महासमुंद / पिथौरा सड़क हादसे में मौत — 38 दिन बाद खुला बड़ा राज़! आखिर कैसे हुआ था युवक का एक्सीडेंट?

महासमुंद / पिथौरा सड़क हादसे में मौत — 38 दिन बाद खुला बड़ा राज़! आखिर कैसे हुआ था युवक का एक्सीडेंट?

महासमुंद / पिथौरा — मोटरसाइकिल से अपने दोस्त के साथ गांव जा रहे युवक ब्रिजलाल खड़िया (31 वर्ष) की मौत के मामले में आखिरकार बड़ा खुलासा हो गया है। शुरुआती दिनों में मामला सिर्फ एक साधारण हादसा माना जा रहा था, लेकिन मर्ग जांच रिपोर्ट के बाद सच्चाई सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार 03 अक्टूबर 2025 दोपहर करीब 2:30 बजे मृतक ब्रिजलाल एवं उसका साथी पीलाराम खड़िया, मोटरसाइकिल HF Delux (OD 26 G 5852) से छोटेलोरम से सगरतोरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुरई धोबा नाला पिथौरा के पास पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रही प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG 06 HA 4407) ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर में ब्रिजलाल को गंभीर चोटें आईं जबकि पीलाराम को हल्की चोट लगी। दोनों को तुरंत सीएचसी पिथौरा लाया गया, जहाँ से उन्हें रेफर किया गया। ब्रिजलाल को सोहम हॉस्पिटल महासमुंद में भर्ती किया गया, लेकिन इलाज के दौरान 05 अक्टूबर 2025 सुबह 06:56 बजे उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने सिर में गंभीर चोट लगने से मौत होना पुष्टि किया है। जांच के दौरान गवाहों, परिजनों और पंचान की बयानबाजी में स्पष्ट हुआ कि प्लेटिना बाइक चालक की तेज व लापरवाह ड्राइविंग ही इस हादसे का कारण थी।

इसके बाद आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। घटना के लगभग 38 दिन बाद पूरा सच सामने आने पर यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब आगे गिरफ्तारी व वाहन जब्ती की कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है।

महासमुन्द मामूली विवाद में भड़का गुस्सा — युवक पर डंडे से हमला, जान से मारने की धमकी, रिपोर्ट दर्ज!

महासमुन्द मामूली विवाद में भड़का गुस्सा — युवक पर डंडे से हमला, जान से मारने की धमकी, रिपोर्ट दर्ज!

महासमुंद। वार्ड नंबर 14 अंबेडकर नगर में देर रात आग ताप रहे युवकों के बीच हुई कहासुनी अचानक मारपीट में बदल गई। घटना 20 नवंबर 2025 की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच की है।

पीड़ित ने बताया कि वह 10वीं तक शिक्षित है और पुराना सब्जी मार्केट स्थित पिता के थोक अंडा दुकान में काम करता है। रात में मोहल्ले के शुभम सोनी के साथ देवेश बाघमारे और अमन मदनकार आग ताप रहे थे। इसी दौरान बातों ही बातों में शुभम सोनी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए पास में पड़े डंडे से दोनों पैरों पर जोरदार हमला कर दिया।

मारपीट के दौरान शुभम सोनी ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के अनुसार दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है। घटना का पूरा घटनाक्रम देवेश बाघमारे और अमन मदनकार के सामने ही हुआ, जिन्होंने मारपीट होते देखी और सुनी।

इलाज के बाद पीड़ित ने 23 नवंबर 2025 को थाना पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 115(2)-BNS, 296-BNS और 351(3)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ की लागत वाली आवासीय परियोजनाओं का किया शुभारंभ

