CG News:बीच सड़क पर युवतियों की गुंडागर्दी: युवक को मारे तमाचे और आंखों में डाला मिर्ची पाउडर, Video Viral

CG News:बीच सड़क पर युवतियों की गुंडागर्दी: युवक को मारे तमाचे और आंखों में डाला मिर्ची पाउडर, Video Viral

 

बिलासपुर: शहर के मुख्य मार्ग पर युवतियों की गुंडागर्दी का वीडियो वायरल हो रहा है। युवक किसी बात को लेकर युवतियों से उलझ रहे थे। इसी दौरान एक युवती ने युवक पर तमाचे लगाए। साथ ही अचानक उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। अधिकारी वीडियो की जांच कराने की बात कह रहे हैं।

वीडियो में चीखता रहा युवक

रविवार की शाम इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवक दो युवतियों से उलझ रहा था। युवक चीख-चीखकर युवतियों पर फंसाने का आरोप लगा रहा था। इसी दौरान एक युवती ने उसे तमाचा मार दिया। तभी दूसरी युवती पीछे से आकर युवक की आंखों में मिर्ची का पाउडर डाल देती है। युवक चीखते हुए पीछे हट गया। तभी युवती बाइक पर बैठे दूसरे युवक के पास पहुंच गई।

एक ने युवक को तमाचे मारे, दूसरी ने आंखो में मिर्ची झोंकी

युवतियों में से एक ने युवक को तमाचे मारे, दूसरी ने बाइक पर बैठे युवक की आंखो में मिर्ची का पावडर डाल दिया। करीब 16 सेकेंट के इस वीडियो में युवकों की बाइक का नंबर स्पष्ट देखा जा सकता है। वहीं, युवतियों की स्कूटी का नंबर कपड़े से ढंका हुआ है।

किसी ने नहीं की शिकायत

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के अधिकारियों ने मारपीट और मिर्ची पाउडर डालने की शिकायत नहीं मिलने की बात कही है। शिकायत मिलने पर संबंधित पर कार्रवाई करने की बात कही जा रही है। अब तक यह वीडियो किस क्षेत्र का है यह पता नहीं चल पाया है।

महासमुंद/तेंदूकोना ग्राम सुईनारा में विवाद के बाद युवक पर लोहे के हथियार से हमला

महासमुंद/तेंदूकोना ग्राम सुईनारा में विवाद के बाद युवक पर लोहे के हथियार से हमला

 

महासमुंद/तेंदूकोना।थाना तेंदूकोना के अंतर्गत चौकी बुंदेली क्षेत्र के ग्राम सुईनारा में शनिवार की शाम एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भुनेश्वर यादव (25 वर्ष), निवासी ग्राम सुईनारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 सितम्बर की शाम करीब 7 बजे वह अपने रिश्तेदार विशंभर यादव के घर गया था। वहां से लौटते समय गांव के ही राधेलाल चक्रधारी ने उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए मोहल्ले में आने पर आपत्ति जताई।

भुनेश्वर के अनुसार, थोड़ी देर बाद राधेलाल उसके घर के सामने आकर जान से मारने की धमकी देने लगा और हाथ में रखे लोहे के कत्‍तल (हथियार) से उसके बाएं कमर और जांघ पर वार कर दिया। हमले में भुनेश्वर घायल हो गया और उसके घर के सामने खून बहने लगा। शोर मचाने पर गांव के पुरुषोत्तम यादव और मुलचंद पांडे ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई।

हमले के दौरान आरोपी ने उसके मोटरसाइकिल (CG 06 GL 5545) के वाइजर को भी तोड़कर नुकसान पहुंचाया।

घटना की सूचना पुलिस चौकी बुंदेली को रात लगभग 10:30 बजे दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी राधेलाल चक्रधारी के खिलाफ धारा 296, 351(2), 115(2), 118(1), 324(1) BNS तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

फिलहाल पुलिस ने मामले को विवेचना में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

महासमुंद/पिथौरा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मारपीट, पति और सास पर मामला दर्ज

महासमुंद/पिथौरा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मारपीट, पति और सास पर मामला दर्ज

 

