महासमुंद/संविधान दिवस पर जिला पंचायत सभाकक्ष में हुआ गरिमामय आयोजन

महासमुंद/संविधान दिवस पर जिला पंचायत सभाकक्ष में हुआ गरिमामय आयोजन

महासमुंद/ जिला पंचायत के सभा कक्ष में आज संविधान दिवस समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, उपाध्यक्ष श्री भीखम ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमति जगमोती भोई, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं भारत माता के छाया चित्र में माल्यार्पण और पूजन कर किया गया। संविधान दिवस में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। सभा कक्ष में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में प्रस्तावना का पाठ कर संकल्प दोहराया कि वे संविधान में निहित मूल्यों, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को सामाजिक जीवन में धारण करेंगे। इस अवसर पर संविधान दिवस पर आधारित एक विशेष वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा, डॉ. भीमराव अम्बेडकर एवं संविधान से जुड़े महान विभूतियों की भूमिका और भारत की लोकतांत्रिक प्रणाली की विशेषताओं को दर्शाया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री चंद्रहास चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। यह देश की सामाजिक विविधता को एक सूत्र में पिरोता है और हर नागरिक को अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अवसर प्रदान करता है। हम सबकी ज़िम्मेदारी है कि संविधान के मूल्यों को अपने व्यवहार और कार्यों में उतारें।

कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने संविधान दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र का वास्तविक सशक्तिकरण तभी संभव है जब नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पालन करें। उन्होंने प्रशासनिक पारदर्शिता, संवेदनशीलता और नागरिक सेवा को संविधान की भावना बताया। जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार ने कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की रीढ़ है और यह सभी के लिए समान न्याय की गारंटी देता है। उन्होंने युवाओं को संविधान के अध्ययन और उसके अनुकरण के लिए प्रेरित किया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने संविधान के प्रति निष्ठा, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का सामूहिक संकल्प लिया। इसके अलावा आज जिले के सभी ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानो, महाविद्यालयों और शासकीय कार्यालयों में संविधान का पालन करने का संकल्प लिया गया।

मानसिक रोगों के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर बी. त्रिवेदी होंगे उपलब्ध अग्रवाल नर्सिंग होम बसना में 27 नवंबर को परामर्श शिविर

बसना मानसिक रोगों के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर बी. त्रिवेदी होंगे उपलब्ध अग्रवाल नर्सिंग होम बसना में 27 नवंबर को परामर्श शिविर

बसना मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े रोगों के इलाज और जागरूकता के उद्देश्य से शहर के Agarwal Nursing Home Multispecialty Center में मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. बी. त्रिवेदी (M.B.B.S., DNB – मनोचिकित्सक एवं व्यसनमुक्ति विशेषज्ञ) 27 नवंबर 2025, दिन गुरुवार को मरीजों का इलाज करेंगे।

डॉक्टर शाम 6 बजे से रात 7 बजे तक अस्पताल में उपस्थित रहेंगे। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मरीजों को परामर्श के लिए पूर्व पंजीयन अनिवार्य किया गया है।

मानसिक बीमारियों के प्रमुख लक्षण:

घबराहट, बेचेनी, तनाव, अनिद्रा

एक ही विचार बार-बार मन में आना

डिप्रेशन, फोबिया, अधिक चिड़चिड़ापन

किसी भी कार्य में मन न लगना

अकेले में डर लगना, भीड़ में घबराहट

याददाश्त की समस्या, भ्रम, असामान्य व्यवहार

इसके साथ-साथ शराब, सिगरेट, तंबाकू, गांजा, नशे की अन्य आदतों और व्यसन छोड़ने की समस्या से जूझ रहे मरीज भी विशेषज्ञ से परामर्श ले सकेंगे।

अस्पताल ने बताया: मानसिक रोगों को नजरअंदाज करना आगे चलकर गंभीर स्थिति बना सकता है। सही समय पर पहचान और उपचार से व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है।

📞 अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए संपर्क: 77708-68473 | 84618-11000

 

महासमुंद जिले के नगरीय क्षेत्र में 18 स्थानों पर मतदाता सहायता केंद्र स्थापित सहायता केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे

महासमुंद जिले के नगरीय क्षेत्र में 18 स्थानों पर मतदाता सहायता केंद्र स्थापित सहायता केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे

महासमुंद/ छत्तीसगढ़ राज्य में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के तहत जिला महासमुंद के नगरीय क्षेत्र में मतदाताओं की सुविधा के लिए कुल 18 स्थानों पर मतदाता सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। मतदाता अब अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर गणना प्रपत्र भरने और वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम की खोज हेतु आसानी से सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

ये सहायता केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे, जहाँ मतदाता जाकर आवश्यक जानकारी और सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। सहायक मतदान केंद्र स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय में केंद्र क्रमांक 194, 195, 201, 202 के मतदाता सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसी तरह बृजराज प्राथमिक शाला भवन में केंद्र क्रमांक 164, 165, 166,174 , आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में केंद्र क्रमांक 176, 177, 178, 172,175, प्राथमिक शाला भवन कुम्हार पारा में केंद्र 204, 205, 206, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में केंद्र क्रमांक 109,193, 196, कलाबाई प्राथमिक शाला शंकर नगर में केंद्र क्रमांक 167, 168, 169, प्राथमिक शाला पिटियाझर में केंद्र क्रमांक 208, 209 के मतदाता सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

इसी तरह वेडनर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में केंद्र क्रमांक 199, 203, श्रीराम पाठशाला में 197, 198, दलदली रोड शासकीय नवीन प्राथमिक शाला में केंद्र क्रमांक 188, 200, नयापारा प्राथमिक शाला भवन में केंद्र क्रमांक 183, 184, डॉ. अम्बेडकर पूर्व माध्यमिक शाला में केंद्र क्रमांक 181, 182, 189, 179, 180, 185 के मतदाता जानकारी ले पाएंगे।

इसके अतिरिक्त ईमली भाठा प्राथमिक शाला में केंद्र क्रमांक 170, 171, महाप्रभु वल्लभाचार्य वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में केंद्र क्रमांक 207, मौहारीभांठा प्राथमिक शाला में केंद्र क्रमांक 192, प्राथमिक शाला गुडरूपारा पूर्व भाग में केंद्र क्रमांक 191, प्राथमिक वन उपज केंद्र दलदली रोड में केंद्र 2187, 186 तथा शासकीय प्राथमिक शाला अभ्यास भवन में केंद्र क्रमांक 173 के मतदाता सहायता प्राप्त कर सकते हैं।प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय में निकटतम सहायता केंद्र पहुँचकर अपना गणना प्रपत्र अवश्य भरें और मतदाता सूची में अपने नाम की पुष्टि करें

आज का राशिफल: किसका चमकेगा भाग्य और किसे रहना होगा सतर्क? जानिए क्या कहती हैं आपकी राशियां 

आज का राशिफल: किसका चमकेगा भाग्य और किसे रहना होगा सतर्क? जानिए क्या कहती हैं आपकी राशियां

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो): जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बीतेगा। व्यवसाय में वृद्धि होगी। नौकरी में सुकून रहेगा। निवेश लाभप्रद रहेगा। कार्य बनेंगे। घर-बाहर सुख-शांति बने रहेंगे। मन की चंचलता पर नियंत्रण रखें। कानूनी अड़चन दूर होकर स्थिति अनुकूल रहेगी। जल्दबाजी में धनहानि हो सकती है।

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): पार्टनरों का सहयोग समय पर मिलने से प्रसन्नता रहेगी। नौकरी में मातहतों का सहयोग मिलेगा। व्यवसाय ठीक-ठीक चलेगा। आय में वृद्धि होगी। चोट व रोग से बाधा संभव है। दूसरों के काम में दखलंदाजी न करें। स्थायी संपत्ति की खरीद-फरोख्त से बड़ा लाभ हो सकता है। प्रतिद्वंद्विता रहेगी।

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह): मित्रों के साथ समय अच्‍छा व्यतीत होगा। स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। बौद्धिक कार्य सफल रहेंगे। किसी प्रबुद्ध व्यक्ति का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। पार्टी व पिकनिक की योजना बनेगी। वाणी पर नियंत्रण रखें। शत्रु सक्रिय रहेंगे। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी।

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): जोखिम व जमानत के कार्य टालें। जल्दबाजी न करें। घर-बाहर अशांति रहेगी। कार्य में रुकावट होगी। आय में कमी तथा नौकरी में कार्यभार रहेगा। बेवजह लोगों से कहासुनी हो सकती है। दु:खद समाचार मिलने से नकारात्मकता बढ़ेगी। व्यवसाय से संतुष्टि नहीं रहेगी। पार्टनरों से मतभेद हो सकते हैं।