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ की लागत वाली आवासीय परियोजनाओं का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राज्य के 26 जिलों में हाउसिंग बोर्ड की 55 परियोजनाओं से बनेंगे 12 हजार से अधिक किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण आवास  शंकर नगर बीटीआई ग्राउण्ड में 3 दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेला शुरू  छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ की आवासीय परियोजनाओं का शुभारंभ किया। यह 55 परियोजना राज्य के 26 जिलों में शुरू होंगी, जिनके माध्यम से 12 हजार से अधिक किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण मकानों का निर्माण किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने हाउसिंग बोर्ड के एआई चैट बॉट और पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इसके माध्यम से उपभोक्ताओं को हाउसिंग बोर्ड की आवासीय परियोजनाओं की जानकारी सहजता से मिल सकेगी।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओपी चौधरी, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, विधायक श्री अनुज शर्मा, अध्यक्ष गृह निर्माण मंडल श्री अनुराग सिंहदेव, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष श्री जतीन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की टीम बहुत बेहतर है। राज्य के लोगों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण मकान उपलब्ध कराने के लिए नवाचार के साथ आगे बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने हाउसिंग बोर्ड के 790 करोड़ रूपए के कर्ज को अदा कर बोर्ड को कर्ज मुक्त कर दिया है ताकि बोर्ड बेहतर रणनीति के साथ काम करें। उन्होंने जरूरतमंदों एवं आवासहीनों को पक्का मकान दिए जाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ही नहीं वरन पूरे देश में संचालित प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 2 वर्षों में छत्तीसगढ़ राज्य में इस योजना के तहत 26 लाख लोगों को आवासों की मंजूरी दी गई। सबका आवास बन रहा है। पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 32 हजार तथा बस्तर में आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल पीड़ित परिवारों के लिए 15 हजार आवास की मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर राज्य स्तरीय आवास मेले में आवास बुकिंग का प्रमाण पत्र, हाउसिंग बोर्ड के उपभोक्ताओं को आवास की चाबी तथा फ्री होल्ड मकान का प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के कार्यों की सराहना की और कहा कि बोर्ड की वर्तमान टीम, हाउसिंग के क्षेत्र में अच्छा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आवास मेले की सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जब से मेला शुरू हुआ है रोड पर जाम लग गया है और टैªफिक व्यवस्था संभल नहीं रही है। उन्होंने राज्य में जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि इसके लिए उन्होंने बजट में 14 हजार करोड़ रूपए का प्रावधान किया। डॉ. सिंह ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड की सभी परियोजनाओं को जिलों में अच्छा प्रतिसाद मिलेगा।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओपी चौधरी ने हाउसिंग बोर्ड के काम-काज को बेहतर बनाने तथा उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में लिए गए फैसलों के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की विशेष पहल से छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड 790 करोड़ रूपए के कर्ज से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि साल भर के भीतर हाउसिंग बोर्ड ने 672 करोड़ का बिजनेस किया है। लैंड डायवर्सन एवं फ्री होल्ड की रियायत सरकार ने देकर हाउसिंग बोर्ड और उपभोक्ताओं को राहत दी है। श्री चौधरी ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड उपभोक्ताओं की डिमांड के आधार पर आवासीय परियोजनाओं के निर्माण का काम शुरू करेगा।

कार्यक्रम को हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हाउसिंग बोर्ड राज्य के सभी जिलों में मकान का निर्माण करेगा। हम अगले चरण में सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी आवासीय परियोजनाएं लॉन्च करेंगे।

गौरतलब है कि बीटीआई ग्राउंड में यह राज्य स्तरीय आवास मेला 25 नवम्बर तक चलेगा। मेले के पहले दिन सुबह से ही मेला ग्राउंड में हाउसिंग बोर्ड की आवासीय परियोजनाओं की जानकारी लेने और आवास बुक कराने के लिए लोगों का हुजुम उमड़ पड़ा था। शंकर नगर टर्निंग प्वाइंट से खम्हारडीह जाने वाली रोड पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई थी।

बसना : ग्राम दुर्गापाली में मितानिन दिवस मनाया गया — सेवा, सम्मान और प्रेरणा का अद्भुत संगम 

बसना : ग्राम दुर्गापाली में मितानिन दिवस मनाया गया — सेवा, सम्मान और प्रेरणा का अद्भुत संगम

संकर लहरे क़ी खबर :

बसना: ग्राम पंचायत दुर्गापाली में आज मितानिन दिवस हर्ष, उत्साह और सम्मान के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुई। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती मौना पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और उन्होंने सभी मितानिनों को श्रीफल व वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह मितानिनों द्वारा वर्षों से किए जा रहे निस्वार्थ सेवाभाव और स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के प्रति आभार का प्रतीक रहा।

कार्यक्रम में पंचगण, ग्राम के वरिष्ठजन तथा सम्माननीय नागरिक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण, कुपोषण उन्मूलन, स्वास्थ्य जागरूकता तथा ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की कड़ी को मजबूत करने में मितानिनों की भूमिका अतुलनीय है।

ग्रामवासियों ने भी मितानिनों के प्रति सम्मान जाहिर करते हुए बताया कि मितानिनों की निरंतर सेवाओं से गाँव में स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी है और कई सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं। पूरे कार्यक्रम में सौहार्द, कृतज्ञता और प्रेरणा का वातावरण नजर आया, जिसने सभी के मन में मितानिनों के प्रति और अधिक सम्मान और गर्व की भावना भर दी।

धन, प्रेम, करियर और स्वास्थ्य — आज आपका दिन कैसा रहेगा? जानें पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य के अनुसार राशिफल 

धन, प्रेम, करियर और स्वास्थ्य — आज आपका दिन कैसा रहेगा? जानें पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य के अनुसार राशिफल

आज का पञ्चाङ्ग🌻सोमवार, २४ नवम्बर २०२५🌻

सूर्योदय: 🌄 ०६:५७, सूर्यास्त: 🌅 ०५:२९, चन्द्रोदय: 🌝 १०:१९, चन्द्रास्त: 🌜२०:२६, अयन दक्षिणायणे (दक्षिण गोले),ऋतु: 🌳 हेमन्त,शक सम्वत: 👉 १९४७ (विश्वावसु), विक्रम सम्वत: 👉 २०८२ (सिद्धार्थी), मास 👉 मार्गशीर्ष , पक्ष 👉 शुक्ल ,तिथि 👉 चतुर्थी (२१:२२ से पञ्चमी),नक्षत्र 👉 पूर्वाषाढ (२१:५३ से उत्तराषाढ),योग 👉 शूल (१२:३७ से गण्ड),प्रथम करण वणिज (०८:२५ तक),द्वितीय करण 👉 विष्टि (२१:२२ तक)

पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य एम ए संस्कृत हस्तरेखा वास्तु शास्त्र भूमि भवन में वास्तु दोष निवारण पारिवारिक जीवन में तनाव बच्चों को पढ़ाई में मन नहीं लगता विवाह विलम्ब राज़ योग भाग्योदय व्यापार व्यवसाय में वृद्धि जन्म कुंडली निर्माण कालसर्प योग मांगलिक योग पितृ दोष निवारण भविष्य में होने वाले घटनाक्रम की जानकारी विदेश यात्रा पति-पत्नी में मतभेद प्रेम प्रसंग में सफलता ज्योतिष परामर्श ज्योतिष कार्यालय जोगनीपाली तहसील पोस्ट थाना सरायपाली जिला महासमुंद 9926826570फोन पेय 8889391334

॥ गोचर ग्रहा: ॥ सूर्य 🌟 वृश्चिक ,चंद्र 🌟 धनु ,मंगल 🌟 वृश्चिक (अस्त, पश्चिम , मार्गी),बुध 🌟 तुला (अस्त, पश्चिम, वक्री),गुरु 🌟 कर्क (उदित, पूर्व, वक्री),शुक्र 🌟 तुला (उदित, पश्चिम, मार्गी),शनि 🌟 मीन (उदय, पूर्व, वक्री), राहु 🌟 कुम्भ ,केतु 🌟 सिंह

शुभाशुभ मुहूर्त विचार: अभिजित मुहूर्त 👉 ११:४३ से १२:२४,अमृत काल 👉 १६:३६ से १८:२२,रवि योग 👉 ०६:५० से २१:५३,विजय मुहूर्त 👉 १३:४८ से १४:३०,गोधूलि मुहूर्त 👉 १७:१५ से १७:४२,सायाह्न सन्ध्या 👉 १७:१७ से १८:३९,निशिता मुहूर्त 👉 २३:३७ से २४:३१,राहुकाल 👉 ०८:०८ से ०९:२७, राहुवास 👉 उत्तर-पश्चिम,यमगण्ड 👉 १०:४५ से १२:०३,दुर्मुहूर्त 👉 १२:२४ से १३:०६,होमाहुति 👉 बुध,दिशा शूल 👉 पूर्व,अग्निवास 👉 पृथ्वी,भद्रावास 👉 पाताल (०८:२५ से २१:२२),चन्द्र वास 👉 पूर्व (दक्षिण २८:२७ से) ,शिववास 👉 क्रीड़ा में (२१:२२ से कैलाश पर)

चौघड़िया विचार☄॥ दिन का चौघड़िया ॥ १ – अमृत २ – काल ३ – शुभ ४ – रोग ५ – उद्वेग ६ – चर ७ – लाभ ८ -अमृत  ॥रात्रि का चौघड़िया॥ १ – चर २ – रोग ३ – काल ४ – लाभ ५ – उद्वेग ६ – शुभ ७ – अमृत ८ – चर

नोट👉 दिन और रात्रि के चौघड़िया का आरंभ क्रमशः सूर्योदय और सूर्यास्त से होता है। प्रत्येक चौघड़िए की अवधि डेढ़ घंटा होती है।

शुभ यात्रा दिशा: उत्तर-पूर्व (दर्पण देखकर अथवा खीर का सेवन कर यात्रा करें)

तिथि विशेष: विनायक चतुर्थी, गुरू तेग बहादुर शहीदी दिवस, विवाहादि मुहूर्त कर्क-वृश्चिक ल० (रात्रि ०९:५३ से अंतरात्रि ०६:५२ तक), गृह प्रवेश मुहूर्त प्रातः ०९:३४ से १०:५४ तक आदि।

आज जन्मे शिशुओं का नामकरण : आज २१:५३ तक जन्मे शिशुओ का नाम पूर्वाषाढ नक्षत्र के तृतीय एवं चतुर्थ चरण अनुसार क्रमशः (फा, ढा) नामाक्षर से तथा इसके बाद जन्मे शिशुओ का नाम उत्तराषाढ नक्षत्र के प्रथम एवं द्वितीय चरण अनुसार क्रमशः (भे, भो) नामाक्षर से रखना शास्त्र सम्मत है।

उदय-लग्न मुहूर्त: वृश्चिक – ३०:१६ से ०८:३५, धनु – ०८:३५ से १०:३९, मकर – १०:३९ से १२:२०, कुम्भ – १२:२० से १३:४६, मीन – १३:४६ से १५:०९, मेष – १५:०९ से १६:४३, वृषभ – १६:४३ से १८:३८, मिथुन – १८:३८ से २०:५३, कर्क – २०:५३ से २३:१४, सिंह – २३:१४ से २५:३३+,कन्या – २५:३३+ से २७:५१+, तुला – २७:५१+ से ३०:१२+

