जा रही थी।

उल्लेखनीय है कि व्यापारिक वर्ग का कहना था कि यदि आधुनिक डिजिटल माध्यम जैसे यूपीआई और कार्ड भुगतान को जीएसटी पोर्टल से जोड़ा जाए, तो राज्य में कर भुगतान और अधिक सुगम व पारदर्शी हो सकेगा। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए, करदाताओं की सुविधा और डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से दोनों विभागों को संयुक्त रूप से कार्य कर इसे शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए थे, जिसके परिणामस्वरूप यह सुविधा अब प्रभावी हो गई है।

अब तक करदाताओं के लिए केवल नेट बैंकिंग और ओटीसी (Over the Counter) भुगतान के विकल्प ही उपलब्ध थे। इससे कई बार छोटे व्यापारियों और नए करदाताओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बैंकों के जीएसटी पोर्टल से जुड़े न होने के कारण भुगतान करना संभव नहीं होता था, जबकि तकनीकी कारणों से भुगतान असफल होना, बैंक सर्वर का डाउन रहना या अंतिम तिथि पर पेमेंट फेल होना जैसी समस्याएँ भी आम थीं। ऐसे में अनेक करदाताओं को भुगतान के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय और ऊर्जा दोनों की हानि होती थी।

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि “राज्य सरकार करदाताओं को अधिकतम सुविधा देने के लिए निरंतर काम कर रही है। क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से जीएसटी भुगतान की यह नई सुविधा करदाताओं के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। इससे भुगतान प्रक्रिया और अधिक सरल, तेज़ और पारदर्शी बनेगी, साथ ही छोटे व्यापारियों को विशेष रूप से लाभ मिलेगा।”

उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल राज्य सरकार की इज  ऑफ डूइंग बिज़नेस और डिजिटल गवर्नेंस को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। यह सुविधा अब जीएसटी पोर्टल () पर उपलब्ध है। करदाता पोर्टल में लॉगिन कर क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई ऐप से सीधे टैक्स का भुगतान कर सकते हैं। यह व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित है और जीएसटी भुगतान को और अधिक सहज तथा उपयोगकर्ता अनुकूल बनाएगी।

इस नई पहल को राज्य में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और पारदर्शी कर प्रणाली स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे विभागीय कार्यप्रणाली और कर संग्रह दोनों में दक्षता बढ़ेगी तथा छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी डिजिटल टैक्स प्रशासन वाले राज्यों में अपनी स्थिति को और मजबूत करेगा।

“छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक और व्यापारी के लिए शासन की प्रक्रियाओं को सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाना है। करदाताओं के हित में जीएसटी भुगतान के लिए क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई जैसी डिजिटल सुविधाओं का राज्यभर में विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डिजिटल माध्यम से भुगतान की यह व्यवस्था व्यापारियों को न केवल सुविधा और गति प्रदान करेगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास को भी सुदृढ़ करेगी। हम चाहते हैं कि करदाताओं को किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रिया संबंधी कठिनाई का सामना न करना पड़े, और वे बिना किसी बाधा के अपने कर दायित्वों का पालन कर सकें। यह पहल छत्तीसगढ़ को डिजिटल भारत और ईज ऑफ डूइंग बिजिनेस के मानकों पर अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।” – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, व्यापारियों को मिली बड़ी राहत”

7 नवंबर का राशिफल: ग्रह बदलेंगे खेल, दिन किसका बनेगा खास?”

“7 नवंबर का राशिफल: ग्रह बदलेंगे खेल, दिन किसका बनेगा खास?”

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो) :निवेश के सुखद परिणाम आएंगे। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। किसी बड़ी बाधा के दूर होने से प्रसन्नता रहेगी। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। भाग्य का साथ मिलेगा। पुराना रोग उभर सकता है। विवाद से क्लेश संभव है। लेन-देन में जल्दबाजी न करें।

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो) :कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय बनी रहेगी। व्यस्तता रहेगी। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। वाणी पर नियंत्रण रखें। दूसरों से अपेक्षा पूर्ण नहीं होने से खिन्नता रहेगी। कार्य में विलंब होगा। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। पारिवारिक चिंता बनी रहेगी।