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): मित्रों का सहयोग कर पाएंगे। कर्ज में कमी होगी। संतुष्टि रहेगी। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। व्यापार मनोनुकूल चलेगा। अपना प्रभाव बढ़ा पाएंगे। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। निवेश शुभ रहेगा। जोखिम व जमानत के कार्य न करें। प्रयास सफल रहेंगे। किसी बड़े कार्य की समस्याएं दूर होंगी।

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): घर-बाहर स्थिति मनोनुकूल रहेगी। प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। वस्तुएं संभालकर रखें। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। नौकरी में सहकर्मी साथ देंगे। व्यवसाय में जल्दबाजी से काम न करें। चोट व दुर्घटना से बचें। लाभ के अवसर हाथ आएंगे।

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते) :व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। अप्रत्याशित लाभ के योग हैं। भाग्य का साथ मिलेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। नौकरी में अधिकार बढ़ सकते हैं। जुए, सट्टे व लॉटरी के चक्कर में न पड़ें। निवेश शुभ रहेगा। प्रमाद न करें। उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा।

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आय में निश्चितता रहेगी। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। व्यवस्था नहीं होने से परेशानी रहेगी। व्यवसाय में कमी होगी। नौकरी में नोकझोंक हो सकती है। पार्टनरों से मतभेद हो सकते हैं। थकान महसूस होगी। अपेक्षित कार्यों में विघ्न आएंगे। चिंता तथा तनाव रहेंगे।

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे): व्यावसायिक यात्रा मनोनुकूल रहेगी। धनार्जन होगा। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। अज्ञात भय व चिंता रहेंगे। यात्रा सफल रहेगी। नेत्र पीड़ा हो सकती है। लेन-देन में सावधानी रखें। बगैर मांगे किसी को सलाह न दें। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे।

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): प्रतिष्ठा वृद्धि होगी। सुख के साधन जुटेंगे। नौकरी में वर्चस्व स्थापित होगा। आय के स्रोत बढ़ सकते हैं। व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। निवेश शुभ रहेगा। घर-बाहर सहयोग व प्रसन्नता में वृद्धि होगी। नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। सामजिक कार्य करने की इच्छा जागृत होगी।

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): लाभ के अवसर हाथ आएंगे। प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। मातहतों का सहयोग मिलेगा। किसी सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त हो सकता है। दूसरे के काम में दखल न दें। पूजा-पाठ व सत्संग में मन लगेगा। आत्मशांति रहेगी। कोर्ट व कचहरी के कार्य अनुकूल रहेंगे।

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): व्यवसाय ठीक चलेगा। मित्र व संबंधी सहायता करेंगे। आय बनी रहेगी। जोखिम न लें। क्रोध व उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। विवाद को बढ़ावा न दें। पुराना रोग बाधा का कारण रहेगा। स्वास्थ्य पर खर्च होगा। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में लापरवाही न करें। छोटी सी गलती से समस्या बढ़ सकती है।

 

पिथौरा : करोडो रु गबन के मामले सरपंच के ऊपर प्रकरण दर्ज सचिव निलंबित , धारा 92 के तहत…………

पिथौरा : करोडो रु गबन के मामले सरपंच के ऊपर प्रकरण दर्ज सचिव निलंबित , धारा 92 के तहत…………

 

*पिथौरा।* जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत डोंगरीपाली में 1,39,26,093 रुपये के वित्तीय अनियमितता मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत सचिव हजारी लाल कैवर्त को निलंबित कर दिया है तथा पूर्व सरपंच अहिल्या बरिहा से 1,39,26,093 रुपये की वसूली के लिए छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 92 के तहत वसूली प्रकरण दर्ज करने हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, पिथौरा को आदेशित किया गया है।

जांच में सामने आया है कि यह पूरी राशि एक फर्जी फर्म ‘साहू इंटरप्राइजेज’ को भुगतान की गई थी, जबकि यह फर्म कहीं भी संचालित नहीं पाई गई। भुगतान के बाद पंचायत के पास कोई भी प्रमाणक/बिल-वाउचर उपलब्ध नहीं है। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि गाँव में कोई कार्य भी नहीं कराया गया, फिर भी करोड़ों रुपये का भुगतान कर दिया गया।

