सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की 5 बड़ी खबरें: मारपीट, विवाद और अवैध शराब कारोबार की घटनाओं से सनसनी — कई FIR दर्ज, जांच जारी

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की 5 बड़ी खबरें: मारपीट, विवाद और अवैध शराब कारोबार की घटनाओं से सनसनी — कई FIR दर्ज, जांच जारी

खम्भा निकालने की बात पर विवाद, चार लोगों पर हमला करने का आरोप : सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम बंजारी में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। प्रार्थी सेतराम यादव (56 वर्ष) ने थाना सारंगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि दिनांक 08 दिसंबर की शाम लगभग 7 बजे गांव के कृपा सिदार, घसिया सिदार, शुभम सिदार एवं बंटी सिदार द्वारा गाली-गलौज कर हाथ, मुक्का एवं डंडे से मारपीट की गई। घटना के दौरान प्रार्थी की माँ बीच-बचाव में आई तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। मारपीट में सेतराम को हाथ, पैर एवं पसली में चोट आई है। पुलिस ने मामले में धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

📰 ओडिशा से शराब लाते युवक की गिरफ्तारी, 3 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त

सरिया। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने अवैध शराब ले जा रहे युवक को गिरफ्तार किया है। मुखबिर सूचना पर पुलिस ने ग्राम रिसोरा अटल चौक के पास घेराबंदी कर प्रदीप यादव (20 वर्ष), निवासी कमरीद को पकड़ा। उसके कब्जे से एक सफेद थैले में भरा 3 लीटर हाथभट्ठी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(1)(क) आबकारी एक्ट में अपराध दर्ज कर जमानत पर रिहा किया गया।

📰 जमीन विवाद में चाची पर पत्थर से हमला, युवक के खिलाफ अपराध दर्ज

डोंगरीपाली। ग्राम भराली में जमीन विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। प्रार्थी शिला कुम्हार (55 वर्ष) ने बताया कि सुबह 07:30 बजे उनके भतीजे गोविंद कलेत ने गाली-गलौज करते हुए पत्थर से सिर में चोट पहुंचाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

📰 धान खरीदी केंद्र में हंगामा, दो भाईयों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप

सारंगढ़। ग्राम उलखर धान खरीद केंद्र में विवाद के बाद दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। प्राधिकृत अधिकारी भुनेश्वर चंद्रा ने शिकायत में बताया कि राकेश खुराना और राजेश खुराना द्वारा गाली-गलौज कर धान खरीदी व्यवस्था को बाधित किया गया।पुलिस ने मामले में धारा 296, 351(2), 221, 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।

📰 शराब के नशे में बेटे ने मां के साथ मारपीट, रिपोर्ट दर्ज

सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम रेडा में शराब के नशे में बेटे द्वारा मां से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि उसका छोटा बेटा चिंता रात्रे शराब पीकर घर पहुंचा और गाली-गलौज कर डंडे से हमला किया। मारपीट में महिला के हाथ, कलाई एवं जांघ में चोट आई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच में लिया है।

महासमुंद : जिला प्रशासन व अग्रवाल नर्सिंग होम के बीच समझौता अब मोतियाबिंद का इलाज फ्री, सरकार उठाएगी पूरा खर्च पढ़े पुरी खबर

महासमुंद : जिला प्रशासन व अग्रवाल नर्सिंग होम के बीच समझौता अब मोतियाबिंद का इलाज फ्री, सरकार उठाएगी पूरा खर्च पढ़े पुरी खबर

मोतीयाबिंद ऑपरेशन के लिए जिला प्रशासन नर्सिंग होम के बीच समझौते पत्र जारी किया है , अब मरीजों को मिलेगी निःशुल्क सुविधा महासमुंद। जिले में मोतीयाबिंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन और बसना स्थित नर्सिंग होम के बीच वर्ष 2025-26 के लिए Memorandum of Understanding (MOU) किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार अब मोतियाबिंद के मरीजों को शासन की गाइडलाइन के अंतर्गत पूरी तरह निःशुल्क ऑपरेशन सुविधा प्रदान की जाएगी।