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह) :व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। डूबी हुई रकम प्राप्त हो सकती है। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। भाग्य का साथ रहेगा। व्यापार में वृद्धि के योग हैं। निवेश शुभ रहेगा। आय होगी। प्रमाद न करें। पुराने शत्रु परेशान कर सकते हैं। थकान व कमजोरी रह सकती है। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी।

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) :कारोबार में वृद्धि होगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। नए व्यापारिक अनुबंध होंगे। धनार्जन होगा। लंबे समय से रुके कार्यों में गति आएगी। नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। शत्रु परास्त होंगे। स्वास्थ्‍य का ध्यान रखें।

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे) :कोर्ट व कचहरी के कार्य अनुकूल रहेंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। परिवार के साथ समय अच्‍छा व्यतीत होगा। आर्थिक उन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। कारोबार अच्छा चलेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी प्रसन्नता रहेंगे। किसी व्यक्ति से बेवजह विवाद हो सकता है। लेन-देन में जल्दबाजी न करें।

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो) :धनलाभ के अवसर प्राप्त होंगे। आय में निश्चितता होगी। ऐश्वर्य पर व्यय होगा। वाहन व मशीनरी आदि के प्रयोग में सावधानी रखें, विशेषकर स्त्रियां रसोई में ध्यान रखें। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। भाइयों का सहयोग मिलेगा। प्रसन्नता बनी रहेगी। कुसंगति से हानि होगी। पूजा-पाठ में मन लगेगा।

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते) :कोर्ट व कचहरी के कार्य मनोनुकूल रहेंगे। जीवनसाथी से सहयोग प्राप्त होगा। सुख के साधन जुटेंगे। कारोबार में वृद्धि होगी। निवेशादि शुभ रहेंगे। नौकरी में सहकर्मी साथ देंगे। स्त्री पक्ष से लाभ होगा। अज्ञात भय रहेगा। शत्रु परास्त होंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी।

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू) :आय में वृद्धि होगी। भूमि व भवन संबंधी योजना बनेगी। कोई बड़ा लाभ हो सकता है। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। भाग्य बेहद अनुकूल है, लाभ लें। चोट व रोग से बचें। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। किसी अपरिचित पर अतिविश्वास न करें।

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे) :भागदौड़ रहेगी। विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी। किसी गलती का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। जल्दबाजी व लापरवाही न करें। अज्ञात भय सताएगा। पुराना रोग उभर सकता है।

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): आज लेन-देन में विशेष सावधानी रखें। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। दु:खद समाचार मिल सकता है। किसी व्यक्ति से बेवजह विवाद हो सकता है। व्यर्थ भागदौड़ होगी। कार्य में विलंब होगा। चिंता तथा तनाव रहेंगे। आय में निश्चितता रहेगी। पुराना रोग उभर सकता है। किसी बड़ी समस्या से सामना हो सकता है।

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) :पराक्रम बढ़ेगा। आय में वृद्धि होगी। पराक्रम बढ़ेगा। किसी बड़े काम को करने में रुझान रहेगा। कारोबार में वृद्धि होगी। नौकरी में प्रशंसा प्राप्त होगी। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड से लाभ होगा। चोट व रोग से बचें। सुख के साधन जुटेंगे। घर में तनाव रह सकता है। प्रयास सफल रहेंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची) :आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। विवेक से कार्य करें। विरोधी सक्रिय रहेंगे। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। घर में मेहमानों का आगमन होगा। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। नौकरी में चैन रहेगा। आय में वृद्धि होगी। मित्रों के साथ समय मनोरंजक व्यतीत होगा। प्रमाद न करें।

 

महासमुन्द जिले में 398.40 कि.मी. सड़क मार्ग को डब्ल्यु.एम.एम. एवं बी.टी. पेच रिपेयर कर गड्ढा मुक्त किए जाने का कार्य प्रारम्भ

महासमुन्द जिले में 398.40 कि.मी. सड़क मार्ग को डब्ल्यु.एम.एम. एवं बी.टी. पेच रिपेयर कर गड्ढा मुक्त किए जाने का कार्य प्रारम्भ

