अवैध शराब रखने वाले आरोपी को सांकरा पुलिस ने किया गिरफ्तार

अवैध शराब रखने वाले आरोपी को सांकरा पुलिस ने किया गिरफ्तार

 

महासमुंद। थाना सांकरा पुलिस ने अवैध शराब रखने और बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर कार्यवाही की है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्र0आर0 नीलकंठ नायक थाना सांकरा अपने हमराह स्टाफ के साथ दिनांक 19 सितम्बर 2025 को ग्राम भगतदेवरी की ओर गश्त व जरायम पतासाजी पर रवाना हुए थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तिलंजनपुर निवासी मनीराम चौहान (पिता ननकी चौहान, उम्र 52 वर्ष) अपने मकान बाड़ी में बिक्री हेतु अवैध शराब रखे हुआ है।

सूचना को तस्दीक करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों को साथ लेकर आरोपी के घर बाड़ी की घेराबंदी कर दबिश दी। जांच के दौरान आरोपी मनीराम चौहान मौके पर ही उपस्थित मिला। पूछताछ करने पर उसने शराब रखने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पांच लीटर क्षमता वाली सफेद प्लास्टिक जरकिन में 04 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, कीमत लगभग 800 रुपये जब्त की। आरोपी से शराब संबंधी वैध कागजात मांगे जाने पर वह प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने मौके पर ही शराब को सीलबंद कर कब्जे में लिया तथा आरोपी को धारा 34(1)(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पाये जाने पर गिरफ्तार किया। चूंकि यह अपराध जमानतीय है, इसलिए सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर आरोपी को मुचलका जमानत पर रिहा किया गया।

इस कार्रवाई में हमराह स्टाफ आरक्षक 738 सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में देहाती नालसी कायम कर आगे की विवेचना की जा रही है।

बसना : श्री श्याम हॉस्पिटल भंवरपुर में 28 सितम्बर को हृदय रोग परामर्श शिविर

बसना : श्री श्याम हॉस्पिटल भंवरपुर में 28 सितम्बर को हृदय रोग परामर्श शिविर

भंवरपुर/सरायपाली। क्षेत्र के हृदय रोगियों के लिए राहत भरी खबर है। श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल, रायपुर की ओर से हृदय रोग परामर्श शिविर का आयोजन 28 सितम्बर 2025, रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रीश्याम हॉस्पिटल, भंवरपुर, सरायपाली रोड में किया जा रहा है।

इस विशेष शिविर में रायपुर के सुप्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश विद्यानंदसानी (MD, DM – Interventional Cardiologist) अपनी सेवाएँ देंगे।

परामर्श हेतु मुख्य लक्षण
शिविर में उन मरीजों को विशेष रूप से परामर्श दिया जाएगा जिन्हें –

सीने में दर्द, भारीपन, घुटन, दबाव।
घबराहट, बेचैनी, सांस फूलना।
चलने-फिरने या कार्य करने पर असामान्य थकान।
अनियमित धड़कन, चक्कर आना, बेहोशी।

शरीर का नीला पड़ना या अन्य हृदय रोग संबंधी समस्याएँ हों।

उपलब्ध उपचार

शिविर में मरीजों को एंजियोप्लास्टी, एंजियोग्राफी, इकोकार्डियोग्राफी, पेसमेकर, आईसीडी, डिवाइस क्लोजर, एब्लेशन आदि उन्नत सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।

शिविर आयोजक श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल (न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर) ने बताया कि क्षेत्र के मरीजों को राजधानी जाने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए यह विशेष पहल की गई है।

अधिक जानकारी और पंजीयन के लिए संपर्क नंबर 7987338783, 7772056711 जारी किए गए हैं।

महासमुंद घंटेश्वरी मंदिर सरायपाली के पास गांजा तस्करी में युवक गिरफ्तार

महासमुंद घंटेश्वरी मंदिर सरायपाली के पास गांजा तस्करी में युवक गिरफ्तार

 