पञ्चक रहित मुहूर्त :शुभ मुहूर्त – ०६:५० से ०८:३५, रोग पञ्चक – ०८:३५ से १०:३९, शुभ मुहूर्त – १०:३९ से १२:२०, मृत्यु पञ्चक – १२:२० से १३:४६, अग्नि पञ्चक – १३:४६ से १५:०९,शुभ मुहूर्त – १५:०९ से १६:४३, मृत्यु पञ्चक – १६:४३ से १८:३८, अग्नि पञ्चक – १८:३८ से २०:५३, शुभ मुहूर्त – २०:५३ से २१:२२, रज पञ्चक – २१:२२ से २१:५३, शुभ मुहूर्त – २१:५३ से २३:१४, चोर पञ्चक – २३:१४ से २५:३३+, शुभ मुहूर्त – २५:३३+ से २७:५१+, रोग पञ्चक – २७:५१+ से ३०:१२+, शुभ मुहूर्त – ३०:१२+ से ३०:५०+

आज का राशिफल: 

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): आज के दिन भी धार्मिक भावनाएं जागृत रहने से दिन की मुश्किल परिस्थितियां भी ज्यादा विचलित नही कर पाएंगी लेकिन आज आप किसी के बहकावे अथवा कानो सुनी बात पर विश्वास ना करें अन्यथा गलतफहमी के कारण घर एवं कार्य क्षेत्र पर अनबन हो सकती हैं। कार्य क्षेत्र पर जब भी कोई नई योजना बनाएंगे तभी कोई उलझन बाधक बनेगी शत्रुपक्ष के प्रति लापरवाही आगे बढ़ी समस्या खड़ी कर देगी इसका ध्यान रखें। जिन्हें आप अपना हितैषी समझ रहे है वही आपसे कोई लाभ उठाकर किनारा कर लेंगे। आर्थिक कारणों से किसी का विरोध अथवा अपमान सहना पड़ेगा। आज कोई भी कार्य करने से पहले बाहर के लोगो की जगह वरिष्ठ परिजनों की सलाह ही ले लाभ नही होगा तो नुकसान भी नही होने देंगे। सुखोपभोग की चाह पूर्ण ना होने पर मन को खलेगी। संतान के स्वास्थ्य पर खर्च हो सकता है आपकी सेहत सामान्य रहेगी।

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज भी दिन में मध्यान तक सेहत सम्बन्धित समस्या परेशान करेंगी बीच मे।थोड़ा बहुत सामर्थ्य बनने पर भी बहाना बनाकर परिश्रम करने से बचेंगे। काम धंधे को लेकर मन बेचैन रहेगा लेकिन पुराने कार्य पूर्ण ना होने अथवा उधारी के व्यवहार ना चुकने के कारण नई योजनाएं भी अधर में रहेंगी। उधार किसी को वापस मिलने की आशा से आज ना ही दे। अचल संपत्ति संबंधित कार्यो में सरकारी सहयोग मिल सकता है इसके लिये अधिकारी वर्ग से मिलने से ना करताये अन्यथा कार्य सफल नही हो पाएंगे पारिवारिक खास कर पिता की प्रतिष्ठा से काम जल्दी बन सकते हैं। नौकरी करने वाले लोगो को अधिक संघर्ष करना पड़ेगा इसकी तुलना में परिणाम नगण्य ही रहेंगे। स्त्री वर्ग का सुख सहयोग अन्य दिनों से अधिक रहने पर अन्य उलझनों को दिमाग से निकाल देंगे। गृहस्थ जीवन मे सन्तानो अथवा पति-पत्नी का आशा के विपरीत व्यवहार क्रोध दिलाएगा। संध्या के समय सेहत अकस्मात ढीली पड़ेगी लेकिन इसके बाद धीरे धीरे सुधार भी आने लगेगा।

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज दिन के प्रथम भाग मे आप किसी कार्य को लेकर भाग्य के भरोसे रहेंगे लेकिन आज आपको भाग्य पक्ष का साथ बहुत कम मिलेगा जिसके परिणाम स्वरूप सोची योजनाए अंत समय मे या तो बदलनी पड़ेगी अथवा बाद के लिये टालनी पड़ेगी। धन की आमद को लेकर विभिन्न युक्तियां लगायेंगे लेकिन कार्य क्षेत्र से जितना लाभ होगा वह दैनिक खर्च में पूर्ण हो जाएगा। कल की तुलना में आज गुस्सा कम व अकस्मात आएगा लेकिन जितने समय रहेगा आस पास का अच्छा भला वातावरण एकदम अशांत कर देगा। आज उधारी के व्यवहार ना करे अन्यथा लंबे समय तक वसूल या चुकाने में असमर्थ रहेंगे। आज आप शारीरिक सुख को ज्यादा महत्त्व देंगे लेकिन सुख की जगह संधर्ष अधिक होगा। घरेलू वातावरण में सुख शांति आपके मिजाज पर निर्भर रहेगी। शांत रहकर आज का दिन बिताए कल से स्थिति में सुधार आएगा। ऋण अथवा किसी गुप्त रोग के कारण चिंता होगी।