सीएमएचओ कार्यालय द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि ऑपरेशन के दौरान आवश्यक सामग्री जैसे — ड्रग एंड कंज्यूमेबल्स, स्यूचर्स, चश्मा, परिवहन, संगठन एवं प्रचार-प्रसार, IOL वीजोलास्टिक आदि का खर्च शासन द्वारा प्रति सर्जरी ₹2000 की राशि से वहन किया जाएगा।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि—

मरीजों को ऑपरेशन के बाद निःशुल्क रहने और भोजन की सुविधा नर्सिंग होम द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
ऑपरेशन पूर्व आवश्यक जांच भी निःशुल्क की जाएगी।
शिविर हेतु मरीजों की सूची पूर्व में संबंधित बीईओ, खंड चिकित्सा अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से तैयार की जाएगी।

इस समझौते से जिले के हजारों जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिलने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और मोतियाबिंद जैसी गंभीर समस्या से राहत मिल सकेगी।

महासमुंद/कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील शेष हितग्राहियों के राशन कार्ड ई-केवाईसी पूर्ण करने के दिए निर्देश किसानों का धान निर्धारित मात्रा में ही तौल करें 

महासमुंद/कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील शेष हितग्राहियों के राशन कार्ड ई-केवाईसी पूर्ण करने के दिए निर्देश किसानों का धान निर्धारित मात्रा में ही तौल करें

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10 बजे समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित कार्यक्रमों, योजनाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, धान खरीदी की प्रगति, अवैध परिवहन नियंत्रण, ई-केवाईसी, स्वच्छता मिशन, मनरेगा एवं आवास योजनाओं सहित अन्य विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी, सभी विभागीय जिलाधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ तथा वीसी के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि पूरी खरीदी प्रक्रिया राज्य शासन के मंशानुरूप पारदर्शिता और सुगमता के साथ संचालित हो। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन वीसी के माध्यम से धान खरीदी समीक्षा बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल हों और अपने-अपने उपार्जन केंद्रों का सतत निरीक्षण करें। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि धान तौलाई 40 किलो 700 ग्राम निर्धारित मानक के अनुसार ही हो। निर्धारित मात्रा से अधिक तौल पाए जाने पर संबंधित समिति प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। धान लोडिंग के दौरान वीडियो बनाने, धर्मकांटा तौल और वाहन लोडिंग करते हुए तस्वीरें लेने तथा पूरी प्रक्रिया का शॉर्ट वीडियो बनाने कहा। धान परिवहन के रीसाइक्लिंग रोकने पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों एवं समिति प्रबंधक को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों को टोकन काटने एवं एग्रीस्टेक पंजीयन में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नोडल अधिकारी और समिति प्रबंधन किसानों से सतत संवाद बनाए रखें, टोकन, नमी जांच, मिलान पर्ची, तौल व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और ऑनलाइन एंट्री व्यवस्था को हर समय सक्रिय स्थिति में रखें। उन्होंने जिले के 16 चेकपोस्टों में धान की आवक और अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने, संदेहास्पद वाहनों की जांच करने और अवैध परिवहन करते पाए जाने पर तत्काल वाहन सीज कर प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। जप्त धान को अनिवार्य रूप से थाना में सुपुर्द करने और हर सप्ताह भौतिक सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

एग्रीस्टेक एप की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पंजीकृत किसानों का धान खरीदा जाएगा और जिन किसानों की रकबा/वारिसान प्रविष्टियों में त्रुटियां हैं, उनका सत्यापन शीघ्र पूरा किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि गांवों में मुनादी कर छूटे हुए किसानों का पंजीयन कराया जाए। उन्होंने किसानों से पराली नहीं जलाने का अनुरोध करते हुए कहा कि ऐसा पाए जाने पर एनजीटी के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी और अर्थदंड भी लगाया जा सकता है। किसानों से पैरा दान करने या पशुधन को चारा उपलब्ध कराने की अपील की गई।

मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा में कलेक्टर ने एआरओ और ईआरओ को निर्देश दिए कि गणना एवं घोषणा पत्रों के साथ शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन का शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करें। पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के निर्देश दिए गए। जिले के 1083 बीएलओ द्वारा सभी गणना पत्रक वितरित और संग्रहित किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने राशन कार्ड ई-केवाईसी पर समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में अब भी 1 लाख 41 हजार ई-केवाईसी लंबित हैं, जिसे मिशन मोड में जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि राशन वितरण के दौरान लाभार्थियों को बुलाकर वहीं बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाए और मृत व अनुपलब्ध सदस्यों का विलोपन किया जाए।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिन ग्राम पंचायतों में कचरा वाहनों की खरीदी हो चुकी है, वहां डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की शुरुआत करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए। कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को आवास योजनाओं एवं मनरेगा कार्यों में प्रगति लाने तथा पीएम जनमन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल, समय-सीमा पत्रक और राजस्व प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनहित के कार्यों में गति लाएं, पारदर्शिता बनाए रखें और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।

महासमुंद/फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी सीखने ग्रामीण युवक एवं युवतियों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर 16 दिसम्बर तक कर सकते है पंजीयन

महासमुंद/फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी सीखने ग्रामीण युवक एवं युवतियों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर 16 दिसम्बर तक कर सकते है पंजीयन

महासमुंद/ जिले के ग्रामीण युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। जिसमें 30 दिवसीय मोबाइल फोन रिपेयर्स एंड सर्विस एवं 31 दिवसीय फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी से संबंधित प्रशिक्षण शामिल है। निदेशक बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी ने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए 16 दिसम्बर 2025 तक पंजीयन करा सकते है।

पंजीयन के लिए बी.पी.एल. राशन कार्ड की प्रतिलिपि, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज की 5 फोटो एवं न्यूनतम 8वीं उत्तीर्ण अंकसूची आवश्यक है। पंजीयन एवं प्रशिक्षण की जानकारी के लिए कमलेश पटेल के मोबाईल नम्बर 79997-00673, अक्षय सिंग राजपूत के मोबाईल नम्बर 83194-62874 एवं राजू निर्मलकर के मोबाईल नंबर 91310-65767 पर प्रातः 10ः00 बजे से शाम 6ः00 बजे तक संपर्क कर सकते है तथा क्यू आर कोड स्कैन करके भी पंजीयन कर सकते हैं।

कोमाखान/रात में चली पुलिस की दबिश: झाड़ियों, तालाब किनारे और पेड़ों के नीचे चल रहा था ‘गुप्त शराब अड्डा’, एक नहीं तीन आरोपी गिरफ्तार! 

कोमाखान/रात में चली पुलिस की दबिश: झाड़ियों, तालाब किनारे और पेड़ों के नीचे चल रहा था ‘गुप्त शराब अड्डा’, एक नहीं तीन आरोपी गिरफ्तार!

कोमाखान/अवैध रूप से शराब पिलाने का धंधा अब सड़कों, तालाबों और झाड़ियों तक पहुंच गया है। पुलिस की चौकस निगाह और अचानक दबिश के दौरान अलग-अलग जगहों से तीन आरोपियों को पकड़ा गया, जो बिना लाइसेंस लोगों को शराब पिलाने की सुविधा मुहैया करा रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार 08 दिसंबर 2025 को थाना कोमाखान पुलिस टीम टाउन एवं देहात पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से लगातार तीन अलग-अलग स्थलों पर अवैध शराब परोसने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस ने क्रमशः नर्रा, झलमला रोड किनारे और टेमरी रोड में रेड कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई – झाड़ियों में बना ‘छिपा शराब ठिकाना’