महासमुंद/पिथौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नं. 12 रानीसागर पारा में रविवार सुबह घरेलू विवाद के चलते आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ उसके पति और सास ने मिलकर मारपीट की। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 28 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे उसका पति यदुराज मानिकपुरी और सास भगवती मानिकपुरी ने घर से निकालने की बात को लेकर झगड़ा किया।

पीड़िता के मुताबिक, विवाद के दौरान पति ने मां-बहन की गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सास के साथ मिलकर हाथ-मुक्का व लाठी-डंडे से मारपीट की। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून बह निकला। साथ ही कमर, दाहिने हाथ, पीठ और पैर में भी चोटें आईं।

रिपोर्ट में उल्लेख है कि आरोपी पति सब्जी काटने का चाकू लेकर पीड़िता पर हमला करने जा रहा था, जिसे रोकने के प्रयास में उसके दाहिने हाथ में भी चोट लगी। घटना को आसपास के लोगों ने देखा और सुना है।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति और सास के खिलाफ धारा 118(1)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(3)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महासमुंद: सलडीह गांव में परिवार पर लाठी-डंडे से हमला, पति-पत्नी घायल

महासमुंद: सलडीह गांव में परिवार पर लाठी-डंडे से हमला, पति-पत्नी घायल

 

महासमुंद। थाना क्षेत्र अंतर्गत सलडीह गांव में रविवार रात करीब 9:30 बजे एक किसान परिवार पर सात लोगों ने मिलकर घर में घुसकर मारपीट की। घटना में पति-पत्नी दोनों घायल हो गए।

सलडीह निवासी रविप्रकाश प्रधान (48 वर्ष) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वे अपनी पत्नी रजनी प्रधान के साथ घर पर थे। तभी गांव के युधिष्ठिर बेहरा, लवकुमार बेहरा, कृष बेहरा, विकास बेहरा, दीपक बेहरा, हरीश कटार और पंकज बेहरा लाठी-डंडे लेकर घर पहुंच गए।

आरोप है कि वे लोग रविप्रकाश प्रधान के छोटे बेटे बिट्ठू को खोजते हुए घर आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान युधिष्ठिर और लवकुमार ने उनकी पत्नी को धक्का देकर गिरा दिया। रविप्रकाश बाहर निकले तो आरोपियों ने उन्हें लात-घूंसों और डंडे से पीटा।

पीड़ित ने बताया कि हमले से उनके चेहरे, सिर, पीठ, हाथ-पैर में चोट आई है, वहीं पत्नी रजनी प्रधान के हाथ-पैर में चोट लगने से खून बहने लगा। मारपीट के दौरान आरोपियों ने मां-बहन की गालियां भी दी और “जान से मार देंगे” कहकर धमकी दी।

रविप्रकाश ने आरोप लगाया कि उसका बेटा बिट्ठू दिनभर आरोपियों के फोन कॉल पर गाली-गलौज और धमकी सहता रहा। उसी को खोजते हुए वे लोग घर आए थे। रिपोर्ट में कहा गया कि यदि बेटा घर में मौजूद होता तो आरोपी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते थे।

घटना को गांव के अनुराग प्रधान, अश्विनी प्रधान, तरंगनी प्रधान, अभिषेक प्रधान ने देखा व सुना। पीड़ित ने घटना की जानकारी गांव के कृष्णु कुमार साहू को भी दी। इसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सरायपाली/बसना सत्य का लक्ष्य अपराधी को शर्मिंदा करना नहीं,बल्कि हृदय परिवर्तन लाना है: जन्मजय

सरायपाली/बसना सत्य का लक्ष्य अपराधी को शर्मिंदा करना नहीं,बल्कि हृदय परिवर्तन लाना है: जन्मजय

 

सरायपाली/बसना – सन् 1945 से ब्रिटिश हुकुमत के खिलाफ तिरंगा झंडा लेकर आजादी का शंखनाद करने वाले आंचलिक पदयात्रा के प्रेरणा पं.जयदेव सतपथी एवं पुत्र लक्ष्मण सतपथी द्वारा संचालित 81 वीं वार्षिक गाँधी पदयात्रा युवा समाज सेवी विद्याभूषण सतपथी अपने सहयोगियों के साथ जनजागरण गाँधी पदयात्रा करते हुए द्वितीय दिवस रामचण्डी महाविद्यालय बगईजोर पहुँचे।