महासमुंद/सरायपाली, 19 सितम्बर 2025। थाना सरायपाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब एक किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सरायपाली थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक डामन लाल नागवंशी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि उड़ीसा की ओर से एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा लेकर घंटेश्वरी मंदिर सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना को वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर कार्यवाही हेतु टीम गठित की गई।

पुलिस दल गवाहों और तौलकर्ता के साथ मौके पर पहुंचा और मुखबिर द्वारा बताए हुलिये के आधार पर संदेही को पकड़ा। पूछताछ में युवक ने अपना नाम दशरथ निर्मलकर पिता सोभन निर्मलकर उम्र 29 वर्ष निवासी रोहिना, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक लाल-भूरे रंग के प्लास्टिक झोले में रखे 998 ग्राम गांजा (झोला सहित वजन 1.052 किलो) बरामद हुआ।

बरामद गांजा को गवाहों की मौजूदगी में सीलबंद कर जप्त किया गया। आरोपी से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह गांजा उड़ीसा से खरीदकर बिक्री हेतु ला रहा था। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना दी गई।

आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 266/2025, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जप्त गांजे की कीमत करीब 20,000 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है तथा मामले की आगे की विवेचना की जा रही है।

कोमाखान :ग्राम नर्रा में युवक पर धारदार हथियार से हमला, एफआईआर दर्ज

कोमाखान :ग्राम नर्रा में युवक पर धारदार हथियार से हमला, एफआईआर दर्ज

 

महासमुंद। थाना कोमाखान क्षेत्र के ग्राम नर्रा में बीती रात एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक सोनू निषाद (27 वर्ष), पिता चैनसिंह निषाद, निवासी नर्रा ने थाना कोमाखान में आरोपी भगवानी निषाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पीड़ित के अनुसार, दिनांक 18 सितंबर 2025 की रात करीब 9:30 बजे वह टहलने के लिए खट्टी रोड की ओर जा रहा था। गुप्ता दवाई दुकान के सामने उसे गांव का ही भगवानी निषाद मिला। उसने पीड़ित को गाली-गलौज करते हुए आरोप लगाया कि उसने अन्य समाज की लड़की से विवाह कर समाज को बदनाम किया है। गाली देने से रोकने पर आरोपी ने मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ में रखे धारदार वस्तु से सोनू निषाद के सिर पर हमला कर दिया।

हमले में सोनू निषाद के सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने घर जाकर अपने भाई को घटना की जानकारी दी। परिजन द्वारा डायल-112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को सीएचसी बागबाहरा पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

आज दिनांक 19 सितंबर 2025 को पीड़ित सोनू निषाद ने थाना कोमाखान में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 351(2)-BNS के तहत जांच शुरू कर दी है।

महासमुंद/पटेवा पुलिस की बड़ी कारवाई : ग्राम पचरी में अवैध महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार

महासमुंद/ पटेवा की बड़ी कारवाई : ग्राम पचरी में अवैध महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार

 

महासमुंद। थाना पटेवा पुलिस ने अवैध महुआ शराब रखने और बिक्री करने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है।

थाना पटेवा में पदस्थ प्रधान आरक्षक ने बताया कि दिनांक 19.09.2025 को हमराह आरक्षक 279, 320 एवं म.आर. 864 के साथ विवेचना कीट, लैपटॉप, प्रिंटर, यूपीएस बैटरी सहित पेट्रोलिंग पर रवाना हुआ था। पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पचरी, झलप–पचरी रोड रानी डबरी के पास महानीम पेड़ के नीचे एक व्यक्ति अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुआ है।

सूचना पर मुनगासेर मोड़ के पास मिले गवाह योगेश जोगी एवं चमन डोरा को साथ लेकर मौके पर दबिश दी गई। घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा गया, जिसने अपना नाम गुलशन मन्नाडे पिता झालर मन्नाडे उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम पचरी थाना पटेवा, जिला महासमुंद बताया।

संदेही की तलाशी लेने पर एक नीले रंग के बैग में दो प्लास्टिक पन्नी में 5-5 लीटर एवं एक पीले रंग के 5 लीटर जरीकेन में हाथ भट्ठी महुआ शराब कुल 15,000 एमएल (कीमत लगभग 3000 रुपये) बरामद की गई। आरोपी से शराब संबंधी वैध कागजात/लाइसेंस मांगे जाने पर उसने कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया।