नर्रा शराब भट्ठी के पास झलमला रोड किनारे अवैध शराब पिलाते मौके से पुलिस ने आरोपी गुरुवेन्द्र सोनवानी (20 वर्ष) को पकड़ा। पुलिस देखते ही शराब पी रहे लोग मौके से भाग निकले। आरोपी के कब्जे से खाली डिस्पोजल गिलास और शराब की गंध वाली शीशियां बरामद की गईं।

दूसरी कार्रवाई – पेड़ के नीचे शराब सर्विस!

कुछ देर बाद दूसरी सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने टेमरी रोड किनारे ‘गोहिरा पेड़’ के नीचे शराब पिलाने वाले आरोपी दिनेश साहू (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके पास से भी खाली शराब की शीशियां और डिस्पोजल गिलास बरामद हुए।

तीसरा छापा – तालाब किनारे खुले मैदान में ‘मिनी बार’ चल रहा था! 

इस बीच चौकी टुहलू पुलिस दल को मुखबिर ने पलसीपानी तालाब के नीचे महुआ पेड़ के पास अवैध शराब मिलने की सूचना दी। पुलिस द्वारा दबिश देने पर पीने वाले लोग जंगल की ओर भाग गए, लेकिन शराब परोस रहा आरोपी सोनू धिबेरा (38 वर्ष) पकड़ा गया। उसके पास से लगभग 80 ML देशी शराब और डिस्पोजल गिलास जब्त किया गया।

तीनों आरोपियों पर धारा 36(C) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। मामला जमानतीय होने के कारण आवश्यक कार्यवाही के बाद उन्हें मुचलका पर रिहा कर दिया गया। सभी मामलों में अपराध दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे जांच में जुटी है। थाना सूत्रों के अनुसार ऐसे अवैध शराब ठिकानों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

महासमुंद/NH-53 पर दर्दनाक टक्कर: सब्जी लेने निकले थे, मौत लेकर लौटी खबर

महासमुंद/NH-53 पर दर्दनाक टक्कर: सब्जी लेने निकले थे, मौत लेकर लौटी खबर

महासमुंद जिले के थाना तुमगांव सिरपुर चौकी क्षेत्र में NH-53 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पुरनलाल ध्रुव (उम्र लगभग 50 वर्ष) निवासी फुसेराडीह के रूप में हुई है।

मिली जानकारी अनुसार पुरनलाल ध्रुव रोज की तरह अपने घर से तुमगांव मंडी सब्जी लेने ई-रिक्शा (CG 06 HD 9021) से निकले थे। जैसे ही वह कोडार काष्ठागार के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक (MH 40 CM 2500) ने उनकी ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क किनारे जा गिरा और पुरनलाल सड़क पर दूर जा गिरे। घायल अवस्था में स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 की सहायता से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही मृतक के भाई रामलाल ध्रुव घटना स्थल पहुंचे और ट्रक वाहन भी वहीं पर खड़ा मिला। इसके बाद वे थाना पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में कार्रवाई शुरू कर दर्ज है।

 

पिथौरा”होटल में चल रहा था शराब का खेल! पुलिस ने मारा छापा, आरोपी गिरफ्तार”

पिथौरा”होटल में चल रहा था शराब का खेल! पुलिस ने मारा छापा, आरोपी गिरफ्तार”

पिथौरा।थाना पिथौरा पुलिस ने अवैध शराब पर कार्रवाई करते हुए लहरौद पड़ाव के पास स्थित एक होटल में छापा मारा, जहाँ होटल संचालक द्वारा बिना अनुमति लोगों को शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी।