महाविद्यालय में इस अवसर पर गांधीवाद पर चर्चा विषय पर कार्यक्रम आयोजित थी।मुख्य अतिथि के रूप में समाज सेवी विद्याभूषण सतपथी जी उपस्थित थे।इस अवसर पर वंदेमातरम सेवा संस्थान छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष एवं साहित्य साधक,प्रखर वक्ता जन्मजय नायक सम्मिलित हुए। नायक ने गांधीवाद पर अपना वक्तव्य देते हुए कहा आज के युग में जब दुनिया हिंसा,असमानताऔर अन्याय से जूझ रही है,ऐसे में गांधीवाद के सिद्धांत और भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं।गांधीवाद हमें सिखाता है कि कैसे व्यक्तिगत और सामाजिक स्तर पर शांति,सद्भावना और समानता लाई जा सकती है।यह न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे विश्व के लिए प्रेरणा का स्रोत है,जो मानवता को एक बेहतर और न्यायपूर्ण समाज बनाने का मार्ग दिखाता है।नायक ने आगे कहा गांधीवाद केवल एक सिद्धांत नहीं बल्कि यह जीवन जीने की कला है।

गाँधी जी ने मेरा जीवन ही मेरा संदेश है का अपना आदर्श वाक्य दिया था,जो हमें उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारने और सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है।नायक ने अंत में कहा गाँधी जी किसी ऊँचे टीले पर खड़े होकर केवल उपदेश भाषा नहीं कही,वे स्वयं यथार्थ के धरातल पर अपने संदेशों का परिपालन किया।गाँधी जी सत्य और अहिंसा के पुजारी थे,और सत्य तक पहुँचने के लिए अहिंसा को नितांत आवश्यक मानते थे।उनके अनुसार सत्य का लक्ष्य अपराधी को शर्मिंदा करना नहीं,बल्कि हृदय परिवर्तन लाना है तथा अहिंसा का उद्देश्य केवल दूसरों को चोट पहुँचाना ही नहीं,बल्कि दूसरों के प्रति असीम प्रेम है।

नायक ने महाविद्यालय के छात्रों को महान व्यक्तियों के विचार और संदेशों को आत्मसात करते हुए सेवा क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया।इसके लिए महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना को महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए एक अच्छा इंसान बनने की प्रेरणा दी।नायक ने अंत में सतपथी परिवार के अनवरत चली आ रही इस पदयात्रा को जन-जन में चेतना और जागरूकता लाने का महत्वपूर्ण वअनुकरणीय कदम बताया।इस अवसर पर तमाम बुद्धिजीवी वर्ग,प्रबुद्ध जन, साहित्यकार,समाजसेवी,शिक्षक शिक्षिकाएं एवं महाविद्यालय परिवार उपस्थित थे।

महासमुंद/बसना ग्राम पैता में महिला से गाली-गलौज और मारपीट, आरोपी पर अपराध दर्ज

महासमुंद/बसना ग्राम पैता में महिला से गाली-गलौज और मारपीट, आरोपी पर अपराध दर्ज

 

महासमुंद/बसना थाना बसना अंतर्गत चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम पैता में नवरात्रि पर्व के डांस कार्यक्रम से घर लौट रही महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार रात्रि लगभग 11:30 बजे की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पैता निवासी श्रीमती सूलोचना चौधरी (58 वर्ष) कार्यक्रम देखकर अकेली घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव का युवक योगेश सिदार (20 वर्ष) शराब के नशे में पहुंचा और महिला को गालियां देते हुए सिर और माथे पर हाथ-मुक्का से हमला कर दिया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।

महिला ने बताया कि घटना को गांव के ही महेन्द्र चौधरी और मुन्ना चौधरी ने देखा और बीच-बचाव किया। शिकायत में उन्होंने कहा कि आरोपी अक्सर बीड़ी पीने से रोकने पर विवाद करता है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0/2025 धारा 296, 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन ओपन काउंसलिंग से शिक्षकों की पदोन्नति और नियुक्ति कार्य सम्पन्न

रायपुछत्तीसगढ़ में ऑनलाइन ओपन काउंसलिंग से शिक्षकों की पदोन्नति और नियुक्ति कार्य सम्पन्न