बरामद शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर सीलबंद किया गया तथा जप्ती कार्यवाही को ई-साक्ष्य एप्लीकेशन में अपलोड किया गया। आरोपी का कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पाये जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी गई। आरोपी के विरुद्ध देहाती नालसी कायम कर विवेचना में लिया गया है।

CG: डॉक्टर की लापरवाही से मरीज की मौत, फर्जी डिग्री पकड़ी गई, आरोपी गिरफ्तार

CG: डॉक्टर की लापरवाही से मरीज की मौत, फर्जी डिग्री पकड़ी गई, आरोपी गिरफ्तार

बालोद। अर्जुन्दा थाना पुलिस ने एक झोलाछाप डॉक्टर को मरीज की मौत के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है। आरोपी डॉक्टर पर आरोप है कि उसने बिना मान्यता प्राप्त डिग्री के बवासीर के मरीज का इंजेक्शन लगाकर इलाज किया, जिससे मरीज की हालत बिगड़ गई और उसकी मृत्यु हो गई।

मामला ग्राम हज्जुटोला, थाना चिल्हाटी, जिला मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी का है। प्रार्थी आनंदराव जनबंधु ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र सुभाष कुमार जनबंधु (40 वर्ष) लंबे समय से बवासीर की बीमारी से पीड़ित था। दिनांक 08 मई 2025 को वे इलाज के लिए डॉ. रेखराम साहू, निवासी कांदुल, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद के पास गए। आरोपी ने 8000 रुपये लेकर मरीज के गुदाद्वार में 09 इंजेक्शन लगाए।

अगले दिन 09 मई को सुभाष को अत्यधिक रक्तस्राव और पेट फूलने की समस्या हुई। परिजनों ने डॉक्टर से संपर्क करना चाहा, लेकिन उसने फोन बंद कर दिया। बाद में मरीज को शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि गलत तरीके से उपचार किया गया है। स्थिति बिगड़ने पर 11 मई 2025 को सुभाष की मृत्यु हो गई।

एसडीओपी गुण्डरदेही द्वारा की गई जांच में पाया गया कि आरोपी की डिग्री फर्जी है और उसका पंजीयन छत्तीसगढ़ में नहीं है। साथ ही इलाज के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई। प्रकरण में अर्जुन्दा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 129/2025 धारा 105 बीएनएस, छत्तीसगढ़ राज्य उपचार्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं अनुज्ञापन अधिनियम 2010 की धारा 12 एवं छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान परिषद अधिनियम 1987 की धारा 24 के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और एसडीओपी राजेश बागड़े के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर 18 सितम्बर 2025 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा।

संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू, सउनि हुसैन सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक टुमन रावटे, आरक्षक पंकज तारम, आरक्षक तेजराम साहू व मनोज धनकर की सराहनीय भूमिका रही।

आरोपी का नाम डॉ. रेखराम साहू (54 वर्ष), पिता स्व. खेदुराम साहू, निवासी कांदुल, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद है।

मुख्यमंत्री साय केबिनेट के विस्तार के बाद नए मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी, जिलों का प्रभार में बड़ा फेरबदल

साय केबिनेट के विस्तार के बाद नए मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी, जिलों का प्रभार में बड़ा फेरबदल

 

छत्तीसगढ़: प्रदेश में साय मंत्रिपरिषद विस्तार के बाद नये मंत्रियों गुरु खुशवंत साहेब, गजेंद्र यादव और राजेश अग्रवाल को जिलों की भी जिम्मेदारी दे दी गई है। साथ ही प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों का प्रभार भी बदल गया है। राज्य सरकार ने नये मंत्रियों को प्रभारी बनाते हुए आदेश जारी कर दिया हैं।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को चार जिलों दुर्ग, बालोद, मोहला मानपुर-अंबागढ़ चाकी और बस्तर का प्रभारी बनाया गया है। बताया जाता है कि बस्तर माओवादी हिंसा प्रभावित इलाका होने के कारण विशेष ध्यान देने की जरूरत है। राज्य सरकार को उम्मीद है कि विजय शर्मा की निगरानी में जिले में विकास और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को और रफ्तार मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को बलौदाबाजार-भाटापारा, महिला व बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को बलरामपुर-रामानुजगंज, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब को सक्ती, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को राजनांदगांव और पर्यटन व संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले का प्रभार सौंपा गया है।