आज दिनांक 08 दिसंबर 2025 को थाना पिथौरा में पदस्थ सउनि. हमराह स्टाफ आरक्षक 469 के साथ अपराध पतासाजी एवं विवेचना के दौरान बार चौक के पास सूचना मिली कि लहरौद पड़ाव में कमलेश डडसेना अपने होटल में अवैध रूप से शराब परोस रहा है। सूचना पर गवाह हेमंत साहू एवं छबीराम सिन्हा को नोटिस देकर पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई।

पुलिस को देखकर होटल में मौजूद शराब पीने वाले अन्य लोग भाग गए, वहीं मौके से आरोपी कमलेश डडसेना पिता दीनाराम डडसेना उम्र 35 वर्ष निवासी राजासेवैयाखुर्द को पकड़ा गया। शराब बेचने के संबंध में दस्तावेज प्रस्तुत करने नोटिस दिया गया, लेकिन आरोपी कोई वैध लाइसेंस या कागजात पेश नहीं कर सका।

गवाहों के समक्ष आरोपी के कब्जे से

01 नग 180 एमएल प्लेन शराब (लगभग 50 एमएल शेष)

02 नग प्लास्टिक डिस्पोजल

02 नग मिक्चर पैकेट (कीमती ₹50) जप्त कर पंचनामा तैयार किया गया।

आरोपी का कृत्य धारा 36C आबकारी एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद विधिवत जमानत मुचलका पर रिहा किया गया। थाना पुलिस के अनुसार अवैध शराब पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

महासमुंद/ग्राम बम्हनी में खूनी विवाद! बीच-बचाव करने गए परिवार पर धारदार हथियार से हमला, तीन घायल

महासमुंद/ग्राम बम्हनी में खूनी विवाद! बीच-बचाव करने गए परिवार पर धारदार हथियार से हमला, तीन घायल

बम्हनी (महासमुंद)। ग्राम बम्हनी के सतनामी पारा में शनिवार रात आपसी विवाद के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। मिली जानकारी के अनुसार रात लगभग 7 बजे सतनामी पारा चौक में समीर जागड़े और लल्ला रात्रे के बीच झगड़ा हो रहा था, तभी मौके पर पहुंचे अनील ढीढी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई।

आरोप के अनुसार समीर जागड़े ने बीच-बचाव करने पर अनील ढीढी को मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे अनील के बाएं गाल और दाहिने बाजू में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।

उसी दौरान घायल को बचाने पहुंचे रिपोर्टकर्ता तथा उनके परिवार पर भी हमला किया गया। आरोप है कि समीर जागड़े के पिता रामानंद जागड़े, चाचा ईश्वर जागड़े और घासुराम जागड़े भी एक राय होकर मारपीट में शामिल हो गए।

हमले में रिपोर्टकर्ता को बाएं हाथ के पंजे और सिर पर चोट, वहीं रिपोर्टकर्ता के पिता शत्रुघन ढीढी के दाहिने कोहनी और पैर की उंगली में चोट आई। हमलावरों ने रिपोर्टकर्ता की मां सरबती बाई के कान के पास भी धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें वे घायल हो गईं।

घटना के दौरान लल्ला रात्रे और मुकेश सोनवानी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने मामले को शांत करने की कोशिश की। रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई है और आवेदक ने बताया कि रिपोर्ट उनके बयान के अनुसार लिखी गई है तथा कार्यवाही की मांग की है।

 

बागबाहरा।रात के अंधेरे में शराब तस्करी! जुपिटर स्कूटी में भरी थी शीशियाँ, पुलिस की दबिश में आरोपी गिरफ्तार 

बागबाहरा।रात के अंधेरे में शराब तस्करी! जुपिटर स्कूटी में भरी थी शीशियाँ, पुलिस की दबिश में आरोपी गिरफ्तार

बागबाहरा। थाना बागबाहरा पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी करने वाले आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी से 105 नग देशी प्लेन शराब (18.900 लीटर) और एक TVS जुपिटर स्कूटी जब्त की है। जब्त की गई शराब और वाहन की कुल कीमत ₹33,400/- आंकी गई है।