 

छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय के आदेशानुसार  राज्य के कुल 1227 प्रधान पाठक (प्राथमिक शाला) और बी.एड. प्रशिक्षित स्नातकोत्तर शिक्षक (एल.वी.) को व्याख्याता/व्याख्याता (एल.बी.) टी. संवर्ग में पदोन्नत करने हेतु ऑनलाइन ओपन काउंसलिंग का आयोजन किया गया। यह काउंसलिंग 25 से 28 सितम्बर तक शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर, रायपुर में संपन्न हुई।

काउंसलिंग के पहले तीन दिनों में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों के लिए चौथे दिन यानि 28 सितम्बर को विशेष काउंसलिंग आयोजित की गई। इसमें संस्कृत, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, भूगोल और गणित विषय के 5 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराई गई। इसके अतिरिक्त 165 अनुपस्थित अभ्यर्थियों को लॉटरी के माध्यम से उनके संबंधित जिले/संभाग की शालाओं में रिक्त पदों पर स्थान आवंटित किया गया।

कुल 1102 अभ्यर्थियों में से 937 अभ्यर्थी काउंसलिंग में उपस्थित रहे, जिससे उपस्थित रहने का प्रतिशत 85.03 प्रतिशत रहा। काउंसलिंग में चयनित सभी अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चयनित विद्यालयों में पदस्थापना के लिए नोडल अधिकारी द्वारा नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं।

 

रायपुर : गोदावरी पॉवर एंड इस्पात लिमिटेड का पैलेट प्लांट बंद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, श्रम विभाग ने की कार्यवाही

रायपुर : गोदावरी पॉवर एंड इस्पात लिमिटेड का पैलेट प्लांट बंद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, श्रम विभाग ने की कार्यवाही

 

रायपुरऔद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, श्रम विभाग द्वारा कड़ी कार्यवाही करते हुए सिलतरा, रायपुर स्थित गोदावरी पॉवर एंड इस्पात लिमिटेड के 1.8 एमटीपीए पैलेट प्लांट में विनिर्माण एवं मेंटेनेंस कार्यों को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह कार्यवाही कारखाना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के उल्लंघन तथा कारखाने में घटित गंभीर दुर्घटना के मद्देनज़र की गई।

विभागीय अधिकारियों ने 26 सितम्बर 2025 को दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही घटनास्थल पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की। जांच में यह तथ्य सामने आया कि कारखाने के ट्रेवलिंग ग्रेट बिल्डिंग के फर्नेस चेम्बर पीएम-02 में कार्य के दौरान अचानक कास्टेबल वाल एवं एक्रेशन गिर जाने से 06 कर्मचारियों की मृत्यु हो गई तथा 06 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज श्री नारायणा हॉस्पिटल रायपुर में किया गया।

विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि जब तक कारखाना प्रबंधन सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक उपाय एवं व्यवस्थाएं पूर्ण नहीं कर लेगा, तब तक पैलेट प्लांट का संचालन बंद रखा जाएगा। कारखाना प्रबंधन को श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण संबंधी प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। घटना के पश्चात कारखाना प्रबंधन ने मृत श्रमिकों के आश्रितों को कुल 46 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है तथा प्रत्येक मृतक परिवार के एक सदस्य को योग्यतानुसार स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही है।

 

छत्तीसगढ़: जीएसटी रिफॉर्म्स से आर्थिक क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक बदलाव- मुख्यमंत्री श्री साय  

छत्तीसगढ़: जीएसटी रिफॉर्म्स से आर्थिक क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक बदलाव- मुख्यमंत्री श्री साय

 

 