राज्य में स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार बढ़ रही: स्वास्थ्य मंत्री जासवाल

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जासवाल ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की महतारी, हम सबकी जिम्मेदारी अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय कार्यशाला की शुरूआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं। शिशु और मातृ मृत्यु दर को आने वाले समय में शून्य करने का लक्ष्य है। देश में 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का संचालन किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य, महिला व बाल विकास विभाग और यूनिसेफ के द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।

उन्हाेंने कहा कि मां से ही संपूर्ण सृष्टि का आधार होता है। ऐसे में प्रसव के दौरान किसी की मौत सभी के लिए दुख की बात होती है। राज्य गठन के समय मातृ मृत्यु की दर 365 थी, जो वर्तमान में 141 और शिशु मृत्यु दर 79 से 38 हो चुकी है। स्वस्थ छत्तीसगढ़ से ही स्वस्थ भारत बनेगा।

साथ ही देश को विकसित बनाने में स्वास्थ्य की अहम भूमिका होगी। स्वास्थ्य सेवाएं संचालक डा. प्रियंका शुक्ला ने कहा कि अभियान के माध्यम से न केवल माताओं को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने पर बल दिया जा रहा है, बल्कि प्रदेश के उन 30 विकासखंडों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है, जहां मातृ मृत्यु दर सबसे अधिक है।

CG Weather: रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में आज होगी जमकर बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

CG Weather: रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में आज होगी जमकर बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

 

छत्तीसगढ़ प्रदेश में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ने लगी है। बीते 24 घंटों के दौरान बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। वहीं रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटे में कोरिया जिले के सोनहत में सबसे अधिक 86.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा पेंड्रा में 40 मिमी, पिलाईगढ़ में 30 मिमी, जबकि केल्हारी, रामानुजगंज, रघुनाथनगर, भटगांव, चलगली और चांदो में 10 मिमी वर्षा हुई।

तापमान का हाल

राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री ऊपर 34.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री ऊपर 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री राजनांदगांव में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ।

नमी और हवा

सुबह 8.30 बजे हवा में नमी 86 प्रतिशत और शाम 5.30 बजे 67 प्रतिशत रही। औसत हवा की गति दो किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। मानसून की द्रोणी रेखा फिलहाल बठिंडा, फतेहाबाद, पिलानी, अजमेर, दीसा, भुज होते हुए गुजर रही है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वी बांग्लादेश तक एक द्रोपिका बनी हुई है। एक अन्य द्रोपिका उत्तर प्रदेश के मध्य भाग से मध्यप्रदेश, विदर्भ होते हुए मराठवाड़ा तक फैली हुई है।

अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। अगले चार दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक और वर्षा की गतिविधियों में कमी रह सकती है। इसके बाद मौसम प्रणाली के प्रभाव से वर्षा की गतिविधियां फिर से बढ़ने की संभावना है।

रायपुर का पूर्वानुमान

शनिवार को रायपुर शहर में आसमान सामान्यतः मेघाच्छादित रहेगा। दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

CG: खून से लेटर कभी नाचने का वीडियो तो कभी पुतला दहन एनएचएम कर्मचारियों द्वारा हड़ताल समाप्त कर दिया गया है

CG: खून से लेटर कभी नाचने का वीडियो तो कभी पुतला दहन एनएचएम कर्मचारियों द्वारा हड़ताल समाप्त कर दिया गया है