थाना बागबाहरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक मोहन साहू हमराह स्टाफ के साथ पेट्रोलिंग पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी शराब परिवहन कर बिक्री हेतु ले जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने पिथौरा रोड बागबाहरा में घेराबंदी कर आरोपी विक्की यादव (25 वर्ष) को स्कूटी सहित पकड़ा।

तलाशी के दौरान आरोपी की स्कूटी से प्लास्टिक बोरी में छिपाकर रखी गई देशी प्लेन शराब बरामद हुई। आरोपी दस्तावेज पेश करने में असफल रहा, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर शराब एवं वाहन मौके पर ही जप्त कर शीलबंद किया।

कार्रवाई के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

जब्ती विवरण:

105 नग देशी प्लेन शराब (18.900 लीटर) — कीमत ₹8,400/-

TVS जुपिटर स्कूटी CG 06 HB 8191 — कीमत ₹25,000/-

कुल कीमत: ₹33,400/-

पुलिस का कहना है कि इलाके में अवैध शराब कारोबार को रोकने लगातार दबिश जारी रहेगी।

CG Weather Update: सर्द हवाओं से ठिठुरन, 10 दिसंबर तक प्रदेश के 20 अधिक से जिलों में शीतलहर का अलर्ट

CG Weather Update: सर्द हवाओं से ठिठुरन, 10 दिसंबर तक प्रदेश के 20 अधिक से जिलों में शीतलहर का अलर्ट

छत्तीसगढ़: दिसंबर की दस्तक के साथ ही उत्तरी हवा ने रफ्तार पकड़ ली है और प्रदेश में शीत लहर का असर तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने 8 दिसंबर की रात से 10 दिसंबर की सुबह तक छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इधर, रायपुर में न्यूनतम पारा आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री कम है।

इन जिलों में अलर्ट जारी

वहीं मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर, कोरिया, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और कोरबा जिलों के एक-दो हिस्सों में ठंड और ज्यादा तीखी रहेगी।

मैदानी इलाके में हवा तेज

मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में उत्तर-पूर्वी हवा सक्रिय है, जिससे रात का तापमान लगातार गिर रहा है। बीते 24 घंटों में कई जगह पारा सामान्य से 3 से 5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। पर्वतीय और उत्तरी अंचलों में सुबह के समय कोहरा छाने और शाम ढलते ही गलन बढ़ने की संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी जिलों जैसे रायपुर, दुर्ग और बेमेतरा में भी इसी अवधि में हवा की तीव्रता बढ़ने से ठिठुरन महसूस हो रही है।

मौसम विभाग ने आमजन को जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम अनावश्यक बाहर न निकलने, दिन में भी हल्के ऊनी कपड़े पहनने और रात में घरों को गर्म रखने की सलाह दी गई है। किसान भाइयों से भी अपील की गई है कि वे फसलों पर पाला पड़ने से बचाव के उपाय करें।

अगले दो दिनों तक मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन हवा की नमी कम होने और तापमान गिरने से शीत लहर का असर और तेज हो सकता है। शीत लहर चलने की वजह उत्तर भारत में तापमान तेजी से गिरने के कारण वहां से आने वाली उत्तर-पूर्वी बर्फीली हवाएं छत्तीसगढ़ में पहुंचकर ठंड को अचानक बढ़ा रही हैं।

रात का तापमान तेजी से गिर रहा

प्रदेश में इन दिनों हवा में नमी कम है, जिससे रात का तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे चला गया है। साफ आसमान की वजह से दिन की गर्मी रात में तेजी से निकल जाती है और सुबह तेज ठिठुरन महसूस होती है। सरगुजा, जशपुर, कोरिया और पेण्ड्रा जैसे ऊंचाई वाले जिलों में गिरा पारा मैदानी इलाकों तक असर दिखा रहा है। ऊपर से हवा की रफ्तार बढ़ने से शीत लहर और तीखी हो गई है।