महासमुंद जिला में सुगम आवागमन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खराब एवं जर्जर सड़कों का रिपेयर कार्य प्रारम्भ हो गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं लाके निर्माण विभाग मंत्री श्री अरूण साव के मंशानुरूप लोक निर्माण विभाग संभाग के अधीन इस वर्ष लंबाई 398.40 कि.मी. सड़क मार्ग को डब्ल्यु.एम.एम. एवं बी.टी. पेच रिपेयर के माध्यम से गड्ढा मुक्त किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री सी.एस. चंद्राकर ने बताया कि विभाग द्वारा इस कार्य के लिए 12 एजेंसियों का चयन किया गया है, जिनमें से 5 कार्य एजेंसी का कार्यादेश जारी कर कार्य प्रारंभ किया जा चुका है तथा 7 कार्य एजेंसियों का कार्यादेश, स्वीकृति पत्र जारी किया जा चुका है। जिसका कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा रहा है। शासन के मंशा के अनुरूप दिसम्बर 2025 तक सभी सड़कों का गढ्ढा मुक्त किया जाएगा।

बीजापुर के अन्नारम व मर्रीमल्ला जंगल में एनकाउंटर, तीन माओवादियों को मार गिराया

बीजापुर के अन्नारम व मर्रीमल्ला जंगल में एनकाउंटर, तीन माओवादियों को मार गिराया

बीजापुर। बीजापुर जिले के तारलागुड़ा थाना क्षेत्र के अन्नारम और मर्रीमल्ला के घने जंगलों में बुधवार सुबह पुलिस और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान तीन माओवादी मारे गए। सुरक्षा बलों ने मौके से माओवादियों के शवों के साथ बड़ी मात्रा में हथियार भी बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार मुठभेड़ माओवादियों की मद्देड़ एरिया कमेटी से हुई। जवानों की टीमें अब भी जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

सूत्रों के मुताबिक, जवानों ने घने जंगल में माओवादियों को चारों ओर से घेर लिया था, जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलाबारी हुई। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ जारी है और अभियान में कई पुलिस टीमें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि माओवादियों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि अभियान समाप्त होने के बाद की जाएगी। सुरक्षा बलों की सर्चिंग टीम इलाके में मौजूद है, माओवादी हताहतों की संख्या बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

इधर… अबूझमाड़ के कोंगे में खुला नया सुरक्षा व जन-सुविधा कैंप

नारायणपुर। माओवादियों के शीर्ष नेताओं के सेफजोन रहे अबूझमाड़ के ग्राम कोंगे में नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ 129वीं बटालियन ने संयुक्त रूप से नवीन सुरक्षा व जन-सुविधा कैंप की स्थापना की है। यह कैंप माओवाद उन्मूलन और ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह अबूझमाड़ क्षेत्र में एक वर्ष के भीतर खोला गया 13वां सुरक्षा कैंप है। यह पहल माड़ बचाव अभियान के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य माओवाद प्रभावित इलाकों में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल बनाना है।

कैंप की स्थापना से आसपास के ग्रामों- कंदुलपार, पांगूड, वाल्ला, सीतराम, परलकोट और कोरोनार के ग्रामीणों में सुरक्षा का भाव और विकास की उम्मीद जगी है। कैंप ओपनिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक राबिनसन गुड़िया ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी, जिस पर अधिकारियों ने नियद नेल्लानार योजना के तहत जन समस्या निवारण शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने माओवाद की हिंसा से हुए नुकसान पर दुख व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि वे अब माओवादियों का समर्थन नहीं करेंगे और विकास की राह पर आगे बढ़ेंगे। कैंप खुलने से अबूझमाड़ के लोग भयमुक्त जीवन जी सकेंगे। पुलिस और सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव व विकास कार्यों के असर से वर्ष 2024-25 में अब तक 208 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। वहीं, पुलिस ने विभिन्न अभियानों में 99 माओवादियों को ढेर करने और 117 को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।

वरिष्ठ अधिकारियों पी. सुन्दराज (आईजी बस्तर रेंज), अमित कांबले (डीआईजी कांकेर रेंज), राबिनसन गुड़िया (एसपी नारायणपुर), और कमांडेंट संजय सिंह (बीएसएफ 129वीं वाहिनी) के मार्गदर्शन में डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और बीएसएफ के जवानों ने इस अभियान को सफल बनाया। कैंप की स्थापना से अबूझमाड़ में सड़क, पुल-पुलिया, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी सुविधाओं का तेजी से विस्तार संभव होगा। सुरक्षा बलों की उपस्थिति से न केवल विकास कार्यों को सुरक्षा मिलेगी बल्कि माओवाद के खिलाफ लड़ाई को भी नई मजबूती प्राप्त होगी।