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित जीएसटी 2.0 रिफॉर्म्स “धन्यवाद मोदी जी” कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म्स से आर्थिक क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। जीएसटी दरों में कटौती से 140 करोड़ देशवासियों के जीवन में खुशी आई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के पद्मश्री सम्मान प्राप्त विभूतियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन व्यापार प्रकोष्ठ, आर्थिक प्रकोष्ठ और व्यवसायी प्रकोष्ठ के तत्वावधान में किया गया था। रायपुर संभाग के छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की भी आयोजन उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जीएसटी रिफॉर्म्स का निर्णय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिया गया ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में लगातार ऐसे निर्णय हुए हैं जिनके बारे में यह कहा जाता था कि ये कभी नहीं हो सकते। चाहे वह धारा 370 हटाना हो या ट्रिपल तलाक बिल लाने का निर्णय। इसी कड़ी में जीएसटी रिफॉर्म्स लोगों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं स्वयं लोगों के बीच जाकर जीएसटी दरों में कटौती से मिले लाभ की जानकारी ले रहा हूँ। पिछले दिनों जब मैं दैनिक जरूरत का सामान खरीद रहे लोगों से मिलने एक मार्ट में गया तो वहां मुझे गृहणियों ने बताया कि इन सुधारों से हमारे किचन के बजट में कमी आई है। जब मुझे गृहणियां प्रत्येक वस्तु के कम हुए दाम बता रही थीं तो उनके चेहरे पर मुस्कान थी। इन सुधारों से किसानों को बड़ी राहत मिली है। मैं ट्रेक्टर शोरूम भी गया जहां मुझे पता चला कि ट्रैक्टर के दाम में 65 हजार से 1 लाख रुपये की कमी आयी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रदेश के व्यापारियों का बड़ा योगदान होगा। छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति को निवेशकों द्वारा बहुत पसन्द किया जा रहा है। अभी मैंने जापान और कोरिया की यात्रा की जहां इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम भी हुए। एशिया महाद्वीप के कई निवेशकों ने छत्तीसगढ़ में निवेश में रुचि दिखाई है। प्रदेश में औद्योगिक निवेश से बड़ी संख्या में रोजगार का सृजन होगा।

सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जो जीएसटी सुधार किए हैं वे ‘न भूतो न भविष्यति’ हैं। यह कदम आम आदमी को ताकतवर बना रहा है। जहां एक ओर दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की कीमत कम होने से लोगों को लाभ मिल रहा है तो वहीं देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है। जीएसटी रिफॉर्म्स को लेकर जनता की ओर से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया आ रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान के लिए पद्मश्री प्राप्त विभूतियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इनमें श्री जॉन मार्टिन नेल्सन, डॉ राधेश्याम बारले, श्रीमती उषा बारले, डॉ पुखराज बाफना, श्रीमती फुलबासन बाई यादव, श्रीमती शमशाद बेगम, डॉ भारती बंधु, श्री अनुज शर्मा, श्री मदन सिंह चौहान, सुश्री सबा अंजुम, श्री अजय कुमार मंडावी, श्री हेमचन्द मांझी, श्री पंडी राम, श्री जागेश्वर यादव, श्री राजेन्द्र प्रसाद, श्री राजेश चौहान, सुश्री नीता डुमरे शामिल रहे।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा, श्री मोतीलाल साहू, श्री अनुज शर्मा, श्री संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, सीजीएमएससीएल के अध्यक्ष श्री दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह छाबड़ा, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी, श्री अखिलेश सोनी, श्री श्रीचंद सुंदरानी, श्री लाभचंद बाफना, श्री यशवंत जैन, श्री नवीन मार्कण्डेय, श्री रमेश ठाकुर, श्री जयंती पटेल, श्रीमती हर्षिता पांडेय, श्री अजय भसीन सहित रायपुर संभाग के छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

राशिफल विशेष, जहां आप पाएंगे आज के दिन का राशिफल, कैसा होगा आपका दिन, किसे मिलेगा प्यार, किसका चलेगा व्यापार, करियर में किसे मिलेगी उड़ान, किसे मिलेगा धन अपार… हर वर्ग के लिए जानिए दैनिक राशिफल

राशिफल विशेष, जहां आप पाएंगे आज के दिन का राशिफल, कैसा होगा आपका दिन, किसे मिलेगा प्यार, किसका चलेगा व्यापार, करियर में किसे मिलेगी उड़ान, किसे मिलेगा धन अपार… हर वर्ग के लिए जानिए दैनिक राशिफल

 

मेष👉अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो

व्यापार-व्यवसाय में बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। आय में वृद्धि होगी। परीक्षा व साक्षात्कार आदि में सफलता प्राप्त होगी। निवेश शुभ रहेगा। भाग्य का साथ रहेगा। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। प्रसन्नता रहेगी। कुबुद्धि हावी रहेगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। विवाद से दूर रहें। कुसंगति से बचें। भूमि व भवन संबंधी बाधा दूर होगी।