वही शिकायत कर्ता एम. डी. सागर ने बताया कि, ग्राम पंचायत डोंगरीपाली की वर्तमान सरपंच किरण साहू, पति दुलीकेशन साहू के विरुद्ध भी छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, पिथौरा में प्रकरण दर्ज हो गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले ग्राम पंचायत के सचिव हजारी लाल कैवर्त के खिलाफ भी आर्थिक अनियमितताओं के चलते निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है।

दोनों मामलों की जड़ एक ही है— “साहू इंटरप्राइजेज को किया गया फर्जी भुगतान।” आपको बता दें कि साहू इंटरप्राइजेज के संचालक कोई और नहीं बल्कि ग्राम पंचायत डोंगरीपाली के वर्तमान सरपंच किरण साहू के पति दुलीकेशन साहू ही हैं,

आगे शिकायत कर्ता अमितेष बरिहा ने भी बताया कि साहू इंटरप्राइजेज के नाम से कई बार जांच अधिकारी आये, लेकिन पंचायत से दुलीकेशन साहू नदारद रहे, जांच से इधर उधर भागते फिर रहा है,

आगे ग्राम पंचायत टेका (सुंदरगढ़) के निवासी मनबोध कोडाकू ने बताया कि, मेरे नाम की जमीन ग्राम पंचायत डोंगरीपाली, तह. पिथौरा, प.ह.न. 09 में स्थित भूमि खसरा न. 425/1 रकबा 1.3700 हे. मेरे नाम से राजस्व रिकार्ड में दर्ज है, लेकिन अपने आप को भाजपा का नेता कहने वाला दुलीकेशन साहू के द्वारा हमारे जमीन को हड़पने की कोशिश किया जा रहा है और ग्राम पंचायत डोंगरीपाली के सरपंच किरण साहू, पति दुलीकेशन साहू द्वारा, मुझे जाति सूचक गाली दिया, जिसे महेश कर्ष और सीताराम साहू देखे सुने हैं,

अब सबकी नजर साहू इंटरप्राइजेज पर टिकी है, अगर जल्द ही साहू इंटरप्राइजेज के संचालक दुलीकेशन साहू पर कोई कार्यवाही नही किया जाता, तो ग्राम पंचायत डोंगरीपाली के ग्रामीण द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा,

कुरमाडीह/सांकरा रिटायर्ड ASI पर हमला! रिश्तेदार ने घर में घुसकर दी जान से मारने की धमकी

कुरमाडीह/सांकरा रिटायर्ड ASI पर हमला! रिश्तेदार ने घर में घुसकर दी जान से मारने की धमकी

कुरमाडीह/सांकरा। जमीन विवाद और पुरानी रंजिश ने एक बार फिर तनाव बढ़ा दिया, जब मंगलवार दोपहर गांव कुरमाडीह में एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी पर उसके ही रिश्तेदार ने घर में घुसकर हमला कर दिया। मामला गंभीर धमकी और मारपीट से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने धाराएं 115(2)-BNS, 296-BNS, 351(2)-BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।

घटना कैसे हुई?

सूत्रों के अनुसार पीड़ित भगतराम भोई (65 वर्ष), पिता स्व. भानु भोई, निवासी कुरमाडीह, थाना सांकरा—अपने घर में दोपहर करीब 1:30 बजे मौजूद थे। तभी पारिवारिक रिश्तेदार शिकारी लाल भोई अचानक घर में घुस आया और जमीन संबंधी विवाद को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया।

बात बढ़ने पर आरोपी ने रिटायर्ड ASI को मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और सीने व गाल पर हाथ-मुक्के से हमला कर दिया। मारपीट से पीड़ित को दर्द व चोटें आई हैं।

गवाह ने देखा, बीच-बचाव भी किया

घटना को गांव के जगदीश साहू ने प्रत्यक्ष रूप से देखा और बीच बचाव भी किया। इसके बाद पीड़ित ने थाना सांकरा पहुंचकर अपनी लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध

पीड़ित के अनुरोध पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

बसना/अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार ने किया एसआईआर कार्य का निरीक्षण

बसना/अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार ने किया एसआईआर कार्य का निरीक्षण

महासमुंद/बसना तहसील अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य सघनता से जारी है। अनुविभागीय अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री हरिशंकर पैकरा एवं तहसीलदार एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री कृष्ण कुमार साहू द्वारा बसना के ग्राम पलसापाली एवं अंकोरी में एसआईआर कार्यों का निरीक्षण किया गया। फॉर्म संकलन की जानकारी लेते हुए डिजिटाइज्ड करने के लिए निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने बीएलओ, वालंटियर एवं आम नागरिकों से चर्चा करते हुए पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली।