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): आज का दिन बीते दिन की तुलना में थोड़ा ठीक रहेगा लेकिन आज आर्थिक एवं पुराने पारिवारिक उलझनों के चलते किसी न किसी से गरमा गरमी होने की संभावना है। कार्य क्षेत्र एवं घर में छोटी-छोटी बातों पर उग्र होना आपके लिए ही नुकसान दायक रहेगा लोग आपसे व्यवहार तो करेंगे लेकिन मन से सम्मान नही देंगे। व्यवसायी वर्ग आज निवेश की जगह धन के लेनदेन को व्यवस्थित करे जिससे आगे के लिये लाभ के नए मार्ग स्वतः ही खुल जाएंगे। धन की आमद सामान्य से कम रहेगी लेकिन नए खर्च बढ़ेंगे। घर मे सन्तानो का लचर व्यवहार देखकर क्रोध आएगा शांत रहने का प्रयास करे अन्यथा मान हानि हो सकती है। सरकारी कार्यो में अतिरिक्त खर्च करने पर भी परिणाम आशाजनक नही मिलेंगे आज टालना ही बेहतर रहेगा। पति पत्नी एक दूसरे पर आरोप लगाकर दाम्पत्य मे अशांति लाएंगे लेकिन कुछ देर के लिये ही। यात्रा अतिआवश्यक होने पर ही करें निष्फल जा सकती है। पित्त एवं रक्त विकार नई समस्या को जन्म देगा। अग्नि धारदार औजार से सावधान रहें।

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): आज का दिन सामान्य ही रहेगा मन मे।यात्रा की योजना दिन भर लगी रहेगी लेकिन किसी न किसी कारण से आगे के लिये टालनी पड़ेगी। दिन के आरम्भ में आपसे अनजाने में किसी परिजन का दिल दुख सकता है फिर भी आज आपके आगे कोई सर नहीं उठाएगा। काम काज को लेकर निश्चिन्त रहेंगे हाथ पैर मारने के बाद भी कोई नया रास्ता नही मिलने पर मन ही मन संतोष करना पड़ेगा आज आय के साधन सीमित ही रहेंगे चाहे कितनी युक्ति लगाये। अचल संपत्ति की दलाली से लाभ की संभावना अधिक है लेकिन धन सम्बन्धित कार्य मे स्पष्टता बरते अन्यथा कलह हो सकती है। पिता से खराब संबंध सुधरने की संभावना जागेगी लेकिन अंत मे कोई नया बखेड़ा खड़ा होने से मतभेद बने रहेंगे। पैतृक कार्यो अथवा संपर्क से सुख तो मिलेगा लेकिन संतोष नही। पेट संबंधित छोटी मोटी समस्या फिर परेशान कर सकती है। तेज मसालेदार भोजन से परहेज करें।

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): आज आपको किसी पुरानी गलती अथवा गुप्त रोग का भय मन ही मन सताएगा लेकिन मामला अंदरूनी होने के कारण किसी से बांट नही सकेंगे। वैसे तो आज आप प्रसन्न रहने मनोरंजन के कोई भी अवसर हाथ से जाने नही देंगे लेकिन हंसी हंसी में किसी से झगड़ा होने की संभावना है खास कर मित्र मंडली एवं समाज-परिवार के बड़े लोगो में बैठते वक्त अधिक बोलने से बचे धैर्य भी कम रहेगा किसी की छोटी सी बात को दिल से लगाने पर आनंद का वातावरण एकदम से बिगाड़ देंगे। व्यवसायी वर्ग पूर्व में किये उधार के सौदों को लेकर पछतायेंगे समय पर धन ना मिलने के कारण स्वयं को अपमानित होना पड़ेगा फिर भी कहासुनी से बचे अन्यथा आगे समस्या विकट बन सकती है। आज धन की आमद कही न कही से आवश्यता से थोड़ी कम हो ही जाएगी। सेहत और परिवार की शांति कभी भी बिगड़ सकती है सतर्क रहें।

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज का दिन आपके लिये धन लाभ वाला रहेगा लेकिन आज आर्थिक मामलों में सतर्कता बरतने की भी आवश्यकता है प्रलोभन में आकर ठगी का शिकार हो सकते है जिससे जितना लाभ कमाएंगे उससे अधिक व्यर्थ भी हो सकता है। दिन के आरम्भ में किसी पुराने कार्य से लाभ की आशंका रहेगी जिसे भुनाने में कोई कसर नही छोड़ेंगे थोड़े परिश्रम से सकारात्मक परिणाम भी मिल जाएंगे लेकिन कार्य क्षेत्र पर धीमी गति रहने के कारण धन हाथ आने में विलंब हो सकता है पर होगा जरूर। किसी सरकारी कर्मचारी से लेन देन को लेकर बहस होगी इससे बचने का प्रयास करें अन्यथा बने बनाये कार्य मे व्यवधान आ सकते हैं। घर की स्थिति पल पल में बदलेगी परिजन कभी एकदम से भावुक अगले ही पर लापरवाह बनेंगे। शरीर मे आज कोई नई व्यादि जन्म लेगी जो धीरे धीरे बढ़ने पर आगे बढ़ी समस्या खड़ी कर सकती हैं पहले ही निवारण करें।