वृषभ👉ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो

यात्रा मनोरंजक रहेगी। किसी मांगलिक कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। विद्यार्थी वर्ग सफलता प्राप्त करेगा। स्वादिष्ट भोजन का आनंद प्राप्त होगा। व्यापार-व्यवसाय में मनोनुकूल लाभ होगा। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड में सोच-समझकर हाथ डालें। जल्दबाजी न करें। समय अनुकूल है।

मिथुन👉का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह

व्यर्थ भागदौड़ रहेगी। समय का अपव्यय होगा। दूर से दु:खद समाचार प्राप्त हो सकता है। विवाद से क्लेश होगा। काम में मन नहीं लगेगा। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। किसी व्यक्ति विशेष से अनबन हो सकती है। व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी।

कर्क👉ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शारीरिक कष्ट संभव है। परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। कोई ऐसा कार्य न करें जिससे कि नीचा देखना पड़े। आर्थिक उन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। मित्रों का सहयोग कर पाएंगे। पराक्रम व प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। धनार्जन होगा।

सिंह👉मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे

शत्रु शांत रहेंगे। वाणी पर नियंत्रण रखें। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। घर में प्रतिष्ठित अतिथियों का आगमन हो सकता है। व्यय होगा। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। आय बनी रहेगी। दुष्‍टजनों से दूर रहें। चिंता तथा तनाव रहेंगे।

कन्या👉ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो

भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। रोजगार प्राप्ति सहज ही होगी। व्यावसायिक यात्रा से लाभ होगा। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। निवेशादि शुभ रहेंगे। कारोबार में वृद्धि के योग हैं। किसी बड़ी समस्या का हल प्राप्त होगा। प्रसन्नता रहेगी। दूसरों के काम में हस्तक्षेप न करें।

तुला👉रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। पुराना रोग उभर सकता है। वाणी पर नियंत्रण रखें। किसी भी अपरिचित व्यक्ति पर अंधविश्वास न करें। चिंता तथा तनाव बने रहेंगे। अपेक्षित कार्यों में विलंब होगा। व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। शत्रु शांत रहेंगे। ऐश्वर्य पर खर्च होगा।

वृश्चिक👉तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू

प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। शुभ समाचार मिल सकता है। शारीरिक कष्ट संभव है। अज्ञात भय रहेगा। लेन-देन में सावधानी रखें। चिंता रहेगी। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। मित्रों का सहयोग कर पाएंगे। मान-सम्मान मिलेगा। आय में वृद्धि होगी।

धनु👉ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे

आराम का समय मिलेगा। आशंका-कुशंका रहेगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। कारोबारी नए अनुबंध हो सकते हैं, प्रयास करें। आय में वृद्धि होगी। सामाजिक कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। रोजगार में वृद्धि होगी। प्रमाद न करें।

मकर👉भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी

यात्रा मनोनुकूल लाभ देगी। राजभय रहेगा। जल्दबाजी व विवाद करने से बचें। थकान महसूस होगी। किसी के व्यवहार से स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है। कोर्ट व कचहरी के काम अनुकूल रहेंगे। धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। पूजा-पाठ में मन लगेगा। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। प्रसन्नता रहेगी।

कुंभ👉गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा

वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शारीरिक शिथिलता रहेगी। काम में मन नहीं लगेगा। किसी अपने का व्यवहार प्रतिकूल रहेगा। पार्टनरों से मतभेद हो सकते हैं। नौकरी में अपेक्षानुरूप कार्य न होने से अधिकारी की नाराजी झेलना पड़ेगी।

मीन👉दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची

कष्ट, भय व चिंता का वातावरण बन सकता है। विवेक से कार्य करें। समस्या दूर होगी। कानूनी अड़चन दूर होकर स्थिति मनोनुकूल बनेगी। किसी वरिष्ठ व्यक्ति का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। कारोबारी लाभ में वृद्धि होगी। नौकरी में शांति रहेगी। सहकर्मियों का साथ मिलेगा। धनार्जन होगा।