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी प्रमुख मांगें पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री श्री साय का आभार जताते हुए प्रदेशव्यापी हड़ताल वापस लिए जाने के निर्णय से उन्हें अवगत कराया। मुख्यमंत्री श्री साय को प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कल से प्रदेशभर में एनएचएम कर्मचारी काम पर लौटेंगे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों द्वारा हड़ताल समाप्त किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सराहनीय और राज्यहित में उठाया गया कदम बताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर कर्मचारी को अपने परिवार का हिस्सा मानती है और उनकी जायज़ मांगों के प्रति सदैव संवेदनशील रही है। उन्होंने कहा कि जनता का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार ने सदैव इस दिशा में ठोस पहल की है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि एनएचएम कर्मचारियों के इस निर्णय से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएँ और मज़बूत होंगी तथा जनता को उत्कृष्ट और सुलभ चिकित्सा सुविधाएँ मिलेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ एक और बेहतर, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होगा।

उल्लेखनीय है कि एनएचएम कर्मचारी अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर गए थे। राज्य सरकार ने इनमें से चार मांगों को पूरा कर दिया है। तीन अन्य मांगों पर समिति गठित कर कार्यवाही प्रारंभ की गई है, जबकि संविलयन, पब्लिक हेल्थ केडर और आरक्षण संबंधी मांगों पर भारत सरकार से निर्णय लिया जाना है।

इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर हड़ताल समाप्त होने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य का प्रत्येक कर्मचारी परिवार का सदस्य है और एनएचएम कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर राज्यहित में सराहनीय निर्णय लिया है।

इस अवसर पर विधायक श्री किरण देव, छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ से डॉ अमित मिरी, डॉ रविशंकर दीक्षित, श्री पूरन दास, श्री कौशलेश तिवारी, श्री हेमंत सिन्हा, श्री दिनेश चंद्र, श्री संतोष चंदेल, श्री प्रफुल्ल पाल, डॉ देवकांत चतुर्वेदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

बसना: एक कुत्ता को लेकर गांव में गाली-गलौच, मारपीट  जान से मारने की धमकी घटना के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

CG बसना: एक कुत्ता को लेकर गांव में गाली-गलौच, मारपीट  जान से मारने की धमकी घटना के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

महासमुंद। थाना बसना के अंतर्गत चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम मुनगाडीह में कुत्ता बांधने को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी तक जा पहुँचा। इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अपराध कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।

पहला पक्ष : सहनमोति यादव की रिपोर्ट

प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) के अनुसार, ग्राम मुनगाडीह निवासी सहनमोति यादव (35 वर्ष) ने चौकी भंवरपुर में लिखित आवेदन देकर बताया कि दिनांक 17 सितम्बर 2025 की रात लगभग 7:30 बजे वह अपने घर के पास मौजूद थी। इस दौरान गांव के नरेश लहरे और सीताराम लहरे कुत्ता बांधने की बात पर उससे विवाद करने लगे। सहनमोति के अनुसार, दोनों ने उसे गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके गाल पर हाथ से मारपीट भी की।

घटना को उसके परिजन बेगम यादव और राजेश यादव ने प्रत्यक्ष देखा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0/2025 धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।

दूसरा पक्ष : नरेश लहरे की रिपोर्ट

इसी घटना पर नरेश कुमार लहरे (28 वर्ष) ने भी चौकी भंवरपुर में अपनी शिकायत दी। नरेश का कहना है कि वह मजदूरी कर गांव लौट रहा था। उपरा पारा गली में कुत्ता बांधने की बात कहने पर गांव के बेगम यादव, राजेश यादव और समारू यादव ने उसे घेर लिया और गाली-गलौच करने लगे।

नरेश के अनुसार, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से हमला किया। इतना ही नहीं, बेगम यादव ने ईंट के टुकड़े से सिर पर वार किया, जिससे उसे खून निकलने तक की गंभीर चोट आई और मुंह में भी घाव हो गया। इस घटना के गवाह के रूप में गांव की इन्दु लहरे और शोकबाई लहरे मौजूद थीं। नरेश ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की कार्यवाही

दोनों पक्षों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस चौकी भंवरपुर ने अपराध दर्ज कर मामले को थाना बसना भेजा, जहाँ असल नंबरी अपराध कायम कर विवेचना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोप गंभीर हैं, इसलिए गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।