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज के दिन परिस्थिति पल पल में बदलती रहेंगी। अन्य लोगो की देखा देखी के चक्कर मे मानसिक रूप से अशांत रहेंगे। वैसे तो आज आप परिस्थिति अनुसार स्वयं को ढाल लेंगे लेकिन परिजन अथवा किसी अन्य स्नेहीजन के बहकावे में आकर सामर्थ्य से बड़ा कार्य कर झंझट में फंस सकते हैं। कार्य व्यवसाय में आज आपकी काम करने की गति अत्यंत धीमी रहेगी बुद्धि अनुभव भी काम नही आएगा जितना लाभ होगा वह किसी को धोखे में रखकर ही हो सकेगा आरम्भ में लाभदायक लगेगा लेकिन बाद में प्रतिष्ठा में कमी लाएगा। छोटे भाई बहनों को पिता का अधिक स्नेह मिलने पर मन मे ईर्ष्या की भावना बनेगी जो आगे छोटी मोटी कलह का कारण बन सकती हैं। घर मे आज किसी न किसी से बहस होगी ही। आज कोई गुम चोट अथवा कटने जलने से हानि की संभावना है।

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे): आज के दिन आपका चाल चलन एवं व्यवहार परिजनों के मन मे शंका पैदा करेगा। विपरीत लिंगीय आकर्षण अधिक रहेगा। साहस पराक्रम भी अन्य दिनों की तुलना में अधिक रहेगा लेकिन इसका प्रयोग गलत कार्यो में करने की संभावना ज्यादा है। व्यावसायिक क्षेत्र पर कुछ ही देर मन लगाकर काम करेंगे लेकिन बाजार में मंदी रहने के कारण थोड़ी ही देर में ऊबन होने लगेगी धन की आमद सामान्य से कम होगी घरेलू कार्यो को जहां तक संभव हो टालने के प्रयास करेंगे मौज शौक पूर्ण करने के लिए कैसे भी समय निकाल ही लेंगे। दाम्पत्य जीवन मे तकरार हो सकती हैं आज अनैतिक कार्यो एवं संबंधों से दूर रहे अन्यथा घर मे अकेले पड़ जाएंगे। विदेश जाने की योजना खटाई में पड़ेगी। प्रतिरोधक क्षमता में कमी आने से जल्द ही रोग पकड़ सकते है खान पान संयमित रखें।

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी): आज के दिन आपकी लापरवाह कार्य शैली के कारण सार्वजनिक क्षेत्र पर अपमानजक स्थिति बन सकती है। शरीर में आलस्य और स्वभाव में तेजी रहने के कारण कोई भी कार्य शांति से नही करेंगे। महिलाए भी जानबूझकर लापरवाही करेंगी जिससे थोड़ी अव्यवस्था बनेगी। कार्य क्षेत्र पर आपका धीमी गति से कार्य करना सहकर्मी अधिकारी को अखरेगा थोड़ी गरमा गरमी के बाद स्थिति शांत हो जायेगी। व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा कम रहेगी फिर भी इसका लाभ नही उठा पाएंगे धन लाभ अथवा खर्चो के लिये कुटुम्ब के ऊपर आश्रित होना पड़ सकता है। पारिवारिक प्रतिष्ठा का गलत लाभ उठाने की योजना मन मे बनेगी इससे बचे अन्यथा बाद में गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। शरीर मे छोटी मोटी समस्या लगी रहेगी।

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) :सार्वजनिक क्षेत्र पर आज आपके लाभ के संबंध बनेंगे लेकिन इनसे तुरंत लाभ उठाने के प्रयास ना करें अन्यथा संबंध ज्यादा देर नहीं टिकेंगे। कार्य व्यवसाय से आकस्मिक हानि भी मिलने की संभावना है जिसका अशुभ परिणाम लंबे समय तक देखने को मिलेगा। आज जमीन अथवा जायदाद संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार के निवेश से बचे बीच मे अधूरा छोड़ना पड़ा जाएगा। पैतृक व्यवसाय अथवा पुराने कार्य को छोड़ अन्य किसी से भी संतोषजनक लाभ नही मिल सकेगा आकस्मिक लाभ जितना भी होगा तुरंत सुख सुविधा पर खर्च हो जाएगा। परिवार में आज किसी ना किसी से जिद बहस लगी रहेगी सन्तानो की गतिविधि पर विशेष नजर रखे। ठंडे पदार्थ के सेवन ज्यादा खट्टे से परहेज करें गले छाती सम्बन्धित समस्या आज भी परेशान कर सकती हैं।