ज्ञात है कि बसना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुल 2 लाख 32 हजार 409 मतदाता है। जिसमें लगभग 99 प्रतिशत गणना पत्रक वितरित किया जा चुका है। बसना विधानसभा क्षेत्र में लगभग 71 प्रतिशत डिजिटाइज्ड कार्य पूर्ण हो चुका है, जो जिले में सर्वाधिक है।

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह एवं एसपी श्री सिंह ने अंतर्राज्यीय जांच चौकी पलसापाली का किया निरीक्षण

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह एवं एसपी श्री सिंह ने अंतर्राज्यीय जांच चौकी पलसापाली का किया निरीक्षण

महासमुंद/कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष सिंह ने आज अंतर्राज्यीय जांच चौकी पलसापाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नाका पोस्ट पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से मौके पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधन तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। कलेक्टर श्री लंगेह ने चौकी में रखे जाने वाले रजिस्टर, आगमन प्रस्थान दर्ज पुस्तिका, वाहनों की जांच प्रक्रिया और टीम की ड्यूटी पद्धति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंतर्राज्यीय सीमा पर आने-जाने वाले सभी मालवाहक वाहनों की सतर्कता से जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार की अवैध परिवहन गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को सतत निगरानी करते हुए अवैध परिवहन करते वाहन पाए जाने पर तत्काल सीज कर प्रकरण दर्ज करने तथा संदेहास्पद गतिविधियों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि अंतर्राज्यीय चौकियों पर पारदर्शिता और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। इसलिए ड्यूटी के दौरान लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने टीम को आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और ड्यूटी रोस्टर का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी श्री हरिशंकर पैकरा, तहसीलदार श्री कृष्ण कुमार साहू एवं पुलिस एवं राजस्व, मंडी एवं खाद्य विभाग के कर्मचारी मौजूद थे।

बसना/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का 26 नवम्बर को दौरा कार्यक्रम

बसना/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का 26 नवम्बर को दौरा कार्यक्रम

महासमुंद, बसना/ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 26 नवम्बर को जिला महासमुंद अंतर्गत बसना तहसील के ग्राम सलखण्ड के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय दोपहर 2ः05 बजे ओड़िशा बरगढ़ से प्रस्थान कर दोपहर 2ः45 बजे बड़ेसाजापाली हेलीपेड पहुंचेगे तथा ग्राम सलखण्ड में मां महालक्ष्मी देवी मंदिर में दर्शन एवं पूजा कार्यक्रम में शामिल होंगे। तत्पश्चात दोपहर 3ः20 बजे वे सलखण्ड से बड़ेसाजापाली हेलीपेड के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 3ः25 बजे रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

महासमुंद/सीईओ श्री हेमंत नंदनवार ने जन चौपाल में सुनी लोगों की मांग एवं समस्याएं

महासमुंद/सीईओ श्री हेमंत नंदनवार ने जन चौपाल में सुनी लोगों की मांग एवं समस्याएं

महासमुंद/ जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित होने वाले जन चौपाल में आज जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार ने जिले के आमजनों की मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनी और संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। जन चौपाल में 63 आवेदन प्राप्त हुए।

जन चौपाल में आवेदकों ने एग्रीस्टैक पंजीयन, लंबित भुगतान, पीएम आवास, धान बिक्री, सीमांकन, अवैध कब्जा तथा अन्य समस्याओं व मांगो को लेकर आवेदन सौंपे। ग्राम लाफिनखुर्द निवासी हेमिनबाई ने सीलिंग भूमि हटाने हेतु आवेदन दिया। इसी तरह पिरदा निवासी रेशमलाल पटेल ने नॉमिनी जोड़कर धान खरीदी के संबंध में, ग्राम हरनादादर निवासी ढेलीबाई निराला ने धान बिक्री पंजीयन हेतु, ग्राम झारा दशरी बाई दीवान ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि के संबंध में, ग्राम बावनकेरा निवासी पीलाराम कुर्रे ने शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के संबंध में आवेदन सौंपा।

सीईओ श्री नंदनवार ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदकों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने कहा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि कुमार साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।