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज परिस्थिति अन्य दिनों की तुलना में बेहतर रहने वाली है किसी भी कार्य मे लाभ पाने के लिये सनकी स्वभाव त्यागना पड़ेगा जिस कार्य को आरंभ करें उसमे कसी अन्य की सहायता की उम्मीद ना रखे अपने बल पर किया कार्य आज अवश्य संतोष दिलाएगा। खास कर भाई बंधुओ से कोई आशा ना रखें अन्यथा जिस कार्य को इनके भरोसे छोड़ेंगे वह अधूरा अथवा बिगड़ सकता है। कार्य क्षेत्र पर आपकी कार्यशैली अन्य लोगो को एवं अन्य लोगो की आपको पसंद ना आने से तालमेल की कमी रहेगी लेकिन आज आप मेहनत करें या ना करें लाभ के मार्ग अपने आप खुलेंगे। कई दिनों से लटके सरकारी कार्य में अचानक गति आएगी थोड़ा लेदेकर पूर्ण भी हो सकते है। सेहत ठीक रहेगी फिर भी लापरवाही से बचे चोटादि का भय है।

महासमुंद : धान खरीदी में बड़ा बदलाव: अब किसान खुद बनाएंगे खरीदी का समय टोकन तुहर ऐप से सीधी सुविधा जमीन के अनुसार टोकन, इंतज़ार खत्म, खरीदी प्रक्रिया हुई स्मार्ट

महासमुंद : धान खरीदी में बड़ा बदलाव: अब किसान खुद बनाएंगे खरीदी का समय टोकन तुहर ऐप से सीधी सुविधा
जमीन के अनुसार टोकन, इंतज़ार खत्म, खरीदी प्रक्रिया हुई स्मार्ट

 

महासमुंद 23 नवंबर 2025/राज्य शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी प्रणाली को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किए जाने हेतु इस वर्ष टोकन जारी करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल तथा किसान हितैषी बनाया गया है। किसानों की सुविधा के लिए नवीन टोकन व्यवस्था लागू करते हुए निर्धारित पात्रता के आधार पर टोकन जारी किए जा रहे हैं।

शासन द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार 2 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 1 टोकन, 2 से 10 एकड़ तक के कृषकों को अधिकतम 2 टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन की पात्रता निर्धारित की गई है।

किसानों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन ने टोकन तुहर ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके माध्यम से कुल उपलब्ध टोकनों में से 80 प्रतिशत टोकन लघु एवं सीमांत किसानों के लिए तथा 20 प्रतिशत टोकन दीर्घ किसानों के लिए आरक्षित किए गए हैं। किसान अपनी सुविधानुसार ऐप में लॉगिन कर निर्धारित मानदंडों के अनुसार टोकन प्राप्त कर सकते हैं।

किसानों द्वारा आवेदन करने की तिथि से अगले सात खरीदी दिवस तक का टोकन जारी किया जा सकता है।
समितियों के माध्यम से टोकन वितरण रविवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक किया जा रहा है। वहीं टोकन तुहर ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक उपलब्ध है।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील किया है कि वे नवीन टोकन व्यवस्था का लाभ उठाते हुए अपने निर्धारित समय में ही धान लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे। शासन-प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं, जिससे खरीदी प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी और किसानों के हित में संचालित हो।

सरायपाली : 450 कट्टा अवैध धान जप्त, राजस्व एवं मंडी टीम की संयुक्त कार्रवाई

सरायपाली : 450 कट्टा अवैध धान जप्त, राजस्व एवं मंडी टीम की संयुक्त कार्रवाई

सरायपाली/महासमुंद जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025- 26 अंतर्गत कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार धान की अवैध परिवहन एवं भंडारण पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में विकासखंड सरायपाली के ग्राम बलोदा में आज एस डी एम सरायपाली के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग और मंडी प्रबंधन की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान टिकेश्वर साहू के गोदाम में अवैध रूप से संग्रहित धान पाया गया। टीम ने मौके पर 450 कट्टा अवैध धान जप्त करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। कार्रवाई के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में गोदाम को सील किया गया। जिला  प्रशासन ने कहा है कि जिले में धान की अवैध खरीदी बिक्री, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने आगे भी सघन कार्रवाई जारी रहेगी।

महासमुंद/शिक्षा विभाग की समीक्षा 24 नवंबर को बैठक स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम विद्यालय महासमुंद में होगा आयोजित

महासमुंद/शिक्षा विभाग की समीक्षा 24 नवंबर को बैठक स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम विद्यालय महासमुंद में होगा आयोजित

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में 24 नवंबर 2025 को सुबह 11 बजे स्वामी आत्मानंद हिन्दी मीडियम विद्यालय महासमुंद में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी संकुल प्राचार्यों, पीएम श्री प्राचार्यों एवं सेजेस प्राचार्यों को पूरे एजेण्डे की जानकारी सहित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में जिले में आयोजित होने वाली आगामी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा एवं हाल ही में संपन्न हुई छमाही परीक्षा की समीक्षा भी की जाएगी। प्रारंभिक कक्षाओं में पढ‍़ रहे बालबाड़ी के बच्चों की यू-डाइस प्रविष्टि, पीएम ई-विद्या के उपयोग को बढ़ावा देने तथा अपार आईडी निर्माण की प्रगति पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की गुणवत्ता, विद्यालयों में एलपीजी उपयोग को बढ़ाने, शिक्षा का अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन, छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े दिशा-निर्देशों की स्थिति और शाला भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति भी समीक्षा की जाएगी।

बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों की अद्यतन स्थिति, नशामुक्ति अभियान की प्रगति और यू-डाइस अपडेशन की वर्तमान स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।

सरायपाली।ऑल इंडिया न्यूज़ बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 28 दिसंबर से

सरायपाली।ऑल इंडिया न्यूज़ बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 28 दिसंबर से

सरायपाली। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीनाकाशी क्रिकेट मैदान सरायपाली में भव्य ऑल इंडिया ड्यूज़ बाल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन स्वर्गीय श्री रघुवीर साहू जी की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है जिसमें प्रायोजक किरण कुमार साहू संस्थापक मित्रा फिट क्लब है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 28 दिसंबर से हो रहा है जो 4 जनवरी तक चलेगी। प्रतियोगिता में 16 टीमें पूरे भारत देश से पहुंच रही है जिसमें प्रमुख रूप से विराट क्रिकेट अकादमी कोलकाता, रांची रॉकमेन झारखंड, यूनियन स्पोर्टिंग कटक ओड़िशा, मानीगरीव क्रिकेट अकादमी रायपुर, बिलासपुर रेलवे छत्तीसगढ़, झारसुगुडा ओड़िशा, एमएमसीसी संबलपुर ओडीशा, टर्मिनेटर क्रिकेट अकादमी रायपुर छत्तीसगढ़, एमजेसीसी ऑल इंडिया, राउरकेला आशु 11 ओड़िशा, प्रोफेशन सीसी रेलवे विशाखापट्टनम, खुरदा रेलवे उड़ीसा, एमआरसीसी बैतारी छत्तीसगढ़, पुणे महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तरभा ओडीशा आदि शामिल है।

प्रतियोगिता के आयोजन मां रूद्रेश्वरी क्रिकेट क्लब बेचारी एवं ग्राम वासि है। जिसमें प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपए एवं द्वितीय पुरस्कार ₹50000 रखा गया है। प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए संरक्षक सुनील साहू, अध्यक्ष नवीन साहू, उपाध्यक्ष नीरज प्रधान, सचिव अमित शनिकर, आशीष शनिकर, राजा साहू, मानस सेठ आदि सदस्य लगे हुए हैं। आयोजक मंडल ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रतियोगिता का लाभ उठाने की अपील की है।

कोमाखान/ कांदाजरी नाला में चौंकाने वाली कार्रवाई — अंधेरे में चल रहा था ‘शराब सेंटर’, पुलिस पहुंचते ही मचा हड़कंप!

कोमाखान/ कांदाजरी नाला में चौंकाने वाली कार्रवाई — अंधेरे में चल रहा था ‘शराब सेंटर’, पुलिस पहुंचते ही मचा हड़कंप!

कोमाखान। थाना कोमाखान पुलिस ने शनिवार की रात भारी सस्पेंस और रोमांच से भरी छापेमारी कार्रवाई को अंजाम दिया। लगातार मुखबीर सूचना के बाद टाउन पेट्रोलिंग पर निकली पुलिस टीम कांदाजरी नाला के पास बंधापार व डेम जाने वाली कच्ची सड़क पर पहुँची, जहाँ खुले में अवैध शराब पिलाने का गुप्त खेल चलने की खबर मिली थी।

जैसे ही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुँची, शराब पी रहे लोग अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले, लेकिन शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले दोनों संचालक पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

🔻 पहली कार्रवाई – 19:55 बजे आरोपी मुकेश सेन पिता अरुण सेन, उम्र 28 वर्ष, निवासी भिलाईदादर थाना कोमाखान, को पकड़ा गया। मौके से

03 नग डिस्पोज़ल गिलास जिनसे शराब की गंध आ रही थी

02 नग देशी प्लेन शराब की खाली 180ML शीशी

02 नग फुटे चना का खाली पैकेट जप्त किया गया। आरोपी के पास कोई लाइसेंस न होने की पुष्टि पर उसे धारा 36(C) आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।

🔻 दूसरी हाई प्रोफाइल कार्रवाई – 19:25 बजे कुछ दूरी पर दोबारा मुखबीर सूचना मिलते ही टीम ने फिर रेड किया और गोपाल सेन पिता छबीलाल सेन, उम्र 20 वर्ष, निवासी बिरोडा थाना कोमाखान को गिरफ्तार किया। उसके कब्ज़े से भी

03 नग डिस्पोज़ल गिलास

02 नग 180ML देशी प्लेन शराब की खाली शीशी

बरामद हुईं। गोपाल के खिलाफ भी धारा 36(C) आबकारी एक्ट के तहत मामला कायम किया गया। दोनों आरोपी मौके पर सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर जमानत मुचलका पर रिहा किए गए। कार्रवाई पूरी कर पुलिस थाने वापस लौटकर अपराध सदर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई से उठा बड़ा सवाल लगातार मिल रही ऐसी सूचनाएँ संकेत देती हैं कि इलाके में अवैध शराब सप्लाई और ओपन ड्रिंक स्पॉट का नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इन कार्रवाइयों के पीछे और कौन–कौन जुड़े हैं — और क्या आगे कोई बड़ी गिरफ्तारी होने वाली है?